केरल चुनाव: बीजेपी ने जारी की 47 उम्मीदवारों की पहली सूची, नेमोम से राजीव चंद्रशेखर को बनाया प्रत्याशी
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केरल समेत तीन राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम जारी किया। इसके तहत केरल में एक चरण में 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे, जबकि 4 मई को वोटों की गिनती होगी।

केरल में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने सोमवार को अपने 47 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। पार्टी ने मंजेश्वर सीट से के. सुरेंद्रन और नेमोम से राजीव चंद्रशेखर को चुनावी मैदान में उतारा है।
बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 12 मार्च को नितिन नबीन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए 47 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट को अंतिम रूप दिया जिसे पार्टी की ओर से आज जारी कर दिया गया।
बीजेपी की पहली लिस्ट में मंजेश्वर सीट से के. सुरेंद्रन, उदमा सीट से मैनुअल मेलोथ, कन्हानगड सीट से बलराज एम, पय्यान्नूर सीट से एपी. गंगाधरन, अजिकोड सीट से के.के. विनोद कुमार, कन्नूर सीट से सी. रघुनाथ, मनंथवाडी (एसटी) सीट से पी. श्याम राज, सुल्तानबथेरी (एसटी) सीट से कविता ए.एस., वडकारा सीट से एडवोकेट के. दिलीप, कुट्टियाडी सीट से रामदास मनलेरी, नादापुरम सीट से सीपी. विपिन चंद्रन, क्विलांडी सीट से सी.आर. प्रफुल कृष्णन और पेराम्बरा सीट से एम. मोहनन मास्टर के नाम हैं।
पार्टी ने बलुस्सेरी (एससी) सीट से सी.पी. सतीशन, एलाथुर से टी. देवदास, कोझिकोड नॉर्थ से नव्या हरिदास, कोझिकोड साउथ सीट से टी. रनीश, बेपोर से के.पी. प्रकाश बाबू और कुन्नामंगलम से वीके सजीवन को टिकट दिया है। साथ ही शोरनूर से संकु टी. दास, ओट्टापालम से मेजर रवि, मलमपुझा से सी. कृष्णकुमार, पलक्कड़ सीट से सोभा सुरेंद्रन, चेलक्करा (एससी) से के. बालकृष्णन चुनाव लड़ेंगे, वहीं मनलूर से के के अनीश कुमार, त्रिशूर से पद्मजा वेणुगोपाल, इरिंजालकुडा से संतोष चेराकुलम, देविकुलम (एससी) से एस. राजेंद्रन, पाला से शोन जॉर्ज, वैकोम (एससी) से के. अजित, कंजिरापल्ली से जॉर्ज कुरियन, पूंजार से पीसी जॉर्ज, अंबलाप्पुझा से अरुण अनिरुद्धन, हरिपाड सीट से संदीप वचस्पति और चेंगन्नूर से एमवी गोपकुमार चुनाव लड़ेंगे।
बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केरल समेत तीन राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम जारी किया। इसके तहत केरल में एक चरण में 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे, जबकि 4 मई को वोटों की गिनती होगी।