बड़ी खबर LIVE: 'हम बापू के शिष्य हैं, डटकर मुकाबला करेंगे', राहुल के समर्थन में कांग्रेस करेगी राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह

राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने के बाद कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह करने का ऐलान किया है। कांग्रेस नेता के सी वेणुगोपाल ने बताया, "हम बापू के शिष्य हैं और उन्होंने हमें सत्य के लिए लड़ने की प्रेरणा दी है। हम लोकतंत्र पर बीजेपी के हमले का डटकर मुकाबला करेंगे।"

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

25 Mar 2023, 11:15 PM

गृह मंत्रालय ने नागालैंड, अरुणाचल में अफ्सपा को 6 महीनों के लिए और बढ़ाया 

केंद्र सरकार ने नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम 1958 के तहत 'अशांत क्षेत्र' का दर्जा और छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। गृह मंत्रालय के मुताबिक केंद्र सरकार के लगातार प्रयासों से पूर्वोत्तर भारत की सुरक्षा स्थिति में अभूतपूर्व सुधार हुआ है और भारत सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम के तहत दशकों बाद अप्रैल 2022 से नागालैंड, असम और मणिपुर में सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम (अफस्पा) के तहत अशांत क्षेत्रों को कम किया।

25 Mar 2023, 10:40 PM

वाई.एस. शर्मिला ने राहुल को लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा

वाईएसआर तेलंगाना पार्टी की अध्यक्ष वाई.एस. शर्मिला ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने की निंदा की है। शर्मिला ने शनिवार को एक बयान में राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई को 'दुर्भाग्यपूर्ण और अलोकतांत्रिक' करार देते हुए इसे 'पक्षपाती और विचित्र' फैसला बताया।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी की बहन शर्मिला तेलंगाना में अपनी स्वतंत्र राजनीतिक यात्रा पर निकल पड़े हैं और राज्य में बीआरएस सरकार को निशाना बनाते रहे हैं। अभी तक वह बीजेपी पर टिप्पणी करने से बच रही थीं। वह तेलंगाना में सत्ताधारी पार्टी बीआरएस के खिलाफ मोर्चा खोले हुई हैं।

25 Mar 2023, 10:13 PM

जजों की नियुक्ति में देरी पर सुप्रीम कोर्ट की जज ने कहा- 'गंभीर मामला, लोकतंत्र के लिए गंभीर प्रभाव'

 2027 में भारत की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश बनने जा रही सुप्रीम कोर्ट की जज जस्टिस बी.वी. नागरत्ना ने शनिवार को कहा कि जजों की नियुक्ति में देरी के मुद्दे का सामान्य रूप से लोकतंत्र और विशेष रूप से न्यायपालिका पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। बेंगलुरु में दक्षिणी राज्यों के केंद्र सरकार के वकीलों के पांचवें सम्मेलन में उद्घाटन भाषण देते हुए न्यायमूर्ति नागरत्ना ने कहा कि स्वतंत्र और निडर न्यायाधीशों द्वारा सभी स्तरों पर न्यायपालिका का पर्याप्त स्टाफ किसी भी तरफ से किसी भी प्रकार के हस्तक्षेप को रोकने के लिए आवश्यक है। मुझे अपने सबसे विनम्र तरीके से कहना चाहिए कि न्यायपालिका से संबंधित महत्वपूर्ण मामलों में सरकार या कार्यपालिका की निष्क्रियता या देरी जैसे न्यायाधीशों की नियुक्ति का सामान्य रूप से लोकतंत्र और विशेष रूप से न्यायपालिका पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।


25 Mar 2023, 9:42 PM

शख्स को मिला तिरंगे की जगह खालिस्तानी झंडा लगाने का धमकी भरा संदेश

राष्ट्रीय राजधानी के प्रगति मैदान में एक व्यक्ति को धमकी भरा संदेश मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, मैसेज में खालिस्तान समर्थक प्रगति मैदान पर कब्जा करने और उसके ऊपर खालिस्तानी झंडा लगाने की बात कर रहा था। बाद में, उस व्यक्ति ने कथित तौर पर 'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख अमृतपाल सिंह के बारे में भी बात की।

25 Mar 2023, 9:31 PM

जब भी जांच हुई है हमने सहयोग किया, सच्चाई यह है कि कोई घोटाला हुआ ही नहीं है: बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव


25 Mar 2023, 9:24 PM

मैं सच्चाई बोलता हूं, देश की ख़ातिर बोलता हूं और आखिरी दम तक सच के रास्ते पर ही चलूंगा: राहुल गांधी

25 Mar 2023, 8:56 PM

राहुल के समर्थन में कांग्रेस करेगी राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह

राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने के बाद कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह करने का ऐलान किया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी देते हुए कहा, "हम बापू के शिष्य हैं और उन्होंने हमें सत्य के लिए लड़ने की प्रेरणा दी है। हम लोकतंत्र पर बीजेपी के हमले का डटकर मुकाबला करेंगे।" कांग्रेस कल, 26 मार्च को राजघाट पर और पूरे भारत में राज्यों की राजधानियों और जिला मुख्यालयों में गांधी प्रतिमाओं पर राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह करेगी।


25 Mar 2023, 8:54 PM

राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने पर स्वराज इंडिया करेगा राजघाट पर संकल्प सत्याग्रह

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने पर स्वराज इंडिया, राजघाट पर करेगा संकल्प सत्याग्रह। स्वराज इंडिया ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द किए जाने कड़ी निंदा करते हुए कहा कि, "जो सत्तारूढ़ दल द्वारा लोकतंत्र पर किए जा रहे लगातार हमले का एक और खतरनाक प्रकरण है। मानहानि के मामले में राहुल गांधी को दो साल की सजा न केवल कठोर और अभूतपूर्व है, बल्कि कानून की दृष्टि से भी गलत है। यह सही इंगित किया गया है कि एक सामान्य वर्ग, जैसे कोई उपनाम, का संदर्भ कार्रवाई योग्य नहीं है, जब तक कि कोई व्यक्ति स्वयं के लिए प्रत्यक्ष संदर्भ नहीं स्थापित कर सकता है। इसके बावजूद लोकसभा अध्यक्ष ने बड़ी स्फूर्ति से राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द कर दी जो विपक्ष को चुप कराने की सत्ताधारी पार्टी की मंशा का स्पष्ट संकेत है।"

25 Mar 2023, 8:45 PM

भारत की स्वीटी बूरा ने महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के 81 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में चीन की वांग लीना को हराकर स्वर्ण पदक जीता


25 Mar 2023, 8:18 PM

पंजाब का माहौल खराब नहीं होने देंगे, जो शांति भंग करने की कोशिश कर रहे थे वे डर के भाग रहे हैं: दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल

25 Mar 2023, 8:16 PM

तेजस्वी यादव सीबीआई दफ्तर से निकले, 8 घंटे तक चली पूछताछ

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से नौकरी के बदले जमीन मामले में आठ घंटे तक पूछताछ की। तेजस्वी यादव सुबह करीब 10 बजकर 40 मिनट पर सीबीआई मुख्यालय पहुंचे, उन्हें दोपहर में लंच ब्रेक के लिए जाने दिया गया। बाद में रात 8.05 बजे तक उनसे पूछताछ चली।

सीबीआई मुख्यालय से निकलने के बाद वह अपनी बहन मीसा भारती से मिलने गए, जिनसे ईडी ने पूछताछ की थी। तेजस्वी यादव इससे पहले तीन समन छोड़ चुके थे। उन्हें 4, 11 और 14 मार्च को जांच में शामिल होने के लिए समन भेजा गया था। पिछली बार तेजस्वी अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने का हवाला देकर जांच में शामिल नहीं हुए थे।


25 Mar 2023, 8:05 PM

माता-पिता ने दर्शन सोलंकी की आत्महत्या पर आईआईटी-बंबई की जांच रिपोर्ट को किया खारिज

आईआईटी-बंबई में पिछले महीने कथित रूप से अपना जीवन समाप्त करने वाले दर्शन सोलंकी के माता-पिता ने शनिवार को आंतरिक जांच समिति की अंतरिम रिपोर्ट को खारिज करते हुए कहा है कि संस्था अपने ही मामले में जज नहीं हो सकती है। दर्शन के पिता रमेश सोलंकी ने शुक्रवार को आईआईटी-बंबई के निदेशक प्रोफेसर सुभासिस चौधरी को संबोधित 3 पेज के एक पत्र में प्रोफेसर नंद किशोर की अध्यक्षता वाले 12 सदस्यीय पैनल द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट को पूरी तरह से खारिज कर दिया और इसे झूठा और अमानवीय करार दिया।

25 Mar 2023, 7:59 PM

एक्सबीबी, अन्य कोविड वेरिएंट के खिलाफ प्रभावी नया नेजल स्प्रे

फिनलैंड के शोधकर्ताओं ने एक ऐसा मॉलिक्यूल विकसित किया है, जो नाक के जरिए दिए जाने पर सार्स-सीओवी-2 वायरस के सभी ज्ञात वेरिएंट्स के कारण होने वाली बीमारी को रोकने में बेहद प्रभावी है, जिसमें इस समय एक्सबीबी वेरिएंट भी शामिल है। फिनलैंड में हेलसिंकी विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने कहा कि अणु, जिसे ट्राईएसबी92 के रूप में जाना जाता है, भविष्य की महामारियों की तैयारी में एक महत्वपूर्ण उपकरण हो सकता है, क्योंकि इसका उद्देश्य वायरस के संचरण और प्रसार दोनों को रोकना है।


25 Mar 2023, 7:59 PM

आसनसोल जेल में वापसी के लिए अनुब्रत मंडल पहुंचे कोर्ट

तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता और पार्टी के बीरभूम जिलाध्यक्ष अनुब्रत मंडल ने शनिवार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में एक याचिका दायर कर तिहाड़ जेल से पश्चिम बंगाल के आसनसोल विशेष सुधार गृह में लौटने की अनुमति मांगी। पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये के मवेशी तस्करी घोटाले के सिलसिले में पिछले साल अगस्त में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद से ही मंडल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच तक आसनसोल जेल में रखा गया था, ईडी घोटाले की समानांतर जांच कर रहा है, जो अनुब्रत मंडल को इस महीने की शुरूआत में पूछताछ के लिए दिल्ली ले आया।

25 Mar 2023, 7:38 PM

रूसी पर्यटक को लूटने के इरादे से उस पर हमला करने के आरोप में उत्तरी गोवा के होटल के दो कर्मचारी गिरफ्तार


25 Mar 2023, 7:09 PM

महाराष्ट्र में कोरोना के 437 नए मामले सामने आए, 2 लोगों की मौत

25 Mar 2023, 7:06 PM

राहुल गांधी लोकतंत्र की आवाज, संसद में उनकी आवाज को बंद किया जा सकता है लेकिन जनता की अदालत में नहीं : हिमाचल प्रदेश CM सुखविंदर सिंह सुक्खू


25 Mar 2023, 6:38 PM

महिला मुक्केबाजी चैंपियनशिप: नीतू सिंह ने 48 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, मंगोलियाई मुक्केबाज लुत्सेखान को 5-0 से हराया

25 Mar 2023, 6:05 PM

राजस्थान सरकार ने राज्य के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 38% से बढ़ाकर 42% किया


25 Mar 2023, 5:56 PM

अमेरिका: मिसिसिपी में आए बवंडर और तेज आंधी के कारण कम से कम 23 लोगों की मौत, दर्जनों घायल, रॉयटर्स की रिपोर्ट

25 Mar 2023, 5:54 PM

जम्मू-कश्मीर में 2 आतंकवादी सहयोगी गिरफ्तार

जम्मू और कश्मीर में पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ बांदीपोरा के सुमलार इलाके में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री और दो चीनी ग्रेनेड बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को यह सूचना दी।


25 Mar 2023, 5:33 PM

देश आपातकाल जैसी स्थिति, निराशा और हताशा में कार्रवाई कर रही मोदी सरकार: ललन सिंह

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा से अयोग्यता और सीबीआई द्वारा नौकरी के लिए जमीन मामले में तेजस्वी यादव से पूछताछ के बाद जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने दावा किया कि देश 'आपातकाल जैसी' स्थिति का सामना कर रहा है। सिंह ने कहा, केंद्र सरकार निराशा और हताशा में कार्रवाई कर रही है। जिस तरह से राहुल गांधी को दोषी ठहराया गया और 24 घंटे के भीतर लोकसभा सचिवालय द्वारा उन्हें अयोग्य ठहराने का पत्र जारी किया गया, वह नरेंद्र मोदी सरकार की हताशा को दर्शाता है।

यदि कोई अदालत किसी जनप्रतिनिधि को दोषी ठहराती है, तो मामला चुनाव आयोग के पास जाता है और फिर सदन के अध्यक्ष के पास जाता है। अध्यक्ष को जनप्रतिनिधि की अयोग्यता के बारे में निर्णय लेना होता है। राहुल गांधी के मामले में मामला 10 घंटे के भीतर पूरा हो गया था और यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार अब कितनी हताश है।

25 Mar 2023, 5:31 PM

संपत्ति विवाद : बिहार में नाबालिग लड़की की हत्या

बिहार के भोजपुर जिले में संपत्ति विवाद को लेकर हमलावरों ने एक घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग करके एक आठ साल की बच्ची की हत्या कर दी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। घटना शुक्रवार रात भिलाई गांव में हुई। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद गांव से फरार हो गए। पीड़िता के पिता कृष्णा सिंह ने कहा, उनका रोहतास जिले के एक व्यक्ति से संपत्ति का विवाद है। उन्होंने मुझे मारने के लिए हथियारबंद लोगों को भेजा, वे जबरन मेरे घर में घुसे और अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें मेरी बेटी की मौत हो गई।


25 Mar 2023, 5:09 PM

जम्मू-कश्मीर: बाड़ी ब्राह्मणा में एक स्क्रैप फैक्ट्री में विस्फोट, एक व्यक्ति की मौत, 3 लोग घायल

25 Mar 2023, 5:00 PM

पंजाब फ्रंटियर के सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने आज अमृतसर जिले के भरोपाल में 810 ग्राम हेरोइन बरामद की


25 Mar 2023, 4:47 PM

कर्नाटक: दक्षिण कन्नड़ जिले के सुल्लिया में एक घर की दीवार के निर्माण के दौरान मिट्टी धंसी, कुछ मजदूर फंसे

कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के सुल्लिया में एक घर की दीवार के निर्माण के दौरान मिट्टी धंसने की घटना के बाद कुछ मजदूरों के मलबे में फंसने की आशंका है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

25 Mar 2023, 4:44 PM

हम एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन की योजना बना रहे हैं- कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हम एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन की योजना बना रहे हैं। हम कल सुबह 10 बजे से संकल्प सत्याग्रह कर रहे हैं। सभी राज्य मुख्यालयों में हमारी पार्टी के कार्यकर्ता संकल्प सत्याग्रह करेंगे।


25 Mar 2023, 4:27 PM

अजनाला मामले में 10 आरोपियों को 6 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया

अजनाला मामले से संबंधित दर्ज एक प्राथमिकी में 10 आरोपियों को 6 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया। एक अन्य आरोपी सुखप्रीत सिंह को 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया।

25 Mar 2023, 3:57 PM

असम में छात्रा की गला रेतकर हत्या 

असम के करीमगंज जिले में एक युवक ने 18 वर्षीय एक स्कूली छात्रा की चाकू मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। जिले के डलग्राम गांव में शुक्रवार को विवाद के बाद युवक ने धारदार हथियार से बच्ची की हत्या कर दी।


25 Mar 2023, 3:32 PM

डीए संकट : कर्मचारियों ने अन्य प्रकार के विरोध प्रदर्शनों को जारी रखते हुए अनशन वापस लिया

पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा महंगाई भत्ते का बकाया भुगतान नहीं करने के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व कर रहे राज्य सरकार के कर्मचारियों के संयुक्त मंच ने शनिवार को अन्य प्रकार के विरोध प्रदर्शनों को जारी रखते हुए रिले अनशन वापस ले लिया है।

25 Mar 2023, 3:17 PM

अमृतपाल सिंह से संबंधित मामले पर बठिंडा गुलनीत सिंह खुराना का बयान 

अमृतपाल सिंह से संबंधित मामले पर बठिंडा गुलनीत सिंह खुराना ने का कि जनता की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। फ्लैग मार्च भी निकाला गया है। यूएस, यूके या कनाडा से कुछ लोगों के द्वारा अफवाह फैलाई जा रही हैं, ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें। मामले में जो भी गिरफ्तारी होगी उसके बारे में सबको सूचित किया जाएगा।


25 Mar 2023, 3:03 PM

दिल्ली: बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सीबीआई की पूछताछ के बाद सीबीआई दफ्तर से रवाना

25 Mar 2023, 3:03 PM

दिल्ली: आरजेडी नेता मीसा भारती ED दफ्तर से रवाना हुईं

दिल्ली में आरजेडी नेता मीसा भारती ED दफ्तर से रवाना हुईं। नौकरी के लिए जमीन मामले में पूछताछ के लिए मीसा भारती ED के सामने पेश हुई थीं।


25 Mar 2023, 2:44 PM

कोलकाता: पश्चिम बंगाल प्रदेश यूथ कांग्रेस ने संसद के सदस्य के रूप में राहुल गांधी की अयोग्यता के खिलाफ धर्मतला में विरोध प्रदर्शन किया

25 Mar 2023, 2:34 PM

मैंने प्रधानमंत्री की आखों में डर देखा है - वो डरते हैं अडानी पर संसद में मेरे अगले भाषण से- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “मैंने प्रधानमंत्री की आखों में डर देखा है - वो डरते हैं अडानी पर संसद में मेरे अगले भाषण से। सीधा सवाल है - शेल कंपनियों द्वारा अडानी समूह में लगाया गया ₹20,000 करोड़ का विदेशी पैसा किसका है? ये सारा नाटक इसी सवाल से ध्यान भटकाने के लिए है।”


25 Mar 2023, 2:06 PM

बीजेपी अडानी के मुद्दे को लेकर ध्यान भटकाना चाहती है- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बीजेपी अडानी के मुद्दे को लेकर ध्यान भटकाना चाहती है। राहुल गांधी अड़े हुए हैं कि कंपनियों में 20,000 करोड़ कैसे डाले गए? इस सवाल का जवाब वे लेकर रहेंगे चाहे सदस्यता रद्द करें, माफी मांगने की बात करें या आरक्षण का मुद्दा लाएं। अखिलेश यादव पिछड़े वर्ग के नहीं हैं क्या? लालू यादव, तेजस्वी यादव, भूपेश बघेल पिछड़े वर्ग के नहीं हैं क्या? सभी को बीजेपी ने परेशान कर रखा है।

25 Mar 2023, 2:02 PM

मेरा नाम सावरकर नहीं है, मेरा नाम गांधी है। गांधी किसी से माफी नहीं मांगता- राहुल गांधी

प्रेस कॉन्फ्रेंस क दौरान राहुल गांधी से जब सवाल पूछा गया कि आपने माफी क्यों नहीं मांग ली, आपकी लोकसभा सदस्यता बच जाती। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि मेरा नाम सावरकर नहीं है, मेरा नाम गांधी है। गांधी किसी से माफी नहीं मांगता।


25 Mar 2023, 1:34 PM

देश ने मुझे सबकुछ दिया है, प्यार दिया है इज्जत दी है, मैं देश के लिए काम करता रहा हूं

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी से सवाल पूछा गया कि आपकी दादी भी डिस्क्वालीफाई हुई थीं। आप भी हुए, जनता के बीच जाएंगे। फिर वापसी करेंगे। इस पर राहल गांधी ने कहा कि राहुल 4.5 महीने जनता के बीच रहेंगे, मेरा काम है, मैं करता रहूंगा। आज के भारत में राजनीतिक दलों को जो मीडिया से मदद मिलती थी वह नहीं मिलती है, ऐसे में विपक्ष के सामने जनता के बीच जाने का ही रास्ता है।

राहुल गांधी से जब पूछा गया कि आप पर ओबीसी के अपमान का आरोप है। इस पर उन्होंने कहा कि मैं तो लगातार कह रहा हूं कि मैं तो सभी को एक मानता हूं, समानता की बात करता हूं, भारत जोड़ो यात्रा में भी कहता रहा हूं। बीजेपी ध्यान भटकाने के लिए कभी ओबीसी की बात करती है, कभी किसी की, सवाल है कि अडानी को 20 हजार करोड़ कहां से मिला।

राहुल गांधी से जब पूछा गया कि आप कह रहे हैं कि आप डरते नहीं हैं. सरकार आपके सामने है, रास्ता क्या है रणनीति क्या है? इस पर राहुल गांधी ने कहा कि कोई भी सामने हो, सरकार हो, मैं सिर्फ सच को देखता हूं। राजनीति में ऐसा नहीं माना जाता लेकिन मैं ऐसा ही मानता हूं। मेरा खून ऐसा है, मेरी तपस्या है, मुझे चाहे जेल में डालें। कुछ भी कर दें। मैं डरता नहीं हूं। देश ने मुझे सबकुछ दिया है, प्यार दिया है इज्जत दी है। मैं देश के लिए काम करता रहा हूं।

राहुल गांधी से जब पूछा गया कि अब आप वायनाड के लोगों को क्या कहेंगे। इस पर उन्होंने कहा कि मैंने कहा कि वायनाड के लोगों के साथ पारिवारिक रिश्ता है, प्यार का रिश्ता है। मैं उनके लिए एक चिट्ठी लिखूंगा कि उनके लिए मेरे दिल में क्या है। मैं सब बताऊंगा, बीजेपी नेताओं का काम ही यह है। वे सारे मोदी से डरते हैं। मोदी ने कहा कि ध्यान हटाना है। सब जानते हैं कि मोदी-अडानी का रिश्ता क्या है, लेकिन डरते हैं। लेकिन मोदी ने कहा कि ध्यान हटाओ तो उन्होंने ऐसा किया।

कांग्रेस कह रही हैं कि गुजरात कोर्ट ने सजा दिलाई , सबकुछ केंद्र क इशारे पर हो रहा है। लेकिन बीजेपी कह रही है कि कानून ने अपना काम किया है। इस सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि यह कानूनी मामला है, मैं देश के कानून की इज्जत करता हूं। इस पर टिप्पणी नहीं करूंगा।

राहुल गांधी ने कहा कि प्लीज समझिए कि मैं क्यों डिस्क्वालिफाई हुआ. क्योंकि मोदी डरते हैं कि मैं अगले भाषण में क्या कहने वाला हूं। इसीलिए मुझे निलंबित किया गया है। वे डर गए कि मैं क्या बोलूंगा। इसीलिए निलंबित हुआ। सवाल है 20 हजार करोड़ कहां से आया। इसमें से कुछ पैसा रक्षा मंत्रालय का है। ड्रोन विकास, मिसाइल विकास और रक्षा उत्पादन पर आया है। रक्षा मंत्रालय को सवाल पूछना चाहिए।

राहुल गांधी से पूछा गया कि कांग्रेस के सीएम का भी रिश्ता है। राज्यों का बिजनेस अडानी के साथ। इस पर उन्होंने कहा कि आप भटकाने की की कोशिश मत कीजिए। आप जांच कीजिए कि अडानी के  पास 20 हजार करोड़ कहां से आए, हमारे सीएम का पैसा निकले तो उन्हें जेल में डाल  दीजिए। मोदी जी ने जो पैनिक रिएक्शन किया है। उससे विपक्ष को फायदा होगा। जनता जानती है कि अडानी भ्रष्ट आदमी हैं, देश का पीएम भ्रष्ट आदमी को क्यों बचा रहा है, दूसरी बात, बीजेपी के लोगों ने कहा अडानी पर हमला देश पर हमला है। इनके दिमाग में देश अडानी है और अडानी देश है।

25 Mar 2023, 1:00 PM

राहुल गांधी बोले, मैं हिंदुस्तान के लोकतंत्र के लिए लड़ रहा हूं और लड़ता रहूंगा, ये मुझे रोक नहीं सकते

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने आप सब से काफी बार बोला है कि हिंदुस्तान में लोकतंत्र पर आक्रमण हो रहा है। इसके हमें हर रोज नए-नए मिसाल मिल रहे हैं। सवाल मैंने एक ही पूछा था। मुद्दे पर आता हूं। अडानी जी की सेल कंपनियां हैं। उसमें 20 हजार करोड़ रुपये किसी ने इन्वेस्ट किया। अडानी जी का पैसा नहीं है। अडानी जी का बुनियादी ढांचा से जुड़ा व्यवसाय है। पैसे किसी और का है। सवाल यह है कि यह जो 20 हजार करोड़ रुपये है यह किसके हैं। यह सवाल मैंने पूछा था।

राहुल गांधी ने कहा कि मैंने संसद में सबूत देकर पूछा, जिसे मैंने मीडिया रिपोर्ट से निकाला था। अडानी जी और मोदी जी के रिश्ते के बारे में विस्तार से बोला। नरेंद्र मोदी और अडानी का रिश्ता नया नहीं है। यह रिश्ता पुराना है। जब नरेंद्र मोदी जी गुजरात के सीएम बने थे तबसे रिश्ता है। इसके बहुत सारे पब्लिक सबूत हैं। दोनों लोगों की हवाई जहाज में बैठे हुए मैंने एक फोटो दिखाई थी। नरेंद्र मोदी जी बहुत आराम से जहाज में अपने दोस्त के साथ बैठे हुए थे। यह सवाल मैंने संसद में पूछा।

उन्होंने कहा, “संसद में दिए गए मेरे भाषण को निकाला गया। इस संबंध में मैंने स्पीकर को विस्तार से चिट्ठी लिखी। मैंने कहा कि एयरपोर्ट्स अडानी जी को नियम बदलकर दिए गए हैं। मैंने उन्हें नियम की कापी भी दी। लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। फिर मेरे बारे में मंत्रियों ने संसद में झूठ बोला। मंत्रियों ने कहा कि मैंने विदेशी ताकतों से मदद मांगी। मैंने ऐसी कोई बात नहीं की है। मैंने स्पीकर से कहा कि संसद का नियम है कि अगर किसी संसद सदस्य पर कोई आरोप लगाता है तो उस सदस्य को जवाब देने का हक होता है। लेकिन उस चिट्ठी का जवाब स्पीकर ने नहीं दिया। मैंने दूसरी चिट्ठी लिखी। उस चिट्ठी का भी जवाब नहीं आया। फिर मैं स्पीकर के चेंबर में गया। मैंने स्पीकर से कहा कि इन्होंने झूठा आरोप लगाया है। नियम के तहत आप मुझे बोलने क्यों नहीं दे रहे हैं। स्पीकर सर ने मुस्कुराया। उन्होंने कहा कि मैं नहीं कर सकता। फिर उसके बाद आप सबने देखा क्या हुआ।”

राहुल गांधी ने कहा कि सवाल पूछना मैं बंद नहीं करूंगा। नरेंद्र मोदी जी का अडानी के साथ क्या रिश्ता है? और 20 हजार करोड़ रुपये किसके हैं। मैं लगातार पूछता रहूंगा, मुझे इन लोगों से कोई डर नहीं है। अगर यह सोच रहे हैं कि मुझे संसद की सदस्यता से अयोग्य करके, धमका कर, जेल में डालकर मुझे रोक सकते हैं तो ऐसे नहीं होगा। मेरा वो इतिहास नहीं है। मैं हिंदुस्तान के लोकतंत्र के लिए लड़ रहा हूं, मैं हिंदुस्तान के लोकतंत्र के लिए लड़ता रहूंगा। मैं किसी चीज से नहीं डरता हूं। यह सच्चाई है।


25 Mar 2023, 12:43 PM

राहुल गांधी थोड़ी देर में प्रेस को करेंगे संबोधित

कांग्रेस नेता राहुल गांधी थोड़ी देर में प्रेस को संबोधित करेंगे। उनकी लोकसभा सदस्यता कल रद्द कर दी गई थी।

25 Mar 2023, 12:41 PM

प्रियंका गांधी ने वीडियो शेयर कर कहा, इन्हीं सवालों की वजह से राहुल गांधी पर हमला किया जा रहा


25 Mar 2023, 12:33 PM

केरल: राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने के खिलाफ कांग्रेस ने वायनाड में विरोध प्रदर्शन किया

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने के खिलाफ कांग्रेस ने केरल के वायनाड में विरोध प्रदर्शन किया। राहुल गांधी वायनाड से सांसद थे।

25 Mar 2023, 12:26 PM

अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ पहला अंतरराष्ट्रीय मैच जीता, पहले टी20 में मेहमान टीम को 6 विकेट से हराया


25 Mar 2023, 11:57 AM

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने डकैती के मामले में दिल्ली-एनसीआर में छिपे बिहार के फरार अपराधी कृष्णा यादव को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने डकैती के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली NCR में छिपे बिहार के फरार अपराधी कृष्णा यादव को गिरफ्तार किया। वह गोपालगंज में सशस्त्र डकैती सह फायरिंग मामले में आरोपी है। उसके पास से .315 की एक सिंगल शॉट पिस्टल और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

25 Mar 2023, 11:29 AM

जिस प्रकार केंद्र सरकार ED, CBI, IT का उपयोग अपने विरोधियों के खिलाफ कर रही है। उस पर ध्यान दिया जाए-  राजीव रंजन

जेडीयू राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा कि 14 राजनीतिक दलों ने एक साथ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। मैं भी उसमें याचिकाकर्ता हूं, हमने यही कहा है कि जिस प्रकार केंद्र सरकार ED, CBI, IT का उपयोग अपने विरोधियों के खिलाफ कर रही है। उस पर ध्यान दिया जाए। 5 अप्रैल को इस पर सुनवाई होगी।


25 Mar 2023, 11:23 AM

राहुल गांधी के संबंध में 24 घंटे के अंदर जिस प्रकार से फैसला लिया गया है वह दर्शाता है कि केंद्र सरकार हताशा में है- राजीव रंजन सिंह

जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के संबंध में 24 घंटे के अंदर जिस प्रकार से फैसला लिया गया है वह दर्शाता है कि केंद्र सरकार हताशा में है। लोकतंत्र की प्रक्रिया होती है, कार्ट का फैसला चुनाव आयोग में जाता है। चुनाव आयोग के माध्यम से वे स्पीकर के पास जाता है। ये सारी प्रक्रिया 10 घंटे में करना दिखाता है कि इसमें केंद्र सरकार की भूमिका है।

25 Mar 2023, 11:16 AM

महाराष्ट्र: राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने के खिलाफ एमवीए विधायकों ने राज्य विधानसभा के बाहर मौन प्रदर्शन किया

महाराष्ट्र में संसद के सदस्य के रूप में राहुल गांधी की अयोग्यता के खिलाफ MVA(महा विकास अघाड़ी) विधायकों ने राज्य विधानसभा के बाहर मौन विरोध प्रदर्शन किया।


25 Mar 2023, 10:44 AM

देश में 24 घंटे में कोरोना के 1590 नए केस मिले, 146 दिनों में सबसे ज्यादा

25 Mar 2023, 10:12 AM

जन प्रतिनिधित्व कानून को SC में चुनौती, कहा- ‘ये धारा राजनीतिक हित के लिए जनप्रतिनिधि के लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला कर रही’

किसी जनप्रतिनिधि के ऑटोमैटिक डिस्क्वॉलिफिकेशन के प्रावधान को खत्म करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर कर दी गई है। याचिका में कहा गया है कि अधिनियम के चेप्टर-III के तहत अयोग्यता पर विचार करते समय आरोपी के नेचर, गंभीरता, भूमिका जैसे कारकों की जांच की जानी चाहिए। याचिका में कहा गया है कि धारा 8(3) अयोग्यता के नाम पर विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा चलाए जाने वाले झूठे राजनीतिक एजेंडे के लिए एक मंच को बढ़ावा दे रही है, इसलिए यह धारा राजनीतिक हित के लिए जनप्रतिनिधि के लोकतांत्रिक ढांचे पर सीधे हमला कर रही है, जिससे देश की चुनावी व्यवस्था में भी अशांति पैदा हो सकती है।


25 Mar 2023, 9:57 AM

'कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए जल्द ही कांग्रेस की दूसरी सूची भी आएगी' 

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए जल्द ही कांग्रेस की दूसरी सूची भी आएगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उन सभी नामों को पहले ही हरी झंडी दे चुकी है जिन्हें केंद्रीय चयन समुदाय और स्क्रीनिंग समुदाय ने मंजूरी दी थी। अगले तीन-चार दिनों में, दूसरी सूची को भी अंतिम रूप दिया जाएगा।

25 Mar 2023, 9:10 AM

पेंसिल्वेनिया चॉकलेट फैक्ट्री विस्फोट के बाद 2 की मौत, 9 लापता: एपी की रिपोर्ट 


25 Mar 2023, 8:55 AM

दिल्ली में अमृतपाल सिंह की तलाश

25 Mar 2023, 8:46 AM

संयुक्त राज्य अमेरिका: भारतीय एकता के समर्थन में सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास के बाहर इकट्ठा हुए भारतीय


25 Mar 2023, 8:03 AM

दिल्ली: चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन छतरपुर मंदिर में सुबह की आरती की गई

25 Mar 2023, 8:02 AM

जम्मू-कश्मीर के तंगधार सेक्टर में सुरक्षा बलों ने घुसपैठ की कोशिश को किया नाकाम, एक आतंकी मारा गया

जम्मू-कश्मीर के तंगधार सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा बलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है और एक आतंकवादी को मार गिराया है। आतंकवादी के पास से 200 से अधिक एके राइफल के राउंड, तीन मैगजीन, दो चाइनीज टाइप के ग्रेनेड और दवाइयां, खाने का सामान बरामद किया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia