पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की स्मृति में अंतिम अरदास का आयोजन, सोनिया, खड़गे समेत कई नेता हुए शामिल
इससे पहले पूर्व पीएम के आवास 3 मोतीलाल नेहरू मार्ग पर उनकी स्मृति और सम्मान में शुक्रवार को ‘अखंड पाठ’ का आयोजन किया गया। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का बीते 26 दिसंबर को 92 साल की आयु में निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार 28 दिसंबर को निगमबोध घाट पर किया गया।

देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की स्मृति में आज दिल्ली के गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब में कीर्तन और अंतिम अरदास का आयोजन किया गया। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, भूपेंद्र हुड्डा, अशोक गहलोत समेत कई अन्य नेता पूर्व पीएम की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए।

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का बीते 26 दिसंबर को 92 साल की आयु में निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार 28 दिसंबर को निगमबोध घाट पर किया गया। कीर्तन और अंतिम अरदास में मनमोहन सिंह के परिजनों के अलावा खड़गे, सोनिया गांधी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई लोग शामिल हुए।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की पूर्व अध्यक्ष बीबी जागीर कौर, पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और योजना आयोग (अब नीति आयोग) के पूर्व उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, प्रवक्ता पवन खेड़ा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, अजय माकन, सांसद सुखजिंदर रंधावा और अलका लांबा भी शामिल हुईं। बीजेपी नेता प्रनीत कौर और मनजिंदर सिंह सिरसा भी इस मौके पर गुरुद्वारे में मौजूद थे।
इससे पहले, मनमोहन सिंह के आवास ‘3 मोतीलाल नेहरू मार्ग’ पर उनकी स्मृति और सम्मान में शुक्रवार को ‘अखंड पाठ’ का आयोजन किया गया, जिसमें सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी और कुछ अन्य नेता शामिल हुए। सिंह की पत्नी गुरशरण कौर ने ‘अखंड पाठ’ के दौरान सिख धर्म के पवित्र ग्रंथ के कुछ अंश का पाठ किया।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia