केरल चुनाव: धर्मदाम सीट से फिर चुनावी मैदान में उतरे सीएम पिनाराई विजयन, दाखिल किया नामांकन

यह तीसरी बार है जब पिनराई विजयन धर्मदाम सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है और वे लगातार यहां से जीत हासिल करते रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

आगामी केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच राज्य के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने गुरुवार को कन्नूर जिले की धर्मदाम विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।

मुख्यमंत्री विजयन ने गुरुवार सुबह 11 बजे थलस्सेरी उप-पंजीयक कार्यालय में अपने नामांकन पत्र जमा किए। खास बात यह है कि उन्होंने 19 मार्च का दिन चुना, जिसे 'ईएमएस डे' के रूप में मनाया जाता है।

यह तीसरी बार है जब पिनराई विजयन धर्मदाम सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है और वे लगातार यहां से जीत हासिल करते रहे हैं।

मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन 2016 से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उन्होंने 2021 में 50,000 से अधिक मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।

'ईएमएस डे' दरअसल ईएमएस नंबूदरीपाद की पुण्यतिथि के रूप में मनाया जाता है। ईएमएस नंबूदरीपाद का जन्म 13 जून 1909 को हुआ था और उनका निधन 19 मार्च 1998 को तिरुवनंतपुरम में हुआ था। वे केरल के पहले मुख्यमंत्री थे और उन्होंने 1957-1959 और 1967-1969 के बीच राज्य का नेतृत्व किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री विजयन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भी एक पोस्ट किया। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा कि कॉमरेड ईएमएस एक क्रांतिकारी नेता थे, जिनकी सोच ने आधुनिक केरल की नींव रखी। उन्होंने उन्हें एक महान नेता, विचारक और प्रशासक बताते हुए कहा कि उनकी विरासत आज भी प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि ईएमएस की यादें आज भी आंदोलन को मजबूत करने और हर चुनौती के खिलाफ लोगों की लड़ाई को दिशा देने में मार्गदर्शन करती हैं।

धर्मदाम केरल के कन्नूर जिले में एक महत्वपूर्ण विधानसभा सीट है, जो मुख्य रूप से सीपीआई (एम) का गढ़ मानी जाती है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia