बड़ी खबर LIVE: सरकारों का पक्ष रखने वाले विधि अधिकारियों में 30 प्रतिशत महिलाएं होनी चाहिए- न्यायमूर्ति नागरत्ना

उच्चतम न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना ने शनिवार को ग्राम पंचायतों में महिलाओं के आरक्षण की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों का प्रतिनिधित्व करने वाले विधि अधिकारियों में भी कम से कम 30 प्रतिशत महिलाएं होनी चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट/ फोटो: Getty Images
सुप्रीम कोर्ट/ फोटो: Getty Images
user

नवजीवन डेस्क

15 Mar 2025, 10:53 PM

दिल्ली के द्वारका में होली का उत्सव हुआ हिंसक : व्यक्ति से मारपीट और कार में तोड़फोड़

राष्ट्रीय राजधानी में द्वारका के गोयला डेरी क्षेत्र में होली का जश्न उस समय हिंसक हो गया ,जब रंग डालने को लेकर हुई तीखी बहस के बाद मारपीट हुई और एक टैक्सी में तोड़फोड़ की गई। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना गोयला डेरी स्थित छठ घाट पार्क में हुई, जहां कुतुब विहार फेज 1 निवासी राजू कुमार (35) अपनी टैक्सी से अपने दोस्त राजेश से मिलने गया था।

15 Mar 2025, 10:09 PM

बब्बर खालसा इंटरनेशनल के तीन गुर्गे बिहार से गिरफ्तार किये गये : पंजाब पुलिस

पंजाब पुलिस ने शनिवार को प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े एक 'नार्को-टेरर मॉड्यूल' का भंडाफोड़ करने का दावा किया।

पुलिस का दावा है कि नेपाल भागने की कोशिश कर रहे इसके तीन प्रमुख गुर्गों को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने कहा कि गिरफ्तार लोगों की पहचान करणदीप यादव (21), मुकेश कुमार (29) और साजन सिंह (24) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि ये सभी अमृतसर के खंडवाला छेहरटा के निवासी हैं।

15 Mar 2025, 9:44 PM

मध्य प्रदेश: इंदौर में एक कूलर बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगी, दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद


15 Mar 2025, 9:43 PM

दिल्ली: दिल्ली मेट्रो केबल चोरी करने वाले गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया

15 Mar 2025, 9:35 PM

उत्तर प्रदेश: होली पर हिंसक घटनाओं में 12 से अधिक लोग घायल

उत्तर प्रदेश में होली के मौके पर कई इलाकों में हुई हिंसक घटनाओं में 12 से ज्यादा लोग घायल हो गये। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जबरन रंग लगाने, जाति-आधारित विवादों और शराब के नशे में झड़प की कई घटनाएं हुईं।

मथुरा जिले के जैत क्षेत्र स्थित बाटी गांव में अगड़ी जाति के लोगों और दलित समुदाय के लोगों के बीच टकराव में 10 लोग घायल हो गए।


15 Mar 2025, 9:31 PM

हिमाचल प्रदेश: चार जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी

हिमाचल प्रदेश के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में अगले 24 घंटों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गयी है। मौसम विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी।

साथ ही, मंगलवार को छोड़कर बृहस्पतिवार तक राज्य में बारिश की आशंका जताई गयी है।

चंडीगढ़ स्थित रक्षा भूसूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान ने शनिवार को ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें अगले 24 घंटों में चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार शाम से राज्य के कई हिस्सों में हल्की बर्फबारी हुई है।

15 Mar 2025, 9:30 PM

उत्तर प्रदेश: गीजर से निकली गैस के संपर्क में आने से पति-पत्नी की मौत

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में गीजर से निकली गैस के संपर्क में आने से दंपति की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के मोहल्ला छोटा बाजार निवासी नवीन गुप्ता (40) और उनकी पत्नी कविता (38) शुक्रवार शाम को होली खेलने के बाद बाथरूम में रंग साफ कर रहे थे कि तभी वे दोनों गीजर से निकली गैस के संपर्क में आकर बेहोश हो गए।


15 Mar 2025, 8:38 PM

दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 4.1 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आर्द्रता का स्तर 62 से 50 प्रतिशत के बीच रहा।

15 Mar 2025, 8:16 PM

पंजाब: शिवसेना नेता की हत्या के मामले में मुठभेड़ के बाद तीन लोग गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने मोगा जिले में शिवसेना नेता की हत्या के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि इन आरोपियों को मुक्तसर जिले के मलोट में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि मोगा जिले में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के जिला अध्यक्ष मंगत राय उर्फ ​​मंगा (52) की बृहस्पतिवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी तथा इस हमले में 12 वर्षीय एक बच्चा भी गोली लगने से घायल हो गया था।


15 Mar 2025, 7:45 PM

गुजरात के भरूच में डूबने की अलग-अलग घटनाओं में चार की मौत, दो लापता

गुजरात के भरूच जिले में डूबने की पांच अलग-अलग घटनाओं में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लापता हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को होली के अवसर पर पांच गांवों में नर्मदा नदी, नहरों और झीलों में नहाते समय छह लोग दुर्घटना का शिकार हो गए। भरूच अग्निशमन अधिकारी चिराग गढ़वी ने बताया कि चार लोगों के शव निकाल लिए गए हैं, जबकि दो अब भी लापता हैं।

15 Mar 2025, 7:20 PM

अर्थव्यवस्था की स्थिति से जुड़ी चिंताओं को आखिर कब सुनेंगे प्रधानमंत्री: कांग्रेस

कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि कई आर्थिक विश्लेषक और विशेषज्ञ अर्थव्यवस्था की स्थिति पर लगातार चिंता जता रहे हैं, आखिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इन्हें कब सुनेंगे।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि एक पॉडकास्ट में "मार्सेलस इंवेस्टमेंट्स" के मुख्य निवेश अधिकारी सौरभ मुखर्जी ने भारतीय अर्थव्यवस्था पर मंडरा रहे तीन बड़े खतरों की ओर संकेत किया है। उन्होंने कहा कि महीनों से कांग्रेस इन खतरों के बारे में आगाह कर रही है।


15 Mar 2025, 7:06 PM

होली पर आखत डालने जा रहे दलित परिवार पर दबंगों ने की गोलीबारी, छह घायल

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में दबंगों ने शुक्रवार को होलिका की आग में आखत डालने (होलिका दहन के अगले दिन उसकी आग में जौ की बाली डालने की रस्म) जा रहे दलित समाज के लोगों पर मामूली विवाद को लेकर गोलीबारी की। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शनिवार ने बताया कि गोलीबारी में एक महिला समेत छह लोग घायल हो गए।

अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

15 Mar 2025, 6:43 PM

पूर्वी दिल्ली में सड़क पर मारपीट को लेकर युवक की हत्या, दो गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली में सड़क पर मारपीट के एक मामले में एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति के सिर पर शराब की बोतल से कथित तौर पर वार किया और टूटी हुई बोतल से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को मृतक और आरोपी की मोटरसाइकिल टकरा गईं थी, जिसके बाद कल्याण पुरी में एनएच-24 के पास विवाद हो गया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो लोगों पंकज कुमार सिन्हा (30) और जीतू (27) को गिरफ्तार किया गया है।


15 Mar 2025, 6:11 PM

सरकारों का पक्ष रखने वाले विधि अधिकारियों में 30 प्रतिशत महिलाएं होनी चाहिए : न्यायमूर्ति नागरत्ना

उच्चतम न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना ने शनिवार को ग्राम पंचायतों में महिलाओं के आरक्षण की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों का प्रतिनिधित्व करने वाले विधि अधिकारियों में भी कम से कम 30 प्रतिशत महिलाएं होनी चाहिए।

न्यायमूर्ति नागरत्ना ने उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के रूप में सक्षम महिला अधिवक्ताओं की पदोन्नति का आह्वान किया ताकि न्यायाधीशों में अधिक विविधता लाई जा सके।

शीर्ष अदालत की न्यायाधीश ने यहां मुंबई विश्वविद्यालय द्वारा ‘ब्रेकिंग ग्लास सीलिंग: वूमेन हू मेड इट’ विषय पर आयोजित एक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सवाल किया कि यदि 45 वर्ष से कम आयु के पुरुष अधिवक्ताओं को उच्च न्यायालयों में नियुक्त किया जा सकता है, तो सक्षम महिला अधिवक्ताओं को क्यों नहीं।

15 Mar 2025, 5:46 PM

प्रयागराज में महिला की गला रेतकर हत्या 

त्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के गंगा नगर में एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। डीसीपी (गंगा नगर) कुलदीप गुनावत ने बताया कि 35 वर्षीय राधा यादव हंडिया थाना क्षेत्र के बरौत कस्बे में अपने मायके में रहकर अपने पिता की देखभाल करती थी।


15 Mar 2025, 5:09 PM

संयुक्त राष्ट्र के प्रमुख गुतारेस और बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार यूनुस के बीच चर्चा

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के साथ देश के घरेलू मुद्दों और रोहिंग्या स्थिति पर चर्चा की तथा ढाका की सुधार और परिवर्तन प्रक्रिया के साथ एकजुटता व्यक्त की।

गुतारेस 13-16 मार्च तक ‘‘रमदान एकजुटता’’ यात्रा पर बांग्लादेश में हैं।

गुतारेस रोहिंग्या शरणार्थियों और उन्हें शरण देने वाले बांग्लादेशी लोगों के साथ एकजुटता के मिशन पर कॉक्स बाजार गए थे।

15 Mar 2025, 4:48 PM

महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या के आंकड़े चिंताजनक; केंद्र को नीति बनानी चाहिए: शरद पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने शनिवार को मराठवाड़ा और विदर्भ में किसानों की आत्महत्या के मामलों को लेकर चिंता व्यक्त की और कहा कि केंद्र को किसानों की मदद के लिए नीति लानी चाहिए।

पवार का यह बयान राज्य राहत एवं पुनर्वास विभाग द्वारा जारी आंकड़ों की पृष्ठभूमि में आया है, जिसमें खुलासा हुआ है कि 2024 में महाराष्ट्र में 2,635 किसानों ने आत्महत्या की है।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मराठवाड़ा और विदर्भ से जो जानकारी आई है, वह चिंताजनक है। हम विभिन्न स्थानों से सटीक आंकड़े एकत्र करेंगे। केंद्र को किसानों की मदद के लिए नीति तैयार करनी चाहिए।’’


15 Mar 2025, 4:29 PM

पश्चिम बंगाल: बीरभूम के सैंथिया में झड़प के बाद 21 लोग गिरफ्तार, इंटरनेट सेवा बंद

श्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में दो समूहों के बीच झड़प के सिलसिले में 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह झड़प शुक्रवार शाम सैंथिया पुलिस थाना क्षेत्र में हुई।

एक आदेश के अनुसार, किसी भी तरह के अपराध को भड़काने से रोकने के लिए राज्य सरकार ने सैंथिया शहर और सैंथिया पुलिस थाना क्षेत्र के पांच अन्य निकटवर्ती पंचायत क्षेत्रों में 17 मार्च तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। उन्होंने कहा कि तब से क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण है।

15 Mar 2025, 4:10 PM

चेन्नई से हरियाणा जा रहे स्क्रैप से भरे ट्रक को लूटने वाले गिरोह से मुठभेड़, चार बदमाश घायल

उत्तर प्रदेश के मथुरा में पुलिस ने लूटे गए स्क्रैप से भरे ट्रक को बेचने के लिए ले जा रहे गिरोह से मुठभेड़ में छह लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने चार बदमाशों को घायल कर कुल आधा दर्जन लुटेरों को गिरफ्तार कर लूटा गया पूरा माल बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण त्रिगुण बिसेन ने बताया कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान एवं मध्यप्रदेश के बदमाशों द्वारा मिलकर बनाए गए इस गिरोह ने इस वारदात को अंजाम चेन्नई की मेटल एण्ड एलॉयज पिल्लर कोडल इण्डस्ट्रीज के अलवर निवासी ट्रक चालक असलम की मिलीभगत से पांच मार्च को उस समय किया था, जब वह चेन्नई से सात मीट्रिक टन स्क्रैप को हरियाणा के कुण्डली में सप्लाई करने के लिए मथुरा होकर ले जा रहा था।


15 Mar 2025, 3:54 PM

तेजस्वी बोले- नीतीश राज में पुलिस भी सुरक्षित नहीं, अपराधी बेलगाम, सत्ता में बैठे लोग दे रहे संरक्षण

पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "अपराध बढ़ रहे हैं, सरकार सोई हुई है और सीएम अचेत अवस्था में हैं। सीएम नीतीश कुमार के राज में पुलिस भी सुरक्षित नहीं है। अपराधी बेलगाम हैं, क्योंकि सत्ता में बैठे लोग उन्हें संरक्षण दे रहे हैं। होली के दौरान ऐसी कई घटनाएं हुईं। सीएम वही कहते हैं जो उनके आसपास के अधिकारी उन्हें लिखकर देते हैं। सत्ता में बैठे लोग अपराधियों के पक्ष में नियम बदल रहे हैं। यह रिकॉर्ड में है कि सीएम नीतीश कुमार के राज में सबसे ज्यादा पुलिसकर्मियों की हत्या हुई है। अब बिहार की कानून-व्यवस्था सीएम के हाथ से निकल चुकी है।"

15 Mar 2025, 3:16 PM

हरियाणा: बीजेपी नेता सुरेंद्र जवाहरा का पार्थिव शरीर सोनीपत स्थित उनके आवास पर लाया गया 

हरियाणा में बीजेपी नेता सुरेंद्र जवाहरा, जिनकी कल जवाहरा गांव में जमीन विवाद को लेकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, का पार्थिव शरीर सोनीपत स्थित उनके आवास पर लाया गया।


15 Mar 2025, 1:51 PM

मान्यवर कांशीराम जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन- राहुल गांधी

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि महान समाज सुधारक, मान्यवर कांशीराम जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन। दलितों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष, सामाजिक न्याय की इस लड़ाई में हमारा हर कदम पर मार्गदर्शन करता रहेगा।

15 Mar 2025, 1:38 PM

आज भी उत्तरी हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि की संभावना है-  मौसम विभाग

IMD वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने कहा, "आज भी उत्तरी हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि की संभावना है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, नॉर्थ-ईस्ट राजस्थान और ईस्ट उत्तर प्रदेश में आज थंडरस्टॉर्म की संभावना है। कल उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में थंडरस्टॉर्म कम हो जाएगा। गुजरात में हीटवेव की स्थिति कम होती नजर आ रही है। उड़ीसा में हीटवेव जारी रहेगा जिसके चलते आज और कल के लिए रेड अलर्ट दिया गया है।"


15 Mar 2025, 1:23 PM

बिहार: पटना में RJD नेता तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास पर होली का जश्न मनाया जा रहा

बिहार के पटना में RJD नेता तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास पर होली का जश्न मनाया जा रहा है। इस मौके पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली खेली और फगुआ गीत गाए।

15 Mar 2025, 1:18 PM

उत्तर प्रदेश के मथुरा में पारंपरिक 'दाऊजी का हुरंगा' मनाया गया, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

उत्तर प्रदेश के मथुरा में में पारंपरिक 'दाऊजी का हुरंगा' मनाया गया। इस दिन श्री दाऊजी महाराज की पूजा की जाती है। इस अवसर पर पुरुष 'गोप' और महिलाएं 'गोपिका' बनकर इस दिन को मनाते हैं। ब्रज में होली का यह आखिरी दिन होता है।


15 Mar 2025, 11:43 AM

आनंदपुर साहिब (पंजाब): 14 से 16 मार्च तक तीन दिवसीय सिख त्योहार होला मोहल्ला मनाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए 

15 Mar 2025, 11:15 AM

पंजाब के अमृतसर के खंडवाला में ठाकुरद्वारा मंदिर में विस्फोट हुआ

पंजाब के अमृतसर के खंडवाला में ठाकुरद्वारा मंदिर में कल देर रात एक विस्फोट हुआ, जब दो बाइक सवारों ने मंदिर पर एक वस्तु फेंकी, जिसके विस्फोटक होने का संदेह है। किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस कर्मी जांच के लिए मौके पर मौजूद हैं।


15 Mar 2025, 10:28 AM

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्र बाबू नायडू ने स्वर्णंद्र-स्वच्छचंद्र कार्यक्रम में हिस्सा लिया

15 Mar 2025, 10:14 AM

जम्मू-कश्मीर: भद्रवाह के कई हिस्सों में बारिश हुई


15 Mar 2025, 10:00 AM

हरियाणा: BJP नेता सुरेंद्र जवाहर की कल रात करीब 9.30 बजे भूमि विवाद में उनके पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या कर दी- सोनीपत पुलिस

15 Mar 2025, 9:57 AM

जम्मू-कश्मीर: गुलमर्ग घाटी में ताजा बर्फबारी हुई


15 Mar 2025, 9:19 AM

बिहार के मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद का ASI अधिकारी पर हुए हमले पर बयान

बिहार के मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने ASI अधिकारी पर हुए हमले की घटना पर बताया, "शाम को डायल 112 पर सूचना मिली कि नंदलालपूर गांव में एक परिवार द्वारा शराब पीकर हंगामा किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए ASI संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी और उसके पूरे परिवार के द्वारा उन (ASI संतोष कुमार) पर हमला किया गया। उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। (ASI संतोष कुमार को) इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है। इस मामले में जो भी अभियुक्त हैं उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।"

15 Mar 2025, 9:04 AM

तेलंगाना: 22 फरवरी को श्रीशैलम लेफ्ट बैंक नहर की SLBC सुरंग के अंदर फंसे सात श्रमिकों के लिए बचाव अभियान जारी

तेलंगाना में 22 फरवरी को श्रीशैलम लेफ्ट बैंक नहर की SLBC सुरंग के अंदर फंसे सात श्रमिकों के लिए बचाव अभियान जारी है। 10 मार्च को सुरंग के अंदर से एक श्रमिक का शव निकाला गया।


15 Mar 2025, 9:00 AM

उत्तराखंड: देहरादून के कई हिस्सों में बारिश हुई

15 Mar 2025, 7:53 AM

झारखंड के गिरिडीह में होली समारोह के दौरान दो समूहों में झड़प के बाद तनाव, मौके पर सुरक्षा बल तैनात

झारखंड के गिरिडीह जिले के घोरथंबा इलाके में शुक्रवार को होली जुलूस के दौरान दो समूहों के बीच हिसंक झड़प के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मौके पर सुरक्षा बल तैनात हैं।

पुलिस के मुताबिक, इस झड़प में कई लोग घायल हो गए और कम से कम तीन दुकानों में कथित तौर पर आग लगा दी गई। घटना घोडथंबा में उस समय हुई जब एक समूह ने होली के जुलूस का इलाके से गुजरने का विरोध किया। इलके बाद झड़प हो गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात और स्थिति नियंत्रण में है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia