बड़ी खबर LIVE: महात्मा गांधी की विरासत को मिटाने के प्रयासों की कीमत बीजेपी को चुकानी पड़ेगीः कांग्रेस

तेलंगाना कांग्रेस ने मनरेगा के स्थान पर वीबी-जी राम जी विधेयक लाने के मोदी सरकार के फैसले के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदश अध्यक्ष बी महेश कुमार गौड़ ने कहा कि महात्मा गांधी की विरासत को मिटाने के प्रयासों के लिए बीजेपी को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

20 Dec 2025, 10:56 PM

दिल्ली में प्रदूषण का कहर जारी, कई इलाकों में AQI 400 के पार 

20 Dec 2025, 10:52 PM

कर्नाटकः कांग्रेस ने मनरेगा को हटाने और नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया

कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) योजना में बदलाव के विरोध में शनिवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के नेतृत्व में फ्रीडम पार्क में विरोध प्रदर्शन का आयोजन हुआ। इस प्रदर्शन में पार्टी के कई नेता और विधायक शामिल हुए।

शिवकुमार ने विरोध प्रदर्शन के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ता 'गांधी के भारत को गोडसे (नथुराम गोडसे) के भारत में परिवर्तित नहीं होने देंगे'। शिवकुमार ने कहा कि नाथूराम गोडसे की पार्टी (बीजेपी का जिक्र करते हुए) महात्मा गांधी का नाम मिटाने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने देश की एकता और स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।

20 Dec 2025, 10:50 PM

बांग्लादेश में हिंदू व्यक्ति की पीटकर हत्या करने के मामले में 10 लोग गिरफ्तार

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने शनिवार को कहा कि एक हिंदू व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मैमेनसिंह शहर में बृहस्पतिवार को कथित ईशनिंदा को लेकर भीड़ ने दीपू चंद्र दास (25) की पीटकर हत्या कर दी थी और शव को आग लगा दी थी।

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने ‘एक्स’ पर लिखा कि रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी) ने मामले में संदिग्ध के तौर पर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि आरएबी और पुलिस ने इन लोगों को गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग जगहों पर अभियान चलाया। विभिन्न स्थानों पर अभियानों के दौरान गिरफ्तारियां की गईं और गिरफ्तार लोगों की उम्र 19 से 46 साल के बीच है।


20 Dec 2025, 9:41 PM

तेलंगाना सरकार नफरत फैलाने वाले भाषणों के खिलाफ कानून बनाएगी: मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार जल्द ही घृणा फैलाने वाले भाषण के खिलाफ कानून बनाएगी। राज्य सरकार द्वारा आयोजित क्रिसमस समारोह में बोलते हुए उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने हाल ही में घृणा फैलाने वाला भाषण देने वाले को दंडित करने के लिए एक विधेयक पेश किया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम जल्द ही विधानसभा में घृणा फैलाने वाले भाषण पर कानून बनाएंगे।’’

20 Dec 2025, 9:40 PM

कोलकाता के कार्यक्रम में स्पर्श किये जाने से मेस्सी थे ‘नाखुश’ : गिरफ्तार मुख्य आयोजक

कोलकाता में 13 दिसंबर को लियोनेल मेस्सी के कार्यक्रम में मची हिंसा के सिलसिले में गिरफ्तार किये गये मुख्य आयोजक सताद्रु दत्ता ने जांचकर्ताओं को बताया है कि फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी सॉल्ट लेक स्टेडियम में अपनी उपस्थिति के दौरान ‘छूए जाने या गले लगने से नाखुश थे’ और निर्धारित समय तक से पहले ही चले गए थे। विशेष जांच दल (एसआईटी) के सूत्र ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सूत्र के अनुसार विशेष जांच दल (एसआईटी) के अधिकारियों द्वारा लंबी पूछताछ के दौरान, दत्ता ने कहा कि मेस्सी को ‘पीठ पर हाथ लगाना या गले लगना पसंद नहीं था’ और फुटबॉल खिलाड़ी की सुरक्षा से संबंधित विदेशी सुरक्षा अधिकारियों ने यह बात पहले ही बता दी थी। सूत्र के मुताबिक, दत्ता ने शुक्रवार को पूछताछ के दौरान जांचकर्ताओं को बताया, ‘‘संयत रहने के लिए बार-बार घोषणा किए जाने के बावजूद भीड़ पर कोई असर नहीं हुआ। जिस तरह से मेस्सी को लोगों ने घेर लिया और गले लगने लगे, वह विश्व कप विजेता फुटबॉल खिलाड़ी के लिए पूरी तरह से अस्वीकार्य था।’’


20 Dec 2025, 9:39 PM

अगस्ता वेस्टलैंड: अदालत ने ईडी मामले में मिशेल को रिहा करने का आदेश दिया

दिल्ली की एक अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर घोटाले से संबंधित धन शोधन मामले में क्रिश्चियन जेम्स मिशेल को हिरासत से रिहा करने का शनिवार को आदेश दिया। हालांकि, मिशेल जेल में ही रहेगा क्योंकि वह इस मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दायर भ्रष्टाचार के एक अलग मामले में भी आरोपी है।

ईडी द्वारा दायर मामले में मिशेल की रिहाई के अनुरोध वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए विशेष न्यायाधीश संजय जिंदल ने कहा कि उस पर धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत अपराध का आरोप है, जिसके लिए सात साल तक की कैद हो सकती है और वह पिछले सात वर्षों से हिरासत में हैं। अदालत ने कहा, "सीआरपीसी (दंड प्रक्रिया संहिता) की धारा 436ए के तहत एक प्रावधान के अनुसार उक्त आरोपी को रिहा किया जाना चाहिए और उसे इस मामले में 21 दिसंबर, 2025 के बाद हिरासत में नहीं रखा जा सकता है।"

20 Dec 2025, 9:36 PM

यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर रूसी हमले में आठ लोगों की मौत, 27 घायल

दक्षिणी यूक्रेन के ओडेसा में शुक्रवार देर रात बंदरगाह के बुनियादी ढांचे पर रूसी मिसाइल हमले में आठ लोग मारे गए और 27 घायल हो गए। यूक्रेन की आपातकालीन सेवा ने यह जानकारी दी। आपातकालीन सेवा ने ‘टेलीग्राम’ पर पोस्ट में बताया कि कुछ लोग बस पर हमले में घायल हुए। पार्किंग स्थल में ट्रकों में आग लग गई और अन्य गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। ओडेसा क्षेत्र के प्रमुख ओलेह किपर ने बताया कि बंदरगाह पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया।


20 Dec 2025, 8:45 PM

महात्मा गांधी की विरासत को मिटाने के प्रयासों की कीमत बीजेपी को चुकानी पड़ेगीः कांग्रेस

कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष बी महेश कुमार गौड़ ने शनिवार को कहा कि महात्मा गांधी की विरासत को मिटाने के प्रयासों के लिए बीजेपी को भविष्य में इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। गौड़ ने यह बात सिकंदराबाद में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने सत्तारूढ़ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान रही। यह विरोध प्रदर्शन केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) योजना के स्थान पर वीबी-जी राम जी विधेयक लाने के विरोध में किया गया था।

गौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों के बावजूद गांधीजी देशवासियों के दिलों में हमेशा बसे रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आज महात्मा गांधी को भुलाने, देश के इतिहास को फिर से लिखने और संविधान को पूरी तरह से बदलने के प्रयास किए जा रहे हैं। मोदी जी, यह एक धर्मनिरपेक्ष देश है। आपके ये प्रयास सफल नहीं होंगे।’’

20 Dec 2025, 8:00 PM

दिल्ली के प्रदूषण से बचने के लिए लोग हिल स्टेशनों की ओर भाग रहे, हिमाचल में उमड़ी भारी भीड़


20 Dec 2025, 7:58 PM

तेलंगाना कांग्रेस ने MGNREGA का नाम बदलने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया

20 Dec 2025, 6:24 PM

चार्जशीट के ज़रिए वे दिवंगत जुबीन गर्ग के कैरेक्टर को खराब करना चाहते हैंः गौरव गोगोई

जुबीन गर्ग की मौत के मामले में SIT की चार्जशीट पर असम कांग्रेस के अध्यक्ष और कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, "इस चार्जशीट के ज़रिए वे दिवंगत जुबीन गर्ग के कैरेक्टर को खराब करना चाहते हैं। आज जुबीन गर्ग की मौत के बाद लोग उन्हें और भी ज़्यादा याद कर रहे हैं... उन्होंने बीजेपी के कई सिद्धांतों का विरोध किया था... वे जुबीन गर्ग के लिए इंसाफ़ नहीं चाहते...।"


20 Dec 2025, 6:12 PM

शांति बिल को लेकर जयराम रमेश का केंद्र सरकार पर तंज, नाम बदलकर 'ट्रंप एक्ट' रख दो

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। इस बार उनका निशाना अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा हस्ताक्षरित नेशनल डिफेंस ऑथराइजेशन एक्ट (एनडीएए) 2026 और भारत में हाल ही में पारित शांति विधेयक पर है। जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में अमेरिका के वित्तीय वर्ष 2026 के लिए नेशनल डिफेंस ऑथराइजेशन एक्ट पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। यह कानून करीब 3,100 पन्नों का है और इसके पेज नंबर 1,912 पर अमेरिका और भारत के बीच न्यूक्लियर लाइबिलिटी नियमों को लेकर संयुक्त आकलन का उल्लेख किया गया है। उन्होंने दावा किया कि अब यह साफ हो गया है कि प्रधानमंत्री मोदी ने इसी सप्ताह संसद में जल्दबाजी में शांति बिल क्यों पारित कराया।

जयराम रमेश के अनुसार, इस विधेयक के जरिए सिविल लाइबिलिटी फॉर न्यूक्लियर डैमेज एक्ट, 2010 के कई अहम प्रावधानों को हटा दिया गया है, जबकि यह कानून उस समय संसद ने सर्वसम्मति से पास किया था। कांग्रेस नेता का आरोप है कि शांति बिल को संसद में पारित कराने का मकसद अमेरिका के साथ न्यूक्लियर सहयोग को लेकर पुराने रिश्तों को दोबारा मजबूत करना था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री मोदी और उनके कभी अच्छे दोस्त रहे ट्रंप के रिश्तों को फिर से पटरी पर लाने के लिए उठाया गया है।

जयराम रमेश ने शांति कानून का नाम बदलकर इसे 'ट्रंप एक्ट' कहने की बात भी कही। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि शांति का पूरा नाम अब 'रिएक्टर उपयोग और प्रबंधन वादा अधिनियम (ट्रंप अधिनियम)' होना चाहिए। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि न्यूक्लियर दायित्व से जुड़े प्रावधानों में बदलाव से भारत की जवाबदेही और सुरक्षा ढांचे पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। सरकार ने बिना पर्याप्त बहस और पारदर्शिता के यह फैसला किया जो राष्ट्रीय हितों के लिहाज से चिंताजनक है। कांग्रेस नेता ने अमेरिका के आधिकारिक दस्तावेज का लिंक भी साझा किया और कहा कि अब तथ्यों के आधार पर यह साफ है कि शांति बिल के पीछे अंतरराष्ट्रीय दबाव और समझौते की भूमिका रही है।

20 Dec 2025, 5:37 PM

लालू यादव की आंखों की सफल सर्जरी हुई, मोतियाबिंद और रेटिना का इलाज हुआ

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की शनिवार को नई दिल्ली के एक अस्पताल में मोतियाबिंद और रेटिना की सफल सर्जरी हुई। उनके परिवार के सदस्यों और डॉक्टरों ने यह जानकारी दी। लालू यादव की बेटी मीसा भारती ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बताया कि यह प्रक्रिया आसानी से पूरी हुई। उनकी हालत स्थिर और ठीक है, वे तेजी से ठीक हो रहे हैं। आरजेडी सुप्रीमो की यह सर्जरी नेत्र रोग विशेषज्ञ और सेंटर फॉर साइट ग्रुप ऑफ आई हॉस्पिटल्स के चेयरमैन और मेडिकल डायरेक्टर डॉ. महिपाल सिंह सचदेव की देखरेख में की गई। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, मोतियाबिंद और रेटिना की संयुक्त प्रक्रिया बिना किसी जटिलता के पूरी की गई। डॉ. सचदेव ने बताया कि लालू प्रसाद यादव की पहले से तय मोतियाबिंद और रेटिना की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। आज की उन्नत नेत्र विज्ञान तकनीकों और बेहतर सर्जिकल तकनीकों के साथ होती हैं। उन्होंने इलाज पर अच्छी प्रतिक्रिया दी है और उम्मीद है कि रूटीन पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल और फॉलो-अप के साथ वे आसानी से और तेजी से ठीक हो जाएंगे। सर्जरी के बाद लालू प्रसाद यादव को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।


20 Dec 2025, 5:35 PM

वायरल वीडियो पर जीतन राम मांझी ने दी सफाई, कहा -'री-काउंटिंग की बात कही थी'

हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शनिवार को अपने एक वायरल वीडियो को लेकर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ री-काउंटिंग के बारे में बात की थी। पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि वीडियो को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है और उनके बयान का अर्थ तोड़-मरोड़कर जनता के सामने रखा गया है। उन्होंने साफ कहा कि वे केवल चुनाव प्रक्रिया के दौरान री-काउंटिंग की बात कर रहे थे, न कि किसी प्रकार की चुनावी हेराफेरी की। मांझी ने उदाहरण के तौर पर 2020 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनके प्रत्याशी लगभग 2700 वोटों से चुनाव हार गए थे। इसके बाद नियम के मुताबिक उन्होंने अधिकारियों से री-काउंटिंग की मांग की थी, जिसे अधिकारियों ने मान लिया और नतीजा उनके पक्ष में आया था।

20 Dec 2025, 5:33 PM

लाहौर जा रही पीआईए की फ्लाइट ने सऊदी अरब में की आपात लैंडिंग

सऊदी अरब के जेद्दा से लाहौर जा रही पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) की एक फ्लाइट को तकनीकी चेतावनी मिलने के बाद आपात स्थिति में सऊदी अरब में ही लैंड कराना पड़ा। उड़ान के दौरान ऑक्सीजन मास्क खुलने से विमान में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इनमें दर्जनों उमरा तीर्थयात्री भी शामिल थे। स्थानीय मीडिया ने शनिवार को यह जानकारी दी। पीआईए के प्रवक्ता के अनुसार, फ्लाइट पीके-860 को रात करीब 8 बजे लाहौर पहुंचना था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण विमान को दम्माम के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। इस विमान में कुल 381 यात्री सवार थे।


20 Dec 2025, 5:32 PM

अखिलेश यादव ने सेना में अहीर रेजिमेंट बनाने और यूपी में सैन्य स्कूल खोलने की मांग की

समाजवादी पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को भारतीय सेना में अहीर रेजिमेंट बनाने की अपनी पुरानी मांग को दोहराया और कहा कि यह समुदाय के सैनिकों की बहादुरी एवं बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यादव ने कई पूर्व सैनिकों को सम्मानित करने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि अहीर रेजिमेंट की मांग नई नहीं है और इसे पहले भी पार्टी के घोषणापत्र में शामिल किया गया था। जिन पूर्व सैनिकों को इस कार्यकम में सम्मनित किया गया उनमें 1962 के युद्ध में लड़ने वाले जवान भी शामिल थे।

उन्होंने कहा, “आज (शनिवार को) जब हम इन बहादुर सैनिकों का सम्मान कर रहे हैं, जिन्होंने देश और उसकी जमीन की रक्षा के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना लड़ाई लड़ी, तो हम उनके सम्मान और रेजिमेंट के सम्मान के लिए सेना में अहीर रेजिमेंट की मांग को भी फिर से दोहराते हैं।” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर दूसरी रेजिमेंट बनाने की भी मांगें हैं, तो उन्हें भी आगे आना चाहिए।

20 Dec 2025, 4:46 PM

जी राम जी विधेयक: उमर ने गांधी का नाम हटाने पर सवाल उठाया

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा कि "संशोधित मनरेगा विधेयक" नुकसानदायक है क्योंकि केंद्र सरकार ने इस योजना का बोझ राज्यों पर डाल दिया है। अब्दुल्ला ने पत्रकारों से बात करते हुए नये विधेयक के नाम- ‘विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) विधेयक’ - को लेकर केंद्र सरकार पर तंज कसा और इसकी तुलना 'जी मम्मी जी' नाम की एक बॉलीवुड फिल्म से की।

उन्होंने कहा, ‘‘यह नाम कहां से आया? मै माफी चाहता हूं, लेकिन उन्हें किसी विधेयक का नाम सोच-समझकर ही रखना चाहिए। यह मुझे एक पुरानी बॉलीवुड फिल्म 'जी मम्मी जी' की याद दिलाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘शायद, कई लोगों ने वह फिल्म नहीं देखी होगी, लेकिन मेरे भांजे ने देखी है। 'जी राम जी। क्या यह किसी विधेयक का नाम है?’’

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस योजना से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाना गलत था।उन्होंने कहा, ‘‘पहले आपने महात्मा गांधी का नाम हटा दिया, जो गलत है। फिर, आपने इस योजना का बोझ राज्यों पर डाल दिया है। इस विधेयक में कई बदलाव हैं जो हमारे जैसे राज्यों को नुकसान पहुंचाएंगे और हमें फायदा नहीं होगा।’’


20 Dec 2025, 4:42 PM

CJI सूर्यकांत ने छुट्टियों के दौरान अर्जेंट मामलों की सुनवाई के लिए एक स्पेशल वेकेशन बेंच बनाई

20 Dec 2025, 3:33 PM

'रोज़गार का हक़ छीना गया, संघर्ष जारी रहेगा', मनरेगा का नाम बदलने पर बोलीं सोनिया गांधी


20 Dec 2025, 3:12 PM

पटना, बिहार- ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत की टीम में वापसी पर भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं।"

20 Dec 2025, 2:19 PM

T20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान, गिल बाहर, अक्षर पटेल उप-कप्तान

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी, जबकि हालिया खराब फॉर्म के कारण शुभमन गिल को टीम में जगह नहीं मिली है। टीम के उपकप्तान के रूप में अक्षर पटेल को चुना गया है। 15 सदस्यीय भारतीय टीम में ईशान किशन और रिंकू सिंह को भी शामिल किया गया है।

टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर और ईशान किशन

बड़ी खबर LIVE: महात्मा गांधी की विरासत को मिटाने के प्रयासों की कीमत बीजेपी को चुकानी पड़ेगीः कांग्रेस

20 Dec 2025, 2:03 PM

आगामी ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की टीम की घोषणा के लिए सिलेक्शन कमेटी की मीटिंग BCCI मुख्यालय में चल रही है।

20 Dec 2025, 11:56 AM

इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17 साल की सजा, तोशाखाना-2 केस में पाक कोर्ट का फैसला

पाकिस्तान की फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एफआईए) की एक स्पेशल कोर्ट ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को तोशाखाना-2 केस में 17 साल की जेल की सज़ा सुनाई है।


20 Dec 2025, 11:46 AM

दिल्ली के घर से 40 लाख रुपये की चोरी के आरोप में घरेलू सहायक गिरफ्तार

श्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में एक घर से 40 लाख रुपये नकद चोरी करने के आरोप में वहां काम करने वाले एक घरेलू सहायक को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को उसके नियोक्ता ने अपने पिता की देखभाल के लिए रखा था और उसने चोरी से मात्र 15 दिन पहले ही काम करना शुरू किया था।

उसने बताया कि चोरी के संबंध में 29 नवंबर को शिकायत मिली थी, जिसके बाद 30 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

20 Dec 2025, 11:13 AM

दार्जिलिंग- नक्सलबाड़ी में जबरा डिवीजन चाय बागान से एक तेंदुए को पकड़ा गया।


20 Dec 2025, 10:37 AM

इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर आज के लिए 66 अराइवल और 63 डिपार्चर कैंसिल कर दिए गए हैं: IGI एयरपोर्ट

20 Dec 2025, 10:09 AM

श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर: कश्मीर घाटी में ठंड की लहर जारी रहने के कारण श्रीनगर शहर और डल झील घने कोहरे की चपेट में आ गए हैं।


20 Dec 2025, 9:15 AM

असम में बड़ा रेल हादसा, राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 8 हाथियों की मौत, पांच डिब्बे पटरी से उतरे

असम के होजाई में हाथियों के एक झुंड की सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से टक्कर हो जाने के बाद कम से कम आठ हाथियों की मौत हो गई, जिससे रेल सेवाएं बाधित हो गईं।

20 Dec 2025, 8:11 AM

उत्तर प्रदेश- आज सुबह आगरा शहर घने कोहरे की चादर से ढक गया 


20 Dec 2025, 8:10 AM

उत्तर प्रदेश - ठंड की लहर के कारण मुरादाबाद शहर कोहरे की चादर से ढक गया  

20 Dec 2025, 7:53 AM

दिल्ली में हर तरफ धुंआ ही धुआं, राजधानी का AQI 500 के पार

कोहरे और प्रदूषण दोनों की मार झेल रही राजधानी दिल्ली को अब ठंड ने भी घेर लिया है। शनिवार 20 दिसंबर की सुबह अचानक मौसम ने अचानक करवट ली है, जहां कड़ाके की ठंड, बर्फीली हवाओं और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी है। तापमान में गिरावट के साथ प्रदूषण भी गंभीर स्तर पर है। दिल्ली का AQI 500 के पार

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia