कर्नाटक: धमाके की घटना के 8 दिन बाद बेंगलुरु में फिर खुला रामेश्वरम कैफे, ब्लास्ट में कई लोग हुए थे घायल

इस मामले की संयुक्त जांच एनआईए और सीसीबी कर रही हैं। मामले में बेल्लारी जिले के कौल बाजार से एक कपड़ा व्यापारी और पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के एक कार्यकर्ता को हिरासत में लिया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

कर्नाटक के बेंगलुरु में ब्लास्ट की घटना के 8 दिन बाद रामेश्वरम कैफे फिर से खुल गया है। धमाका 1 मार्च को बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड क्षेत्र में ‘द रामेश्वरम कैफे’ में हुआ था, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे।

इस मामले की संयुक्त जांच एनआईए और सीसीबी कर रही हैं। मामले में बेल्लारी जिले के कौल बाजार से एक कपड़ा व्यापारी और पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के एक कार्यकर्ता को हिरासत में लिया गया है। खबरों के मुताबिक, जांच दल को संदेह है कि हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों में से एक प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) का सक्रिय सदस्य और साजिश का हिस्सा है। जांच दल का मानना है कि उसकी (पीएफआई कार्यकर्ता) कुछ आतंकी संगठनों से नजदीकियां भी थीं। माना जा रहा है कि पीएफआई कार्यकर्ता ने ही बम लगाने वाले व्यक्ति सहित कई लोगों को 'बरगलाया' था। 


पुलिस के मुताबिक, एक मार्च को जिस दिन धमाका हुआ, एक व्यक्ति कैफे में आया और एक बैग को वहां रख दिया, जिसमें एक संवर्धित विस्फोटक उपकरण (आईईडी) लगा हुआ था। पुलिस के अनुसार, आईईडी में एक घंटे का टाइमर सेट था और एक घंटे बाद हुए विस्फोट में 10 लोग घायल हुए थे। एनआईए ने संदिग्ध का पता लगाने में मदद करने वाले को 10 लाख रुपये देने की पेशकश की है, जिसकी तस्वीरें सीसीटीवी में दर्ज हो गई हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए