नेपाल बाढ़ पर खड़गे का PM मोदी-शाह को पत्र, भारतीयों की सुरक्षित वापसी और राहत पहुंचाने की अपील
नेपाल में बाढ़ से मची तबाही के बीच मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी और अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने राहत पहुंचाने और वहां फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी की अपील की है।

नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से मची तबाही के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को अलग-अलग पत्र लिखकर तत्काल मदद की अपील की है। खड़गे ने नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए बचाव एवं निकासी अभियान तेज करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने नेपाल को व्यापक मानवीय और आपदा राहत सहायता देने तथा जरूरत पड़ने पर एनडीआरएफ की टीमें भेजने का आग्रह किया है।
पीएम मोदी से नेपाल को मानवीय मदद देने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में खड़गे ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस आपदा में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, करीब 600 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 2500 लोग अभी भी लापता हैं। हजारों लोग भोजन, दवा, आश्रय और दूसरी जरूरी मदद के लिए परेशान हैं।
खड़गे ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि नेपाल सरकार के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए पर्याप्त मानवीय और राहत सहायता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में प्रभावित लोगों तक जरूरी मदद पहुंचाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाने चाहिए।
इसे भी पढ़ें: नेपाल त्रासदी अपडेट: भारी बारिश के चलते त्रिशूली में रुका रेस्क्यू ऑपरेशन, अब तक 587 मौतें, करीब 2500 लापता
नेपाल में फंसे भारतीयों को लेकर जताई चिंता
खड़गे ने अपने पत्र में नेपाल के अलग-अलग हिस्सों में फंसे भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बचाव और निकासी अभियान तेज करने के निर्देश देने की मांग की, ताकि प्रभावित लोगों की सुरक्षित और जल्द भारत वापसी के लिए जरूरी इंतजाम किए जा सकें।
विदेश मंत्रालय से मिली ताजा जानकारी का हवाला देते हुए खड़गे ने बताया कि नेपाल में करीब 320 भारतीय नागरिक अभी भी संपर्क में नहीं हैं और उनका पता नहीं चल पा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार इस मुश्किल समय में नेपाल और वहां फंसे भारतीयों की मदद के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाएगी।
इसे भी पढ़ें: नेपाल त्रासदी के बीच इंसानियत शर्मसार! बाढ़ में बही महिला के शव से बालियां चुराते वीडियो वायरल
अमित शाह से NDRF भेजने पर विचार करने की मांग
गृह मंत्री अमित शाह को लिखे अलग पत्र में खड़गे ने नेपाल में आई बाढ़ को गंभीर प्राकृतिक आपदा बताया। उन्होंने कहा कि जान का नुकसान, घरों और बुनियादी ढांचे की व्यापक तबाही और बड़ी संख्या में लोगों के विस्थापन ने प्रभावित समुदायों के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
खड़गे ने कहा कि भारत के लोगों का नेपाल के लोगों के साथ गहरा और स्थायी रिश्ता है। ऐसे दुख के समय में भारत को मजबूती से अपने पड़ोसी के साथ खड़ा होना चाहिए और इस आपदा से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता देनी चाहिए।
उन्होंने सरकार से नेपाल को तत्काल और व्यापक मानवीय एवं आपदा राहत सहायता देने पर विचार करने का आग्रह किया। साथ ही नेपाल सरकार के साथ समन्वय कर जहां जरूरत हो, वहां राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों को तैनात करने पर विचार करने की मांग की, ताकि बचाव, निकासी और राहत कार्यों में मदद मिल सके।
खड़गे ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने में NDRF की विशेषज्ञता और अनुभव जीवन बचाने तथा इस बड़ी त्रासदी का सामना कर रहे लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने में बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गृह मंत्रालय इस मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता से देखेगा और बाढ़ प्रभावित नेपाल के लोगों तक भारत की सहायता पहुंचाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
