केजरीवाल ने हरियाणा पर लगाया यमुना में बेतहाशा पानी छोड़ने का आरोप, अमित शाह से की हस्तक्षेप की मांग

पत्र में केजरीवाल ने कहा कि यदि संभव हो तो हथिनीकुंड बैराज से सीमित मात्रा में पानी छोड़ें ताकि दिल्ली में यमुना का जल स्तर और न बढ़े। आने वाले दिनों में दिल्ली जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रही है, ऐसे में यहां बाढ़ से पूरे देश का नाम खराब होगा।

दिल्ली के मजनूं का टीला इलाके में घुसा बाढ़ का पानी
दिल्ली के मजनूं का टीला इलाके में घुसा बाढ़ का पानी
user

नवजीवन डेस्क

राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर 1978 के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 207.55 मीटर तक पहुंच गया है, जिससे दिल्ली में यमुना के आसपास और तमाम नीचले इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया है और हजारों लोगों को जान बचाने के लिए विस्थापित होना पड़ा है। इसे लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर केंद्र से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।

अरविंद केजरीवाल ने अपने पत्र में कहा कि हरियाणा स्थित हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण यमुना का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। मैं आपसे विनम्रतापूर्वक अनुरोध करता हूं कि यदि संभव हो तो हथिनीकुंड बैराज से सीमित मात्रा में पानी छोड़ें ताकि दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर और न बढ़े। आने वाले दिनों में राजधानी जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रही है और ऐसे में यहां बाढ़ से पूरे देश का नाम खराब होगा।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में यमुना का जलस्तर 207.71 मीटर तक पहुंच गया है, जो अब तक का सबसे ज्यादा है। दिल्ली में पिछले 2-3 दिनों से बारिश नहीं हुई है। हिमाचल प्रदेश और हरियाणा से पानी दिल्ली में प्रवेश कर रहा है। इस संबंध में मैंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर दिल्ली में प्रवेश करने वाले पानी के प्रवाह को कम करने का अनुरोध किया है, तभी हम यमुना नदी को उफान पर आने से रोक सकते हैं। मैं सभी से निचले इलाकों में अपने घर खाली करने का अनुरोध करता हूं। यमुना नदी में पानी का स्तर बढ़ने से कई जगहें प्रभावित हुई हैं।


सीएम केजरीवाल ने कहा कि केंद्रीय जल आयोग ने भविष्यवाणी की है कि बुधवार रात जलस्तर 207.72 मीटर को पार कर सकता है जो बहुत चिंता का विषय है। केजरीवाल ने लिखा कि यमुना नदी का जलस्तर 207.55 मीटर तक पहुंच चुका है, जिसने 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आज दोपहर 1 बजे दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर 207.55 मीटर तक पहुंच गया। यह स्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर से काफी ज्यादा है।

केजरीवाल ने कहा कि इससे पहले, 1978 में यमुना नदी ज्यादातर जगहों पर 197.49 मीटर के स्तर तक पहुंच गई थी, जो दिल्ली में बाढ़ की स्थिति थी। 207.55 मीटर के जल स्तर के साथ, यमुना नदी संभावित रूप से किसी भी समय बाढ़ का अनुभव कर सकती है। इससे पहले सीएम अरविंद केजरीवाल ने शहर में बाढ़ की स्थिति पर सचिवालय में एक आपात बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में दिल्ली के मंत्री, मेयर और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia