जानें कौन हैं सलमान रुश्दी, जिन पर न्यूयार्क में हुआ जानलेवा हमला? इनकी किताबें दुनियाभर में मचा चुकी हैं बवाल

अहमद सलमान रुश्दी का जन्म 19 जून 1947 को मुंबई में हुआ था। सलमान रुश्दी का जन्म भारतीय मुस्लिम परिवार में हुआ था, लेकिन वे खुद को नास्तिक बताते हैं।

फोटो: Getty Images
फोटो: Getty Images
user

नवजीवन डेस्क

अमेरिका के न्यूयार्क शहर में शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान लेखक सलमान रुश्दी पर एक व्यक्ति ने जानलेवा हमला किया। उनकी हालात गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि कई घंटों की सर्जरी के बाद अभी वो वेंटिलेटर पर है। खबरों के मुताबिक उनकी एक आंख खराब होने का खतरा है। रुश्दी के एजेंट एंड्रयू वाइली ने बताया कि वह बोल नहीं पा रहे हैं।

कौन हैं सलमान रुश्दी?

अहमद सलमान रुश्दी का जन्म 19 जून 1947 को मुंबई में हुआ था। सलमान रुश्दी का जन्म भारतीय मुस्लिम परिवार में हुआ था, लेकिन वे खुद को नास्तिक बताते हैं। भारतीय मूल के उपन्यासकार रुश्दी ने अपने 1981 के उपन्यास 'मिडनाइट्स चिल्ड्रन' के जरिए खासा प्रसिद्धि हासिल की थी। किताब को उसी साल दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित साहित्यिक पुरस्कार 'बुकर प्राइज' से सम्मानित किया गया था। इस किताब को बुकर प्राइज जीतने वालों में दो बार (1993 और 2008 में) दुनिया के सर्वश्रेष्ठ उपन्यास के नवाजा गया था।


सलमान रुश्दी की किताब पर क्यों है विवाद?

खबरों की मानें तो सलमान रुश्दी के प्रति नफरत का ये सिलसिला 1988 से शुरू होता है। सलमान रुश्दी की किताब द सैटेनिक वर्सेज को ईरान में 1988 से प्रतिबंधित कर दिया गया क्योंकि कई मुसलमान इसे ईशनिंदा मानते हैं। ईरान और भारत सहित कई देशों में इस पुस्तक पर प्रतिबंध लगा दिया गया। रुश्दी की यह किताब ईरान में 1988 से ही प्रतिबंधित है। बवाल इतना बढ़ा कि 1989 में ईरान के दिवंगत नेता अयातुल्ला रूहोल्लाह खुमैनी ने एक फतवा जारी किया, जिसमें सलमान रुश्दी की मौत का आह्वान किया गया था।

सलमान रुश्दी ने की हैं 4 शादियां

सलमान रुश्दी ने 4 शादियां की हैं। उनकी पहली पत्नी क्लेरिसा लुआर्ड से 1976 से 1987 तक शादी चली। दूसरी पत्नी अमेरिकी उपन्यासकार मैरिएन विगिन्स थीं। सलमान रुश्दी तीसरी शादी 1997 से 2004 तक चली। साल 2004 में उन्होंने एक भारतीय-अमेरिकी अभिनेत्री- मॉडल और अमेरिकी रियलिटी-टेलीविजन शो टॉप शेफ की होस्ट पद्मा लक्ष्मी से शादी की।


सलमान रुश्दी पर कब और कहां हमला हुआ?

सलमान रुश्दी शुक्रवार को न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम में व्याख्यान देने पहुंचे थे। व्याख्यान से पहले ही उनके ऊपर जानलेवा हमला हुआ। हमलावर ने उन्हें चाकुओं से गोद दिया। रुश्दी वहीं फर्श पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उनकी मदद की। हमले में बुरी तरह से घायल रुश्दी को हेलीकॉप्टर के जरिए अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि उनके गर्दन और पेट में गंभीर चोट आई है।

इसे भी पढ़ें: न्यूयॉर्क में जानलेवा हमले के बाद लेखक सलमान रुश्दी की हुई सर्जरी, अब वेंटिलेटर पर हैं, एक आंख जाने का खतरा

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia