किसान कांग्रेस 26 फरवरी को कृषि मंत्रालय का घेराव करेगी, कृषि कानूनों के खिलाफ मंत्री को भी घेरने का ऐलान

किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोलंकी ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता केंद्रीय कृषि मंत्रालय में भी विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने इस कदम को पिछले तीन महीनों से आंदोलन कर रहे किसानों के मुद्दे की अनदेखी कर रही बीजेपी सरकार को जगाने का प्रयास बताया है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

किसान कांग्रेस ने केंद्र के विवादित तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के तीन महीने पूरे होने पर 26 फरवरी को कृषि मंत्रालय का घेराव करने का ऐलान किया है। किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोलंकी ने कहा, "तीन कृषि कानूनों के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी की कई सीमाओं पर चल रहे किसानों के प्रदर्शन को तीन महीने पूरे होने पर किसान कांग्रेस केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का घेराव करेगी।"

किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष ने यह भी कहा कि किसान कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्रीय कृषि मंत्रालय में भी विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने इस कदम को पिछले तीन महीनों से किसानों के मुद्दों की अनदेखी कर रही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार को जगाने का प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस दिल्ली-हरियाणा टिकरी सीमा पर पहले दिन से ही किसानों के साथ खड़ी है।

सोलंकी ने कहा कि हम पहले दिन से किसानों के साथ खड़े हैं। हम किसान विरोधी कानूनों के खिलाफ कई रैलियां कर चुके हैं। सोलंकी ने कहा कि अब तक तीन कृषि कानूनों का विरोध करते हुए 200 से अधिक किसानों ने अपनी जान गंवाई है। उन्होंने कहा कि न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी किसान आंदोलन का समर्थन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस, किसानों के अधिकारों और मांगों के लिए लड़ती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक नरेंद्र मोदी सरकार इन तीनों कानूनों को वापस नहीं लेती, किसान कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं पर किसानों के साथ एकजुटता से खड़ी रहेगी। बता दें कि पिछले साल 26 नवंबर से दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे किसानों और सरकार के बीच अब तक 11 दौर की वार्ता हो चुकी है, जो अनिर्णायक रही है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia