कर्नाटक के शिवमोग्गा में दर्दनाक हादसा, भूस्खलन में 3 साल के बच्चे समेत परिवार के 3 लोगों की मौत

कर्नाटक के शिवमोग्गा में भारी बारिश के बीच भूस्खलन से मजदूरों का शेड ढह गया। हादसे में 3 साल के बच्चे समेत परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में रविवार तड़के भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन ने एक परिवार को उजाड़ दिया। तीर्थहल्ली तालुक के इंदिरा नगर में पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिसकी चपेट में मजदूरों का एक शेड आ गया। हादसे में एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 साल का बच्चा भी शामिल है। वहीं, एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।

मृतकों की पहचान 35 वर्षीय मल्लिकार्जुन, उनकी 28 वर्षीय पत्नी नागावेनी और 3 वर्षीय बेटे संतोष के रूप में हुई है। ये सभी कोप्पल जिले के गंगावती तालुक के कोक्कारेगारू गांव के रहने वाले प्रवासी मजदूर थे। बताया गया है कि यह परिवार पिछले दो साल से इसी शेड में रह रहा था, जो रविवार तड़के अचानक मलबे में दब गया।

भारी बारिश के कारण हुआ भूस्खलन, रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया

जानकारी के मुताबिक, मलनाड इलाके में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण यह हादसा हुआ। रविवार तड़के करीब 2:30 बजे पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया और मजदूरों का शेड मलबे में धंस गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन परिवार के तीन लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

घायल मजदूर का अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस ने शुरू की जांच

इस हादसे में मृतक परिवार के पास वाले एक अन्य शेड में रह रहा मजदूर भी घायल हुआ है। उसे गंभीर चोटें आई हैं और फिलहाल उसे तीर्थहल्ली के जयाचामाराजेंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है।