केरल में बाढ़ और भूस्खलन से तबाही जारी, अब तक 73 लोगों की मौत, हजारों लोग हुए बेघर

केरल के 14 जिलों में से 11 में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें इडुक्की, कोझिकोड, वायनाड, मलप्पुरम, पाथनमथिट्टा, कन्नुर और एर्नाकुलम शामिल हैं। कोचीन हवाईअड्डे को इसके परिसर में पानी घुसने की वजह से शनिवार तक बंद कर दिया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

केरल में बाढ़ से भूस्खलन लोगों का बुरा हाल है। अब तक राज्य में 73 लोगों की मौत हो चुकी है।बुधवार को फिर जोरदार बारिश होने से 19 और लोगों की मौत हो गई। और अधिक तबाही के बाद अधिकारियों राज्य में रेड अलर्ट जारी कर दिया है।

केरल के 14 जिलों में से 11 में बुधवार दोपहर बाद रेड अलर्ट जारी किया गया जिसमें इडुक्की, कोझिकोड, वायनाड, मलप्पुरम, पाथनमथिट्टा, कन्नुर और एर्नाकुलम शामिल है। कोचीन हवाईअड्डे को इसके परिसर में पानी घुसने की वजह से शनिवार तक बंद कर दिया गया है।

मंगलवार को देर रात शुरू हुई मूसलाधार बारिश के बाद राज्य के 33 बांधों के गेट को खोलना पड़ा। ऐसा पहली बार हुआ है। बारिश के शनिवार तक जारी रहने की संभावना जताई गई है।

मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने केरल में आई इस त्रासद बाढ़ का सामना करने के लिए लोगों से उदारता से आर्थिक व अन्य तरह से योगदान देने की अपील की है। विजयन ने बुधवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की। उन्हें सभी जरूरी मदद का आश्वासन दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य में मदद करने के लिए और बलों को भेजने का वादा किया।

बुधवार को भारी बारिश के बाद घर गिरने से मलप्पुरम में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। तीन लापता बताए जा रहे हैं, जबकि एक बच्चे को बचा लिया गया है। वहीं एक व्यक्ति की मौत मुन्नार में लॉज के गिरने की वजह से हुई। पाथनमथिट्टा में एक 70 वर्षीय महिला की मौत करंट लगने से हो गई। इस महिला का घर पानी में डूब गया था। वहीं भूस्खलन से मलप्पुरम में भी लोगों की जान गई है। तिरुवनंतपुरम जिले में घर की दीवार गिरने से एक सत्तर वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।

राज्य की राजधानी में बारिश के बाद निचले इलाके पानी में डूब गए। अधिकारियों ने लोगों के लिए तत्काल वहां 14 राहत शिविरों खोला। वहीं जिन लोगों को उनके घर से सुरक्षित बाहर निकाला गया, उनमें कांग्रेस नेता और राज्य में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष वीएम सुधीरन और उनकी पत्नी शामिल हैं। अभिनेता और राज्यसभा सदस्य सुरेश गोपी के घर में भी बाढ़ का पानी घुस गया है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 16 Aug 2018, 9:48 AM