किरिबाती ने दुनिया को पीछे छोड़ा, सबसे पहले किया 2026 का स्वागत, न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भी नए साल ने दी दस्तक

किरिबाती ने जब नए साल का स्वागत किया, तो भारत में दोपहर के 3:30 बजे थे। न्यूजीलैंड ने हमसे करीब साढ़े छह घंटे पहले और ऑस्ट्रेलिया ने साढ़े पांच घंटे पहले जब भारत में साढ़े छह बजे थे, तब नए साल का स्वागत किया।

किरिबाती ने दुनिया को पीछे छोड़ा, सबसे पहले किया 2026 का स्वागत, न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भी नए साल ने दी दस्तक
i
user

नवजीवन डेस्क

एक छोटे से द्वीप देश किरिबाती ने दुनिया को पछाड़ते हुए नए साल 2026 का इस्तकबाल बड़ी आन-बान-शान से कर दिया है। भारत से करीब साढ़े आठ घंटे पहले यहां नए साल के जश्न में लोग डूबे देखे गए। इसके बाद न्यूजीलैंड के ऑकलैंड ने भी नए साल का स्वागत आतिशबाजी से किया।

किरिबाती 33 एटोल (एटोल का मतलब होता है गोलाकार कोरल रीफ) से बना है- प्रशांत महासागर के 3.5 मिलियन वर्ग किमी (1.4 मिलियन वर्ग मील) से अधिक क्षेत्र में फैला है। 1994 में, किरिबाती- जिसका उच्चारण "किरिबास" किया जाता है- ने अंतर्राष्ट्रीय तिथि रेखा के पार टाइम जोन बदल दिया, ताकि सभी 33 द्वीपों में एक ही तारीख हो (पहले अंतर्राष्ट्रीय तिथि रेखा के पूर्वी तरफ कुछ द्वीप थे)। प्रशांत द्वीप देशों समोआ, टोंगा, और टोकेलाऊ- जो ऑकलैंड से लगभग 3,500 किमी उत्तर में न्यूजीलैंड का एक आश्रित क्षेत्र है- ने भी जश्न के साथ 2026 का स्वागत किया है।

इनके बाद न्यूजीलैंड ने भी नए साल का स्वागत आतिशबाजी से किया। ऑकलैंड ने स्काई टॉवर पर रंगीन आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया। पांच मिनट के इस शो में 240 मीटर (787 फीट) ऊंचे टॉवर, जो न्यूजीलैंड की सबसे ऊंची इमारत है, की अलग-अलग मंजिलों से 3,500 पटाखे चलाए गए। सत्रह लाख की आबादी वाले ऑकलैंड में जब रात के 12 बजे तो लोगों ने जबरदस्त आतिशबाजी के साथ नये साल का स्वागत किया। बारिश के अनुमान के कारण बुधवार को न्यूजीलैंड के उत्तरी द्वीप में कुछ कार्यक्रम रद्द कर दिये गये।

न्यूजीलैंड के दो घंटे बाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर 2026 का स्वागत किया गया। देश के सबसे बड़े शहर सिडनी में सिडनी हार्बर ब्रिज पर आयोजित आतिशबाजी देखने के लिए शहर के तटीय इलाके में बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। इस मौके पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये थे।ऑस्ट्रेलिया के सबसे करीबी पड़ोसियों में से एक, इंडोनेशिया में सुमात्रा द्वीप के कुछ हिस्सों में एक महीने पहले आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन से तबाह हुए समुदायों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए नववर्ष की पूर्व संध्या के उत्सवों को सीमित कर दिया।

आइए जानते हैं कि जब दुनिया के कुछ देश हमसे पहले नए साल का जश्न मनाते हैं तो हम और कितने घंटों का इंतजार करते हैं। किरिबाती ने जब नए साल का पहला दिन मनाया, तो भारत में दोपहर के 3:30 बजे थे। न्यूजीलैंड हमसे करीब साढ़े छह घंटे पहले और ऑस्ट्रेलिया साढ़े पांच घंटे पहले (भारत में तब साढ़े छह बजते हैं) नए साल की खुशियां मनाते हैं, जापान साढ़े तीन घंटे पहले, थाईलैंड डेढ़ घंटे पहले, बांग्लादेश हमसे आधे घंटे पहले, और नेपाल महज 15 मिनट पहले नूतन वर्ष का स्वागत करता है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia