लद्दाखः वोटर घटाने का नया हथकंडा, जब बर्फ से ढक जाएगा इलाका, उस समय किया गया है चुनाव कराने का ऐलान
लद्दाख में भी मतदाताओं की संख्या घटाने का अपना तरीका खोज लिया गया है।

देशभर में चुनाव आयोग ने मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराया। इसका मकसद बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाना ही साबित हुआ। सिर्फ तीन जगहों को इससे बाहर रखा गया- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख। लेकिन अब लद्दाख में भी मतदाताओं की संख्या घटाने का तरीका खोज लिया गया है। एसआईआर से लद्दाख को भले ही छूट मिली हो, लेकिन यहां लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को कमजोर करने की कोशिश हो रही है।
लद्दाख की आठ पर्वतीय परिषदों के चुनाव 4 दिसंबर को होने हैं। दिसंबर में यहां तापमान शून्य से 20 से 30 डिग्री नीचे तक चला जाता है। सड़कें बंद हो जाती हैं। उड़ानें अनिश्चित हो जाती हैं। आबादी का करीब 20 से 25 फीसदी हिस्सा गर्म मैदानी इलाकों की ओर पलायन कर जाता है। जो लोग पीछे रह जाते हैं, वे ज्यादातर समय घरों में कैद रहते हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों के मतदान के लिए निकलने की उम्मीद करना मुश्किल है। बुजुर्गों के लिए तो यह लगभग असंभव है।
लद्दाख के नेता इसे अच्छी तरह समझते हैं। कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (केडीए) के नेता सज्जाद हुसैन करगिली कहते हैं, “हमने देश के दूसरे हिस्सों में 'वोट चोरी' के आरोप सुने हैं। लद्दाख को प्रयोगशाला बना दिया गया है। यहां लोगों का प्रतिनिधित्व छीन लिया गया है। एकतरफा फैसले साफ तौर पर दिखाते हैं कि लद्दाख में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।”
अब तक लद्दाख में दो जिले थे- लेह और कारगिल। दोनों की अपनी पर्वतीय परिषद थी। प्रशासन ने अब कुल आठ जिले बना दिए हैं। 10 नवंबर को राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी आठ परिषदों के चुनावों की घोषणा कर दी। मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने इसे 'ऐतिहासिक मोड़' बताया। उनका तर्क था कि दिसंबर में चुनाव होने से नई परिषदों को बजट तैयार करने के लिए तीन महीने मिल जाएंगे। लेकिन लद्दाख के सांसद मोहम्मद हनीफा जान का कहना है कि उन्होंने उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मार्च या अप्रैल में चुनाव कराने का आग्रह किया था। तब तक लोग वापस लौट आते हैं।
विरोध की वजह सिर्फ चुनाव का समय नहीं है। लेह एपेक्स बॉडी (एलएबी) के नेता सेरिंग दोरजे लकरुक ने नेशनल हेराल्ड से कहा, “इसमें और भी कई समस्याएं हैं। पर्वतीय परिषदों के प्रावधानों में संशोधन किया गया है। उनके अधिकारों में भारी कटौती हुई है। ज्यादातर शक्तियां उपराज्यपाल को सौंप दी गई हैं।” नए जिलों में परिषदों की सीटों के परिसीमन को लेकर भी बड़े पैमाने पर पक्षपात और चुनावी क्षेत्रों की मनमानी पुनर्रचना के आरोप लग रहे हैं।
एलएबी और केडीए ने जब पर्वतीय परिषदों के चुनावों के बहिष्कार का ऐलान किया, तो प्रशासन ने इसका जवाब दमन से दिया।
11 नवंबर को पुलिस ने लेह में प्रदर्शन स्थल से सोनम वांगचुक को हटा दिया। वांगचुक का आरोप है कि नकाबपोश लोगों ने उन्हें जबरन एक गाड़ी में डाला और घर पहुंचा दिया। तब से उनके घर पर करीब 20 हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात हैं। चुनाव आचार संहिता का हवाला देते हुए जारी एक आदेश में उन्हें 60 दिनों तक किसी भी 'अनधिकृत रैली, जुलूस या सार्वजनिक सभा' में शामिल होने से रोक दिया गया है।
आदेश में 'नजरबंदी' शब्द का इस्तेमाल नहीं किया गया है। वांगचुक का कहना है कि यह उन्हें घर में कैद करने जैसा ही है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उपराज्यपाल सक्सेना को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता का शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार को खत्म करने या उन्हें घर तक सीमित करने के लिए नहीं किया जा सकता।
वांगचुक के संस्थानों पर भी दबाव बढ़ा है। अगस्त 2025 में लेह प्रशासन ने फ्यांग में उनके हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव लर्निंग (एचआईएएल) के लिए आवंटित करीब 54 हेक्टेयर जमीन का आवंटन रद्द कर दिया था। वांगचुक ने इसे 'विच हंट' यानी सुनियोजित उत्पीड़न बताया था।
नवंबर 2026 में प्रशासन ने एचआईएएल को उसके डेजर्ट फ्लावर स्कूल की गतिविधियां बंद करने का नोटिस दिया। एचआईएएल की सीईओ और वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो ने इस नोटिस को आधारहीन बताया है। उनका कहना है कि स्कूल को अनापत्ति प्रमाणपत्र देने की फाइल प्रशासन ने खुद रोक रखी है।
सड़कों पर उतरने का रास्ता बंद होने के बाद वांगचुक के पास देश तक अपनी बात पहुंचाने का एकमात्र माध्यम सोशल मीडिया बचा है। एक वीडियो अपील में उन्होंने कहा, “24 सितंबर को लेह में हुई घटनाओं की न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट (इन घटनाओं में पुलिस फायरिंग में चार लोगों की मौत हुई थी) बेहद धीमी गति से आगे बढ़ रही है। दूसरी ओर, केन्द्रशासित प्रदेश का प्रशासन यहां किसी तरह के ‘परिषद चुनाव‘ कराने में रॉकेट की गति से जुटा है। लगता है कि लोकतंत्र और संवैधानिक सुरक्षा उपायों पर बातचीत के लिए अपनी पसंद के लोगों को बैठाने की तैयारी है।”
खबरों के मुताबिक, कई गांवों के लोगों ने 21 नवंबर को होने वाले पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों से दूर रहने का फैसला किया है।
केन्द्र और लद्दाख के नेतृत्व के बीच बातचीत पिछले महीने से ठप पड़ी है। इस बीच स्थानीय नेता प्रशासन के निशाने पर हैं। उनका आरोप है कि उपराज्यपाल वीके सक्सेना उन्हें बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे।
सात नवंबर को वांगचुक ने एक 'स्टिंग ऑपरेशन' की रिकॉर्डिंग जारी कीं। उनके वकीलों ने एक कंटेंट क्रिएशन कंपनी के मालिक की बातचीत रिकॉर्ड की थी। आरोप है कि उसने कहा कि उसकी कंपनी उपराज्यपाल की टीम के साथ मिलकर ऐसा कंटेंट तैयार कर रही है, जिससे वांगचुक की छवि खराब हो और उपराज्यपाल की छवि चमके।
वांगचुक का कहना है कि उन्होंने शुरुआत में यह सामग्री इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक को सौंपी थी। कोई नतीजा नहीं निकला, तो उन्होंने इसे सार्वजनिक कर दिया। वांगचुक ने कहा कि यह रिकॉर्डिंग “साबित करती है कि उपराज्यपाल प्रशासन सीधे तौर पर गैरकानूनी बदनाम करने वाले अभियानों में शामिल है।” उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी शिकायत की है।
अक्तूबर में उपराज्यपाल ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में वांगचुक पर तीखा तंज कसा था। उन्होंने कहा कि लोग वांगचुक को पर्यावरणविद बताते हैं, लेकिन उन्होंने कितने पेड़ लगाए हैं? सक्सेना शायद यह भूल गए कि लद्दाख एक ऊंचाई पर स्थित ठंडा रेगिस्तानी इलाका है। इसका बड़ा हिस्सा पेड़ों की प्राकृतिक सीमा से ऊपर है। यहां मेहनत से सिंचाई के बावजूद पौधों के जीवित रहने की गारंटी नहीं होती। वांगचुक का काम जंगलों से नहीं, बल्कि पानी और ग्लेशियरों को बचाने से जुड़ा है।
केन्द्रीय गृह मंत्रालय की उपसमिति ने एलएबी और केडीए के साथ 22 मई को एक बैठक की थी। दोनों पक्षों ने एक सहमति बनने का ऐलान किया था। इसके तहत केन्द्रशासित प्रदेश के स्तर पर एक निर्वाचित निकाय को विधायी, कार्यकारी और वित्तीय शक्तियां देने का प्रस्ताव था। मुख्य सचिव समेत सभी नौकरशाह इस निकाय के कार्यकारी प्रमुख के प्रति जवाबदेह होते। इस पद के लिए मुख्यमंत्री का प्रस्ताव था।
लेकिन पांच महीने बाद मंत्रालय अपने वादे से पीछे हट गया। 15 अक्तूबर को लेह में हुई बैठक में उसने 32 पन्नों का एक मसौदा पेश किया। दोनों संगठनों ने इसे खारिज कर दिया। उन्होंने इसे 'पुराना प्रशासनिक मॉडल' बताया। इसकी तुलना पूर्वोत्तर के पुराने नॉर्थ-ईस्ट फ्रंटियर एजेंसी (नेफा) से की। वांगचुक ने कहा, “उन्होंने एक बार फिर अपना वादा तोड़ दिया।” मुख्य सचिव कुंद्रा ने सफाई दी कि लद्दाख को पहले ही बता दिया गया था कि उसे न तो पूर्ण राज्य का दर्जा मिलेगा और न ही विधानसभा वाला केvdद्रशासित प्रदेश बनाया जाएगा।
इन वार्ताओं के दौरान लद्दाख के नेतृत्व को अपनी सबसे बड़ी मांग से भी पीछे हटना पड़ा था। यह मांग संविधान की छठी अनुसूची के तहत सुरक्षा देने की थी। लकरुक कहते हैं, “हम मोदी और अमित शाह से मिले थे। दोनों ने कहा कि छठी अनुसूची के तहत सुरक्षा नहीं दी जा सकती। इसके बजाय हमें संविधान के अनुच्छेद 371ए के तहत सुरक्षा देने का प्रस्ताव दिया गया।” अब सरकार इस वादे से भी पीछे हट चुकी है।
नामांकन की प्रक्रिया खत्म हो चुकी है। अब 4 दिसंबर को चुनाव होने हैं। केडीए के सह-अध्यक्ष असगर अली करबलई ने चेतावनी दी है कि अगर गृह मंत्रालय 22 मई को बनी सहमति पर वापस नहीं लौटता, तो लद्दाख के लोग “सड़कों पर उतरेंगे, आंदोलन करेंगे और जेल जाने के लिए तैयार रहेंगे।”
लद्दाख के ज्यादातर संगठित राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के बहिष्कार के बीच होने वाले ये चुनाव कई सवाल खड़े करते हैं। चुनाव ऐसे मौसम में कराए जा रहे हैं, जब बड़ी संख्या में मतदाता लद्दाख से बाहर होंगे। ऐसे में इन चुनावों से प्रतिनिधित्व का सवाल सुलझने के बजाय और उलझ सकता है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
