बड़ी खबर LIVE: राहुल गांधी ने वायनाड में हुई भीषण तबाही को राष्ट्रीय आपदा बताया, कहा- ये राजनीति का वक्त नहीं

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन को राष्ट्रीय आपदा करार दिया है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए, यह निश्चित रूप से एक राष्ट्रीय आपदा है। देखते हैं सरकार क्या कहती है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

01 Aug 2024, 10:53 PM

वायनाड जैसी आपदा गोवा में भी आ सकती है, कांग्रेस नेता ने विकास के नाम पर हो रहे तोड़फोड़ को लेकर चेताया

01 Aug 2024, 10:50 PM

वायनाड भूस्खलन में 190 शवों की हुई पहचान

01 Aug 2024, 10:49 PM

मुंबई में शरद पवार गुट के नेता जीतेंद्र अव्हाड की गाड़ी पर हमले के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया


01 Aug 2024, 10:47 PM

MCD ने पश्चिमी, मध्य और नजफगढ़ जोन में अवैध रूप से चल रहे 34 कोचिंग सेंटरों के बेसमेंट को सील किया

01 Aug 2024, 10:24 PM

दिल्ली पुलिस ने सिविल लाइंस थाने के पास तोड़फोड़ अभियान का विरोध कर रहे लोगों को हिरासत में लिया, बाद में छोड़ा


01 Aug 2024, 10:02 PM

कांग्रेस ने 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का किया गठन

कांग्रेस पार्टी ने आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरमैन राज्यसभा सांसद अजय माकन को बनाया है। वहीं, मणिकम टैगोर, जिग्नेश मेवाणी और श्रीनिवास बीवी को इसका सदस्य बनाया गया है। आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए बनाई गई कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी में गिरीश चोडनकर को चेयरमैन बनाया गया है। उनके साथ पूनम पासवान और प्रकाश जोशी को कमेटी का सदस्य बनाया गया है। वहीं, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने मधुसूदन मिस्त्री को कमेटी का चेयरमैन बनाया है। इसके अलावा सप्तगिरी शंकर उल्का, मंसूर अली खान और श्रीवेल्ला प्रसाद को कमेटी का मेंबर बनाया गया है।

जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा को स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। वहीं, एंटो एंटनी और सचिन राव को इस कमेटी का सदस्य नामित किया गया है। बता दें कि मोदी सरकार ने अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को खत्म कर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया था। जम्मू-कश्मीर में जल्द विधानसभा चुनाव और राज्य का दर्जा बहाल करने की राजनीतिक दलों की मांग रही है। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने भारत के चुनाव आयोग और केंद्र को सितंबर तक चुनाव कराने को कहा था। सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय समय सीमा के अनुसार जम्मू-कश्मीर में इस साल सितंबर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

01 Aug 2024, 9:55 PM

ब्रिटेन में चाकू से हमला करने वाले संदिग्ध का नाम किया गया सार्वजनिक

उत्तर-पश्चिमी इंग्लैंड के साउथपोर्ट में तीन लड़कियों की चाकू घोंपकर हत्या करने के आरोपी किशोर का नाम बृहस्पतिवार को सार्वजनिक कर दिया गया। वहीं, घटना के बाद यहां डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर हुए हिंसक प्रदर्शनों को लेकर प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने पुलिस प्रमुखों से बातचीत की। साउथपोर्ट में सोमवार को हुए हमले के थोड़ी देर बाद ही 17 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था जिसका नाम एक्सेल मुगनवा रुदाकुबाना है। उसका जन्म वेल्स में हुआ था और और वह लंकाशायर के बैंक्स गांव का रहने वाला है। अदालत द्वारा प्रतिबंध हटाने के बाद उसका नाम सार्वजनिक किया गया है। वह लिवरपूल नगर मजिस्ट्रेट अदालत में पेश हुआ जहां उस पर हत्या के तीन और हत्या की कोशिश के 10 आरोप लगाए गए तथा चाकू रखने का भी आरोप लगाया गया है।

न्यायाधीश एंड्रयू मेनरी ने यह दलील सुनने के बाद कि आरोपी का 18वां जन्मदिन सात अगस्त को है, आरोपी का नाम सार्वजनिक न करने के कानूनी प्रतिबंध को हटा दिया और उसे मामले की 25 अक्टूबर को होने वाली अगली सुनवाई तक उसे हिरासत में भेज दिया। इस घटना के बाद बुधवार शाम को हुई हिंसक झड़पों के संबंध में मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कहा कि हिंसा, पुलिस अधिकारियों पर हमला, चाकू और आपत्तिजनक हथियार रखने तथा विरोध प्रदर्शन की शर्तों का उल्लंघन करने जैसे अपराधों के लिए 111 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में कई पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं। साउथपोर्ट में एक सामुदायिक केंद्र में हुई चाकू से हमले की घटना में आठ अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर है। घटना में घायल हुए दो वयस्कों की भी हालत गंभीर है।


01 Aug 2024, 9:53 PM

गुजरात में वायरल बुखार से अब तक 58 लोगों की मौत: स्वास्थ्य विभाग

गुजरात में अब तक वायरल बुखार के लगभग 140 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 52 में बीमारी का कारण चांदीपुरा वायरस रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को कहा कि अब तक 58 लोगों की मौत हो चुकी है। विभाग ने एक विज्ञप्ति में कहा कि गुजरात के विभिन्न हिस्सों में वायरल बुखार से पीड़ित 140 लोगों में से 58 रोगियों की मौत हो चुकी है जबकि 25 का इलाज किया जा रहा है। इसके अलावा 57 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

जिन जिलों में चांदीपुरा वायरस के अधिकांश मामले पाए गए उनमें पंचमहल (7), साबरकांठा (6), मेहसाणा (5), खेड़ा (4), कच्छ (3), राजकोट (3), सुरेंद्रनगर (3), अहमदाबाद (3) और अरवल्ली (3) शामिल हैं। चांदीपुरा वायरस की वजह से बुखार होता है जिसके लक्षण फ्लू और तीव्र एन्सेफलाइटिस (मस्तिष्क की सूजन) के जैसे होते हैं। यह मच्छरों, कीट और बालूमक्खी से फैलता है।

01 Aug 2024, 8:53 PM

सीबीआई ने आज नीट पेपर लीक मामले में अपना पहला आरोपपत्र दाखिल किया, 13 लोगों को आरोपी बनाया


01 Aug 2024, 8:52 PM

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी और पार्टी अध्यक्ष खड़गे ने दिल्ली में वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चीन्ह से मुलाकात की

01 Aug 2024, 8:50 PM

हिमाचल के कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के मलाणा क्षेत्र में बादल फटने के बाद पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ा, लोगों को सुरक्षित निकाला गया


01 Aug 2024, 7:55 PM

भारतीय सेना ने वायनाड भूस्खलन स्थल पर बेली ब्रिज का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा किया, नागरिक प्रशासन को सौंपा

भारतीय सेना ने वायनाड में भूस्खलन स्थल पर सीएल 24 बेली ब्रिज का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा किया और इसे यातायात के लिए खोलते हुए नागरिक प्रशासन को सौंप दिया।

01 Aug 2024, 7:53 PM

वायनाड में भूस्खलन पीड़ितों के सुरक्षित पुनर्वास के बारे में सोचना होगाः प्रियंका गांधी

वायनाड में भूस्खलन पीड़ितों से मिलने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा, "एक बात बहुत स्पष्ट है कि इस क्षेत्र में रहने वाले लोग जो प्रभावित हुए हैं, उनमें से ज्यादातर कह रहे हैं कि वे वापस नहीं जाना चाहते हैं और उसी क्षेत्र में रहना चाहते हैं क्योंकि यह पहली बार नहीं हो रहा है इसलिए हमें एक समाधान के बारे में सोचना होगा जहां उनका सुरक्षित क्षेत्र में पुनर्वास किया जा सके।


01 Aug 2024, 7:48 PM

हिमाचल के चंबा में बादल फटने से कई सड़कें तबाह, लोगों के घरों में घुसा मलबा

01 Aug 2024, 7:47 PM

BJD की पूर्व सांसद ममता मोहंता आज दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं


01 Aug 2024, 7:00 PM

राहुल और प्रियंका गांधी ने वायनाड अस्पताल में भूस्खलन में जीवित बचे लोगों और घायलों से मुलाकात की

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने वायनाड अस्पताल और सेंट जोसेफ यूपी स्कूल में स्थित राहत शिविर पहुंचकर भूस्खलन में जीवित बचे लोगों और घायलों से मुलाकात की।

01 Aug 2024, 6:58 PM

हरियाणाः फैक्ट्री में गैस लीक होने से मची अफरा-तफरी, मौके पर NDRF टीम मौजूद

हरियाणा के गुरुग्राम में कादीपुर इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में गुरुवार को गैस लीक होने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर एनडीआरएफ, दमकल विभाग और पुलिस की टीम तैनात कर दी गई है। गुरुवार शाम को फैक्ट्री से गैस लीक होने की खबर सामने आई। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने तुरंत सारे इंतजाम किए। गैस लीकेज के चलते प्रशासन ने फैक्ट्री को खाली करा दिया है। सुरक्षा के चलते आसपास के लोगों से भी इलाके से हटने की अपील की जा रही है। घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस टीम समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं। इलाके में लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। सड़क पर बैरिकेड लगा दिया गया है।

सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मी हेलमेट और मास्क लगाकर तैनात हैं। गैस से अभी तक किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मौके पर एंबुलेंस की टीम भी मौजूद है। कादीपुर के पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया है। सड़कों पर प्रशासन के अलावा कोई भी नजर नहीं आ रहा है। लोग अपने-अपने घरों में बंद हो गए हैं। गैस लीकेज के कारण का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अन्य टीमें इसकी जांच में जुटी हुई है। प्रशासन की पहली प्राथमिकता किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोकना है। जिसके चलते एनडीआरएफ, दमकल विभाग, चिकित्सा टीम को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।


01 Aug 2024, 6:33 PM

वायनाड में भूस्खलन पीड़ितों से मिलने के बाद प्रियंका गांधी बोलीं- यह बहुत बड़ी त्रासदी है

वायनाड में भूस्खलन पीड़ितों से मिलने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "हमने पूरा दिन पीड़ित लोगों से मिलने में बिताया है। यह बहुत बड़ी त्रासदी है। हम केवल कल्पना कर सकते हैं कि लोग किस तरह के दर्द से पीड़ित हैं। हम यहाँ उन्हें सांत्वना और समर्थन देने के लिए हैं। हिमाचल प्रदेश में भी बड़ी त्रासदी हुई है। कल हम बैठकर योजना बना रहे हैं कि हम कैसे मदद कर सकते हैं, खासकर उन बच्चों की जो अब अकेले रह गए हैं।"

01 Aug 2024, 6:31 PM

वायनाड में हुई मौतों पर राहुल गांधी बोले- आज मुझे वैसा ही महसूस हो रहा है जैसा मेरे पिता के निधन पर हुआ था

वायनाड में भूस्खलन से हुई मौतों पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "आज मुझे वैसा ही महसूस हो रहा है जैसा मेरे पिता के निधन पर हुआ था। यहां लोगों ने सिर्फ एक पिता नहीं बल्कि एक पूरा परिवार खो दिया है। हम सभी को इन लोगों का सम्मान और स्नेह देना चाहिए। पूरे देश का ध्यान वायनाड की ओर है।"


01 Aug 2024, 6:30 PM

यह राजनीति का समय नहीं, वायनाड के लोगों को मदद की जरूरत हैः राहुल गांधी

वायनाड त्रासदी पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि यह राजनीतिक मुद्दों पर बात करने का समय है। यहां के लोगों को मदद की जरूरत है। अभी समय यह सुनिश्चित करने का है कि सभी तरह की सहायता मिले। मुझे अभी राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं है। मुझे वायनाड के लोगों में दिलचस्पी है।"

01 Aug 2024, 6:27 PM

राहुल गांधी ने वायनाड में हुई भीषण तबाही को राष्ट्रीय आपदा बताया, कहा- देखते हैं सरकार क्या कहती है

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन को राष्ट्रीय आपदा करार दिया है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए, यह निश्चित रूप से एक राष्ट्रीय आपदा है। देखते हैं सरकार क्या कहती है।


01 Aug 2024, 6:17 PM

यह वायनाड, केरल और पूरे देश के लिए एक भयानक त्रासदीः राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "यह वायनाड, केरल और पूरे देश के लिए एक भयानक त्रासदी है। हम यहां स्थिति देखने आए हैं। यह देखना दुखद है कि कितने लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों और अपने घरों को खो दिया है। हम मदद करने की कोशिश करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि बचे हुए लोगों को उनका हक मिले। उनमें से बहुत से लोग फिर से बसना चाहते हैं। यहां बहुत कुछ करने की जरूरत है। मैं डॉक्टरों, नर्सों, प्रशासन और स्वयंसेवकों सहित सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं।"

01 Aug 2024, 6:15 PM

दिल्ली हादसे में तीस हजारी कोर्ट ने एसयूवी के ड्राइवर मनुज कथूरिया को जमानत दी


01 Aug 2024, 6:12 PM

दिल्ली पुलिस में भारी फेरबदल, विशेष आयुक्त स्तर के अधिकारियों का तबादला

01 Aug 2024, 5:16 PM

लगातार हादसों पर रेल मंत्री के बयान के विरोध में इंडिया के सांसदों ने सदन से वाकआउट किया

लोक सभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने रेल हादसों पर रेल मंत्री के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के मंत्री अपनी विफलता की नैतिक जिम्मेदारी नहीं लेते, वे इसके बजाय इतिहास को दोष देते हैं। पिछले कुछ साल में रेलवे के हादसे बहुत बढ़ गए हैं, लेकिन रेल मंत्री सिर्फ रील बनाने में व्यस्त हैं। उनकी देश के प्रति कोई जवाबदेही नहीं है। आज उनका वक्तव्य संतोषजनक नहीं था, वो जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं। इसके विरोध में इंडिया गठबंधन के सांसदों ने सदन से वॉकआउट कर दिया है।


01 Aug 2024, 5:09 PM

वायनाड में भूस्खलन स्थल पर पहुंचे राहुल और प्रियंका गांधी, पीड़ितों को हर संभव मदद का दिया भरोसा

विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज केरल के वायनाड में आई भीषण आपदा से प्रभावित लोगों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने चूरलामाला भूस्खलन स्थल पर पहुंचकर पीड़ितों के दुख को साझा करते हुए अपनी संवेदना व्यक्त की और उनके पुनर्वास के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

01 Aug 2024, 4:23 PM

पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंशुमान गायकवाड़ का अंतिम संस्कार किया गया 

पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंशुमान गायकवाड़ का गुरुवार दोपहर गुजरात के वडोदरा शहर में अंतिम संस्कार किया गया।

उनका अंतिम संस्कार कीर्ति मंदिर में किया गया जिसमें उनके परिवार के सदस्य तथा खेल, राजनीति और अन्य क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां मौजूद थे।

भारतीय क्रिकेट से खिलाड़ी, कोच और चयनकर्ता के तौर जुड़े गायकवाड़ का बुधवार रात वडोदरा के एक निजी अस्पताल में रक्त कैंसर से निधन हो गया।

अस्पताल से गायकवाड़ की पार्थिव देह को शहर के सेवासी इलाके में उनके निवास पर ले जाया गया। फिर दोपहर कीर्ति मंदिर में दोपहर करीब डेढ़ बजे उनके बेटे शत्रुंजय गायकवाड़ ने अंतिम संस्कार किया।


01 Aug 2024, 4:13 PM

दिल्ली: केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने भारतीय निशानेबाज और ओलंपिक पदक विजेता सरबजोत सिंह और अन्य खिलाड़ियों को सम्मानित किया

01 Aug 2024, 3:48 PM

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया 


01 Aug 2024, 3:45 PM

वायनाड में राहत शिविर में पहुंचे राहुल-प्रियंका गांधी, भूस्खलन पीड़ितों का जाना हाल

लोकसभा में विपक्ष के नेता और वायनाड से पूर्व सांसद राहुल गांधी ने पार्टी नेता प्रियंका गांधी के साथ वायनाड में मेप्पाडी सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राहत शिविर का दौरा किया और भूस्खलन में बचे लोगों से मुलाकात की। 30 जुलाई को यहां भूस्खलन हुआ, जिसमें 282 लोगों की जान चली गई थी।

01 Aug 2024, 2:56 PM

लोकसभा में रील मंत्री कहने पर भड़गे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 


01 Aug 2024, 2:27 PM

केरल के वायनाड में भूस्खलन वाले इलाके में पहुंचे राहुल-प्रियंका गांधी, ले रहे हैं जायजा

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के साथ वायनाड पहुंच गए हैं। वे वहां स्थिति का जायजा ले रहे हैं, जहां भारी भूस्खलन के कारण 282 लोगों की मौत हो गई है।

01 Aug 2024, 2:25 PM

दिल्ली: कांस्य पदक विजेता और भारतीय निशानेबाज सरबजोत सिंह हवाई अड्डे पर पहुंचे, इस दौरान उनका स्वागत किया गया


01 Aug 2024, 1:54 PM

ओलंपिक से भारत के लिए अच्छी खबर, निशानेबाज स्वप्निल कुसाले ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता

पेरिस ओलंपिक से भारत के लिए अच्छी खबर सामने आई है। भारतीय निशानेबाज स्वप्निल कुसाले ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया है।

01 Aug 2024, 1:35 PM

दिल्ली के मयूर विहार में नाले में डूबकर मां-बेटे की मौत हादसा नहीं हत्या है: AAP सांसद संजय सिंह

AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "दिल्ली में कल भारी बारिश हुई जिसके कारण कई जगहों पर जलभराव हुआ। इसी बीच एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी और बीजेपी तथा दिल्ली उपराज्यपाल इस पर पूरी तरह से चुप हैं। मयूर विहार फेज 3 इलाके में एक नाले का पुनर्निर्माण हो रहा था जो कि दिल्ली एलजी के अंतर्गत आता है। इस नाले को ढका भी नहीं गया था, निर्माण के संबंध में कोई साइन बोर्ड भी नहीं लगाया गया था। इस नाले में एक 2.5 साल का बच्चा गिर गया और बच्चे को बचाने के लिए उसकी मां भी नाले में कूद गई। इस घटना में दोनों की जान चली गई। ये हादसा नहीं बल्कि हत्या है।''


01 Aug 2024, 1:08 PM

NDRF की करीब 14 टीमें हिमाचल में तैनात हैं, कुल्लू, मंडी, शिमला में बादल फटने की 3 घटनाएं सामने आई हैं- NDRF DIG मोहसिन शाहिदी

दिल्ली में NDRF DIG मोहसिन शाहिदी ने हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटना पर बताया, "NDRF की करीब 14 टीमें हिमाचल में तैनात हैं। कुल्लू, मंडी, शिमला में बादल फटने की 3 घटनाएं सामने आई हैं। आज सुबह ही हमारी 2 टीमें मंडी के लिए तैनात की गई है। कुल्लू में भी बचाव कार्य जारी है। रामपुर में भी बादल फटा है, वहां 6 लोगों को बचाया गया है। 3 लोगों की मृत्यु हुई है और 52 लोग लापता हैं।"

01 Aug 2024, 12:27 PM

चेन्नई तमिलनाडु: मुख्यमंत्री एम.के.स्टालिन ने चेन्नई सचिवालय से विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन किया


01 Aug 2024, 12:05 PM

राजस्थान के जयपुर में वीकेआई रोड के ध्वज नगर में बेसमेंट में पानी भरने पर अमित कुमार (डीसीपी वेस्ट) की प्रतिक्रिया

राजस्थान के जयपुर में वीकेआई रोड के ध्वज नगर में बेसमेंट में पानी भरने पर अमित कुमार (डीसीपी वेस्ट) ने कहा, "बेसमेंट में तीन लोगों के फंसे होने की खबर है,एक महिला, उसकी भांजी और एक व्यक्ति फंसे हैं। दिवार टूटने की वजह से पानी भरा जिससे उन्हें बाहर निकलने का समय नहीं मिला। हम उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं। पानी निकालने में एक-डेढ़ घंटा और समय लगेगा है। हम जल्दी उन्हें बचा लेंगे।"

01 Aug 2024, 11:43 AM

एक ही रेंज में 3-5 जगहों पर बादल फटे हैं, करीब 50 लोग लापता हैं, 2 शव बरामद हुए हैं- हिमाचल के सीएम सुक्खू

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "अभी हमारी बैठक हुई है, सुबह करीब 4:40 बजे एक ही रेंज में 3-5 जगहों पर बादल फटे हैं। लगभग 50 लोग लापता हैं, 2 शव बरामद हुए हैं। अगले 36 घंटों में भारी बारिश की संभावना है। सभी डिप्टी कमिश्नर को निर्देश दिए गए हैं, डिप्टी कमिश्नर, SDRF, NDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है।"


01 Aug 2024, 11:40 AM

दिल्ली: भारी बारिश के बाद दरियागंज में हैप्पी स्कूल की दीवार ढही खड़ी गाड़ी क्षतिग्रस्त

01 Aug 2024, 11:16 AM

कोटा के अंदर कोटा को मंजूरी, SC ने कहा, SC-ST के लिए बना सकते हैं सब-कैटेगरी, 2004 के फैसले को पलटा

सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति में कोटे में कोटे को मंजूरी दे दी है। अदालत ने कहा कि कोटे में कोटा असमानता के खिलाफ नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के 7 जजों की पीठ ने कहा है कि राज्य सरकार अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों में सब कैटेगरी बना सकती है, जिससे मूल और जरूरतमंद कैटेगरी को आरक्षण का अधिक फायदा मिलेगा।


01 Aug 2024, 10:30 AM

उत्तर प्रदेश: मेरठ में जिला अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की

01 Aug 2024, 10:29 AM

केरल के वायनाड में भूस्खलन प्रभावित इलाकों में खोज और बचाव अभियान जारी, अब तक 167 लगों की मौत


01 Aug 2024, 9:28 AM

हिमाचल प्रदेश: मंडी में भारी बारिश के कारण ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ा 

01 Aug 2024, 9:07 AM

हिमाचल प्रदेश में 3 जगहों पर बादल फटने से भारी तबाही, 35 लोग लापता, एक शव बरामद

हिमाचल प्रदेश में बारिश ने तबाही मचाई हुई है। कुल्लू के निरमंड ब्लॉक, कुल्लू के मलाणा और मंडी जिले में बादल फटे हैं। बादल फटने से भारी तबाही मची है। तीनों जगह पर करीब 35 लोग लापता हो गए हैं। मंडी में एक शव मिला है। यहां 35 लोग सुरक्षित बचाए गए हैं। बादल फटने की घटना के बाद मंडी के पधर के सभी स्कूल और शिक्षण संस्थान आज बंद कर दिए गए हैं।


01 Aug 2024, 8:24 AM

हिमाचल प्रदेश के मंडी के पधर उपमंडल के थल्टूखोड़ में बादल फटने से 9 लोग लापता, एक शव बरामद

हिमाचल प्रदेश के मंडी के पधर उपमंडल के थल्टूखोड़ में बादल फटने की घटना की सूचना मिली है। एक शव बरामद, 9 लोग लापता हैं। मकान भी क्षतिग्रस्त हो ग हैं। जिला प्रशासन और NDRF की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। यह जानकारी अपूर्व देवगन, डिप्टी कमिश्नर मंडी ने दी है।

01 Aug 2024, 8:22 AM

हिमाचल प्रदेश: शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के समेज खड्ड इलाके में बादल फटने के बाद 19 लोग लापता

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के समेज खड्ड इलाके में बादल फटने के बाद 19 लोग लापता हैं। एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। शिमला के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) अनुपम कश्यप ने यह जानकारी दी है।


01 Aug 2024, 8:20 AM

दिल्ली-NCR में भारी बारिश दर्ज की गई

पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित सलवान स्टेशन पर 31 जुलाई सुबह 8:30 बजे से आज सुबह 7:15 बजे तक 147.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में नोएडा सेक्टर 62 स्थित एनसीएमआरडब्ल्यूएफ स्टेशन पर 147.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

01 Aug 2024, 8:15 AM

केरल: वायनाड के भूस्खलन प्रभावित चूरलमाला में राहत और बचाव अभियान जारी, अब तक 167 लोगों की मौत


01 Aug 2024, 7:55 AM

दिल्ली में भारी बारिश से बढ़ी मुश्किलें, कई इलाकों में जलभराव, स्कूलों में छुट्टी घोषित

दिल्ली में भारी बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली के कई इलाकों में जलभारवा हो गया है। रातभर हुई बारिश की वजह से सरिता विहार, दरियागंज, प्रगति मैदान और आईटीओ समेत दिल्ली के कई इलाके दरिया बन गए। सड़कों पर पानी के कारण गाड़ियां रेंककर चलती हुई दिखाई दीं। बारिश से हालात खराब होने के चलते आज दिल्ली में स्कूलों की छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है। कुछ कॉलेज भी बंद रहेंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia