बड़ी खबर LIVE: मनरेगा के खात्मे का एक ही मकसद- गरीबों के रोजगार के अधिकार को मिटानाः राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि मनरेगा के खात्मे का एक ही मकसद है- गरीबों के रोज़गार के अधिकार को मिटाना, राज्यों से आर्थिक और राजनीतिक शक्ति चुराना, और उस पैसे को अरबपति मित्रों को पकड़ाना। ‘एक अकेले’ प्रधानमंत्री की मनमानी का नुकसान पूरा भारत भुगतेगा।

दिल्ली में वायु गुणवत्ता का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी के करीब पहुंचा
राजधानी दिल्ली में शनिवार को वायु गुणवत्ता में तेजी से गिरावट आई और यह ‘गंभीर’ श्रेणी के करीब पहुंच गई, जहां औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 385 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ ही, शहरभर में कम से कम 20 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों ने गंभीर श्रेणी में दर्ज कीं। दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक शाम चार बजे 385 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है जबकि शुक्रवार को यह 332 था।
अंडर-19 विश्व कप में भारत के कप्तान होंगे म्हात्रे, दक्षिण अफ्रीका दौरे में सूर्यवंशी करेंगे नेतृत्व
आयुष म्हात्रे को 15 जनवरी से छह फरवरी तक जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले अंडर-19 विश्व कप के लिए शनिवार को 15 सदस्यीय भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। हालांकि कलाई में चोट के कारण म्हात्रे और विहान मल्होत्रा विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। उनकी अनुपस्थिति में उभरते हुए बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। इस दौरे पर मैच तीन, पांच और सात जनवरी को बेनोनी में खेले जाएंगे। आरोन जॉर्ज को उपकप्तान बनाया गया है। म्हात्रे और मल्होत्रा अपनी चोटों के उपचार और प्रबंधन के लिए बेंगलुरु स्थित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में रिपोर्ट करेंगे जिसके बाद वे भारतीय टीम से जुड़ेंगे।सूर्यवंशी और जॉर्ज को भी अंडर-19 विश्व कप टीम में शामिल किया गया है।
टीमें इस प्रकार हैं :
दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए:
वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आरोन जॉर्ज (उपकप्तान), वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान ए पटेल, मोहम्मद इनान, हेनिल पटेल, डी दीपेश, किशन कुमार सिंह, उद्धव मोहन, युवराज गोहिल, राहुल कुमार।
अंडर-19 विश्व कप के लिए:
आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान ए पटेल, मोहम्मद इनान, हेनिल पटेल, डी दीपेश, किशन कुमार सिंह, उद्धव मोहन।
ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला के पेट में कपड़ा छूटा, छह लोगों पर मामला दर्ज
उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल के चिकित्सकों और वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2023 में प्रसव के दौरान उसके पेट में लगभग आधा मीटर लंबा सर्जिकल कपड़ा छोड़ दिया गया था, जिससे उसे करीब डेढ़ साल तक गंभीर दर्द सहना पड़ा। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि अदालत के निर्देशों पर नॉलेज पार्क थाने ने 24 दिसंबर को छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की, जिनमें चिकित्सक अंजना अग्रवाल और मनीष गोयल, गौतम बुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) नरेंद्र कुमार और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी चंदन सोनी और आशा किरण चौधरी शामिल हैं।
मनरेगा में करोड़ों मजदूरों को मिले काम के अधिकार की हम रक्षा करेंगे: प्रियंका गांधी
कांग्रेस ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलकर 'वीबी-जी राम जी' किए जाने पर केंद्र सरकार के खिलाफ राजनीतिक संघर्ष छेड़ने का ऐलान किया है। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने जानकारी देते हुए कहा कि हम मजदूरों को मिले काम के अधिकार की हर स्थिति में रक्षा करेंगे। कांग्रेस सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि शनिवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में हमने यह शपथ ली कि मनरेगा योजना को केंद्र में रखकर देश में एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। हम शपथ लेते हैं कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी 5 जनवरी से 'मनरेगा बचाओ अभियान' शुरू करेगी। मनरेगा करोड़ों ग्रामीणों और मजदूरों को संविधान के जरिये मिला काम का अधिकार है और हम हर हाल में इसकी रक्षा करेंगे। जय संविधान, जय हिंद!
मनरेगा के खात्मे का एक ही मकसद- गरीबों के रोजगार के अधिकार को मिटानाः राहुल गांधी
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मनरेगा के खात्मे का एक ही मकसद है- गरीबों के रोज़गार के अधिकार को मिटाना, राज्यों से आर्थिक और राजनीतिक शक्ति चुराना, और उस पैसे को अरबपति मित्रों को पकड़ाना। ‘एक अकेले’ प्रधानमंत्री की मनमानी का नुकसान पूरा भारत भुगतेगा- रोज़गार खत्म होंगे, ग्रामीण अर्थव्यवस्था टूटेगी। और, जब गांव कमजोर होंगे, तो देश कमजोर होगा।
उन्नाव रेप पीड़िता ने जांच अधिकारी के खिलाफ FIR की मांग को लेकर सीबीआई से किया संपर्क
उन्नाव बलात्कार मामले की पीड़िता ने पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के साथ "मिलीभगत" के लिए तत्कालीन जांच अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से संपर्क किया है। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दोषी ठहराया गया था। पीड़िता ने यह भी दावा किया कि उसे और उसके परिवार को विभिन्न पक्षों से धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।
असम में SR के बाद निर्वाचन आयोग ने मसौदा मतदाता सूची जारी की, 10.56 लाख नाम हटाए गए
निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले असम की मसौदा मतदाता सूची जारी की है, जिसमें कुल 2.51 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल हैं। मतदाता सूची से 10.56 लाख नाम हटाए गए हैं।
दिल्ली पुलिस ने उन्नाव रेप के दोषी के जमानत के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में लिया
दिल्ली पुलिस ने महिला एक्टिविस्ट योगिता भयाना, कांग्रेस नेता मुमताज पटेल और दूसरे लोगों को हिरासत में लिया। ये लोग 2017 के उन्नाव रेप केस में दोषी कुलदीप सिंह सेंगर को कंडीशनल बेल दिए जाने के फैसले का विरोध कर रहे थे और अंकिता भंडारी मर्डर केस में इंसाफ की मांग कर रहे थे।
अन्य राज्यों में कश्मीरियों का उत्पीड़न राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है : सज्जाद लोन
पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सज्जाद लोन ने शनिवार को कहा कि देश के कुछ हिस्सों में कश्मीरियों के साथ हो रहे उत्पीड़न को राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला माना जाना चाहिए और उन्होंने उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ देश के गृह मत्री से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। हंदवाड़ा से विधायक लोन ने श्रीनगर में एक प्रेसवार्ता में उत्तराखंड में शॉल बेच रहे एक कश्मीरी पर हमले की घटना पर यह टिप्पणी की। लोन ने कहा, ‘‘देश के अन्य हिस्सों में कश्मीरियों के खिलाफ हो रहे इस तरह के व्यवहार को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है।’’
पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख ने कहा कि केंद्र को कश्मीरियों के उत्पीड़न या हमले के मुद्दे को हल्के में नहीं लेना चाहिए। लोन ने कहा, ‘‘अगर देश का शीर्ष नेतृत्व इसे मामूली मुद्दा समझता है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है... अगर हमारे बच्चे फेसबुक पर एक पोस्ट को ‘लाइक’ करने के लिए यूएपीए के तहत जेल में हैं, तो भारत सरकार को इन बदमाशों और गुंडों को यूएपीए या पीएसए के तहत जेल में डालने से क्या चीज रोकती है?’’ लोन ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से इस मुद्दे को राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला मानने की अपील की।
अरावली को बचाने के लिए चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च, राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन की चेतावनी दी
अरावली पर्वत शृंखला को बचाने की मांग को लेकर चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस का 'अरावली बचाओ अभियान' और तेज हो गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया के नेतृत्व में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पाडन पोल से कलेक्ट्री चौराहे तक पैदल मार्च निकाला। मार्च के समापन पर कलेक्ट्री चौराहे पर मानव शृंखला बनाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के हालिया फैसले के बाद अरावली क्षेत्र में खनन की इजाजत मिलने से पर्यावरण को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि अब इस फैसले से स्थिति और अधिक भयावह हो सकती है।
सिसोदिया ने स्पष्ट किया कि अरावली केवल पहाड़ों की शृंखला नहीं, बल्कि पूरा पारिस्थितिकी तंत्र है। यह क्षेत्र भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, हरित आवरण और जलवायु संतुलन में अहम भूमिका निभाता है। यदि अरावली को नुकसान पहुंचा तो आने वाले समय में जल संकट, तापमान वृद्धि और पर्यावरण असंतुलन से आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी। उनका कहना है कि अरावली लोगों के जीवन का आधार है और इसे बचाने के लिए वे हरसंभव कदम उठाएंगे। उन्होंने सरकार से मांग की कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी अरावली संरक्षण के लिए विशेष कानून और सख्त दिशा निर्देश लागू किए जाएं, ताकि खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हो सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अरावली को बचाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस की ओर से राज्यव्यापी और राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन किया जाएगा।
मराठी न बोल पाने पर मां ने 6 साल की बेटी की ले ली जान, पुलिस को भी गुमराह करने की कोशिश
नवी मुंबई के कलंबोली में मां की ममता को शर्मसार करने वाली एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बेटी मराठी में बात नहीं कर सकती थी, इसलिए मां ने उसे मौत के घाट उतार दिया। इस मामले में पुलिस ने मां को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, कलंबोली सेक्टर-1 स्थित गुरुसंकल्प हाउसिंग सोसायटी में एक मां ने अपनी ही छह साल की मासूम बेटी का गला घोंटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, बेटी की हत्या के बाद कहानी बनाने की कोशिश की गई कि उसकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है, लेकिन पुलिस ने शक के आधार पर मृतक लड़की का पोस्टमॉर्टम करवाया, जिसमें पाया गया है कि सांस की नली अवरोध होने की वजह से उसकी जान गई है। फिर पुलिस ने मां से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद लड़की की मौत का रहस्य उजागर हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुसंकल्प सोसायटी में आईटी इंजीनियर पति अपनी पढ़ी-लिखी पत्नी के साथ रहते थे। वर्ष 2017 में विवाह हुआ और 2019 में उन्हें एक बेटी हुई। हालांकि, छह साल की इस बच्ची को बचपन से ही बोलने में परेशानी थी। वह मराठी के बजाय अधिकतर हिंदी में बोलती थी, जिससे मां लगातार नाराज रहती थी। "मुझे ऐसी बच्ची नहीं चाहिए, वह ठीक से बोलती नहीं है," ऐसा पत्नी कई बार अपने पति से कहती थी, यह बात जांच में सामने आई है। पति ने उसे समझाने का प्रयास भी किया था। आखिरकार 23 दिसंबर की रात को मां ने बच्ची की हत्या करने का निश्चय किया। उसी दिन नानी बच्ची से मिलने के लिए घर आई थीं, लेकिन उनकी और बच्ची की मुलाकात नहीं हो सकी। कुछ समय बाद जब पति घर लौटा तो बच्ची के न जागने पर सभी उसे तुरंत अस्पताल ले गए। वहां शुरुआत में दिल का दौरा पड़ने से मौत होने की कहानी बनाई गई।
हालांकि, कलंबोली पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कोते को मौत संदिग्ध लगी, जिसके चलते उन्होंने पोस्टमार्टम की विशेष मांग की। प्राथमिक रिपोर्ट में श्वसन मार्ग अवरुद्ध होने के संकेत मिले। इसके बाद माता-पिता से कड़ी पूछताछ की गई। करीब छह घंटे की पूछताछ के बाद आखिरकार मां ने ही बच्ची की गला घोंटकर हत्या करने की बात कबूल कर ली। इस नृशंस घटना के मामले में पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही जांच में यह भी सामने आया है कि महिला का इलाज मनोचिकित्सक के पास चल रहा था।
छत्तीसगढ़: कुनकुरी में बंद कमरे से मिली बुजुर्ग महिला की लाश, बेटे ने 20 दिनों तक छिपाई मौत की बात
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। रेमते रोड इलाके में एक बंद कमरे से 65 साल की महिला की सड़ी-गली लाश मिलने से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मकान मालिक दिलीप कुमार कुजूर ने जब मकान के फर्स्ट फ्लोर में किराए पर रहने वाली महिला के कमरे से तेज बदबू महसूस की, तो शक होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर कमरे का ताला तोड़कर अंदर का हाल देखा। वहां उन्हें महिला का शव पड़ा मिला। मृतका की पहचान सबीना खलखो के रूप में हुई, जिनका पति पहले ही गुजर चुका था। सबीना की उम्र 65 साल थी और वे सराईटोली कस्तूरा, थाना दुलदुला की रहने वाली थीं।
बताया जा रहा है कि सबीना अपने 25 साल के बेटे प्रवीण खलखो के साथ दिसंबर 2021 से इसी मकान में रह रही थीं। मामला और चौंकाने वाला इसलिए है क्योंकि बेटे ने पुलिस को बताया कि उनकी मां की तबीयत खराब थी और 6 दिसंबर को ही उनकी मौत हो चुकी थी, लेकिन उसने यह बात किसी को नहीं बताई। इसके बाद कमरे से बदबू आने पर मकान मालिक ने पुलिस को बुलाया। प्रवीण खलखो को अविवाहित और आदतन शराबी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह सिर्फ लापरवाही थी या फिर इसके पीछे कोई और वजह थी। स्थानीय लोग इस घटना से काफी हैरान हैं और पूछ रहे हैं कि कैसे किसी को महीनों तक इसकी जानकारी नहीं हुई।
चुनाव आयोग बंगाल में SIR में हटाए गए नामों में से बांग्लादेशियों की संख्या का खुलासा करे: अभिषेक
तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को कहा कि निर्वाचन आयोग को पश्चिम बंगाल में जारी एसआईआर के तहत मसौदा मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद हटाए गए 58.20 लाख नामों में से अवैध बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं की संख्या बतानी चाहिए। बनर्जी ने आरोप लगाया कि 2021 में राज्य में तृणमूल कांग्रेस के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद से केंद्र द्वारा बंगाल को चुनिंदा रूप से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि ‘‘एजेंडा (केंद्र का) राज्य के लोगों को परेशान करना है’’।
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने यह भी कहा कि बंगाल की जनसंख्या 10.05 करोड़ है और जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में मतदाता सूची से हटाए गए नामों की संख्या 58.20 लाख है। बनर्जी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह जनसंख्या का मात्र 5.79 प्रतिशत है, जो उन सभी राज्यों में सबसे कम है जहां एसआईआर आयोजित किया जा रहा है।’’ उन्होंने मांग की कि निर्वाचन आयोग को हटाए गए 58.20 लाख नामों में से बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं की संख्या का खुलासा करना चाहिए।
SIR में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम कट जाने से BJP में घमासान मचाः अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधते हुए दावा किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम कट जाने से बीजेपी में घमासान मचा है।
अखिलेश यादव ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा, “उत्तर प्रदेश बीजेपी में मचे आपसी घमासान का कारण ऊपरी तौर पर भले कोई ‘विद्रोही बैठक’ हो, पर असल कारण ये है कि भाजपाई विधायकों के बीच ये समाचार पहले ही प्रसारित हो चुका है कि एसआईआर में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम कट गये हैं।”
UP में वन्यजीव के हमले में दो महिलाओं की मौत, जिलाधिकारी ने कैंप लगाने के निर्देश दिए
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में भारत-नेपाल सीमा से सटे सोहेलवा वन क्षेत्र में वन्य जीव के हमले में दो महिलाओं की मौत हो गई। वन विभाग ने बताया कि बृहस्पतिवार को भांभर रेंज के बेलभरिया बीट में भारत नेपाल सीमा से सटे कपिलवस्तु जिले की अमोली गांव निवासी उर्मिला (20) जंगल में लकड़ी बीनने आई थी, तभी वन्य जीव ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमले में उर्मिला की मौत हो गई और उसका क्षत-विक्षत शव जंगल में मिला।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) जितेंद्र कुमार ने बताया कि नेपाली महिला के शव का पोस्टमार्टम करा कर शुक्रवार को तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया। वन विभाग के अनुसार, विशनपुर कोडर गांव निवासी कमला देवी (22) गांव की महिलाओं के साथ जंगल में लकड़ी बीनने गई थी कि तभी तेंदुए ने हमला कर दिया और उसे खींच कर जंगल में ले गया।
विभाग ने बताया कि महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण इकठ्ठा हुए और वन विभाग की मदद से कमला का शव जंगल के अंदर बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही वनाधिकारी गौरव गर्ग, मुख्य वन संरक्षक अशोक प्रसाद सिन्हा सहित वन विभाग के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे।
क्षेत्रीय वनाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि वन्य जीवों के हमलों के मद्देनजर ट्रेप कैमरे एवं घटनास्थल के पास में दो पिंजड़े भी लगाए जा रहे है और हमला करने वाले वन्य जीव की तलाश के लिए चार टीमें लगाई गई हैं तथा जंगल से सटे गांवों में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। बलरामपुर के जिलाधिकारी (डीएम) विपिन जैन ने वन्य जीवों के बढ़ रहे हमलों पर चिंता जताते हुए जनजागरण अभियान चलाने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने मनरेगा खत्म करने का फैसला कैबिनेट से बिना पूछे किया: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को खत्म करने का फैसला सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय ने किया और ऐसा करते समय कैबिनेट एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से विचार-विमर्श नहीं किया गया।
CWC बैठक के बाद राहुल गांधी का हमला: मनरेगा अधिकार आधारित व्यवस्था थी, फैसले से गरीबों को होगा नुकसान
कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक के बाद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर मनरेगा को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मनरेगा सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि यह एक राइट्स-बेस्ड कॉन्सेप्ट था, जिसके जरिए देश के करोड़ों लोगों को हर साल तय आय मिलती थी।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मनरेगा के तहत मिलने वाला पैसा अब राज्यों से छीनकर केंद्र के पास ले जाया जा रहा है, जिससे देश को आर्थिक नुकसान होगा और गरीब जनता को भारी तकलीफ झेलनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि इस फैसले से गांवों की अर्थव्यवस्था को सीधा नुकसान पहुंचेगा।
उन्होंने दावा किया कि मनरेगा से जुड़ा यह फैसला प्रधानमंत्री कार्यालय से लिया गया है और इसे न तो कैबिनेट में चर्चा के लिए लाया गया और न ही राज्यों से सलाह-मशविरा किया गया। राहुल गांधी ने इसे “वन मैन शो” करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जो चाहें वही फैसले लिए जा रहे हैं।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार का यह फैसला ध्वस्त हो जाएगा और इसका खामियाजा देश के गरीबों को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि गांवों से छीना गया पैसा आगे चलकर बड़े उद्योगपतियों तक पहुंचेगा, जिससे असमानता और बढ़ेगी।
कांग्रेस नेता ने दोहराया कि पार्टी मनरेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
5 जनवरी से मनरेगा बचाने का संकल्प, कांग्रेस करेगी देशव्यापी आंदोलन: खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मनरेगा को बचाने के लिए देशव्यापी संघर्ष का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि CWC की बैठक में सर्वसम्मती से ये फैसला लिया गया है कि 5 जनवरी से कांग्रेस पार्टी मनरेगा बचाने की शपथ लेगी और इसके लिए एकजुट होकर आंदोलन किया जाएगा।
खड़गे ने स्पष्ट किया कि मनरेगा कोई साधारण सरकारी योजना नहीं, बल्कि संविधान से मिला काम का अधिकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ग्रामीण मजदूरों के सम्मान, रोजगार, मजदूरी और समय पर भुगतान के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी ताकत से लड़ाई लड़ेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने की साजिश की जा रही है, जिसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनरेगा बचाना केवल एक योजना को बचाना नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र में लोगों के भरोसे को बचाने की लड़ाई है।
खड़गे ने कहा कि कांग्रेस गांवों की आवाज उठाने और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कई बार मनरेगा और गरीबों के अधिकारों को लेकर संसद में आवाज उठाई है।
कांग्रेस ने दोहराया कि आने वाले दिनों में मनरेगा के मुद्दे पर देशभर में जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा और सरकार पर दबाव बनाया जाएगा।
मनरेगा खत्म करना गरीबों पर 'क्रूर प्रहार', देशव्यापी आंदोलन की तैयारी- खड़गे
राजस्थान: चोमू में पत्थरबाजी की घटना के बाद पुलिस ने फ्लैग मार्च किया है
मनरेगा विवाद पर कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा यह सोचा भी नहीं जा सकता कि आज़ाद भारत में कोई भी किसी योजना से गांधी का नाम हटा सकता है
इंदिरा भवन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक चल रही है।
कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा अरावली पहाड़ियों का मामला और मनरेगा बड़े मुद्दे हैं, अगर सरकार सच में इतनी पारदर्शी है, तो लोग सड़कों पर आकर विरोध प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं?
कांग्रेस नेता हरीश रावत कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल होने के लिए AICC मुख्यालय पहुंचे
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला CWC की बैठक में शामिल होने के लिए AICC मुख्यालय
दिल्ली- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "मनरेगा खत्म कर दिया गया है, राज्य सरकार को बजट देना होगा, जबकि पहले मनरेगा को पूरी तरह से केंद्र सरकार फंड करती थी।"
दिल्ली- अरावली खनन मुद्दे पर कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, "जितनी जल्दी हो सके, इसकी समीक्षा की जानी चाहिए। मैं इसे सिद्धांत के तौर पर सही नहीं मानता।"
गुवाहाटी में सुबह कोहरे की चादर छाई रही, IMD ने शहर में न्यूनतम तापमान 14°C रहने का अनुमान लगाया है
AIIMS इलाके से ड्रोन विज़ुअल्स, जिसमें शहर पर स्मॉग की मोटी परत छाई हुई दिख रही है
पेरिस मेट्रो स्टेशनों पर तीन महिलाओं पर चाकू से हमला, संदिग्ध गिरफ्तार
पेरिस के विभिन्न मेट्रो स्टेशनों पर तीन महिलाओं पर चाकू से हमला किया गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई. न्यूज रिपोर्ट के अनुसार, फ्रांसीसी अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो लाइन 3 पर ये हमले कुछ ही समय के अंतराल में हुए
दिल्ली की हवा फिर खराब, कई इलाकों में AQI 400 पार
देश की राजधानी दिल्ली की हवा एक बार फिर खराब हो चुकी है। शनिवार सुबह कई इलाकों में 400 के ऊपर AOI दर्ज किया गया है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia