बड़ी खबर LIVE: विधानसभा उपचुनाव में INDIA का बजा डंका, बीजेपी को बड़ा झटका, जानें किसे मिली कितनी सीटें

विधानसभा उपचुनाव 13 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 4 सीटें जीतीं। टीएमसी ने 4 सीटें जीतीं। पंजाब की जालंधर पश्चिम सीट पर आप ने जीत दर्ज की। बीजेपी ने 2 सीटें जीतीं, डीएमके ने 1 सीट जीती। बिहार की रूपौली सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह ने जीत दर्ज की।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

13 Jul 2024, 11:52 PM

दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में गोलीबारी की घटना

13 Jul 2024, 9:37 PM

उत्तराखंड: काजी मोहम्मद निजामुद्दीन को मंगलौर विधानसभा सीट से उपचुनाव जीतने पर जीत का प्रमाण पत्र मिला 

13 Jul 2024, 9:11 PM

जम्मू-कश्मीर के साथ मोदी सरकार का विश्वासघात लगातार जारी: कांग्रेस

कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल की शक्तियां बढ़ाए जाने को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर इस केंद्रशासित प्रदेश के साथ ‘‘विश्वासघात’’ जारी रखने का आरोप लगाया और कहा कि निकट भविष्य में पूर्ण राज्य का दर्ज़ा बहाल होने की संभावना नहीं दिखती।

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार में प्रतिदिन जारी ‘‘संविधान हत्या दिवस’’ ​​का यह एक और उदाहरण है।


13 Jul 2024, 8:49 PM

रिकी पोंटिंग ने सात सीजन के बाद दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच पद से इस्तीफा दिया

रिकी पोंटिंग ने दिल्ली कैपिटल्स टीम के हेड कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। इस बात की घोषणा फ्रेंचाइजी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर की। ऑस्ट्रेलिया के दो बार के वनडे विश्व कप विजेता कप्तान रिकी पोंटिंग के इस फैसले के साथ ही फ्रेंचाइजी के साथ उनका सात साल का लंबा सफर भी खत्म हो गया है। पोंटिंग को 2018 में डीसी का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था, उस वक्त टीम का नाम दिल्ली डेयरडेविल्स था।

13 Jul 2024, 8:46 PM

रिहाई के बाद पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान फिर गिरफ्तार

गैर-इस्लामिक विवाह मामले में एक अदालत द्वारा जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को बरी किए जाने के कुछ देर बाद पुलिस ने इमरान खान को पिछलेे साल नौ मई को हुई हिंसा में आतंकवाद से जुड़े मामले में फिर गिरफ्तार कर लिया। लाहौर की एक आतंकवाद-रोधी अदालत ने इमरान की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। 


13 Jul 2024, 8:42 PM

महाराष्ट्र: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में इंडियन न्यूजपेपर्स सोसाइटी टावर्स का उद्घाटन किया

13 Jul 2024, 8:09 PM

'इंडिया' ब्लॉक की शानदार जीत बीजेपी की विभाजनकारी राजनीति को जनता का करारा जवाब : केसी वेणुगोपाल

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सात राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनावों में 'इंडिया' ब्लॉक के शानदार प्रदर्शन को लोकतंत्र की जीत और बीजेपी की नीतियों की हार बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, पंजाब और तमिलनाडु में 13 सीटों में से 'इंडिया' ब्लॉक ने 10 सीटें हासिल कीं। आम लोगों और युवाओं के खिलाफ बीजेपी की नीतियों तथा विभाजनकारी राजनीति को जनता ने खारिज कर दिया है।


13 Jul 2024, 7:09 PM

हरियाणा के पानीपत में युवक को घर से बाहर बुलाकर मारी गोली

हरियाणा के पानीपत से एक बड़ी घटना सामने आई है। एक युवक के भाई के दोस्त ही उसके काल बन गए। दरअसल शनिवार सुबह चार बजे कुछ लोग युवक को उसके घर के बाहर बुलाया और फिर कार में बैठाकर पानीपत के सेक्टर 4 ले गए। वहां पर मामूली कहासुनी के बीच आरोपियों ने युवक को गोली मारी और घायल अवस्था में उसे सरकारी अस्पताल छोड़कर फरार हो गए।

13 Jul 2024, 7:05 PM

ओडिशा: कटक में नर्सिंग होम में लगी आग

ओडिशा के कटक शहर में शनिवार शाम एक निजी नर्सिंग होम में आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुरीघाट पुलिस थाने के पास स्थित नर्सिंग होम में शाम करीब 4:30 बजे लगी आग को बुझाने के लिए दमकल विभाग की तीन गाड़ियां काम कर रही हैं।

अग्निशमन सेवा के महानिदेशक सुधांशु सारंगी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन धुआं अभी भी मौजूद है।


13 Jul 2024, 6:41 PM

अमिताभ बच्चन अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के 'शुभ आशीर्वाद' समारोह में शामिल होने के लिए मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर पहुंचे

13 Jul 2024, 6:19 PM

जिम्बाब्वे ने बनाये सात विकेट पर 152 रन

जिम्बाब्वे ने शनिवार को यहां पांच मैच की श्रृंखला के चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद भारत के खिलाफ सात विकेट पर 152 रन बनाये।

जिम्बाब्वे के लिए कप्तान सिंकदर रजा 46 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। उनके अलावा टाडिवानाशे मारूमनी ने 32 और वेस्ली माधेवेरे ने 25 रन का योगदान दिया। भारत के लिए खलील अहमद ने 32 रन देकर दो विकेट झटके। पदार्पण करने वाले तुषार देशपांडे ने भी एक विकेट झटका। वाशिंगटन सुंदर, अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे को भी एक एक विकेट मिला।


13 Jul 2024, 6:19 PM

उपचार के लिए आई युवती के साथ चिकित्सक नें किया दुष्कर्म, मामला दर्ज

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के थाना आसपुर देवसरा पुलिस नें निजी अस्पताल के चिकित्सक पर उपचार के दौरान मरीज के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में शनिवार को मामला दर्ज किया है ।

13 Jul 2024, 6:08 PM

क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव अपनी पत्नी देविशा शेट्टी के साथ अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के 'शुभ आशीर्वाद' समारोह में शामिल होने के लिए मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर पहुंचे


13 Jul 2024, 5:16 PM

विधानसभा उपचुनाव: 13 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 4 सीटें जीतीं

विधानसभा उपचुनाव: 13 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 4 सीटें जीतीं। टीएमसी ने 4 सीटें जीतीं। पंजाब की जालंधर पश्चिम सीट पर आप ने जीत दर्ज की।

बीजेपी ने 2 सीटें जीतीं, डीएमके ने 1 सीट जीती। बिहार की रूपौली सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह ने जीत दर्ज की।

13 Jul 2024, 4:08 PM

गुजरात: वलसाड में भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव से लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही


13 Jul 2024, 3:57 PM

दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश हुई

13 Jul 2024, 3:35 PM

उपचुनाव के नतीजे, 13 में से 7 सीटों के परिणाम घोषित, जानें किसने किस सीट पर मारी बाजी

13 विधानसभा सीटों में से अभी तक चुनाव आयोग ने 7 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। हिमाचल की देहरा और नालागढ़ पर कांग्रेस पार्टी ने जीत दर्ज की है, वहीं हमीरपुर से बीजेपी के आशीष शर्मा जीते हैं। पंजाब के जालंधर पश्चिम से आम आदमी पार्टी के उम्‍मीदवार जीते हैं।

पश्चिम बंगाल की 4 में से 3 रायगंज, राणाघाट दक्षिण और बगदा के रिजल्‍ट घोषित हो गए हैं। इन तीनों सीटों पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।


13 Jul 2024, 3:29 PM

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल से मिलने उनके आवास पर पहुंचे

13 Jul 2024, 3:29 PM

गुजरात: वलसाड में भारी बारिश के कारण शहर के कई रिहायशी इलाकों और घरों में जलभराव हुआ


13 Jul 2024, 3:17 PM

उत्तराखंड की बद्रीनाथ विधानसभा सीट से अपनी जीत पर कांग्रेस उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला की प्रतिक्रिया 

उत्तराखंड की बद्रीनाथ विधानसभा सीट से अपनी जीत पर कांग्रेस उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला ने कहा, "बद्रीनाथ की जनता का मैं बहुत धन्यवाद देना चाहता हूं। तमाम लोग जिन्होंने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से न्याय की इस लड़ाई में मेरा साथ दिया है, उन्हें इसका श्रेय जाता है।"

13 Jul 2024, 2:53 PM

उत्तराखंड: बद्रीनाथ विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला की जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया 


13 Jul 2024, 2:30 PM

बंगाल: तृणमूल कांग्रेस के कृष्णा कल्याणी रायगंज विधानसभा उपचुनाव जीते

पश्चिम बंगाल की रायगंज विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कृष्णा कल्याणी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और बीजेपी प्रत्याशी को 50,000 से अधिक मतों से शिकस्त दी। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों से यह जानकारी मिली। उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज निर्वाचन क्षेत्र में कल्याणी ने भाजपा उम्मीदवार मानस कुमार घोष को 50,077 मतों के अंतर से हराया। कल्याणी को 86,479 मत मिले, जबकि घोष को 36,402 वोट प्राप्त हुए।

13 Jul 2024, 2:29 PM

हिमाचल प्रदेश उपचुनाव: बीजेपी के आशीष शर्मा ने हमीरपुर विधानसभा सीट पर जीत हासिल की

हिमाचल प्रदेश उपचुनाव में बीजेपी उम्मीवार आशीष शर्मा ने हमीरपुर विधानसभा सीट पर 1,571 मतों के अंतर से जीत हासिल की।


13 Jul 2024, 2:27 PM

हिमाचल उपचुनाव: कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा नालागढ़ सीट से जीते

हिमाचल प्रदेश की नालागढ़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और भाजपा उम्मीदवार के.एल. ठाकुर को 8,990 मतों से हरा दिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) की हिमाचल प्रदेश इकाई के पांच बार अध्यक्ष रहे बावा को 34,608 वोट मिले।

13 Jul 2024, 2:01 PM

जिन्होंने संविधान लागू होने का किया विरोध वो 'संविधान हत्या दिवस' मनाएंगे ही, इसमें आश्चर्य कैसा?: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया, "भारत की महान जनता ने ऐतिहासिक लड़ाई लड़कर अपनी आजादी और अपना संविधान हासिल किया है। जिन्होंने संविधान को बनाया, जिनकी संविधान में आस्था है, वे ही संविधान की रक्षा करेंगे।"

उन्होंने आगे कहा, जिन्होंने संविधान लागू होने का विरोध किया, संविधान की समीक्षा करने के लिए आयोग बनाया, संविधान खत्म करने का आह्वान किया, अपने फैसलों और कृत्यों से बार-बार संविधान और लोकतंत्र की आत्मा पर प्रहार किया, वे नकारात्मक राजनीति वाला "संविधान हत्या दिवस" मनाएंगे ही, इसमें आश्चर्य कैसा?


13 Jul 2024, 1:42 PM

हिमाचल प्रदेश की देहरा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह की पत्नी कमलेश ठाकुर ने जीत हासिल की

हिमाचल प्रदेश की देहरा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह की पत्नी कमलेश ठाकुर ने जीत हासिल की है। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी होशियार सिंह को हरा दिया है। वहीं, हमीरपुर सीट पर बीजेपी ने कब्जा जमाया है। हिमाचल की 3 सीटों पर उपचुनाव हुए थे।

13 Jul 2024, 1:41 PM

अगले चुनावों में भी प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का अच्छा प्रदर्शन रहेगा- कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह

कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने कहा, "ये जनता का फरमान है कि उन्होंने जो मत 2022 के चुनावों में दिया था बीजेपी ने उसका सम्मान नहीं किया। हिमाचल की जनता पढ़ी-लिखी है। दल बदलने की राजनीति को प्रदेश में नकार दिया गया है। अगले चुनावों में भी प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का अच्छा प्रदर्शन रहेगा।"


13 Jul 2024, 1:36 PM

उपचुनाव: उत्तराखंड की दोनों सीटों पर कांग्रेस जीती

उत्तराखंड उपचुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी को हरा दिया है। बद्रीनाथ से कांग्रेस प्रत्याशी लखपत सिंह बुटोला और मंगलौर से काजी निजामुद्दीन जीत गए हैं।

13 Jul 2024, 1:15 PM

दोनों सीटें हम (कांग्रेस) जीतेंगे- हरीश रावत

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा, "यह (बद्रीनाथ और मंगलौर) दोनों सीटें हम (कांग्रेस) जीतेंगे। उत्तराखंड की जनता तक परिवर्तन का संदेश थोड़ा देर में पहुंचा नहीं तो लोकसभा के नतीजे कुछ और होते। इन चुनावों में हमने जनता से कहा कि विपक्ष धर्म निभाने के लिए हम और मजबूत बनें हमें ताकत दीजिए और लोगों ने हमें वो ताकत दी है।"


13 Jul 2024, 1:14 PM

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ दिल्ली में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की

13 Jul 2024, 1:13 PM

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा उपचुनाव पर प्रतिक्रिया

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा उपचुनाव पर कहा, "हिमाचल की जनता ने हमें 2022 में 40 सीटें दी थी, हमें फिर से जिताना जनता ने तय किया है। जिस प्रकार की खरीद-फरोक्त हिमाचल में हुई है उसका जवाब जनता ने दिया है। देहरा उपचुनाव में मैंने अपनी सरकार की साख दांव पर लगाई थी, 25 साल से कांग्रेस पार्टी वहां जीत नहीं पा रही थी। जब मुख्यमंत्री अपने परिवार के किसी व्यक्ति को मैदान में उतारता है तो उसकी साख भी दांव पर होती है, भाजपा ने पूरा जोर लगाया लेकिन मैं देहरा की जनता का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने अपने विवेक का इस्तेमाल किया और कमलेश ठाकुर की एक अच्छी जीत हो रही है। मैं उन्हें बधाई देता हूं।"


13 Jul 2024, 12:17 PM

विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव: 13 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस 5 सीटों पर आगे चल रही

13 Jul 2024, 11:33 AM

पंजाब उपचुनाव: AAP के मोहिंदर भगत ने जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर BJP प्रत्याशी को 37,000 से अधिक मतों से हराया

आम आदमी पार्टी के मोहिंदर भगत ने जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी शीतल अंगुराल को 37,000 से अधिक मतों से हराया।


13 Jul 2024, 11:18 AM

केरल: तिरुवनंतपुरम के कई इलाकों में बारिश हुई

13 Jul 2024, 11:16 AM

कांग्रेस सांसद और लोकसभा LOP राहुल गांधी के एक्स पोस्ट पर उत्तर प्रदेश के अमेठी से कांग्रेस सांसद के.एल. शर्मा की प्रतिक्रिया

कांग्रेस सांसद और लोकसभा LOP राहुल गांधी के एक्स पोस्ट पर उत्तर प्रदेश के अमेठी से कांग्रेस सांसद के.एल. शर्मा ने कहा, "राहुल गांधी मर्यादाओं का पालन करते हैं। राजनीति में कोई हारता है तो कोई जीतता है लेकिन किसी भी राजनेता या व्यक्ति को इस तरह की भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए।"


13 Jul 2024, 11:01 AM

हिमाचल प्रदेश उपचुनाव: विधानसभा की तीनों सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार आगे

हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के तहत जारी मतगणना में मुख्य़मंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी सहित कांग्रेस के तीनों उम्मीदवार बढ़त बनाये हुए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

राज्य के नालागढ़, हमीरपुर और देहरा विधानसभा सीट पर सुबह आठ बजे से मतों की गिनती जारी है। तीनों सीट पर 10 जुलाई को मतदान हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर पांचवें चरण की मतगणना के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और बीजेपी उम्मीदवार होशियार सिंह से 636 मतों से आगे हैं।

उन्होंने बताया कि हमीरपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार पुष्पिंदर वर्मा दूसरे चरण की मतगणना के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार आशीष शर्मा से 1,704 मतों से आगे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि नालागढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार हरदीप सिंह बाबा पहले चरण की मतगणना के बाद बीजेपी प्रत्याशी के.एल ठाकुर से 646 मतों से आगे हैं।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के उम्मीदवारों सहित कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 79.04 प्रतिशत मतदान हुआ, उसके बाद हमीरपुर में 67.72 प्रतिशत और देहरा में 65.42 प्रतिशत मतदान हुआ था।

राज्य निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, राज्य की तीन सीट पर हुए उपचुनाव में कुल 71 प्रतिशत मतदान हुआ था। ये सीट तीन निर्दलीय विधायकों--होशियार सिंह (देहरा), आशीष शर्मा (हमीरपुर) और के. एल. ठाकुर (नालागढ़) के 22 मार्च को सदन की सदस्यता से इस्तीफा देने के कारण रिक्त हुई थीं। इन विधायकों ने 27 फरवरी को हुए राज्यसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया था। बाद में, वे तीनों बीजेपी में शामिल हो गए थे।

विधानसभा अध्यक्ष ने तीन जून को इन विधायकों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए थे, जिसके बाद तीनों सीट को रिक्त घोषित कर दिया गया था, जिसके चलते उपचुनाव कराने की आवश्यकता पड़ी। बीजेपी ने तीनों निर्दलीय विधायकों को उनके निवार्चन क्षेत्रों से ही उम्मीदवार बनाया है। प्रदेश की 68 सदस्यीय विधानसभा में, वर्तमान में कांग्रेस के 38 जबकि बीजेपी के 27 विधायक हैं।

(पीटीआई के इनपुट के साथ)

13 Jul 2024, 10:35 AM

NCW ने हाल ही में कीर्ति चक्र विजेता कैप्टन अंशुमान सिंह की पत्नी पर की गई अभद्र टिप्पणी पर स्वतः संज्ञान लिया

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने हाल ही में कीर्ति चक्र विजेता कैप्टन अंशुमान सिंह की पत्नी पर की गई अभद्र टिप्पणी पर स्वतः संज्ञान लिया है। दिल्ली पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है।


13 Jul 2024, 10:28 AM

बंगाल उपचुनाव: 5वें राउंड के बाद बागदा में TMC प्रत्याशी आगे

पश्चिम बंगाल के बागदा में 5वें राउंड के बाद टीएमसी प्रत्याशी मधुपर्णा ठाकुर 12 हजार 444 वोटों से आगे चल रही हैं।

13 Jul 2024, 10:24 AM

उत्तर प्रदेश: सहारनपुर में सरसावा एयरफोर्स स्टेशन पर कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ का समारोह जारी


13 Jul 2024, 10:21 AM

बिहार उपचुनाव: रुपौली सीट पर जेडीयू के कलाधर मंडल 12132 वोट से सबसे आगे

बिहार की रुपौली सीट पर मतगणना जारी है। जेडीयू ने इस सीट पर स्थिति मजबूत कर ली है। दो राउंड की मतगणना के बाद जेडीयू के कलाधर मंडल 12132 वोट से सबसे आगे चल रहे हैं। चर्चित उम्मीदवार बीमा भारत 5767 वोटों से पिछड़ गईं हैं वो तीसरे नंबर पर हैं. यहां पर निर्दलीय शंकर सिंह 6573 वोट लेकर दूसरे नंबर पर हैं।

13 Jul 2024, 10:15 AM

उत्तराखंड: भूस्खलन के बाद जोशीमठ के पास बद्रीनाथ राजमार्ग पर यातायात आंशिक रूप से बहाल


13 Jul 2024, 9:53 AM

बिहार उपचुनाव: रुपौली उपचुनाव में पहले राउंड की मतगणना के बाद जेडीयू के कलाधर मंडल 2433 वोटों से आगे

बिहार के रुपौली उपचुनाव में पहले राउंड की मतगणना के बाद जेडीयू के कलाधर मंडल 2433 वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं बीमा भारती तीसरे नंबर पर हैं। दूसरे नंबर पर शंकर सिंह हैं।

13 Jul 2024, 9:46 AM

विक्रवांडी उपचुनाव: द्रमुक उम्मीदवार ने शुरुआती बढ़त हासिल की

द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) ने विक्रवांडी विधानसभा सीट पर 10 जुलाई को हुए उपचुनाव की शनिवार को जारी मतगणना में शुरुआती बढ़त हासिल कर ली है।

खबरों के मुताबिक, द्रमुक के उम्मीदवार अन्नियुर शिवा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पीएमके के सी. अंबुमणि से लगभग 5,000 मतों से आगे हैं।

मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई और सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई। इस साल अप्रैल में द्रमुक विधायक एन. पुगाझेंथी का निधन हो जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हाल में संपन्न संसदीय चुनाव में तमिलनाडु की सभी 39 जबकि पुडुचेरी की एकमात्र लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी।


13 Jul 2024, 9:37 AM

पंजाब उपचुनाव: जालंधर पश्चिम सीट पर आप उम्मीदवार भगत आगे

जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना शनिवार सुबह प्रारंभ हुई, जिसमें आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार मोहिंदर भगत शुरुआती रुझानों में अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार सुरिंदर कौर से आगे हैं। यहां लायलपुर खालसा महिला कॉलेज में सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना के दो चरणों के बाद भगत कांग्रेस उम्मीदवार कौर से 6,336 मतों से आगे हैं।

रुझानों के अनुसार, बीजेपी उम्मीदवार शीतल अंगुराल तीसरे स्थान पर हैं। आप विधायक के तौर पर अंगुराल के इस्तीफे के कारण यह सीट रिक्त हुई थी जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। वह मार्च में बीजेपी में शामिल हो गए थे।

जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर बुधवार को मतदान हुआ था और मतदान प्रतिशत 54.98 रहा था। वहीं 2022 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 67 प्रतिशत मतदान हुआ था।

(पीटीआई के इनपुट के साथ)

13 Jul 2024, 9:34 AM

असम: बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में सात और लोगों की मौत, मृतकों की संख्या 90 पहुंची


13 Jul 2024, 9:18 AM

पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर में रायगंज डीसीआरसी मतगणना केंद्र से दृश्य

विधानसभा उपचुनाव के तहत रायगंज विधानसभा क्षेत्र के लिए मतगणना जारी है। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर में रायगंज डीसीआरसी मतगणना केंद्र से दृश्य है।

13 Jul 2024, 9:16 AM

पश्चिम बंगाल: नादिया जिले में राणाघाट दक्षिण विधानसभा उपचुनाव की मतगणना जारी


13 Jul 2024, 9:10 AM

अमरावती: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और TDP प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने पार्टी नेताओं के साथ कोलानुकोंडा इस्कॉन मंदिर में दर्शन किए

13 Jul 2024, 8:58 AM

मुंबई के कुछ हिस्सों में बारिश हुई


13 Jul 2024, 8:56 AM

उपचनाव के नतीजे: हिमाचल के देहरा से BJP उम्मीदवार होशियार सिंह शुरुआती रुझानों के अनुसार आगे

7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती जारी है। हिमाचल प्रदेश के देहरा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार होशियार सिंह वर्तमान में चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार आगे चल रहे हैं।

13 Jul 2024, 8:26 AM

मध्य नेपाल की त्रिशूली नदी में लापता दो बसों की तलाश के लिए तलाशी और बचाव अभियान फिर से शुरू

मध्य नेपाल की त्रिशूली नदी में लापता दो बसों की तलाश के लिए तलाशी और बचाव अभियान फिर से शुरू हुआ। टीमों को तैनात किया गया है। हमें उम्मीद है कि तलाशी अभियान में और आसानी होगी क्योंकि कल की तुलना में जल स्तर कम हो गया है। बारिश भी रुक गई है जिससे हम खोज में और तेज़ी ला सकेंगे। गोताखोरों सहित नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस के 100 से ज़्यादा कर्मियों को तैनात किया गया है।


13 Jul 2024, 8:08 AM

दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश के कारण जलभराव देखने को मिला

13 Jul 2024, 8:08 AM

7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आज होंगे घोषित, मतगणना शुरू

सात राज्यों में 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज घोषित होंगे। मतगणना शुरू हो गई है। थोड़ी देर में रुझान आने शुरू हो जाएंगे।


13 Jul 2024, 8:00 AM

7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आज होंगे घोषित, थोड़ी देर में मतगणना

सात राज्यों में 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज घोषित होंगे। थोड़ी देर में मतगणना कुछ शुरू होगी। जिन 13 सीटों के परिणाम आज घोषित हो रहे हैं उनमें बिहार की रुपौली सीट भी शामिल हैं, जहां एनडीए की तरफ से जेडीयू और INDIA ब्लॉक की तरफ से आरजेडी के बीच मुकाबला है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia