बड़ी खबर LIVE: नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश करने पर दो ब्रिटिश नागरिक गिरफ्तार, दोनों डॉक्टर

पुलिस ने नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश करने पर बहराइच में दो ब्रिटिश नागरिकोंं को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में दो ब्रिटिश पासपोर्ट धारकों- एक पुरुष और एक महिला को हिरासत में लिया है। दोनों डॉक्टर हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

15 Nov 2025, 10:48 PM

शुभमन गिल अस्पताल में भर्ती, कोलकाता टेस्ट में दूसरी पारी के लिए उतरने पर संशय

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ईडन गार्डन में शनिवार को बल्लेबाजी करने के दौरान गर्दन में समस्या आ गई थी। इस वजह से उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा था। गिल को बेहतर उपचार के लिए शाम में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। आईएएनएस को मिली जानकारी के मुताबिक गिल पूरी रात अस्पताल में रहेंगे और डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा कि गिल चिकित्सा निगरानी में हैं और आगे की जांच के आधार पर उनके खेल में भाग लेने पर निर्णय लिया जाएगा। यह अभी तय नहीं है कि गिल बाकी टेस्ट मैच खेल पाएंगे या नहीं।

शुभमन गिल के साथ ये घटना भारतीय पारी के 35वें ओवर की पांचवीं गेंद पर घटी। गिल स्ट्राइक पर थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीकी ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर की गेंद पर बैकवर्ड स्क्वायर के ऊपर से चौका जड़ा। गिल का शॉट आकर्षक था और फैंस उसका आनंद ले रहे थे। वहीं शॉट खेलने के साथ ही गिल की गर्दन में जकड़न आ गई। असहजता के कारण वह अपनी गर्दन पकड़कर सीधे खड़े हो गए। गिल गर्दन को घुमाने में असमर्थ थे और इस वजह से उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। गिल को शनिवार का खेल शुरू होने से पूर्व ही गर्दन में परेशानी थी और उन्होंने इस संबंध में फिजियो से बात भी की थी। भारतीय कप्तान पूर्व में भी इस समस्या से ग्रसित रहे हैं।

15 Nov 2025, 10:13 PM

रोहिणी आचार्य ने छोड़ा लालू-राबड़ी का घर, संजय यादव और रमीज का नाम लेकर लगाए गंभीर आरोप

राजनीति और परिवार छोड़ने के ऐलान के बाद रोहिणी आचार्य अपने माता-पिता लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के आवास से देर शाम निकल गईं। वहीं पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मेरा कोई परिवार नहीं है। आप ये बात संजय यादव, रमीज़ और तेजस्वी यादव से पूछ सकते हैं। उन्होंने ही मुझे परिवार से निकाला है। वो कोई ज़िम्मेदारी नहीं लेना चाहते... पूरा देश पूछ रहा है कि पार्टी इतनी नाकाम क्यों हुई। जब आप संजय यादव और रमीज़ का नाम लेते हैं, तो आपको घर से निकाल दिया जाता है, बेइज़्ज़त किया जाता है, गालियां दी जाती हैं और यहां तक कि मारा भी जाता है।"

15 Nov 2025, 9:34 PM

बिहार: मुजफ्फरपुर में एक परिवार के पांच लोगों की जलकर मौत, कई घायल

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां मोतीपुर बाजार दुर्गा स्थान के पास नेताजी रोड में ललन साह के मकान में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार के लोग गहरी नींद में सोए हुए थे। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। यहां तक कि लोगों को घर से निकलने का मौका नहीं मिला। हादसे में माता-पिता, दो बच्चे एवं परिवार के एक अन्य सदस्य की जलकर मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। इस हादसे से इलाके के लोग सदमे में हैं। मृतकों की पहचान ललन साह, सुशीला देवी, पूजा कुमारी, और 2 और 7 वर्ष के दो बच्चों के रूप में हुई है। घायल होने वालों में लालबाबू प्रसाद, माला देवी, ललन कुमार के रिश्तेदार, लाल बाबू प्रसाद की बेटी साक्षी कुमारी और ललन साह के भाई अर्जुन कुमार शामिल हैं।

अग्निशमन विभाग के कमांडेंट आमिर इसरार ने बताया कि यह सुबह 5:30 बजे की घटना है। सूचना पर तुरंत मोतीपुर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई थीं। छत से चढ़कर के पांच लोगों को निकाला गया। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। एक का मोतीपुर अस्पताल में इलाज हुआ है जो कम गंभीर है। इस हादसे में पांच लोगों की जलकर मौत हो गई है। एक रिश्तेदार ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। स्पेशल टीम से जांच कराई जा रही है। उनकी रिपोर्ट से पता चलेगा कि आग कैसे लगी।

श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सहायक अधीक्षक डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि चार मरीज मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती हुए हैं जो 50 प्रतिशत से अधिक जले हुए हैं। 40 प्रतिशत से अधिक जलने पर स्थिति गंभीर हो जाती है। इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत ने रिश्तेदारों को झकझोर कर रख दिया है।


15 Nov 2025, 9:08 PM

नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश करने पर बहराइच में दो ब्रिटिश नागरिक गिरफ्तार, दोनों डॉक्टर

पुलिस ने नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश करने पर बहराइच में दो ब्रिटिश नागरिकोंं को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने शनिवार को बहराइच जिले के रुपैधा सीमा पर नेपाल से अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में दो ब्रिटिश पासपोर्ट धारकों- एक पुरुष और एक महिला को हिरासत में लिया है। दोनों डॉक्टर हैं।

15 Nov 2025, 8:46 PM

मध्य कोलकाता के एक भवन में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं

कोलकाता के इजरा स्ट्रीट इलाके में एक बहुमंजिला इमारत में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए दमकल की कम से कम 20 गाड़ियां लगायी गयीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आग में कोई हताहत नहीं हुआ है।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन कर्मियों की करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।


15 Nov 2025, 8:43 PM

निलंबन के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री आर के सिंह ने बीजेपी से दिया इस्तीफा, राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखे पत्र में लगाए कई आरोप

बीजेपी से निलंबित पूर्व केंद्रीय मंत्री और आरा के पूर्व सांसद राज कुमार सिंह ने शनिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। सिंह ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा को भेजा गया पत्र सार्वजनिक करते हुए पार्टी नेतृत्व पर कई गंभीर आरोप लगाए। बीजेपी की ओर से शनिवार को निलंबन किए जाने के कुछ घंटों बाद सिंह ने यह इस्तीफा दिया है।

उन्होंने पत्र में दावा किया कि उन्हें निलंबन नोटिस की जानकारी केवल अग्रसारित संदेशों के माध्यम से मिली। उन्होंने कहा कि नोटिस में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि उनकी कौन-सी गतिविधि पार्टी विरोधी मानी गई। उनके अनुसार बिना किसी आरोप का उल्लेख किए जवाब मांगना न्यायोचित नहीं है। पूर्व मंत्री ने संकेत दिया कि संभवतः बीजेपी को आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को टिकट न देने की उनकी टिप्पणी को ही विवाद का आधार बनाया गया।

15 Nov 2025, 7:56 PM

अखिलेश यादव ने कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर से बेंगलुरु में उनके आवास पर मुलाकात की


15 Nov 2025, 7:44 PM

सोनभद्र में पत्थर की खदान का एक हिस्सा ढहा, कई मजदूरों के दबे होने की आशंका

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में शनिवार को एक पत्थर की खदान में दुर्घटना होने से कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने बताया कि कृष्णा माइंस में एक हिस्सा ढह जाने से वहां कार्यरत कुछ मजदूर दब गए हैं।

उन्होंने कहा कि दबे हुए लोगों को निकालने का प्रयास अल्ट्राटेक कंपनी, दुसान कंपनी, ओबरा पावर कंपनी और अन्य के सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मिर्जापुर से रवाना हो चुकी हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्घटना में कितने लोग दबे हैं, इसकी सटीक संख्या का फिलहाल पता नहीं लग सका है।

15 Nov 2025, 7:39 PM

बिहार में SIR की अंतिम सूची के बाद तीन लाख मतदाता जोड़े गए: निर्वाचन आयोग

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के समापन पर अंतिम सूची के प्रकाशन के बाद बिहार की मतदाता सूची में तीन लाख मतदाता जोड़े गए हैं। आयोग के अधिकारी कांग्रेस के एक सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें बताया गया था कि बिहार विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए निर्वाचन आयोग के बयान में मतदाताओं की संख्या 7.42 करोड़ बताई गई थी, जबकि बाद में जारी किए गए बयानों में यह संख्या बढ़कर 7.45 करोड़ हो गई।

अधिकारियों ने कहा कि छह अक्टूबर के बयान में उल्लिखित 7.42 करोड़ मतदाताओं का आंकड़ा विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद 30 सितंबर को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची पर आधारित था। चुनाव नियमों का हवाला देते हुए, उन्होंने बताया कि कोई भी पात्र नागरिक चुनाव की घोषणा के बाद प्रत्येक चरण के मतदान के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि से 10 दिन पहले तक मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकता है।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘इसलिए, दोनों चरणों में एक अक्टूबर से लेकर नामांकन की अंतिम तिथि से 10 दिन पहले तक प्राप्त सभी वैध आवेदनों की जांच के बाद, पात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार सूची में जोड़े गए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रहे।’’

उन्होंने बताया कि एक अक्टूबर से नामांकन की अंतिम तिथि से 10 दिन पहले तक प्राप्त आवेदनों को शामिल करने के बाद मतदाताओं की संख्या में लगभग तीन लाख की वृद्धि हुई।अधिकारियों ने बताया कि मतदान के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में आयोग ने संशोधित संख्या का उल्लेख किया था।


15 Nov 2025, 7:38 PM

अल-फलाह विश्वविद्यालय के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी के आरोप में दो प्राथमिकी दर्ज

दिल्ली पुलिस ने हरियाणा के अल-फलाह विश्वविद्यालय के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी के आरोप में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (एनएएसी) की ओर से विश्वविद्यालय के बारे में चिंता जताए जाने के बाद यह कदम उठाया है।अधिकारी के मुताबिक, विश्वविद्यालय की ओर से मान्यता के संबंध में कथित तौर पर किए गए झूठे दावों को लेकर अपराध शाखा ने धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में दो प्राथमिकी दर्ज की हैं।

15 Nov 2025, 6:12 PM

एपस्टीन फाइल में ट्रंप ने पलटी बाजी! डेमोक्रेट नेताओं के कनेक्शन को लेकर दिया जांच के आदेश

डेमोक्रेट पार्टी ने एपस्टीन फाइल को लेकर एक ईमेल जारी किया, जिस पर जमकर बवाल मचा। इसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एपस्टीन मामले में डेमोक्रेट लीडर्स के कनेक्शन की जांच का आदेश दिया है। ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वह अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी से जेफरी एपस्टीन के कई अन्य हाई-प्रोफाइल हस्तियों से संबंधों की जांच करने के लिए कहेंगे। डेमोक्रेट्स की तरफ से ईमेल सार्वजनिक करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति का ये बयान सामने आया है।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पोस्ट में इस निर्देश की घोषणा की। ट्रंप ने डेमोक्रेट्स पर आरोप लगाया कि वे शटडाउन और अपनी अन्य सभी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए एपस्टीन होक्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि इसमें रिपब्लिकन नहीं, बल्कि डेमोक्रेट्स शामिल हैं।" ट्रूथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, "मैं अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी और न्याय विभाग से, एफबीआई में हमारे महान देशभक्तों के साथ, जेफरी एपस्टीन की बिल क्लिंटन, लैरी समर्स, रीड हॉफमैन, जे.पी. मॉर्गन, चेस और कई अन्य लोगों और संस्थानों के साथ संलिप्तता और संबंधों की जांच करने के लिए कहूंगा ताकि उनके बीच क्या चल रहा था, इसका पता लगाया जा सके।"


15 Nov 2025, 5:53 PM

तेलंगाना कांग्रेस के नेताओं ने जुबली हिल्स के नवनिर्वाचित विधायक के साथ दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की

15 Nov 2025, 5:48 PM

केरल: बीजेपी नेता और शिक्षक के पद्मराजन को पलाथयी बाल उत्पीड़न केस में मृत्यु तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई


15 Nov 2025, 4:49 PM

निर्वाचन आयोग ने बिहार चुनाव के दौरान महिलाओं को पैसे देने की अनुमति कैसे दी: शरद पवार

एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को कहा कि महिलाओं के लिए घोषित उद्यमिता योजना ने बिहार चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की प्रचंड जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके साथ ही उन्होंने आश्चर्य जताया कि निर्वाचन आयोग ने चुनावों के दौरान इस योजना के तहत धन वितरण की अनुमति कैसे दी।

15 Nov 2025, 4:40 PM

भारत ने दूसरी पारी में 93 रन तक दक्षिण अफ्रीका के सात विकेट झटके

भारत ने दो मैचों की श्रृंखला के पहले टेस्ट के दूसरे दिन शनिवार को खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में 93 रन पर सात विकेट झटक कर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत बनाये रखी है। दक्षिण अफ्रीका के पास दूसरी पारी में 63 रन की बढ़त है और उसके तीन विकेट शेष है।

स्टंप्स के समय पारी के सर्वोच्च स्कोरर कप्तान तेम्बा बावुमा (29) के साथ कोर्बिन बॉश (एक) क्रीज पर मौजूद है। भारत के लिए रविंद्र जडेजा ने दूसरी पारी में चार जबकि कुलदीप यादव ने दो विकेट लिये है। अक्षर पटेल को एक सफलता मिली। इससे पहले भारत की पहली पारी 189 रन पर सिमटी। कप्तान शुभमन गिल को गर्दन में ऐंठन के कारण रिटायर हार्ट होना पड़ा। उनकी जगह ऋषभ पंत कप्तानी कर रहे है।


15 Nov 2025, 3:40 PM

आरजेडी नेता और लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने ट्वीट किया, "मैं राजनीति छोड़ रही हूं और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हूं।"

15 Nov 2025, 3:07 PM

लाल किला मेट्रो स्टेशन पर गेट संख्या 2 और 3 अब यात्रियों के लिए खुल गए हैं- डीएमआरसी 


15 Nov 2025, 1:15 PM

टीवीके प्रमुख और अभिनेता विजय ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखा

15 Nov 2025, 1:03 PM

बिहार में जीत के बाद BJP ने आरके सिंह को पार्टी से निकाला, सम्राट चौधरी को बताया था हत्या का आरोपी  

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के अगले ही दिन बीजेपी ने बड़ा एक्शन लेते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद आर.के. सिंह को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है.


15 Nov 2025, 1:01 PM

दिल्ली आतंकी विस्फोट मामला- दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच के अधिकारी हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय के ओखला (दिल्ली) कार्यालय पहुंचे

15 Nov 2025, 11:13 AM

नौगाम पुलिस स्टेशन में विस्फोट आकस्मिक, जांच जारी- जम्मू और कश्मीर पुलिस के महानिदेशक

जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर स्थित नौगाम पुलिस स्टेशन के पास पिछले रात हुए धमाके के बारे में जम्मू और कश्मीर पुलिस के महानिदेशक नलिन प्रभात ने कहा, "एफआईआर 162/2025 के तहत नौगाम पुलिस स्टेशन में की गई जांच के दौरान, 9 और 10 नवंबर 2025 को फरीदाबाद से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, रसायन और रेजेंट्स बरामद किए गए थे। इस बरामदगी को, जैसे बाकी बरामदगियों को, पुलिस स्टेशन नौगाम के खुले क्षेत्र में सुरक्षित रूप से रखा गया था। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार, इस बरामदगी के नमूनों को आगे की फोरेंसिक और रासायनिक जांच के लिए भेजा जाना था। इस बरामदगी की बड़ी मात्रा को देखते हुए, यह प्रक्रिया पिछले दो दिनों से, यानी कल और उससे पहले, फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम द्वारा की जा रही थी। चूंकि यह सामग्री अस्थिर और संवेदनशील थी, फोरेंसिक टीम द्वारा इस नमूना संग्रहण और उसे संभालने में पूरी सावधानी बरती जा रही थी।

हालांकि, दुर्भाग्यवश, इसी प्रक्रिया के दौरान, रात करीब 11:20 बजे एक आकस्मिक विस्फोट हुआ। इस घटना के कारण कोई अन्य कयास अनावश्यक है।ै। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। इनमें SIA के एक कर्मचारी, FSL टीम के तीन सदस्य, अपराध स्थल के दो फोटोग्राफर, मजिस्ट्रेट टीम के दो राजस्व अधिकारी, और एक दर्जी शामिल हैं, जो इस टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा, 27 पुलिस कर्मी, 2 राजस्व अधिकारी और 3 नागरिक जो आसपास के क्षेत्रों से थे, घायल हुए हैं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भेज दिया गया।

पुलिस स्टेशन की इमारत को बहुत गंभीर रूप से नुकसान हुआ है और आसपास की इमारतों को भी असर हुआ है। इस नुकसान की सीमा का आंकलन किया जा रहा है। इस दुखद घटना के कारण की जांच की जा रही है। जम्मू और कश्मीर पुलिस इस कठिन घड़ी में मृतकों के परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त करती है।"


15 Nov 2025, 11:10 AM

लाल किले के पास हुंडई i20 कार में हुए विस्फोट स्थल पर सफाई का दृश्य

15 Nov 2025, 11:09 AM

श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर: एफएसएल की एक टीम नौगाम पुलिस स्टेशन के पास उस स्थान पर पहुंची जहां कल रात विस्फोट हुआ था।


15 Nov 2025, 11:09 AM

दिल्ली: लोकसभा नेता राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेता पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पहुंचे

15 Nov 2025, 9:42 AM

महाराष्ट्र: जलगांव की एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। 


15 Nov 2025, 8:49 AM

जम्मू-कश्मीर एसडीआरएफ की एक टीम नौगाम पुलिस स्टेशन के पास उस जगह पहुंची जहां कल रात एक विस्फोट हुआ था 

15 Nov 2025, 8:48 AM

दिल्ली ब्लास्ट: पुलिस ने मामले में साजिश की धाराओं के तहत एक और एफआईआर दर्ज की


15 Nov 2025, 8:35 AM

कोलकाता में पोद्दार कोर्ट के पास भीषण आग, दमकल की 17 गाड़ियां मौके पर

15 Nov 2025, 8:02 AM

दिल्ली: आज सुबह इंडिया गेट में धुंध की चादर दिखी


15 Nov 2025, 8:01 AM

J&K: नौगाम पुलिस स्टेशन धमाके के बाद, सीआरपीएफ आईजी ने किया घटनास्थल का दौरा

15 Nov 2025, 7:56 AM

दिल्ली के बाद श्रीनगर में बड़ा ब्लास्ट, 9 लोगों की मौत, 25 से ज्यादा घायल

श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन परिसर में शुक्रवार देर रात बड़ा धमाका हुआ है। खबरों के मुताबिक फरीदाबाद में जब्त की गई विस्फोटक सामग्री के नमूने लेते समय आकस्मिक विस्फोट में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 घायल हो गए हैं

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia