खड़गे ने तमिलनाडु और बंगाल में सामाजिक न्याय और विकास के लिए मतदान की अपील की

खड़गे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, तमिलनाडु के प्रिय भाइयों और बहनों, आज की लड़ाई आपके अधिकारों को सुरक्षित करने की है। यह लड़ाई संघवाद, तर्कसंगतता, समानता, न्याय और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए है।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

पीटीआई (भाषा)

google_preferred_badge

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के लोगों से विधानसभा चुनाव में सामाजिक न्याय, समता और विकास के लिए मतदान की अपील की।

कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आज लड़ाई संघवाद, तर्कसंगतता, समानता, न्याय और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए है।

तमिलनाडु में बृहस्पतिवार को सभी 234 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। पश्चिम बंगाल में 294 सीटों में से पहले चरण में 152 सीटों के लिए मतदान हो रहा है, शेष सीटों के लिए 29 अप्रैल को मतदान होना है। दोनों राज्यों में मतगणना चार मई को होगी

खड़गे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘तमिलनाडु के प्रिय भाइयों और बहनों, आज की लड़ाई आपके अधिकारों को सुरक्षित करने की है। यह लड़ाई संघवाद, तर्कसंगतता, समानता, न्याय और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए है।’’

उन्होंने कहा कि यह समावेशी कल्याण सुनिश्चित करने और सामाजिक न्याय के आदर्शों को बनाए रखने की भी लड़ाई है।

उन्होंने कहा, "अब समय आ गया है कि आप अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग करें और उन लोगों के खिलाफ खड़े हों जो आपके संघीय अधिकारों को छीनना चाहते हैं। "


कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "मैं विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं से बड़ी संख्या में बाहर आने और तमिलनाडु के भविष्य के लिए मतदान करने का आग्रह करता हूं।"

खड़गे ने बंगाल चुनाव को लेकर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘जैसा कि आज पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान हो रहा है, मैं ईमानदारी से सभी नागरिकों से बाहर निकलने और बड़ी संख्या में मतदान में भाग लेने का आग्रह करता हूं। उन ताकतों से डरें नहीं जो आपको हतोत्साहित करना चाहती हैं। आपका वोट आपकी आवाज़ है, और इसे ज़ोर से सुना जाना चाहिए।"

उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि संविधान के दिखाए रास्ते पर चलें और लोकतंत्र की भावना को कायम रखें।

खड़गे ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल उन महान नेताओं की गौरवशाली भूमि है जो लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, समानता और स्वतंत्रता के लिए खड़े रहे। हमें यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि वे आदर्श अक्षुण्ण रहें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं पहली बार के युवा मतदाताओं से विशेष अपील करता हूं कि वे दृढ़ विश्वास के साथ अपने अधिकार का उपयोग करें और यह सुनिश्चित करने में मदद करें कि सच्चा विकास राज्य के हर कोने तक पहुंचे।’

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia