बड़ी खबर LIVE: पटना में BPSC के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

बीपीएससी की 70वीं प्रारंभिक परीक्षा को रद्द कराने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में आंदोलन कर रहे छात्रों पर आज पटना पुलिस का कहर टूटा है। गांधीवादी तरीके से हाथ जोड़कर धरना स्थल पर बैठे छात्रों पर पुलिस ने बर्बर तरीके से लाठीचार्ज किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

25 Dec 2024, 10:54 PM

प्रख्यात मलयालम लेखक एम टी वासुदेवन नायर का निधन, केरल सरकार ने राजकीय शोक की घोषणा की

प्रसिद्ध मलयालम लेखक एवं ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित एम. टी. वासुदेवन नायर का निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे। अस्पताल से जुड़े सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अस्पताल के एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘एमटी का निधन हो गया।’’ उन्होंने और कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के कार्यालय ने एमटी के निधन की सूचना मिलने की पुष्टि की है। उन्हें पिछले सप्ताह अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसके बाद से ही वह हृदय रोग विशेषज्ञों और गहन देखभाल विशेषज्ञों सहित डॉक्टरों की एक टीम की देखरेख में थे।

25 Dec 2024, 10:53 PM

कपिल सांगवान गैंग के मुख्य सदस्य आशीष राठी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया, एक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद

25 Dec 2024, 10:24 PM

मुंबई के वाशी में एक निर्माणाधीन सोसायटी में आग लगी, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची


25 Dec 2024, 10:22 PM

BPSC के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर केस दर्ज करेगी पटना पुलिस

25 Dec 2024, 9:57 PM

संभल में ASI टीम और प्रशासन ने फिरोजपुर किले में चोर कुवा क्षेत्र का दौरा और निरीक्षण किया


25 Dec 2024, 9:37 PM

BJD प्रमुख नवीन पटनायक ने क्रिसमस के अवसर पर आज भुवनेश्वर में एक चर्च का दौरा किया

25 Dec 2024, 8:56 PM

मुंबई के नागपाड़ा इलाके में पानी की टंकी टूटने से मलबे में दबकर नाबालिग लड़की की मौत, तीन अन्य लोग घायल

मुंबई के नागपाड़ा इलाके में आरसीसी पानी की टंकी टूटने से मलबे में दबकर नाबालिग लड़की की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए।


25 Dec 2024, 8:55 PM

तीन स्तरीय जांच के बाद ही मिलेगा महाकुम्भ मेला क्षेत्र में प्रवेश

नये साल को लेकर प्रयागराज के मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसी के साथ महाकुम्भ मेला क्षेत्र, प्रयागराज और आसपास के जिलों में खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुम्भ) राजेश द्विवेदी ने बताया कि गलत इरादों को लेकर यहां कोई भी प्रवेश ना कर सके, इसके लिए जनपद प्रवेश के दौरान एक-एक व्यक्ति की जांच की व्यवस्था की गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए खुफिया दस्ते तैनात कर दिए गए हैं।

द्विवेदी ने बताया है कि मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि महाकुम्भ, प्रयागराज और आसपास के जिलों में तीन स्तरीय सुरक्षा तंत्र लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर कई जांच केंद्र बनाए हैं। उन्होंने बताया कि दुनिया के सबसे बड़े सांस्कृतिक आयोजन में एआई कैमरों का इस्तेमाल शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा ड्रोन, एंटी ड्रोन और ‘टीथर्ड’ ड्रोन अपने स्तर पर अलग अलग मोर्चे पर तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की साइबर सुरक्षा का भी विशेष इंतजाम किया गया है।

25 Dec 2024, 8:27 PM

मुश्ताक खान और सुनील पाल अपहरण केस में अंतिम वांछित आरोपी ने बिजनौर में आत्मसमर्पण किया

अभिनेता मुश्ताक खान और हास्य कलाकार सुनील पाल के अपहरण में शामिल गिरोह के अंतिम वांछित सदस्य ने बुधवार को बिजनौर के एक थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी शुभम अपनी मां के साथ आत्मसमर्पण करने के लिए आया था। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव बाजपेयी ने कहा, "बिजनौर में अभिनेता मुश्ताक खान और मेरठ में कॉमेडियन सुनील पाल के अपहरण मामलों में वांछित शुभम ने अपनी मां के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। उस पर दोनों जिलों में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।" उन्होंने कहा, "उससे पूछताछ की जाएगी और उसे अदालत में पेश किया जाएगा।"

थानाध्यक्ष उदय प्रताप ने कहा कि शुभम की मां ने थाने में अपने बेटे की जान बख्शने की अपील की और आत्मसमर्पण के दौरान उसके साथ रही। पुलिस के अनुसार ‘हाई-प्रोफाइल’ अपहरण के लिए जिम्मेदार गिरोह में 10 सदस्य शामिल थे। पुलिस के अनुसार इनमें से नौ को बिजनौर पुलिस ने गिरफ्तार किया, जबकि 10वें अर्जुन कर्णवाल को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने संवाददाताओं को बताया कि 15 अक्टूबर को मुख्य आरोपी लवी उर्फ ​​राहुल सैनी ने फिल्म अभिनेता मुश्ताक खान को 20 नवंबर को मेरठ में एक कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया था जिसमें अग्रिम भुगतान के रूप में 25,000 रुपये और एक हवाई जहाज का टिकट देने की पेशकश की गई थी।

उन्होंने कहा, "20 नवंबर को मुश्ताक खान को दिल्ली हवाई अड्डे से एक कार बैठाया गया और बिजनौर लाया गया, जहां उसे लवी पाल के चाहशीरी स्थित एक घर में बंधक बना लिया गया।" उन्होंने कहा कि मुश्ताक किसी तरह एक दिन बाद भागने में सफल रहा। उन्होंने बताया कि इसी तरह पुलिस के अनुसार सुनील पाल को भी दो दिसंबर को एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के बहाने बुलाकर कथित रूप से अगवा कर लिया गया था।

अपहरणकर्ताओं ने उन्हें करीब 24 घंटे तक बंधक बनाए रखा और आठ लाख रुपये की फिरौती वसूलने के बाद ही छोड़ा। इसके बाद सुनील की पत्नी ने मुंबई में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कराई, जिसे बाद में मेरठ के लाल कुर्ती पुलिस थाने में स्थानांतरित कर दिया गया और स्थानीय पुलिस ने दावों की जांच शुरू कर दी।


25 Dec 2024, 8:02 PM

मणिपुरः इंफाल घाटी के सीमांत गांव में सशस्त्र गुटों के बीच गोलीबारी

मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में बुधवार सुबह दो सशस्त्र समूहों के बीच गोलीबारी हुई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हथियारबंद लोगों ने कांगपोकपी जिले की पहाड़ियों से सिनम कोम गांव को निशाना बनाकर गोलीबारी की। उसने बताया कि तलहटी में तैनात हथियारबंद ‘ग्रामीण स्वयंसेवकों’ ने जवाबी कार्रवाई की।

पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। उसने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। उसने बताया कि मंगलवार रात को इंफाल पूर्व में थाम्नापोकपी और निकटवर्ती उयोक चिंग में सशस्त्र लोगों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी हुई। मेइती और कुकी समुदायों के लोगों के बीच तीन मई, 2023 को शुरू हुए जातीय संघर्ष के कारण अब तक 250 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

25 Dec 2024, 7:59 PM

क्रिसमस के अवसर पर लोग दिल्ली के सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल चर्च में प्रार्थना की और मोमबत्तियां जलाईं


25 Dec 2024, 7:57 PM

बेलगावी में 100 साल बाद एक बार फिर कांग्रेस एक नए सत्याग्रह के लिए एकजुट होगीः रणदीप सुरजेवाला

कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि देश की आजादी के इतिहास में 26 दिसंबर 1924 को ऐसे दिन के रूप में याद किया जाएगा, जहां से कांग्रेस ने ब्रिटिश सरकार को उखाड़ फेंकने, लोगों को समानता का अधिकार दिलाने के लिए महात्मा गांधी जी के नेतृत्व में स्वतंत्रता संग्राम का एक नया चरण शुरू किया था। जब ईस्ट इंडिया कंपनी द्वारा देश की सारी संपत्ति चंद हाथों में सौंप दी गई थी, तब महात्मा गांधी जी ने बेलगावी की धरती से सत्याग्रह की शुरुआत की थी। 100 साल बाद एक बार फिर कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे और नेता विपक्ष श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी एक नए सत्याग्रह के लिए एकजुट होगी।

25 Dec 2024, 7:55 PM

हमारा लक्ष्य गांधी जी की शिक्षा, उनकी सोच और विचारधारा को देश के गांव-गांव तक पहुंचाना हैः नासिर हुसैन

कांग्रेस सांसद नासिर हुसैन ने कहा कि 26 दिसंबर 1924 को महात्मा गांधी जी बेलगावी कांग्रेस अधिवेशन में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष बने थे। यह हमारे स्वतंत्रता आंदोलन का एक महत्वपूर्ण क्षण था। हम उस पल को याद करना चाहते हैं। हमारा लक्ष्य गांधी जी की शिक्षा, उनकी सोच और विचारधारा को देश के गांव-गांव तक पहुंचाना है।


25 Dec 2024, 7:52 PM

दिल्ली प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने केजरीवाल के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज कराने के लिए दी शिकायत

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा, "हम आज संसद मार्ग थाने में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज कराने आए हैं। वह कह रहे हैं कि वह महिलाओं को 2100 रुपए देंगे। जब दिल्ली सरकार का महिला एवं बाल कल्याण विभाग कह रहा है कि हमारे पास ऐसी कोई योजना नहीं है...जब आपके अधिकारी आपकी बात नहीं सुन रहे हैं, तो आप दिल्ली की जनता और दिल्ली की महिलाओं को झूठे सपने क्यों दिखा रहे हैं..."

25 Dec 2024, 7:46 PM

राजस्थान के कोटपुतली में बोरवेल में गिरी 3.5 साल की बच्ची को बचाने के लिए ऑपरेशन जारी


25 Dec 2024, 7:44 PM

कर्नाटक के कलबुर्गी में ट्रक, ट्रैवल वैन और बाइक के बीच टक्कर में 3 लोगों की मौत, 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए

कर्नाटक के कलबुर्गी में गोब्बुर गांव के पास गन्ने से लदे ट्रक, टूर ट्रैवल वाहन और बाइक के बीच हुई टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान विनीता (56), अनूप (29) और बसवराज (40) के रूप में हुई है।

25 Dec 2024, 7:06 PM

केरल में CPM ने असंवैधानिक कलाप में शामिल होने के लिए राज्यपाल खान की आलोचना की

केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बुधवार को उम्मीद जताई कि राज्य के नवनियुक्त राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर अपने पूर्ववर्ती आरिफ मोहम्मद खान से उलट संवैधानिक तरीके से काम करेंगे और सरकार के साथ सहयोग करेंगे। खान को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है। विभिन्न मुद्दों पर वामपंथी सरकार और खान के बीच टकराव देखने को मिला था।

माकपा के राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन ने खान की तीखी आलोचना करते हुए उन पर ‘‘संघ परिवार के एजेंडे को लागू करने के लिए असंवैधानिक कार्यों’’ में शामिल होने का आरोप लगाया।उनका यह बयान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा मणिपुर, मिजोरम, केरल और बिहार समेत कई राज्यों के लिए नए राज्यपालों की नियुक्ति के आदेश जारी करने के एक दिन बाद आया है।गोविंदन ने पत्रकारों से कहा कि कुछ अखबारों ने तो खान को विपक्षी पार्टी से भी बड़ा विपक्षी नेता बताया है।

माकपा नेता ने मीडिया की इस धारणा के लिए खान द्वारा वामपंथी सरकार के साथ टकराव के दौरान संघ परिवार के एजेंडे को लागू करने के प्रयासों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, ‘‘यह दृष्टिकोण अत्यधिक जनविरोधी माना जाता है।’’ गोविंदन ने कहा कि राज्यपालों को संवैधानिक तरीके से कार्य करना चाहिए, चाहे उनकी राजनीतिक संबद्धता कुछ भी हो, चाहे वे कम्युनिस्ट या कांग्रेस पार्टी से जुड़े हों। माकपा नेता ने दावा किया कि संवैधानिक मानदंडों का पालन करने के बजाय राज्यपाल खान ने असंवैधानिक रुख अपनाया।


25 Dec 2024, 6:32 PM

पटना में बीपीएससी के खिलाफ सड़कों पर उतरे छात्र, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

बीपीएससी की 70वीं प्रारंभिक परीक्षा को रद्द कराने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में आंदोलन कर रहे छात्रों पर आज पटना पुलिस का कहर टूटा है। गांधीवादी तरीके से हाथ जोड़कर धरना स्थल पर बैठे छात्रों पर पुलिस ने बर्बर तरीके से लाठीचार्ज किया है। पुलिस कार्रवाई से नाराज छात्रों ने बीपीएससी कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया।

25 Dec 2024, 6:26 PM

बागपत का रहने वाला संसद के पास आत्महत्या की कोशिश करने वाला शख्स, पुरानी रंजिश के मामले में न्याय नहीं मिलने से था परेशान

दिल्ली के स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर मधुप तिवारी ने बताया कि आज दोपहर करीब साढ़े तीन बजे संसद भवन के पास एक शख्स ने खुद को आग लगा ली और वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने आग बुझाई और उसे तुरंत पुलिस की गाड़ी में इलाज के लिए आरएमएल अस्पताल भेजा गया। हमें उसके पास से कई दस्तावेज मिले हैं और हमारे अधिकारियों ने उससे बात भी की है, जिससे पता चला है कि इस युवक का नाम जितेंद्र कुमार है, उसकी उम्र 26 साल है और वह बागपत जिले का रहने वाला है। उसका एक पुराना रंजिश का मामला चल रहा है और उसने आरोप लगाया है कि उसे इसमें न्याय नहीं मिल रहा है और पुलिस दूसरे पक्ष का साथ दे रही है। हमने अस्पताल प्रशासन से संपर्क किया है और हमने उनके वरिष्ठ डॉक्टरों से बात की और कहा कि उसे सबसे अच्छा संभव इलाज मिलना चाहिए ताकि हम उसकी जान बचा सकें।


25 Dec 2024, 6:12 PM

राजस्थान: गैस टैंकर हादसे में तीन और घायलों की मौत, मृतकों की संख्या 18 हुई

राजस्थान के जयपुर के गैस टैंकर हादसे में गंभीर रूप से झुलसे तीन और व्यक्तियों ने बुधवार को दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हादसे में मरने की वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हादसे में झुलसे 14 और लोगों का यहां एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सरकारी एसएमएस अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुशील भाटी ने बताया, ‘‘हादसे में गंभीर रूप से झुलसे एक पुरुष और दो महिलाओं की बुधवार को मौत हो गई।’’ उन्होंने कहा, "तीन और व्यक्तियों की मौत के साथ अब तक कुल 18 लोगों की मौत हो चुकी है।’’ डॉ. भाटी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती दो लोगों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

जयपुर के भांकरोटा इलाके में शुक्रवार को तड़के जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर एक ट्रक और एलपीजी से भरे टैंकर के बीच टक्कर हो गई थी। इससे भीषण आग लग गई थी और 35 से अधिक वाहन इसकी चपेट में आ गए थे। घटना वाले दिन 11 लोगों की मौत हुई थी और अब मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।

25 Dec 2024, 6:01 PM

हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में ऐतिहासिक सेंट जॉन चर्च में क्रिसमस समारोह में लोग शामिल हुए


25 Dec 2024, 6:00 PM

BPSC की पुनर्परीक्षा की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने पटना में बिहार लोक सेवा आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया

25 Dec 2024, 5:57 PM

BJP ने पिछले 10 साल में कुछ काम किया होता तो उन्हें दिल्ली में 1100 रुपये में वोट खरीदने का सहारा नहीं लेना पड़ताः अरविंद केजरीवाल

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उनके विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी के पैसे बांटने पर कहा कि अगर उन्होंने पिछले 10 सालों में कुछ काम किया होता तो उन्हें दिल्ली में 1100 रुपये में वोट खरीदने का सहारा नहीं लेना पड़ता। उन्होंने पिछले 10 सालों में दिल्ली में कुछ नहीं किया। उन्होंने सिर्फ मुझे गाली दी। अब उन्हें वोट खरीदने का सहारा लेना पड़ रहा है, जो लोकतंत्र के लिए बहुत खतरनाक है। चुनाव आयोग, ईडी, सीबीआई, पुलिस, आयकर जैसी सभी एजेंसियां ​​असहाय हो गई हैं। कोई भी एजेंसी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।


25 Dec 2024, 5:41 PM

‘पुष्पा-2’ के निर्माताओं ने भगदड़ पीड़िता महिला के परिवार को दो करोड़ रुपये की सहायता दी

अभिनेता अल्लू अर्जुन और फिल्म ‘पुष्पा’ के निर्माताओं ने चार दिसंबर को हैदराबाद में संध्या सिनेमाघर में फिल्म दिखाये जाने के दौरान मची भगदड़ में जान गंवाने वाली महिला के परिवार को दो करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की बुधवार को घोषणा की। इस बीच, तेलंगाना राज्य फिल्म विकास निगम (एफडीसी) के अध्यक्ष और प्रमुख निर्माता दिल राजू ने कहा कि सरकार और फिल्म जगत के बीच अच्छे संबंधों को बढ़ावा दिए जाने के लिए फिल्म हस्तियों का एक प्रतिनिधिमंडल तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए.रेवंत रेड्डी से गुरुवार को मुलाकात करेगा।

अल्लू अर्जुन के पिता और निर्माता अल्लू अरविंद, दिल राजू और अन्य लोग बुधवार को निजी अस्पताल गए। भगदड़ में घायल हुए लड़के का इस अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।चिकित्सकों ने अल्लू अरविंद को बताया कि लड़के के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और अब उसे ऑक्सीजन और वेंटिलेटर सपोर्ट की जरुरत नहीं है। इसके बाद अरविंद ने राहत की सांस ली।अल्लू अरविंद ने घोषणा की कि लड़के के परिवार की मदद करने के वास्ते अल्लू अर्जुन ने एक करोड़ रुपये, फिल्म ‘पुष्पा’ की प्रोडक्शन कंपनी मैत्री मूवी मेकर्स ने 50 लाख रुपये और फिल्म के निर्देशक सुकुमार ने 50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी है।

अरविंद ने दिल राजू को चेक सौंपते हुए अनुरोध किया कि वह इसे लड़के के परिवार तक पहुंचा दें। उन्होंने बताया कि कानूनी बाध्यताओं के कारण बिना मंजूरी के वह उनके परिवार से सीधे तौर पर नहीं मिल सकते। चार दिसंबर की रात ‘पुष्पा 2: द रूल’ के प्रीमियर के दौरान अभिनेता की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक संध्या थिएटर में उमड़ पड़े थे। उसी दौरान भगदड़ मचने से 35 वर्षीय महिला रेवती की मौत हो गई थी और उनका आठ वर्षीय बेटा घायल हो गया था और कोमा में चला गया था।

25 Dec 2024, 5:29 PM

नैनीताल के भीमताल के पास बस के खाई में गिरने से 4 लोगों की मौत, 21 अन्य यात्री घायल


25 Dec 2024, 4:31 PM

दिल्ली में संसद के पास एक युवक ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की, उसे आरएमएल अस्पताल ले जाया गया

25 Dec 2024, 4:30 PM

कर्नाटक में कलबुर्गी पुलिस ने अपराध दस्ते की डॉग रीता का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया


25 Dec 2024, 4:28 PM

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की टीम ने संभल में मिली पुरानी बावड़ी का निरीक्षण किया

25 Dec 2024, 4:27 PM

कश्मीर में शीतलहर का प्रकोप, श्रीनगर में तापमान शून्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचा

कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड के बीच इसके अधिकतर इलाकों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिसके कारण विभिन्न क्षेत्रों में कई जलाशयों एवं जलापूर्ति लाइन में पानी जम गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया । इससे एक दिन पहले यह आंकड़ा शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। अगले दो दिनों में कश्मीर में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट का अनुमान है।

गुलमर्ग को छोड़कर कश्मीर घाटी के अन्य सभी मौसम केंद्रों में रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में कश्मीर घाटी ‘चिल्ला-ए- कलां’ (बहुत अधिक सर्दी) की चपेट में है । तापमान में गिरावट से जलापूर्ति वाली पाइप लाइन में पानी जम गया जबकि डल झील समेत कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परत जम गई।


25 Dec 2024, 3:51 PM

उत्तराखंड: SDRF की एक टीम स्थानीय पुलिस, स्थानीय लोगों और अग्निशमन विभाग के साथ मिलकर भीमताल बस दुर्घटना स्थल पर बचाव अभियान चला रही

25 Dec 2024, 2:41 PM

26 दिसंबर 1924 को देश की आजादी के इतिहास में हमेशा एक ऐसे दिन के रूप में याद किया जाएगा- कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला

कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा, "26 दिसंबर 1924 को देश की आजादी के इतिहास में हमेशा एक ऐसे दिन के रूप में याद किया जाएगा, जब महात्मा गांधी के नेतृत्व में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने ब्रिटिश सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए, अमीर और गरीब को समान अधिकार देने के लिए स्वतंत्रता संग्राम का एक नया चरण शुरू किया था। महात्मा गांधी ने ब्रिटेन, इंग्लैंड और ईस्ट इंडिया कंपनी द्वारा कुछ हाथों में धन केंद्रित करने के तरीके के खिलाफ इसी धरती से, इसी मिट्टी से सत्याग्रह, सविनय अवज्ञा आंदोलन की एक नई शुरुआत की थी। 100 साल बाद एक बार फिर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में कांग्रेस एक नए सत्याग्रह के लिए एकजुट होगी।"


25 Dec 2024, 1:55 PM

दिल्ली की सीएम आतिशी का आरोप, प्रवेश वर्मा के आवास पर महिलाओं को बांटे जा रहे ₹1100

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा "नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र जहां से अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़ते हैं, वहां लोगों के वोटर कार्ड चेक करके बीजेपी लोगों को पैसे बांट रही है। आज प्रवेश वर्मा अपने सरकारी आवास पर पैसे बांटते पकड़े गए, जो उन्हें सांसद होने के नाते मिले थे। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों की झुग्गियों से महिलाओं को वहां बुलाकर एक लिफाफे में 1100 रुपए दिए गए। मैं ED और CBI से कहना चाहता हूं कि प्रवेश वर्मा के घर पर अभी भी करोड़ों रुपये की नकदी पड़ी है, आप अभी जाइए। मैं चुनाव आयोग से कहना चाहती हूं कि ED और दिल्ली पुलिस से प्रवेश वर्मा के सरकारी आवास पर छापा मरवाएं और उन्हें अभी गिरफ्तार करवाएं। भाजपा हारी हुई चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है। हम इसकी आधिकारिक शिकायत पुलिस और चुनाव आयोग से करेंगे। जिस पर्चे में पैसे बांटे जा रहे हैं, उस पर पीएम मोदी और जे.पी. नड्डा की तस्वीरें भी हैं।"

25 Dec 2024, 12:37 PM

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव, पार्टी नेता अजय माकन और अन्य नेताओं ने दिल्ली में BJP और AAP सरकार के खिलाफ 'मौका मौका हर बार धोखा' पुस्तिका जारी की


25 Dec 2024, 12:00 PM

AAP के संजीवनी और महिला सम्मान योजना पर दिल्ली सरकार के विभागों ने कहा- ऐसी कोई योजना नहीं

दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग ने एक सार्वजनिक नोटिस में कहा है कि उसे मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से जानकारी मिली है कि एक राजनीतिक दल 'मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना' के तहत दिल्ली की महिलाओं को 2100 रुपये प्रति माह देने का दावा कर रहा है।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने आज राष्ट्रीय समाचार पत्रों में जारी सार्वजनिक नोटिस में कहा, "यह स्पष्ट किया जाता है कि दिल्ली सरकार द्वारा ऐसी कोई योजना अधिसूचित नहीं की गई है।"

विभाग ने कहा, "इस बात पर जोर दिया जाता है कि चूंकि ऐसी कोई योजना अस्तित्व में नहीं है, इसलिए इस गैर-मौजूद योजना के तहत पंजीकरण के लिए फॉर्म/आवेदन स्वीकार करने का सवाल ही नहीं उठता। कोई भी निजी व्यक्ति/राजनीतिक दल जो इस योजना के नाम पर फॉर्म/आवेदन एकत्र कर रहा है या आवेदकों से जानकारी एकत्र कर रहा है, वह धोखाधड़ी कर रहा है और उसके पास कोई अधिकार नहीं है"

25 Dec 2024, 11:57 AM

मैं देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देता हूं- कांग्रेस नेता टी.एस. सिंह देव

कांग्रेस नेता टी.एस. सिंह देव ने कहा, "मैं देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देता हूं। आज भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती भी है। उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं। वे देश के ऐसे नेता थे जो विपक्ष में रहते हुए भी मुझे मान्य थे। उनकी नीतियां, उनका स्वभाव, उनका तुलनात्मक खुलापन, यही सब देश को चाहिए। नेता चाहे किसी भी पार्टी का हो, उसके पास ऐसे विचार होने चाहिए जो देश को साथ लेकर एकजुट होकर आगे बढ़ सकें।"


25 Dec 2024, 11:10 AM

2024 में मनरेगा के तहत काम की मांग कम रहने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार का संकेत: आरबीआई

25 Dec 2024, 10:34 AM

ये केजरीवाल की गारंटी है कि चुनाव जीतने के बाद 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों को प्राइवेट अस्पताल में निशुल्क इलाज मिलेगा- संजय सिंह

AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "ये केजरीवाल की गारंटी है कि चुनाव जीतने के बाद 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों को प्राइवेट अस्पताल में निशुल्क इलाज मिलेगा। 2100 रुपए हर महिला को उनके खाते में दिए जाएंगे। इसमें गलत क्या है? बीजेपी ने दबाव बनाकर जिन अधिकारियों से ये नोटिस निकलवाया है उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। हम अपनी योजना जारी रखेंगे।"


25 Dec 2024, 9:50 AM

उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में महाकुंभ 2025 की तैयारियां जोरों पर चल रही

25 Dec 2024, 8:41 AM

जम्मू-कश्मीर: भद्रवाह इलाका बर्फ की चादर से ढका, पर्यटक मौसम का आनंद ले रहे


25 Dec 2024, 8:41 AM

घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न भागों से दिल्ली आने वाली 20 रेलगाड़ियां देरी से चल रही

25 Dec 2024, 8:40 AM

जम्मू-कश्मीर: भद्रवाह इलाका बर्फ की चादर से ढका, पर्यटक मौसम का आनंद ले रहे हैं


25 Dec 2024, 8:39 AM

उत्तर प्रदेश: तापमान गिरने से शहर में शीतलहर की स्थिति बनी, ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे

25 Dec 2024, 7:54 AM

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी, लिस्ट में 26 प्रत्याशियों के नाम

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इसमें 26 उम्मीदवारों के नाम हैं। मंगलवार देर शाम कांग्रेस की सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की बैठक हुई। बैठक में 35 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम को लेकर चर्चा हुई। हालांकि 26 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर ही मुहर लगी।

कांग्रेस ने जंगपुरा से फरहाद सूरी को टिकट दिया है। यहां से आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा सीमापुरी से राजेश लिलोठिया, उत्तम नगर से मुकेश शर्मा और बिजवासन से देवेंद्र सहरावत चुनाव लड़ेंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia