महिलाओं में एनीमिया का संकट, बच्चे भी कुपोषण के शिकार! खड़गे ने मोदी सरकार से पूछा- जवाबदेही किसकी?
महिलाओं और बच्चों में एनीमिया और कुपोषण के आंकड़ों पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार को घेरा है। पोषण योजनाओं के बजट और खर्च पर भी उठाए सवाल हैं।

देश में प्रजनन आयु की 55.9% महिलाएं एनीमिया से प्रभावित हैं, जबकि 1 से 4 साल के 42% बच्चों में खून की कमी है।
किशोर लड़कियों और लड़कों में करीब दो-तिहाई विटामिन B12 की कमी से जूझ रहे हैं। गुजरात में भी महिलाओं और छोटे बच्चों में एनीमिया के आंकड़े चिंताजनक हैं।
खड़गे के मुताबिक, 6 वित्तीय वर्षों में पोषण योजनाओं के तहत 1.13 लाख करोड़ रुपये से अधिक जारी किए गए, लेकिन कई योजनाओं की रकम खर्च नहीं हो सकी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के बजट में हिस्सेदारी घटने पर सवाल उठाते हुए मोदी सरकार से जवाबदेही तय करने को कहा।
देश में महिलाओं और बच्चों के पोषण की स्थिति को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया है कि जब देश की लाखों महिलाएं और बच्चे कुपोषण और पोषण संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं, तो भारत अपनी जनसांख्यिकीय ताकत (Demographic Dividend) का पूरा लाभ कैसे उठा पाएगा? खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए ICMR-SAMPADA रिपोर्ट के आंकड़े साझा किए और महिलाओं तथा बच्चों में एनीमिया की स्थिति पर चिंता जताई।
खड़गे के मुताबिक, देश में प्रजनन आयु वर्ग की 55.9 फीसदी महिलाएं एनीमिया से प्रभावित हैं। वहीं, किशोर लड़कियों और लड़कों में करीब दो-तिहाई विटामिन B12 की कमी से जूझ रहे हैं। इसके अलावा 1 से 4 साल की उम्र के 42 फीसदी बच्चे एनीमिया के शिकार हैं। उन्होंने इन आंकड़ों को सरकार की अपनी ICMR-SAMPADA रिपोर्ट का हवाला देते हुए साझा किया।
गुजरात में भी महिलाओं और बच्चों में एनीमिया की समस्या
कांग्रेस अध्यक्ष ने अपनी पोस्ट में गुजरात के आंकड़ों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य में प्रजनन आयु की 66 फीसदी महिलाएं और छोटे बच्चों में 57 फीसदी एनीमिया से प्रभावित हैं। खड़गे ने महिलाओं में एनीमिया की गंभीरता पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार का हल्के एनीमिया के मामलों पर जोर देने से समस्या की गंभीरता कम नहीं हो जाती।
उन्होंने कहा कि प्रजनन आयु की करीब 30 फीसदी महिलाएं मध्यम या गंभीर एनीमिया से पीड़ित हैं। खड़गे ने इस बात पर भी ध्यान दिलाया कि देश में बच्चों के पोषण की स्थिति भी चिंता बढ़ाने वाली है। उनके मुताबिक, ताजा राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण यानी NFHS-6 में सामने आया है कि देश में करीब एक-तिहाई बच्चे कम वजन की समस्या से प्रभावित हैं, जबकि हर पांच में से एक बच्चा तीव्र कुपोषण का शिकार है।
पोषण योजनाओं पर 1.13 लाख करोड़ रुपये जारी, खड़गे ने उठाए सवाल
मल्लिकार्जुन खड़गे ने महिलाओं और बच्चों में पोषण की स्थिति के साथ-साथ सरकार की पोषण योजनाओं के लिए जारी धनराशि और उसके इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सरकारी वित्तीय रिकॉर्ड का हवाला देते हुए कहा कि पिछले छह वित्तीय वर्षों में सक्षम आंगनवाड़ी, पोषण 2.0 और इनसे पहले की योजनाओं के तहत 1.13 लाख करोड़ रुपये से अधिक जारी किए गए।
खड़गे ने दावा किया कि पोषण 2.0 के तहत चार वर्षों में जारी की गई धनराशि और इस्तेमाल की गई रकम के बीच 2,500 करोड़ रुपये से अधिक का अंतर रहा। वहीं, मूल पोषण अभियान के तहत जारी की गई धनराशि का करीब 44 फीसदी हिस्सा इस्तेमाल नहीं हो सका। उन्होंने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के बजट में हिस्सेदारी घटने का मुद्दा भी उठाया।
कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक, केंद्रीय बजट में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की हिस्सेदारी 2015-16 में 0.96 फीसदी थी, जो 2025-26 में घटकर 0.50 फीसदी रह गई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में कई पोषण योजनाएं चलाई गईं, फोर्टिफाइड चावल और आयरन सप्लीमेंट देने के कार्यक्रम भी शुरू किए गए, लेकिन इसके बावजूद महिलाओं और बच्चों में पोषण की समस्या बनी हुई है।
खड़गे ने अपनी पोस्ट के आखिर में मोदी सरकार से सवाल किया कि आखिर इन योजनाओं के बावजूद महिलाओं और बच्चों की पोषण संबंधी समस्याओं के लिए जवाबदेही किसकी है?
