बड़ी खबर LIVE: प्रियंका गांधी ने पीयूष गोयल से कहा- पीएम फसल बीमा योजना के तहत कॉफी को शामिल करें
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कॉफी की खेती को शामिल करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को प्रतिकूल जलवायु परिस्थितियों के कारण फसल के नुकसान के लिए वित्तीय सहायता मिलेगी।

प्रियंका गांधी ने पीयूष गोयल से कहा- पीएम फसल बीमा योजना के तहत कॉफी को शामिल करें
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कॉफी की खेती को शामिल करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को प्रतिकूल जलवायु परिस्थितियों के कारण फसल के नुकसान के लिए वित्तीय सहायता मिलेगी।
वाणिज्य और उद्योग मंत्री गोयल को लिखे एक पत्र में प्रियंका ने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र वायनाड के किसानों ने अपनी कॉफी की गुणवत्ता के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा हासिल की है, लेकिन उनके भूखंडों के पहाड़ी क्षेत्र में स्थित होने के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि उन्हें मीडिया में आई खबरों से पता चला है कि कॉफी बोर्ड ने वाणिज्य मंत्रालय को कॉफी को फसल बीमा योजना में शामिल करने का प्रस्ताव भेजा है।
किसान सुखवंत सिंह की कथित आत्महत्या प्रकरण सीबीआई जांच हो: कांग्रेस
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर के किसान सुखवंत सिंह की कथित आत्महत्या के मामले में कांग्रेस ने शुक्रवार को जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को निलंबित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराए जाने की मांग को लेकर राज्य पुलिस मुख्यालय की ओर कूच किया ।
कांग्रेस कार्यकर्ता पहले प्रदेश पार्टी मुख्यालय में एकत्र हुए और वहां से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में एक जुलूस के रूप में राज्य पुलिस मुख्यालय की ओर कूच किया ।
पुलिस मुख्यालय पहुंचने के बाद कांग्रेस ने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि मृत किसान के साथ कथित धोखाधड़ी करने वाले भूमाफियाओं को पुलिस द्वारा संरक्षण प्रदान किए जाने तथा शिकायत करने के कारण उसे लगातार प्रताड़ित किए जाने के कारण उसे कथित तौर पर आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा ।
झारखंड में प्रवासी मजदूर की मौत को लेकर मुर्शिदाबाद में विरोध प्रदर्शन, कई घंटे सडक-रेलमार्ग बाधित
झारखंड में एक प्रवासी मजदूर की मौत के विरोध में हुए हिंसक प्रदर्शनों से शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के कई हिस्सों में आम जनजीवन प्रभावित हुआ, क्योंकि आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक और राष्ट्रीय राजमार्ग-12 को घंटों तक अवरुद्ध रखा। इससे हजारों यात्री फंस गए और मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के साथ झड़प के दौरान भीड़ के कुछ समूहों ने एक 'ट्रैफिक बूथ' में तोड़फोड़ की और एक पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाया, जिससे तनाव बढ़ गया। पथराव में कम से कम 12 लोग घायल हो गए, जिनमें से कई मीडियाकर्मी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले, TMC कल, 17 जनवरी को सिंगूर में एक जनसभा करेगी: TMC
एयर क्वालिटी बिगड़ने पर बड़ा फैसला, दिल्ली एनसीआर में सीएक्यूएम ने ग्रेप-3 की पाबंदियां लागू कीं
शुक्रवार सुबह दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भारी गिरावट आई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, आज सुबह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 345 दर्ज किया गया है, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है। दिल्ली एनसीआर में सीएक्यूएम ने ग्रेप-3 की पाबंदियां लागू कीं।
ईरान की स्थिति पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, हमारे लगभग 9,000 नागरिक अभी ईरान में रह रहे हैं, उनमें से ज़्यादातर छात्र हैं
ईरान की स्थिति पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमारे लगभग 9,000 नागरिक अभी ईरान में रह रहे हैं। उनमें से ज़्यादातर छात्र हैं... वहां हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए, हमने 2-3 एडवाइजरी जारी की हैं। इन एडवाइजरी में, हमने भारत में अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वे इस समय ईरान की यात्रा न करें और हमने ईरान में रहने वाले भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि जो भी साधन उपलब्ध हों, उनसे देश छोड़ दें। हम वहां की स्थिति पर कड़ी नज़र रख रहे हैं और जहां तक हमारे नागरिकों की बात है, हम उनकी भलाई के लिए जो भी ज़रूरी होगा, वह करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
कोलकाता में फर्नीचर फैक्ट्री में आग लगी
कोलकाता के पूर्वी हिस्से में स्थित टॉपसिया इलाके में शुक्रवार दोपहर एक फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दोपहर बाद करीब 3.10 बजे टॉपसिया रोड स्थित फैक्ट्री में लगी आग में कोई घायल नहीं हुआ।
एक अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को खाली करा लिया गया है और कम से कम 11 दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया है।
उन्होंने कहा, "यह भीषण आग है। ऐसा लगता है कि अंदर ज्वलनशील पदार्थों का बड़ा ढेर है, जिससे आग तेजी से फैल रही है। हमारे कर्मी इसे जल्द से जल्द बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।"
राजस्थान में छात्रावास के लिए आवंटित भूखंडों का आवंटन रद्द करना दुर्भाग्यपूर्ण: अशोक गहलोत
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विभिन्न समाजों के वास्ते छात्रावास बनाने के लिए आवंटित भूखंडों का आवंटन रद्द किए जाने की शुक्रवार को आलोचना करते हुए कहा कि यह राज्य की भाजपा सरकार की संकुचित मानसिकता का परिचायक है।
गहलोत ने 'एक्स' पर लिखा,‘‘भाजपा सरकार द्वारा कांग्रेस सरकार के समय राज्य में विभिन्न समाजों, विशेषकर पिछड़े वर्गों (ओबीसी) और दलित समुदायों के विद्यार्थियों के वास्ते छात्रावास निर्माण हेतु आवंटित भूखंडों का आवंटन रद्द करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और संकुचित मानसिकता का परिचायक है।’’
उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने यह आवंटन इसलिए किए थे ताकि गांव-ढाणी से आने वाले गरीब और पिछड़े वर्ग के बच्चे शहरों में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि शहरों में छात्रावास न होने के कारण इन समाजों के होनहार परन्तु आर्थिक रूप से कमजोर पृष्टभूमि के विद्यार्थी पढ़ाई से वंचित रह जाते हैं।
सांसद अब्दुल राशिद शेख उर्फ इंजीनियर राशिद ने विदेश मंत्री को पत्र लिखकर ईरान में फंसे कश्मीरी छात्रों को बचाने और सुरक्षित निकालने के लिए तुरंत दखल देने की मांग की है
इंदौर: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देने के लिए इंदौर में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से मुलाकात की।
मध्य प्रदेश: टीम इंडिया और टीम न्यूज़ीलैंड 18 जनवरी को होने वाले अपने तीसरे और आखिरी वनडे मैच से पहले 15 जनवरी को इंदौर पहुंच गईं।
केरल उच्च न्यायालय ने हत्या के आरोपी को 14 साल जेल में बिताने के बाद रिहा किया
केरल उच्च न्यायालय ने हत्या के एक मामले में 14 साल जेल में बिता चुके व्यक्ति की दोषसिद्धि और उसे सुनाई गई आजीवन कारावास की सजा को रद्द कर दिया। न्यायालय ने कहा कि उसे निष्पक्ष सुनवाई से वंचित किया गया था।
न्यायमूर्ति राजा विजयराघवन और न्यायमूर्ति के. वी. जयकुमार की पीठ ने पाया कि आरोपी को लंबे समय तक हिरासत में रखा गया और उसे ऐसे मुकदमे का सामना करना पड़ा, जो ‘‘टुकड़ों-टुकडों’’ में चलाया गया था।
पीठ ने सत्र अदालत की न्यायाधीश द्वारा मुकदमे के संचालन में हुई खामियों को उजागर करते हुए कहा कि मुकदमे की एक महत्वपूर्ण अवधि के दौरान आरोपी का प्रतिनिधित्व किसी सक्षम वकील ने नहीं किया था, उसे अहम गवाहों से जिरह स्वयं करनी पड़ी और कई गवाहों से उसकी गैरमौजूदगी में पूछताछ की गई।
इसके अलावा, रिकॉर्ड से यह भी सामने आया कि सत्र न्यायाधीश ने लोक अभियोजक की अनुपस्थिति में स्वयं ही लोक अभियोजक की भूमिका निभाई और मुख्य जिरह खुद की।
मोदी और योगी सरकारें हिंदुओं की विरासत को खत्म कर रही हैं- अजय राय
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय राय ने कहा, "मोदी और योगी सरकारें हिंदुओं की विरासत को खत्म कर रही हैं। उन्होंने बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर के नाम पर एक मॉल बनाया, हज़ार साल पुराने मंदिरों को तोड़ दिया, और देश के तीन पवित्र वट वृक्षों में से एक को भी काट दिया। मणिकर्णिका घाट को सुंदर बनाने के नाम पर उन्होंने पूरे घाट को बर्बाद कर दिया है।"
माउंट आबू: माउंट आबू में तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से नीचे चला गया है, जिससे खेतों और गाड़ियों पर बर्फ जम गई है।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ से सुबह की तस्वीरें, जहां कल रात इलाके में LoC के पास पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने की खबर है।
श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर: जैसे-जैसे तापमान गिर रहा है, कश्मीर घाटी में ठंड की लहर जारी है।
नगर निगम चुनाव : पुणे के एक काउंटिंग सेंटर की तस्वीर
दिल्ली: अक्षरधाम इलाके के आस-पास की तस्वीरें, जहां घना कोहरा देखा गया
दिल्ली: कर्तव्य पथ पर 77वें गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल चल रही है
ठंड की लहर तेज होने से करनाल में घना कोहरा देखा गया
दिल्ली-NCR में आज भी घना कोहरा, विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम, पारा पहुंचा 4 डिग्री सेल्सियस
दिल्ली एनसीआर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कोहरे और शीतलहर का दौर जारी है। आज सुबह दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में घना कोहरा रहा, जिस कारण विजिबिलिटी कम रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ठंड को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आने से शीतलहर कम होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। घने कोहरे का कारण आज कई स्थानों पर विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही. आईएमडी के अनुसार दिल्ली में 16 जनवरी इस सीजन की सबसे सर्द सुबह रही। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस रहा।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia