बड़ी खबर LIVE: दिल्ली मेट्रो के यात्रियों के लिए जरूरी खबर, 23 और 26 जनवरी को इन स्टेशनों पर बंद रहेंगे कई एंट्री-एग्जिट गेट

दिल्ली में 23 जनवरी को होने वाले 'फुल ड्रेस रिहर्सल' और गणतंत्र दिवस के दौरान कुछ मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास प्रतिबंधित रहेगा। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने बृहस्पतिवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।

फोटोः सोशल मीडिया
i

दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 'बहुत खराब' श्रेणी में बरकरार, शुक्रवार को बारिश का पूर्वानुमान

राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को भी वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रही और शुक्रवार को गरज के साथ बारिश होने के पूर्वानुमान से प्रदूषण स्तर में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शहर का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 313 दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार की सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश, गरज, बिजली चमकने तथा 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दोपहर बाद या शाम में भी हल्की बारिश के आसार हैं जिसे लेकर आईएमडी ने 'येलो अलर्ट' जारी किया है।

विभिन्न मौसम स्टेशन के आंकड़ों के अनुसार, जहांगीरपुरी में सबसे खराब स्थिति रही, जहां एक्यूआई 385 दर्ज किया गया।

शिवसेना UBT नेता आदित्य ठाकरे ने बांग्लादेश के भारत में T20 वर्ल्ड कप के मैच न खेलने पर कहा, "ये पहले ही होना चाहिए था

शिवसेना UBT नेता आदित्य ठाकरे ने बांग्लादेश के भारत में T20 वर्ल्ड कप के मैच न खेलने पर कहा, "ये पहले ही होना चाहिए था क्योंकि बांग्लादेश और पाकिस्तान हमारे देश में आतंक फैलाते हैं। अगर हम उनके साथ खेलने की चाह भी करते हैं तो भी गलत है। हमारे जवानों पर हमले होते हैं, हमारे देश पर हमले होते हैं, बांग्लादेश में हिंदूओं पर अत्याचार हो रहा है लेकिन यहां ICC और BCCI को उनके साथ क्रिकेट खेलना है। क्यों नहीं ICC ने पहले ही इस पर कार्रवाई की थी?..."

दिल्ली के कुछ मेट्रो स्टेशनों पर 23 और 26 जनवरी को प्रवेश और निकास प्रतिबंधित रहेगा : डीएमआरसी

दिल्ली में 23 जनवरी को होने वाले 'फुल ड्रेस रिहर्सल' और गणतंत्र दिवस के दौरान कुछ मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास प्रतिबंधित रहेगा। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने बृहस्पतिवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।

बयान के अनुसार, दोनों दिन केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन (गेट 3 और 4), उद्योग भवन (गेट 1), लाल किला (गेट 3 और 4) और जामा मस्जिद (गेट 3 और 4) पर प्रवेश या निकास प्रतिबंधित रहेगा।

डीएमआरसी ने बताया कि दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन के गेट 1, 4 और 5 पर प्रवेश और निकास बंद रहेगा, जबकि आईटीओ मेट्रो स्टेशन के गेट 3, 4 और 6 पर प्रतिबंध लागू रहेंगे।


दिल्ली-एनएसीआर में ‘ग्रैप 3’ के तहत लागू पाबंदियां हटाई गईं

वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद, बृहस्पतिवार को दिल्ली-एनसीआर में चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के तीसरे चरण के तहत लागू पाबंदियां हटा दी गईं।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने एक आदेश में कहा कि बृहस्पतिवार को दिल्ली का एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 332 हो गया, जिसके बाद पाबंदियों में ढील दी जा रही है।

आदेश में यह भी कहा गया कि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में एक्यूआई के 'मध्यम' से 'खराब' श्रेणी में रहने की आशंका है।

अभिभाषण पढ़ने से राज्यपाल का इनकार असंवैधानिक, प्रधानमंत्री खुद को ‘वायसराय’ मानते हैं: कांग्रेस

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत के विधानमंडल की बैठक के दौरान पूरा अभिभाषण नहीं पढ़ने को असंवैधानिक करार दिया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाया कि वह खुद को भारत का ‘‘वायसराय’’ मानते हैं, जो दिल्ली से राज्य सरकारों को नियंत्रित करने के लिए राज्यपालों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

कर्नाटक के राज्यपाल गहलोत ने बृहस्पतिवार को राज्य विधानमंडल के संयुक्त सत्र में अपना परंपरागत अभिभाषण केवल तीन वाक्यों (सरकार द्वारा तैयार किए गए विस्तृत भाषण के पहले और आखिरी वाक्यों समेत) में समाप्त कर दिया।

गैर-बीजेपी शासित तीन दक्षिणी राज्यों (केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक) में दो दिनों में राज्यपाल और सरकार के बीच तीसरी बार टकराव हुआ है।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ प्रधानमंत्री मोदी खुद को भारत का वायसराय मानते हैं - जो दिल्ली से राज्य सरकारों को रिमोट कंट्रोल से नियंत्रित करने के लिए राज्यपालों का इस्तेमाल करते हैं। उनके लिए निराशा की बात यह है कि भारत में संविधान है जिसके तहत चुनी हुई राज्य सरकारें लोगों की इच्छा के अनुसार चलती हैं।’’


डेरी उत्पादकों के लिए चारे पर सब्सिडी बढ़ाए केरल सरकार : प्रियंका गांधी

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने केरल सरकार से डेरी उत्पादकों के लिए चारे पर सब्सिडी की अधिकतम सीमा बढ़ाने का आग्रह किया है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा दर 'पूरी तरह से अपर्याप्त' है।

कांग्रेस पार्टी ने बृहस्पतिवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि वायनाड निर्वाचन क्षेत्र की सांसद ने केरल की पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री जे चिंचू रानी को एक पत्र लिखकर यह मांग उठाई है।

अपने पत्र में प्रियंका ने बताया है कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के डेरी उत्पादक किसान पशुओं के चारे की बढ़ती लागत के कारण गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा है कि कुछ अध्ययनों के अनुसार दूध उत्पादन की लागत का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा चारे की लागत से संबंधित है।

कांग्रेस की नेता ने कहा है कि चारे के उत्पादन में भारी कमी के साथ-साथ खेती की उच्च लागत ने डेयरी उत्पादकों की स्थिति को और भी बदतर बना दिया है।

प्रियंका ने कहा, ‘‘वायनाड जिले में अकेले 1,800 हेक्टेयर भूमि पर ही चारे की खेती होती है। कुछ अनुमानों के अनुसार, स्थानीय मांग को पूरा करने के लिए जिले में 3,000 हेक्टेयर भूमि पर चारे की खेती करने की आवश्यकता है। केरल के डेरी उत्पादक किसान पड़ोसी राज्यों से प्राप्त चारे पर निर्भर हैं, जिसे अक्सर उच्च कीमतों पर खरीदा जाता है और उन्हें आपूर्ति में व्यवधान का सामना करना पड़ता है। इस वजह से केरल के डेरी उत्पादकों के लिए दूध का उत्पादन बेहद महंगा हो गया है। ’’

वायनाड की सांसद ने कहा है कि उत्पादन लागत 50 रुपये प्रति लीटर से अधिक है, लेकिन खरीद दर 47 से 48 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर बनी हुई है।

बजट सत्र से पहले सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक, 27 जनवरी सुबह 11 बजे बैठक होगी

बजट सत्र से पहले सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। 27 जनवरी सुबह 11 बजे बैठक होगी। विधायी कार्यों और संसद में आने वाले कुछ अन्य विषयों को लेकर चर्चा होगी। संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होगा।


सिवान में अवैध पटाखा इकाई में विस्फोट, एक की मौत, तीन घायल

बिहार के सिवान जिले में एक अवैध पटाखा निर्माण इकाई में बृहस्पतिवार को विस्फोट होने से 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह विस्फोट हुसैनगंज प्रखंड के बरगाम गांव में मुरतज़ा अंसारी के घर में हुआ, जहां अवैध रूप से पटाखे बनाये जा रहे थे।

एक अधिकारी ने बताया, “विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अंसारी मृत पाया गया जबकि उसके परिवार के तीन सदस्य घायल थे।”

उन्होंने बताया, “सभी घायलों को एक नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंसारी के शव को पोस्टमॉर्टम जांच के लिए ले जाया गया है।”

अधिकारी ने कहा कि अंसारी को कुछ वर्ष पहले भी अपने घर में अवैध रूप से पटाखे बनाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना की गाड़ी खाई में गिरी, 10 जवानों की मौत, 7 घायल

जम्मू कश्मीर में डोडा के खन्नीटॉप इलाके में जवानों से भरी गाड़ी खाई में गिर गई। इस हादसे में 10 जवानों की जान चली गई है। गाड़ी में कुल 17 जवान मौजूद थे। सेना और पुलिस ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है।


मनरेगा बचाने की लड़ाई बहुत लंबी है। हम इस लड़ाई को एक जगह पर बैठकर या नारे लगाकर नहीं लड़ सकते- खड़गे 

दिल्ली में नेशनल मनरेगा वर्कर्स कन्वेंशन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "हम वादा करते हैं कि संसद के जल्द शुरू होने वाले बजट सत्र में हम इस मुद्दे पर आपकी तरफ से लड़ाई लड़ेंगे।"


गरीब को मनरेगा ने रोजगार का अधिकार दिया, जिसे अब मोदी सरकार खत्म करना चाहती है -राहुल गांधी

दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर में राहुल गांधी ने देश भर से पहुंची मिट्टी से पौधारोपण किया, इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि मनरेगा का कॉन्सेप्ट गरीबों को अधिकार देने का था। सोच ये थी कि देश में जिसे भी काम की जरूर हो उसे रिस्पेक्ट से काम मिले। पंचायती राज के माध्यम से ये योजना चलाई जाए ये हमारा उद्देश्य था। इसमें लोगों की अवाज, मजदूरों की आवाज थी। सबसे जरूरी बात हर गरीब को इस योजना ने रोजगार का अधिकार दिया, जिसे अब मोदी सरकार खत्म करना चाहती है।

राहुल गांधी ने कहा कि जो इस सरकार ने किसानों के साथ कियाथा अब मजदूरों के साथ करना चाहते हैं। इस सरकार ने अधिकार ही खत्म कर दिया जो पहले पैसा मजदूरों को मिलता था अब वो ठेकेजार और बिजनेसमैन को मिलेगा। मोदी सरकार की विचारधार है कि देश का धन चुने व्यक्ति के हाथ में हो, पूरा धन उनके हाथों में चला जाए। और जो गरीब लोग है वो अंबानी-अडानी जैसे लोगों पर निर्भर हो।

राहुल गांधी ने कहा कि मैंने पहले कहा था कि ये संविधान पर हमला है। नोटबंदी, गलत जीएसटी, और अब जी राम जी बिल। इनका लक्ष्य है संविाधान को खत्म करो, वन मैन वन वोट को खत्म करो, लोकतंत्र को खत्म करो और जो आजादी से पहले को हिंदुस्तान था अब ये वही बनाना चाहते हैं ताकि जो ये चाहे वो हो। इसकी इंटेंशन रुकने की नहीं, एक ही तरीका है इनको रोकने का अगर हम एक साथ मिलके खड़े हो जाएंगे,तो जो नाम आप देना चाहोगे वो नाम हो सकता है, राहुल गांधी ने कहा कि मैं आपको बता रहा हूं ये डरपोक लोग हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि अब एक साथ गरीबों को खड़ा होना पड़ेगा। मनरेगा का आंदोलन बड़ा मौका है। अगर मोदी को पीछे हटाना है तो हमसबको एक होना होगा।

देश भर से पहुंची मिट्टी से पौधारोपण करते कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और राहुल गांधी 

फोटो: नवजीवन

प्रयागराजः स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को एक और नोटिस

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शंकराचार्य होने पर सवाल उठाते हुए मेला प्राधिकरण ने शंकराचार्य शिविर पर एक और नोटिस लगा दिया है. मेला प्राधिकरण द्वारा भूमि आवंटन रद्द करने की चेतावनी दी गई है. शंकराचार्य को हमेशा के लिए मेला में प्रवेश वर्जित करने की भी बात कही गई है. नोटिस में 18 जनवरी की घटना का उल्लेख, तारीख भी 18 जनवरी ही लिखी गई है

लखनऊ- 'शंकराचार्य' के दावे पर सरकारी नोटिस मिलने के बाद समाजवादी युवा सभा के नेता ने ऑफिस के बाहर अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के समर्थन में पोस्टर लगाया 


चाइबासा: सारंडा जंगल इलाके में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई, ऑपरेशन जारी है: झारखंड पुलिस

दिल्ली पुलिस 2026 के गणतंत्र दिवस समारोह से पहले अपने सुरक्षा उपायों के हिस्से के रूप में AI-इनेबल्ड स्मार्ट ग्लास का इस्तेमाल करेगी।


दिल्ली: जैसे-जैसे ठंड बढ़ रही है, राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में स्मॉग छा गया है। इंडिया गेट और कर्तव्य पथ की तस्वीरें।

धुंध से ढका दिल्ली-NCR, बारिश के बाद फिर लौटेगी कड़ाके की ठंड, AQI 350 के पार

दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह स्मॉग की घनी परत छाई हुई दिखी। वहीं, दिल्ली में पिछले दो-तीन दिनों से ठंड से थोड़ी राहत है लेकिन, हवा की गुणवत्ता अभी भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। उधर, मौसम विभाग ने दिल्ली समेत अन्य शहरों में बारिश की संभावना जताई है। बारिश होने के बाद फिर से दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड देखने को मिल सकती है। 

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए