लालू यादव ने BJP-NDA पर लगाया वोट चोरी का आरोप, बोले- इसके खिलाफ पूरा विपक्ष एकजुट; अभियान होगा सफल
सरकार पर वोट चोरी के विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर लालू प्रसाद ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हां, ऐसा हुआ है।’’ उन्होंने इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के एकजुट होने की बात भी कही और विश्वास जताया कि उसका अभियान अंततः सफल होगा।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकारों पर ‘वोट चोरी’ करने का आरोप लगाया और कहा कि पूरा विपक्ष इसके खिलाफ एकजुट है।
लालू प्रसाद का यह बयान कथित वोट चोरी और चुनावी अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की रैली के दो दिन बाद आया है।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने सोमवार को नयी दिल्ली में लालू प्रसाद से उनकी बेटी मीसा भारती के आवास मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के कार्यकाल को याद किया था। दोनों नेताओं ने संप्रग सरकार के कार्यकाल के साथ ही मनरेगा, शिक्षा का अधिकार (आरटीई) तथा सूचना का अधिकार (आरटीआई) जैसे कानूनों के क्रियान्वयन को भी याद किया।
सरकार पर वोट चोरी के विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर लालू प्रसाद ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हां, ऐसा हुआ है।’’ उन्होंने इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के एकजुट होने की बात भी कही और विश्वास जताया कि उसका अभियान अंततः सफल होगा।
वरिष्ठ नेता लालू प्रसाद (78) उम्र संबंधी कई बीमारियों से पीड़ित हैं जिसके चलते हाल के दिनों में उनकी सार्वजनिक गतिविधियां सीमित हो गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
