लालू के जन्मदिन पर राबड़ी देवी ने काटा 71 पाउंड का केक, नीतीश कुमार ने दी बधाई

आरजेडी के सुप्रीमो और बिहार के दिग्गज नेता लालू प्रसाद यादव का आज जन्मदिन है। इस मौके पर उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने 71 पाउंड का केक काटा। उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। लालू यादव इन दिनों जेल में हैं।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
user

IANS

राष्ट्रीय जनता दल - आरजेडी के अध्यक्ष लालू प्रसाद सोमवार को अपना 71वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उन्हें बधाई और शुभकामना देने के लिए राजद नेताओं व समर्थकों का उनके पटना आवास पर तांता लगा हुआ है। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपने दोनों बेटों तेजस्वी और तेजप्रताप के साथ 71 पाउंड का केक काटा, जो आरजेडी कार्यकर्ताओं द्वारा इस खास मौके के लिए तैयार कराया गया था।

वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी लालू के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी। नीतीश ने लालू के जन्मदिन पर उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने एक ट्वीट किया, "लालू जी को जन्मदिन पर बधाई। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं।"

इधर, लालू प्रसाद के जन्मदिन पर तेजस्वी और तेजप्रताप ही नहीं, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे भी साथ दिखे। इस मौके पर राबड़ी यह संदेश देने की भरसक कोशिश करते नजर आईं कि राजद में कहीं कोई मतभेद नहीं है। इस मौके पर तेजस्वी ने कहा, "हमने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। हमें न्यायपालिका पर भरोसा है। उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है। अगले कुछ दिनों में उनका एक बड़ा ऑपरेशन होने वाला है और हम उसे लेकर चिंतित है।"

तेजप्रताप को लेकर उन्होंने कहा, "हम दोनों एक साथ हैं और हमेशा रहेंगे। हमारे विरोधी बेवजह ऐसी बातें फैला रहे हैं कि हमारे बीच दरार है, जबकि ऐसा कुछ नहीं है।" तेजप्रताप ने भी राजद में किसी भी मतभेद से इनकार करते हुए कहा, "राजद में सबकुछ ठीक है। गड़बड़ तो भाजपा में है। भाजपा के कई बड़े नेता हमारे संपर्क में हैं।"

इस मौके पर राबड़ी देवी ने आरजेडी को एक परिवार बताते हुए कहा कि कहीं कोई मनमुटाव नहीं है। इस समारोह का आयोजन पांच देशरत्न मार्ग स्थित तेजस्वी के आवास में किया गया। लालू के जन्मदिन पर राजधानी पटना की सड़कें लालू को बधाई और शुभकामना देने वाले संदेश लिखे बैनर-पोस्टर से पटी नजर आईं। पूर्व मुख्यमंत्री लालू के जन्मदिन पर राजद कार्यकर्ताओं में उल्लास और उमंग देखा गया। राजद कार्यकर्ता और अन्य पार्टियों के नेता सुबह से ही लालू के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पर पहुंचकर परिवार वालों को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं देते नजर आए।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लालू प्रसाद यादव को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके स्वस्थ्य होने की कामना की।


हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भी लालू आवास पहुंचे और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और उनकी लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना की। गौरतलब है कि चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे लालू इन दिनों रांची उच्च न्यायालय द्वारा औपबंधिक जमानत पर हैं। अदालत ने उन्हें बीमारी के इलाज के लिए औपबंधिक जमानत दी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia