बड़ी खबर LIVE: भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से रौंदा, सेमीफाइनल में पहुंचा, संजू ने खेली शानदार पारी

टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर खेले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत के सामने जीत के लिए 196 रन का लक्ष्य रखा था।

फोटो: pti
i
user

नवजीवन डेस्क

01 Mar 2026, 10:51 PM

भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से रौंदा, सेमीफाइनल में पहुंचा, संजू ने खेली शानदार पारी

टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर खेले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत के सामने जीत के लिए 196 रन का लक्ष्य रखा था।

01 Mar 2026, 9:46 PM

कश्मीर के स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी 2 दिन के लिए बंद, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों के बीच कश्मीर घाटी में सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी सोमवार से दो दिन के लिए बंद रहेंगे। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लोगों से शांति और सुकून बनाए रखने की अपील की है।

रविवार को घाटी में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन जारी रहने के बीच, अधिकारियों ने 3 मार्च तक के लिए स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी समेत सभी एजुकेशनल इंस्टिट्यूशन बंद करने का आदेश दिया।

शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने के लिए श्रीनगर के सिटी सेंटर, लाल चौक समेत कई जगहों पर प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए।

डीजीपी नलिन प्रभात और दूसरे सीनियर पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए लाल चौक और शहर की दूसरी जगहों पर गए ताकि शरारती तत्व और देश विरोधी तत्व लोगों की भावनाओं का फायदा न उठा सकें। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की।

01 Mar 2026, 9:34 PM

नागपुर में कारखाने में धमाके में अब तक अ18 लोगों की मौत, शवों की पहचान मुश्किल

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में विस्फोटक पदार्थ बनाने वाले एक कारखाने में रविवार सुबह हुए शक्तिशाली धमाके में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गयी और 24 अन्य घायल हो गए।

यह विस्फोट कटोल तहसील के राउलगांव में खनन और औद्योगिक विस्फोटक निर्माता कंपनी एसबीएल एनर्जी लिमिटेड की डेटोनेटर पैकिंग इकाई में सुबह करीब 7:15 बजे हुआ।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, दिन में बाद में इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मौत के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। साथ ही उन्होंने बताया कि 24 घायल श्रमिकों का नागपुर के दो अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि शव बुरी तरह जल चुके थे और उनकी पहचान करना असंभव था। मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए परिवार के सदस्यों के नमूने डीएनए परीक्षण के लिए लिए जा रहे हैं।


01 Mar 2026, 8:50 PM

ICC T20 वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज (195/4) ने भारत को 196 रन का टारगेट दिया 

01 Mar 2026, 8:19 PM

मध्य पूर्व में बदलते राजनीतिक हालात की वजह पर दिल्ली एयरपोर्ट की एडवाइजरी 

मध्य पूर्व में बदलते राजनीतिक हालात की वजह से, पश्चिम की ओर जाने वाली अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में रुकावट आ सकती है या उनके शेड्यूल में बदलाव हो सकता है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी-अपनी एयरलाइन से फ़्लाइट की सबसे नई जानकारी ले लें: दिल्ली एयरपोर्ट


01 Mar 2026, 7:13 PM

ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच CBSE ने कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं स्थगित की, इन जगहों पर दोबारा होगी परीक्षा

ईरान-इजराइल संघर्ष के मद्देनजर, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने रविवार को पश्चिम एशिया क्षेत्र में दो मार्च को होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा, “पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों—बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात—में मौजूदा स्थिति के कारण, बोर्ड ने दो मार्च को होने वाली कक्षा 10 और 12 की परीक्षाओं को स्थगित करने का निर्णय लिया है।”

01 Mar 2026, 6:46 PM

ICC टी-20 विश्व कप: भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का फैसला

ICC पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 में भारत बनाम वेस्टइंडीज मैच में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।


01 Mar 2026, 5:12 PM

ईरान के अंतरिम सर्वोच्च नेता बने अयातुल्लाह अलीरेजा अराफी

ईरान के लंबे समय तक सर्वोच्च नेता रहे अली खामेनेई की अमेरिका-इजरायल के हवाई हमले में मौत के कुछ घंटों बाद ईरान ने अयातुल्लाह अलीरेजा अराफी को देश का अंतरिम सर्वोच्च नेता नियुक्त कर दिया है।

ईरान सरकार ने बताया कि तेहरान स्थित उनके आवासीय परिसर पर हुए हमले में खामेनेई की जान गई। वह साल 1989 से देश के सर्वोच्च नेता थे। इससे पहले 1979 की इस्लामी क्रांति के नेता रूहोल्लाह खुमैनी के निधन के बाद उन्होंने यह पद संभाला था।

सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, संकट काल में देश का कामकाज एक तीन सदस्यीय परिषद देखेगी। इस परिषद में राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, मुख्य न्यायाधीश ग़ुलाम हुसैन मोहसेनी एजेई और गार्जियन काउंसिल का एक धर्मविद शामिल होगा।

01 Mar 2026, 4:48 PM

पश्चिम एशिया में फंसे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करे केंद्र: शिवकुमार

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने रविवार को केंद्र सरकार से आग्रह किया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण फंसे भारतीयों खासकर कन्नड़ भाषी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। शिवकुमार ने कहा कि उनकी सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है और स्थानीय जन प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर रही है।


01 Mar 2026, 3:53 PM

ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद खाड़ी में फैला दोहा में भारी धुआं

01 Mar 2026, 3:39 PM

झारखंड: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या पर रांची में विरोध प्रदर्शन


01 Mar 2026, 3:08 PM

तेल अवीव: इज़रायल ने ईरान के मिसाइल हमले में पहली मौत की खबर दी।

01 Mar 2026, 2:23 PM

खामनेई की मौत के बाद ईरान में अंतरिम परिषद का गठन, असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स जल्द चुनेगी नया सर्वोच्च नेता

ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामनेई की हत्या के बाद देश को चलाने के लिए एक परिषद का गठन किया गया है। यह परिषद इस्लामी गणराज्य ईरान के कानून में निर्धारित प्रावधान के तहत बनाई गई है।

इस परिषद में ईरान के मौजूदा राष्ट्रपति, देश की न्यायपालिका के प्रमुख और गार्जियन काउंसिल का एक सदस्य शामिल होता है। इस सदस्य का चयन एक्सपेडिएंसी काउंसिल करती है, जो सर्वोच्च नेता को सलाह देती है और संसद के साथ उत्पन्न विवादों का समाधान करती है। 

ईरानी कानून के अनुसार, असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स को “जितनी जल्दी हो सके” नए सर्वोच्च नेता का चयन करना होगा।


01 Mar 2026, 12:42 PM

इराक ने खामनेई की हत्या पर तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की 

इराक सरकार ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई  की मौत पर तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।

सरकारी प्रवक्ता बासेम अल-अवाड़ी ने इराकी न्यूज एजेंसी (INA) से बातचीत में कहा, “गहरे दुख और शोक के साथ हम सम्मानित ईरानी जनता और पूरी इस्लामी उम्मत के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। हम विद्वान और मुजाहिद, सर्वोच्च नेता महामहिम ग्रैंड आयतुल्लाह सैय्यद अली अल-हुसैनी अल-खामनेई की शहादत पर शोक प्रकट करते हैं, जिन्हें हम पैगंबर के परिवार में अग्रणी व्यक्तित्वों में से एक मानते हैं।”

01 Mar 2026, 11:33 AM

मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच श्रीलंका की एडवाइजरी, 10 लाख नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह, उड़ानें निलंबित

श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने रविवार को मध्य पूर्व में काम कर रहे और रह रहे लगभग 10 लाख श्रीलंकाई नागरिकों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की। मंत्रालय ने उन्हें अनावश्यक यात्रा से बचने और बड़े सार्वजनिक जमावड़ों में जाने से परहेज करने की सलाह दी।

देश के विमानन प्राधिकरण ने कहा कि श्रीलंका से मध्य पूर्व के गंतव्यों के लिए उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं।


01 Mar 2026, 10:21 AM

AP रिपोर्ट: दुबई के जेबेल अली पोर्ट पर मलबा गिरने से आग, बुर्ज अल अरब और एयरपोर्ट भी प्रभावित

AP की रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई प्रशासन ने बताया है कि हवाई अवरोधन (एरियल इंटरसेप्शन) के दौरान गिरे मलबे से दुबई के जेबेल अली पोर्ट पर आग लग गई। यह बंदरगाह शहर का मुख्य समुद्री टर्मिनल और वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख ट्रांसशिपमेंट हब है।

दुबई मीडिया कार्यालय के अनुसार, पोर्ट के एक बर्थ पर लगी आग पर काबू पाने के लिए आपातकालीन दल तुरंत मौके पर पहुंचे और आग को नियंत्रित करने में जुट गए।

विस्तृत क्षेत्र में फैला जेबेल अली पोर्ट, जो दुबई के दो मानव-निर्मित पाम आकार के द्वीपों के बीच स्थित है, पूर्वी एशिया के बाहर दुनिया का सबसे व्यस्त बंदरगाह माना जाता है। इन द्वीपों में सबसे प्रसिद्ध पाम जुमेराह भी हमले की चपेट में आया।

अधिकारियों ने पहले जानकारी दी थी कि रोके गए एक ड्रोन के मलबे से शहर के प्रतिष्ठित बुर्ज अल अरब होटल के बाहरी हिस्से में भी आग लग गई।

01 Mar 2026, 9:39 AM

खामेनेई की मौत पर दुख जताने के लिए लोग बड़ी संख्या में श्रीनगर लाल चौक पर इकट्ठा हुए

अमेरिका और इजरायल के बड़े हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर दुख जताने के लिए लोग बड़ी संख्या में श्रीनगर लाल चौक पर इकट्ठा हुए।


01 Mar 2026, 8:48 AM

"इजरायल अमेरिका को ईरान के साथ युद्ध के दलदल में घसीटने में सफल रहा": राजदूत आमिर सईद इरावानी 

01 Mar 2026, 8:46 AM

ईरानी मीडिया का कहना है कि खामेनेई की बेटी और दामाद की हत्या कर दी गई, ईरान में बड़े जश्न की खबरें हैं


01 Mar 2026, 7:52 AM

ईरानी सेना ने की खामेनेई की मौत की पुष्टि, कहा- 'हमने अपने सर्वोच्च लीडर को खो दिया'

ईरान की सेना (IRGC), सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA और मुख्य समाचार चैनल 'प्रेस टीवी' (Press TV) ने आधिकारिक तौर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि कर दी है। शनिवार को जिस समय यह हमला किया गया उस समय खामेनेई अपने दफ्तर में मौजूद थे।

इससे पहले प्रेस टीवी ने लिखा, 'इस्लामिक क्रांति के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई, अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए संयुक्त हवाई हमलों में मारे गए हैं।' खामेनेई की मौत के बाद ईरान में 40 दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की गई है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia