बड़ी खबर LIVE: मुंबई के अंधेरी क्षेत्र में रासायनिक रिसाव, जहरीले धुएं के कारण एक की मौत, दो अस्पताल में भर्ती
मुंबई के अंधेरी औद्योगिक क्षेत्र में रासायनिक रिसाव के कारण बड़ा हादसा हुआ। रिसाव के बाद जहरीले धुएं के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कांग्रेस ने विनय कुमार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 3.3 तीव्रता का भूकंप आया
बांग्लादेश की राजधानी ढाका के निकट एक उपनगर में शनिवार को 3.3 तीव्रता का भूकंप आया। ढाका के बाहरी इलाके सावर के अशुलिया में आये इस भूकंप से पहले शुक्रवार को 5.7 तीव्रता का भूकंप आया था। शुक्रवार को आए भूकंप ने ढाका और देश के कई हिस्सों को हिलाकर रख दिया था।
सरकारी समाचार एजेंसी बांग्लादेश संगबाद संस्था (बीएसएस) न्यूज ने बांग्लादेश मौसम विज्ञान विभाग (बीएमडी) के हवाले से कहा कि भूकंप पूर्वाह्न लगभग 10:36 बजे आया और इसका केंद्र ढाका के अगरगांव में बीएमडी भूकंपीय केंद्र से 29 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में बैपाय्ल था।शुक्रवार को आए भूकंप में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गयी तथा सौ से अधिक घायल हो गए। विशेषज्ञ काफी समय से कहते रहे हैं कि बांग्लादेश में बड़े भूकंप का खतरा अधिक है क्योंकि यह सक्रिय टेक्टोनिक प्लेट सीमाओं पर स्थित है।
महाराष्ट्र में एमयूवी पलटने से तीन महिलाओं की मौत, 10 यात्री घायल
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में शनिवार को एक चार पहिया वाहन का टायर फटने और उसके पलट जाने से तीन महिलाओं की मौत हो गई तथा 10 अन्य यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 11.30 बजे शिवरी फाटा इलाके में हुआ।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यात्रियों को लेकर जा रहा एक 'मल्टी-यूटिलिटी' वाहन (एमयूवी) सोलापुर जिले से धाराशिव के नालदुर्ग स्थित एक मंदिर की ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि टायर फटने के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह (वाहन) सड़क के डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया।
उन्होंने बताया कि हादसे में सोलापुर के उले गांव की तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य यात्री घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को उपचार के लिए सोलापुर भेजा गया है।अधिकारी ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
मुंबई के अंधेरी क्षेत्र में रासायनिक रिसाव, जहरीले धुएं के कारण एक व्यक्ति की मौत, दो अस्पताल में भर्ती
मुंबई के अंधेरी औद्योगिक क्षेत्र में रासायनिक रिसाव के कारण बड़ा हादसा हुआ। रिसाव के बाद जहरीले धुएं के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
SIR की वजह से और कितनी जानें जाएंगी? BLO के आत्महत्या करने पर ममता बनर्जी ने पूछा
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बीच एक और बूथ-लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीएलओ के सुसाइड पर चुनाव आयोग की आलोचना की। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 'एक्स' पर लिखा, "कृष्णानगर में एक और बीएलओ, एक महिला शिक्षक की मौत की खबर सुनकर बहुत सदमा लगा। विधानसभा क्षेत्र छपरा (82) में बीएलओ रिंकू तरफदार ने अपने घर पर आत्महत्या करने से पहले अपने सुसाइड नोट में चुनाव आयोग को दोषी ठहराया है।"
इसके बाद, मुख्यमंत्री ने पूछा कि एसआईआर की वजह से पश्चिम बंगाल में और कितनी जानें जाएंगी। ममता बनर्जी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "और कितनी जानें जाएंगी? एसआईआर के लिए और कितने लोगों को मरना होगा? इस प्रोसेस के लिए हमें और कितनी लाशें देखनी पड़ेंगी? यह अब सच में बहुत चिंता की बात हो गई है।"
दावा है कि नादिया जिले की बीएलओ रिंकू तरफदार ने कथित तौर पर राज्य में एसआईआर से जुड़े काम के दबाव के कारण आत्महत्या की। अपने सुसाइड नोट में रिंकू तरफदार ने कथित तौर पर अपनी चिंता जताई थी कि अगर उन्होंने बीएलओ का काम पूरा नहीं किया तो उन पर प्रशासनिक दबाव आएगा। पुलिस के मुताबिक, महिला बीएलओ ने सुसाइड नोट में लिखा था, "मैं प्रेशर नहीं झेल सकती।"
इस हफ्ते पश्चिम बंगाल में एसआईआर से जुड़ी आत्महत्या की यह दूसरी घटना है। इससे पहले जलपाईगुड़ी में शांति मुनि एक्का नाम की एक और महिला बीएलओ ने कथित तौर पर आत्महत्या की थी। यह घटना जलपाईगुड़ी के माल बाजार इलाके में हुई। एक्का की मौत के बाद भी मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग की आलोचना की थी। वहीं, परिवार ने आरोप लगाया कि उसने अपनी जान देने का फैसला इसलिए किया, क्योंकि वह एसआईआर के काम का दबाव नहीं झेल पा रही थी।
देश को पता चल गया कि बीजेपी, चुनाव आयोग के साथ मिलकर चुनाव के नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश कर रही हैः दीपेंद्र हुड्डा
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "आज देश को यह एहसास हो गया है कि बीजेपी, चुनाव आयोग के साथ मिलकर, हर मुमकिन तरीके से चुनाव के नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। बीजेपी ने करप्शन से हासिल की गई अपनी मनी पावर का बहुत ज़्यादा गलत इस्तेमाल किया है। यह डेमोक्रेसी के लिए अच्छा नहीं है। हमारी लड़ाई डेमोक्रेसी को बचाने की है। डेमोक्रेसी तभी बचेगी जब सभी को बराबर मौके मिलेंगे। अगर इलेक्शन कमीशन बीजेपी के साथ पक्षपाती रहा तो भविष्य में क्या होगा? हम इन मुद्दों को लेकर 14 तारीख को दिल्ली में एक रैली करेंगे, और आज रेवाड़ी में भी एक प्रदर्शन किया गया।
आपके पास वोट, मेरे पास पैसा, अगर आप नकारेंगे तो मैं भी नकार दूंगाः अजित पवार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने पुणे जिले के मालेगांव में मतदाताओं से कहा है कि अगर वे उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को चुनेंगे तो वह सुनिश्चित करेंगे कि शहर के लिए धन की कोई कमी न हो। पवार ने साथ ही कहा कि लेकिन यदि मतदाता उनके उम्मीदवारों को अस्वीकार करते हैं तो वह (पवार) भी धन मुहैया नहीं कराएंगे।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पवार ने शुक्रवार को बारामती तहसील में मालेगांव नगर पंचायत के चुनाव के लिए प्रचार करने के दौरान यह बात कही। पवार बीजेपी-एनसीपी-शिवसेना की गठबंधन सरकार में वित्त मंत्रालय संभाल रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने मतदाताओं से कहा, ‘‘अगर आप राकांपा के सभी 18 उम्मीदवारों को चुनते हैं, तो मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि धन की कोई कमी न हो। अगर आप सभी 18 उम्मीदवारों को चुनते हैं, तो मैं अपना वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। लेकिन, अगर आप मना करोगे तो मैं भी मना कर दूंगा। आपके पास वोट हैं, मेरे पास विकास कार्य के लिए पैसा है।’’
भीलवाड़ा में अवैध बजरी खनन के दौरान हादसा, दो मजदूरों की मौत
भीलवाड़ा जिले में कोठारी नदी के किनारे अवैध रूप से बजरी निकालने के दौरान मिट्टी ढह जाने से दो मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा सदर थाना क्षेत्र में कामधेनु बालाजी मंदिर के पास उस समय हुआ, जब कुछ मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बजरी लेने पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि खुदाई के दौरान बजरी का बड़ा टीला अचानक धंस गया, जिससे दो मजदूर दीपू सिंह और पूरन बागरिया मलबे में दब गए।
सूचना मिलते ही सदर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से लगभग आधे घंटे की कोशिश के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। सदर थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई ने बताया कि मजदूर तड़के अवैध बजरी खनन के लिए नदी पर गए थे, तभी यह हादसा हुआ।
नाइजीरिया के कैथोलिक स्कूल पर हमले में 300 से अधिक बच्चों का अपहरण
नाइजीरिया के नाइजर में बंदूकधारियों ने एक कैथोलिक संस्थान पर शुक्रवार को हमला कर 303 स्कूली छात्रों और 12 अध्यापकों का अपहरण कर लिया। देश के ‘क्रिश्चियन एसोसिएशन ऑफ नाइजीरिया’ (सीएएन) ने यह जानकारी दी। सीएएन ने पहले बताया था कि 215 छात्रों का अपहरण किया गया है। सीएएन की नाइजर राज्य शाखा के अध्यक्ष ‘मोस्ट रेवरेंड’ बुलुस दाऊवा योहाना के अनुसार, ‘‘सत्यापन प्रक्रिया और अंतिम गणना के बाद’’ संख्या में बदलाव किया गया। योहाना ने शुक्रवार को स्कूल का दौरा किया था।
उन्होंने बताया कि हमले के दौरान 88 अन्य छात्रों को ‘‘भागने की कोशिश करते समय पकड़ लिया गया।’’ इनमें लड़के और लड़कियां शामिल हैं और उनकी उम्र 10 से 18 साल के बीच है।हमला और अपहरण की यह घटना ‘सेंट मैरीज स्कूल’ में हुई, जो अग्वारा स्थानीय सरकार के पापिरी समुदाय में स्थित एक कैथोलिक संस्थान है। नाइजर राज्य पुलिस कमान ने कहा कि अपहरण की घटना तड़के हुई और उसके बाद से इलाके में सेना एवं सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। उसने बताया कि सेंट मैरीज एक माध्यमिक विद्यालय है।
ब्राज़ील के पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो को गिरफ़्तार किया गया
ब्राज़ील में पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो को गिरफ़्तार किया गया है।
वाराणसी जिला प्रशासन ने सड़क विस्तार के लिए दालमंडी मार्केट में तोड़फोड़ अभियान चलाय
कर्नाटक के CM सिद्धारमैया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी
दिल्ली: म्यांमार स्कैम सेंटर में युवाओं की ट्रैफिकिंग में दो गिरफ्तार
मुंबई, महाराष्ट्र: मुंबई में माहिम स्टेशन के पास आग लगने से 8-10 घरों को काफी नुकसान हुआ
प्रयागराज- उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने संगम पर पूजा की और माघ मेले की तैयारियों का रिव्यू किया
दिल्ली में पकड़ा गया PAK से भेजे गए हथियारों का जखीरा, इस गैंग को होनी थीं सप्लाई
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी करने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजे गए अत्याधुनिक हथियारों की सप्लाई कुख्यात गैंगस्टरों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, इन हथियारों की खेप पंजाब के रास्ते भारत लाई गई थी और इसे लॉरेश बिश्नोई, बमबीहा, गोगी और हिमांशु भाऊ गैंग तक सप्लाई किया जाना था।
J&K - जम्मू के बिश्नाह कस्बे में ड्रग तस्कर के भाई का घर गिरा दिया गया
पूर्व विश्व चैंपियन गोलोवकिन वर्ल्ड बॉक्सिंग के नए अध्यक्ष बने
पूर्व विश्व चैंपियन गेनाडी गोलोवकिन विश्व मुक्केबाजी की सर्वोच्च संस्था वर्ल्ड बॉक्सिंग के नए अध्यक्ष चुने गए हैं।
कजाकिस्तान के रहने वाले गोलोवकिन को वर्ल्ड बॉक्सिंग के अध्यक्ष पद के लिए यूनान के हरिलाओस मारिओलिस के खिलाफ चुनाव लड़ने की उम्मीद थी, लेकिन संगठन ने शुक्रवार को कहा कि जांच प्रक्रिया के बाद वह एकमात्र योग्य उम्मीदवार पाए गए हैं।
गोलोवकिन ने एक प्रतिनिधि के माध्यम से जारी बयान में कहा, ‘‘मुझे सूचित किया गया है कि अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल एकमात्र अन्य उम्मीदवार को अयोग्य घोषित कर दिया गया है।’’
फरीदाबाद, हरियाणा- फरीदाबाद पुलिस ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी के पास धौज गांव में सर्च ऑपरेशन चलाया
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में खाई में गिरने से सेना के जेसीओ की मौत
जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में सेना के एक ‘जूनियर कमीशन्ड अधिकारी’ (जेसीओ) की गलती से फिसलकर गहरी खाई गिर जाने से मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सूबेदार शुक्रवार शाम को बेहरामगल्ला के सेरी मस्तान इलाके में एक तलाश अभियान दल का नेतृत्व कर रहे थे तभी एक खड़ी ढलान पर चढ़ते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में गिर गए।
उन्होंने बताया कि सेना के जवानों ने राहत अभियान शुरू किया और जेसीओ को मृत पाया।
अधिकारियों ने बताया कि कानूनी और चिकित्सीय औपचारिकता पूरी होने के बाद जेसीओ के शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह नगर भिजवाया गया है।
आज सुबह पंजाबी बाग इलाके के आस-पास के नज़ारे
दिल्ली: आज सुबह इंडिया गेट के आस-पास के इलाके की तस्वीरें, जब शहर पर ज़हरीले स्मॉग की एक परत छाई हुई है।
दिल्ली में सुबह से धुंध की चादर, आनंद विहार इलाके में 370 पहुंचा AQI
दिल्ली में सुबह से धुंध की चादर, अक्षरधाम इलाके में 422 पहुंचा AQI, सांस लेना मुश्किल
दिल्ली के अक्षरधाम और आसपास के इलाकों से ली गई तस्वीरें, जहां शहर में ज़हरीली धुंध की चादर छाई हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, इलाके में AQI (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 422 है, जिसे ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा गया है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia