केरल: केंद्र ने की 500 करोड़ की मदद, राहुल ने कहा, बिना देरी के घोषित करें राष्ट्रीय आपदा

केरल की भयंकर बारिश और बाढ़ ने अब तक 324 लोगों की जान ले ली है। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी ने केरल के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी से केरल में आई बाढ़ को फौरन राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का आग्रह किया।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

केरल की भयंकर बारिश और बाढ़ ने अब तक 324 लोगों की जान ले ली है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केरल में आई बाढ़ को फौरन राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का आग्रह किया। राहुल ने ट्वीट कर कहा, “प्रिय प्रधानमंत्री, कृपया देरी किए बिना केरल बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करें। हमारे लाखों लोगों का जीवन, आजीविका और भविष्य दांव पर है।”

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। साथ ही, मुख्यमंत्री विजयन के साथ हालातों पर बैठक में चर्चा भी की। बाढ़ की हालात को देखने के बाद केंद्र सरकार ने केरल के लिए तुरंत राहत के तौर पर 500 करोड़ रुपये जारी किए हैं। हालांकि केरल सरकार ने केंद्र से 2000 करोड़ रुपये मांगे थे।

इसके अलावा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की मदद का ऐलान भी किया गया है।

इस बीच राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के साथ ही सैनिकों ने फंसे लोगों को बचाने के लिए शुक्रवार सुबह से बचाव अभियान तेज कर दिया।

इसके अलावा कल बाढ़ प्रभावित केरल के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा घोषित 5 करोड़ रुपये की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष से और अन्य 5 करोड़ रुपये भोजन और जरूरी सामानों के रूप में भेजा जाएगा। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से बात कर केरल के हालत की जानकारी ली। केजरीवाल ने केरल को 10 करोड़ देने को कहा है। इसके साथ ही लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक राशि सहयोग करें। बाढ़ से प्रभावित केरल को सहायता के रूप में तेलंगाना 25 करोड़ रुपए देगा। इसके अलावा हरियाणा सरकार भी 10 करोड़ रुपय मदद के रुप में देने को कहा है।

बाढ़ की मार झेल रहे केरल की मदद में बिहार सरकार आगे आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को केरल को 10 करोड़ रुपए की मदद का ऐलान किया। वहीं अटॉर्नी जनरल वेणुगोपाल ने भी केरल में बाढ़ से पीड़ित लोगों के मदद के लिए एक करोड़ रुपए की मदद देने को कहा है।

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमडीआरएफ) में 2 करोड़ रुपये दान दिये हैं। इसके अलावा उसने केरल में बैंक द्वारा दी जाने वाली सेवाओं पर फीस और शुल्कों में छूट की घोषणा की है।

इसके अलावा संयुक्त अरब आमीरात (यूएई) ने एक कमेटी बनाई है जो केरल के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद का काम करेगी। उपराष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मोख्तुम ने ट्विटर पर इस बात की घोषणा भी की है। उन्होंने सभी से केरल के लोगों की मदद करने की अपील की है।

उन्होंने लिखा, “यूएई और भारतीय समुदाय एक होकर बाढ़ प्रभावितों की मदद करेंगे। हमने एक कमेटी बना दी है जो तुरंत अपना काम शुरू कर देगी। सभी से अपील है कि वो भी इसमें योगदान करें।”

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस केरल में बांध से लोगों की मौत और तबाही से चिंतित हैं। वैश्विक संगठन इस घटनाक्रम पर करीब से नजर बनाए हुए है। गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र भारत में बाढ़ से मची तबाही और मौतों से व्यथित है। यह बाढ़ लगभग 100 सालों में सबसे विनाशकारी बाढ़ है।

बता दें कि दक्षिण भारत का तटवर्ती राज्य केरल पिछले 100 सालों की सबसे भयंकर बाढ़ में डूबा हुआ है। अकेले गुरुवार को ही 106 लोगों की बाढ़ और भूस्खलन के चलते मौत हो गई। अब तक इस विभीषिका में मरने वालों का आंकड़ा 324 हो चुका है। 8 अगस्त से अब तक यानी महज 10 दिनों में ही कुल 173 लोग बाढ़ के चलते काल के गाल में असमय ही समा चुके हैं। एक अनुमान के तहत तबाही के चलते फसल और संपत्तियों समेत कुल 20 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia