बड़ी खबर LIVE: राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला, कहा- मोदी जी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी जी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली। खैर, जो उचित समझा, वही किया।

क्या प्रधानमंत्री मोदी एसआईआर से प्रभावित बंगाल के एक करोड़ से अधिक लोगों को घुसपैठिया कह रहे:टीएमसी टीएमसी मोदी एसआईआर
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या वह पश्चिम बंगाल में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एआईआर) के कारण “परेशानी” झेल एक करोड़ से अधिक लोगों को "घुसपैठिया" कह रहे हैं।
राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने टीएमसी की तीखी आलोचना की और उस पर "घुसपैठियों की सुरक्षा" करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि "घुसपैठियों को बचाने के लिए अदालतों पर दबाव डाला जा रहा है।”
इसपर पलटवार करते हुए टीएमसी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों को आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान करते समय प्रधानमंत्री के इन बयानों को याद रखना चाहिए।
चेक बाउंस मामला : अभिनेता राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया
अभिनेता राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में बृहस्पतिवार को यहां तिहाड़ जेल अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
इससे पहले, दिल्ली उच्च न्यायालय ने अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस मामलों में जेल अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण करने के लिए दी गई समयसीमा को बढ़ाने से इनकार कर दिया था।
तिहाड़ जेल के एक सूत्र ने कहा, ‘‘अभिनेता ने बृहस्पतिवार शाम चार बजे जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। अब जेल अधिकारी मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करेंगे।’’
दिल्ली उच्च न्यायालय ने यादव को जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने के लिए दी गई समयसीमा को बुधवार को बढ़ाने से इनकार कर दिया था।
लोकतंत्र को समझने वाले हमले और डर के अंतर को जानते हैं : पवन खेड़ा
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी पवन खेड़ा ने गुरुवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पीएम मोदी पर विपक्षी सांसदों के सवालों से डरने का आरोप लगाया।कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर करते हुए लोकसभा अध्यक्ष के बयान पर सवाल उठाया।
उन्होंने कहा, "लोकसभा अध्यक्ष ने आज एक अजीब बात कही। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जी को सदन में आने से रोका गया क्योंकि महिला सांसदों द्वारा हमले का अंदेशा था। कांग्रेस की महिला सांसद जो विरोध प्रदर्शन कर रही हैं, उनसे प्रधानमंत्री को हमले का डर है। हमले और विरोध में फर्क होता है, जिन्हें लोकतंत्र समझ में आता है, वह इस अंतर को समझता है।"
उन्होंने लिखा, "मोदी जी, आप चीन से डरते हैं, आप एपस्टीन से डरते हैं, आप अमेरिका से डरते हैं, आप अपने साथी सांसदों से डरते हैं, आप किसान से डरते हैं, आप नौजवान से डरते हैं, आप एक किताब से डरते हैं। दरअसल, आप सवाल-जवाब से डरते हैं।"
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को बर्फबारी की आशंका, चार जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को हिमाचल प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों में हल्की बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान जताया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य के चंबा, लाहौल और स्पीति जिलों के कुछ अलग-थलग स्थानों पर हल्की बर्फबारी और बारिश होने की आशंका है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की आशंका के मद्देनजर शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार के बाद आठ फरवरी तक मौसम साफ रहेगा और नौ फरवरी से एक बार फिर बर्फबारी और बारिश होने की आशंका है।
जिस तरह का अहंकारी नेतृत्व आज देश में है, उसमें प्रजातंत्र नहीं चल सकता है, संविधान की हत्या की जा रही है: अखिलेश प्रसाद सिंह
कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, "हमने लोकतंत्र में इस तरह का व्यवहार कभी नहीं देखा। जिस तरह का अहंकारी नेतृत्व आज देश में है, उसमें प्रजातंत्र नहीं चल सकता है। संविधान की हत्या की जा रही है..."
राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला, कहा- मोदी जी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी जी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली। खैर, जो उचित समझा, वही किया।
मेघालय में ‘अवैध’ कोयला खदान में विस्फोट, 16 मजदूरों की मौत और कई अन्य के फंसे होने की आशंका
मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले में बृहस्पतिवार को ‘‘अवैध’’ कोयला खदान में विस्फोट होने से कम से कम 16 मजदूरों की मौत हो गई और कई अन्य के फंसे होने की आशंका है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आई नोंगरंग ने यह जानकारी दी।
डीजीपी ने बताया कि यह घटना थांगस्कू इलाके में हुई और बचाव दल तलाशी अभियान चला रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने अब तक 16 शव बरामद किए हैं, लेकिन विस्फोट के समय खदान के अंदर मौजूद लोगों की संख्या के बारे में सटीक जानकारी नहीं है। कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।’’
ईस्ट जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि घटना में घायल एक व्यक्ति को एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे राज्य की राजधानी शिलांग रेफर कर दिया गया।
बिहार विधानसभा में नीतीश और तेजस्वी के बीच नोकझोंक, CM बोले- बैठो न, मेरी बात सुनो
बिहार विधानसभा में गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के बीच नोकझोंक देखने को मिली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तेजस्वी यादव से कहा कि बैठो न, मेरी बात सुनो। दरअसल, विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल के अभिभाषण पर सरकार का पक्ष रख रहे थे। तेजस्वी यादव ने उनके दावे पर टोकने की कोशिश की।
TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा- मैं स्पीकर की बात से बिलकुल सहमत नहीं हूं
TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "मैं स्पीकर की बात से बिलकुल सहमत नहीं हूं। जिस संसद में इतने लोग इकट्ठा होते हैं, जहां बहुत सारे कैमरा होते हैं, आजतक कभी ऐसी नहीं हुआ कि कभी किसी ने अप्रत्याशित घटना घटित करने की कोशिश की हो...
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा- सत्तापक्ष पूरा जवाब देता है यही परंपरा रही है लेकिन बोलने न देना ये अच्छी बात नहीं है
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "गतिरोध इसलिए बना क्योंकि नेता प्रतिपक्ष को अपनी बात नहीं रखने दी गई और संसद और लोकतंत्र की गरिमा में गौरवशाली परंपराओं के अनुसार उनको नेता विपक्षों को खुलकर अपनी बात बोलने का अधिकार होना चाहिए। लोकसभा अध्यक्ष से हम उम्मीद करते हैं कि उन्हें वो अवसर देंगे। सत्तापक्ष पूरा जवाब देता है यही परंपरा रही है लेकिन बोलने न देना ये अच्छी बात नहीं है इस गतिरोध का समाधान होना चाहिए.."
पीएम स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं, कल उनमें सदन में आने की हिम्मत नहीं थी क्योंकि बेंच के सामने तीन महिलाएं खड़ी थीं- प्रियंका गांधी
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा पीएम स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं। कल उनमें सदन में आने की हिम्मत नहीं थी क्योंकि बेंच के सामने तीन महिलाएं खड़ी थीं। यह क्या बकवास है?.. कोई चर्चा नहीं हो रही है क्योंकि सरकार चर्चा नहीं चाहती है।"
मुंबई- डायरेक्टर रोहित शेट्टी फायरिंग केस में सभी पांच आरोपियों को आज मुंबई की एक अदालत में पेश किया गया
सुप्रीम कोर्ट ने 31 मार्च तक बंगाल के कर्मचारियों को बकाया 25% DA देने का आदेश दिया
सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार से कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (DA) का 25 प्रतिशत भुगतान करने का आदेश दिया। सुप्रीम कोर्ट की एक डिवीजन बेंच ने पश्चिम बंगाल सरकार को निर्देश दिया है कि वह अपने कर्मचारियों को 2009 से 2019 तक का बकाया DA जारी करे। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से पश्चिम बंगाल के करीब 20 लाख लोगों को बड़ी राहत मिली है।
मेघालय: तासखुर छितांग में खदान ढहने से 10 मजदूरों की मौत
मेघालय के तासखुर छितांग में कोयला खदान ढहने से 10 मजदूरों की मौत हो चुकी है. ये सभी मजदूर असम के रहने वाले थे
पश्चिम बंगाल बजट: गिग वर्कर्स को राज्य सरकार की मौजूदा सोशल सिक्योरिटी योजनाओं, जैसे स्वास्थ्यसाथी में शामिल किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल बजट- गिग वर्कर्स को राज्य सरकार की मौजूदा सोशल सिक्योरिटी योजनाओं, जैसे स्वास्थ्यसाथी में शामिल किया जाएगा। लक्ष्मी भंडार योजना के तहत, महिला लाभार्थियों को फरवरी 2026 से हर महीने अतिरिक्त 500 रुपये मिलेंगे।
पश्चिम बंगाल बजट: अप्रैल 2026 से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी सहायिकाओं की सैलरी में 1000 रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी।
पटना: राबड़ी देवी ने बिहार विधान परिषद परिसर में RJD नेताओं के साथ मिलकर बिहार में नाबालिग लड़की के साथ कथित रेप मामले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया
आखिर BJP किस बात से डर रही है?- प्रियंका गांधी
संसदीय लोकतंत्र में विपक्ष के नेता को बोलने और बहस शुरू करने का अधिकार होता है, जिसे इस सदन में पूरी तरह से नकारा जा रहा है- कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल
समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, "मैं किसी को भी बोलने से रोके जाने के खिलाफ हूं। संसद बोलने की जगह है।"
ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का पाकिस्तान द्वारा बॉयकॉट करने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "हम उनके साथ खेलने के लिए इतने उत्सुक क्यों हैं? हमें उनके साथ नहीं खेलना चाहिए।"
राहुल गांधी लोकसभा में कुछ बोलते हैं तो सरकार को खुजली हो जाती है- खड़गे
राज्यसभा में हंगामे के बीच मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि संसद दोनों सदन से चलता है ऐसा नहीं है कि लोकसभा को आपने पैरेलाइज कर दिया और राज्यसभा चला रहे हैं। खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी को लोकसभा में बोलने नहीं दिया जा रहा है, अगर राहुल गांधी कुछ कहने लगते हैं तो आपको खुजली हो जाती है
लोकसभा और राज्यसभा दोनों के विपक्षी दलों के फ्लोर नेताओं की बैठक संसद परिसर में राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में शुरू हुई
जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ एनकाउंटर में जैश का आतंकी कमांडर आदिल ढेर
किश्तवाड़ के छत्रू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद का पाकिस्तानी आतंकी कमांडर आदिल सुरक्षाबलों के हाथों मारा गया। बाकी आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में स्मॉग की चादर छाई हुई है। CPCB के मुताबिक, ITO इलाके में AQI 274 है, जिसे 'खराब' कैटेगरी में रखा गया है।
कर्नाटक- कल शाम विजयपुरा जिले के चडचन तालुका के हविनाल गांव में एक चीनी फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
अल फलाह यूनिवर्सिटी का चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी गिरफ्तार, करोड़ों रुपये के फर्जीवाड़े का आरोप
हरियाणा के फरीदाबाद में स्थित अल फलाह यूनिवर्सिटी एक बार फिर जांच एजेंसियों के रडार पर आ गई है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने विश्वविद्यालय के चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दिकी को कथित धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में गिरफ्तार किया है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia