बड़ी खबर LIVE: रांची बार हत्याकांड का मुख्य आरोपी बिहार के गया से गिरफ्तार, बैंक मैनेजर समेत 3 लोग हिरासत में

रांची पुलिस ने रविवार की देर रात एक बार में डीजे की गोली मारकर हत्या करने के मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ विक्की को गया से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक बैंक मैनेजर भी शामिल है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

27 May 2024, 10:52 PM

चक्रवात ‘रेमल’ के कहर से बंगाल में छह लोगों की मौत, 29 हजार से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त

पश्चिम बंगाल में चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ से 24 प्रखंड और 79 नगरपालिका वार्ड में करीब 29,500 घर आंशिक या पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिनमें से अधिकतर दक्षिणी तटीय इलाकों में हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों में 2,140 से अधिक पेड़ उखड़ गए और लगभग 1,700 बिजली के खंभे गिर गए।

शुरुआती आकलन से संकेत मिला है कि 27,000 घर आंशिक रूप से और 2,500 पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अधिकारी ने कहा कि ये आंकड़े बढ़ सकते हैं, क्योंकि आंकड़े जुटाने और क्षति का अनुमान लगाने के साथ मूल्यांकन जारी है। अधिकारी ने बताया, ‘‘संभवतः आंकड़े बदल जाएंगे, क्योंकि मूल्यांकन प्रक्रिया अभी भी पूरी नहीं हुई है। जिलों से आंकड़े जुटाए जा रहे हैं और नुकसान के अनुमान की गणना की जा रही है।’’

उन्होंने बताया कि प्रशासन ने 2,07,060 लोगों को 1,438 सुरक्षित आश्रयों में पहुंचा दिया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वहां 77,288 लोग हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कुल मिलाकर, इस समय 341 रसोई के माध्यम से उन्हें खाना पहुंचाया जा रहा है। हमने तटीय और निचले इलाकों में प्रभावित लोगों को 17,738 तिरपाल वितरित किए हैं।’’ प्रभावित क्षेत्रों में काकद्वीप, नामखाना, सागर द्वीप, डायमंड हार्बर, फ्रेजरगंज, बक्खली और मंदारमनी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि चक्रवात के कारण तटबंधों में मामूली दरारें आ गई थीं, जिनकी तुरंत मरम्मत कर दी गई। उन्होंने कहा, ‘‘अब तक तटबंध के टूटने की कोई सूचना नहीं मिली है। जिनके बारे में भी सूचना आई, वे मामूली थीं और उन्हें तुरंत ठीक कर लिया गया।’’ चक्रवात के कारण अब तक छह लोग जान गंवा चुके हैं। कोलकाता में एक, दक्षिण 24 परगना जिले में दो महिलाएं, उत्तर 24 परगना जिले में एक और पूर्व मेदिनीपुर में पिता-पुत्र की मौत हो चुकी है। चक्रवात ‘रेमल’ के कारण तटीय क्षेत्रों में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। पश्चिम बंगाल और पड़ोसी बांग्लादेश दोनों जगहों पर महत्वपूर्ण बुनियादी संरचना को क्षति की सूचना मिली है।

27 May 2024, 10:42 PM

दिल्लीः मंत्री सौरभ भारद्वाज का दावा- अफसरों ने अस्पताल में आग की जानकारी नहीं दी

दिल्ली के विवेक विहार में 25 मई की रात एक बेबी केयर सेंटर में भीषण आग लगने से कई मासूम बच्चों की जान चली गई। इस पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज का कहना है कि विभाग के अधिकारियों ने उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। अगले दिन 26 मई की सुबह मीडिया के जरिए उन्हें इस हादसे के बारे में पता चला। भारद्वाज ने कहा कि जानकारी मिलने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य सचिव को कई बार फोन किया, उन्‍हें कई मैसेज भी किए, लेकिन न तो उनसे संपर्क हो पाया और न ही उनकी ओर से मैसेज का कोई जवाब आया।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इसके बाद वह अकेले ही घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन बैठक बुलाई, जिसमें डीजीएचएस और स्पेशल सेक्रेट्री हेल्थ आदि बड़े अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने बताया कि बैठक के दौरान अधिकारियों ने इस नर्सिंग होम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि नर्सिंग होम को 2021 से लेकर मार्च, 2024 तक ही चलाने की अनुमति मिली हुई थी। फरवरी 2024 में इस नर्सिंग होम की ओर से रजिस्ट्रेशन के नवीनीकरण के लिए आवेदन दिया गया था, लेकिन पर्याप्त कागजात नहीं होने के कारण उनके रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण नहीं किया गया था। अस्पताल प्रशासन को दस्तावेजों में आई कमी पूरी करने के लिए बोला गया था।

सौरभ भारद्वाज ने बताया कि इस नर्सिंग होम के जो मालिक हैं, वह इसी तरह का एक और नर्सिंग होम पश्चिमपुरी में भी चलाते हैं। इस घटना से पहले भी इस नर्सिंग होम के मालिक के ऊपर स्वास्थ्य विभाग द्वारा दो अलग-अलग मामलों में दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट और तीस हजारी कोर्ट में मुकदमे चल रहे हैं। नर्सिंग होम के औचक निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पाई गई थीं, उस संबंध में मालिक पर एक मुकदमा चल रहा है। इसी प्रकार से इस अस्पताल के मालिक को बिना रजिस्ट्रेशन के एक अस्पताल चलाते हुए पकड़ा गया था, दूसरा मुकदमा उस मामले में चल रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही इन मामलों में इस नर्सिंग होम के मालिक के खिलाफ अदालत का फैसला आएगा और उसे कड़ी सजा सुनाई जाएगी।

27 May 2024, 10:27 PM

कांग्रेस नेता बंबर ठाकुर ने खुद के ऊपर हमले की जताई आशंका, BJP  भाजपा विधायक पर लगाया गंभीर आरोप

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने भाजपा के सदर विधायक पर गुंडातत्वों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान गुंडातत्व भाजपा नेताओं के साथ सरेआम घुम रहे हैं। इसी कारण उन्हें गुंडातत्वों से एक बार फिर से हमले का भय बना हुआ है। पत्रकारों को संबोधित करते हुए बंबर ठाकुर ने कहा कि बीते 26 मई को दोपहर के समय कुछ गुंडे तत्वों ने हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुसने की कोशिश की। उन्होंने आंशका जताई कि उन पर हमला करने की तैयारी थी। उन्होंने पुलिस महकमे के अधिकारियों से इस मामले को संज्ञान लेने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि वह 26 मई को चुनाव प्रचार के लिए अपने घर से बाहर थे और उनके घर पर उनके बच्चे और उनकी पत्‍नी थीं। उनको उनके घर से फोन पर जानकारी दी गई कि कुछ गुंडे उनके घर में घुस आए हैं और वे हमले करने की फिराक में हैं। उनकी पत्‍नी ने तुरंत पुलिस काे फोन किया तो वे लोग वहां से भाग गए। ठाकुर ने कहा, "ये वही भाजपा के गुंडे हैं, जिन्होंने कुछ समय पहले मुझ पर जानलेवा हमला किया था। अगर मुझ पर फिर से हमला होता है तो इसके लिए सीधे तौर पर सदर विधायक त्रिलोक जम्वाल जिम्मेदार होंगे।" उन्होंने आगे कहा, "कुछ समय पहले जब मेरे ऊपर जानलेवा हमला हुआ था, उस दौरान जिन युवाओं ने गवाही दी थी, उनकी भी इन गुंडों ने दो दिन पहले पिटाई की है। क्योंकि अब वे जेल से बाहर आ गए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की जांच की जाए।


27 May 2024, 10:06 PM

रांची बार हत्याकांड का मुख्य आरोपी बिहार के गया से गिरफ्तार, बैंक मैनेजर समेत 3 लोग हिरासत में लिए गए

रांची पुलिस ने रविवार की देर रात एक बार में डीजे की गोली मारकर हत्या करने के मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ विक्की को गया से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक बैंक मैनेजर भी शामिल है। रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने सोमवार शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मर्डर को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी बिहार भाग गया था। फोन लोकेशन के आधार पर उसे गया जिले की पुलिस की मदद से पकड़ा गया। जिन अन्य लोगों को इस मामले में हिरासत में लिया गया है, उनमें झारखंड के रामगढ़ स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का मैनेजर प्रतीक, मृत्युंजय यादव उर्फ मिथुन और समीरुद्दीन नामक युवक शामिल है।

बता दें कि रांची के मेन रोड इलाके में होटल रेडिशन ब्लू के पास स्थित एक्सट्रीम स्पोर्ट्स बार में रविवार शाम शराब पी रहे पांच युवकों का बार के कर्मचारियों के साथ विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों तरफ से मारपीट हुई थी। पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई थी। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद इन युवकों में से एक अभिषेक सिंह उर्फ विक्की रात एक बजे ऑटोमेटिक राइफल लेकर बार पहुंचा। उस वक्त बार के कर्मी घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। अभिषेक ने डीजे संदीप प्रामाणिक उर्फ सैंडी को गोली मार दी। इसके बाद उसने बार से बाहर आकर सड़क पर कई राउंड फायरिंग की और एक सफेद रंग की कार पर सवार होकर भाग गया।

संदीप को रिम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है। मुख्य आरोपी अभिषेक रांची की सेल सिटी के एक फ्लैट में किराए पर रहता है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके नाम पर दो आर्म्स के लाइसेंस बरामद किए हैं, जो असम से जारी किया गया है। पुलिस को संदेह है कि दोनों लाइसेंस फर्जी हो सकते हैं, क्योंकि इसकी एंट्री रांची जिला प्रशासन के पास नहीं है।

27 May 2024, 9:20 PM

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कोलकाता उत्तर में गांधी भवन, बेलेघाटा से मानिकतला क्रॉसिंग तक रोड शो किया


27 May 2024, 9:17 PM

हरियाणा के करनाल में ऊंचे NH-44 के नीचे नाली का पाइप वाहनों पर गिरने से कई लोग घायल हो गए

27 May 2024, 9:13 PM

BJP के लोग जमीन पर नहीं रहते, हम सरकार बना रहे हैं और राहुल गांधी इस बारे में सही कह रहे हैंः तेजस्वी यादव

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मीडिया से कहा कि आप बस उनका प्रचार करते हैं। बीजेपी के लोग जमीन पर नहीं रहते। हम सरकार बना रहे हैं और राहुल गांधी इस बारे में सही कह रहे हैं।


27 May 2024, 9:10 PM

NDRF ने चक्रवात रेमल से प्रभावित पश्चिम बंगाल के बशीरहाट के हसनाबाद से हिंगलगंज क्षेत्र में गिरे हुए पेड़ों को हटाया

27 May 2024, 8:07 PM

गुजरात के राजकोट के गेम जोन अग्निकांड मामले में पुलिस आयुक्त समेत कई अधिकारियों का तबादला

गुजरात के राजकोट के गेम जोन अग्निकांड मामले में पुलिस आयुक्त राजू भार्गव का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह आईपीएस अधिकारी ब्रिजेश कुमार झा को नियुक्त किया गया है। राजकोट शहर की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (प्रशासन, यातायात और अपराध) विधि चौधरी और राजकोट के डीसीपी-जोन 2, सुधीरकुमार जे देसाई का भी तबादला कर दिया गया है।राजकोट नगर आयुक्त आनंद बाबूलाल पटेल का तबादला, डीपी देसाई उनकी जगह लेंगे।


27 May 2024, 7:18 PM

मुंबई के ताज होटल और एयरपोर्ट में बम की धमकी से हड़कंप, जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को आज एक कॉल मिली कि शहर के ताज होटल और एयरपोर्ट में बम रखा गया है। पुलिस ने ठिकानों पर तलाशी ली लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मुंबई पुलिस ने कहा कि कॉल उत्तर प्रदेश से आई है और कॉल करने वाले की तलाश जारी है।

27 May 2024, 6:36 PM

राजकोट अग्निकांडः कांग्रेस ने अधिकारियों, BJP पदाधिकारियों को FIR  में नामजद करने की मांग की

गुजरात कांग्रेस ने सोमवार को मांग की कि राजकोट गेम जोन में आग लगने के मामले में दर्ज प्राथमिकी में नगर निकाय और राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों के नाम भी शामिल किए जाएं। इस हादसे में 28 लोगों की मौत हो गई है। कांग्रेस की गुजरात इकाई के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को "उदारतापूर्वक" मुआवजा देने पर विचार करने के लिए कहा, क्योंकि अधिकांश परिवार सामान्य पृष्ठभूमि से हैं।

गोहिल का यह बयान "आवश्यक अनुमोदन के बिना गेम जोन के संचालन की अनुमति देने में घोर लापरवाही" के लिए राज्य सरकार द्वारा छह अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश देने के बाद आया है। गोहिल ने कहा कि कार्रवाई केवल निचले स्तर के कुछ अधिकारियों के खिलाफ की गई है। उन्होंने सवाल किया, “अतीत में, राजकोट के महापौर, जिलाधिकारी और नगर निगम आयुक्त सहित कई उच्च पदस्थ अधिकारियों ने इस जगह का दौरा किया था और अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा भी की थीं। ऐसे परिदृश्य में, आप कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि एक कनिष्ठ अधिकारी गेम जोन प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत करेगा?”


27 May 2024, 6:32 PM

भारत-पाक सीमा पर हीट स्ट्रोक से जवान शहीद, दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया। बीएसएफ के जवान की जान जाने की वजह हीट स्ट्रोक बताई जा रही है। मृतक जवान को गार्ड ऑफ ऑनर और पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। बता दें कि इन दिनों बॉर्डर पर तापमान 50 डिग्री के पार हो गया है। शहीद होने वाला जवान 173वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल में कांस्टेबल के पद पर तैनात था। जवान का नाम अजय कुमार था, वह पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के सारू गांव का रहने वाला था। भीषण गर्मी की वजह से जवान की तबीयत खराब हुई और बाद में इलाज के दौरान जवान ने दम तोड़ दिया। उसके शव को रामगढ़ अस्पताल लाया गया। जवान के शव का पोस्टमार्टम कराकर बीएसएफ के अधिकारियों को सुपुर्द किया गया।

पोस्टमार्टम के बाद शव को रामगढ़ से जोधपुर ले जाया जाएगा और जोधपुर से हवाई जहाज में उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा। रामगढ़ अस्पताल परिसर में शहीद जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। 173वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों ने पुष्प चक्र अर्पित कर जवान को श्रद्धांजलि दी। आपको बताते चलें, देश के कई राज्यों में इन दिनों गर्मी के सितम से लोग परेशान हैं। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में हीट स्ट्रोक चल रही है। पश्चिमी राजस्थान में कई जगह पारा 50 डिग्री सेल्सियस के ऊपर है।

27 May 2024, 5:51 PM

दिल्ली कोर्ट ने विभव कुमार की जमानत याचिका खारिज की, आप सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट का है आरोप


27 May 2024, 5:34 PM

पुणे पोर्श कांड: ब्लड सैंपल के हेरफेर में गिरफ्तार सभी तीन आरोपियों को 30 मई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया

27 May 2024, 5:30 PM

बिहार के आरा में राहुल गांधी बोले- अमीर-गरीब की खाई और बेरोजगारी बड़ी समस्या, कांग्रेस एक झटके में दोनों को ठीक करेगी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार के आरा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन के सामने 2 समस्याएं हैं। एक अमीर-गरीब की असमानता है और दूसरी बेरोजगारी है। कांग्रेस पार्टी इन दोनों समस्याओं को एक झटके में ठीक करने जा रही है। देश में गरीबों की एक सूची तैयार की जाएगी...हर एक से गरीब परिवार की महिला का नाम चुना जाएगा। 4 जून को इंडिया गठबंधन सरकार बनाएगा और 5 जुलाई को देश की करोड़ों गरीब महिलाओं के बैंक खाते में 8500 रुपए आएंगे। ये जुलाई से अगस्त तक सितंबर, अक्टूबर, नवंबर, दिसंबर और इसी तरह 'ठक-ठक, ठक-ठक' चलता रहेगा। और जब ऐसा होगा तो मीडिया कोई सवाल उठाएगा तो हम कहेंगे कि हम यह राशि दोगुना करेंगे।


27 May 2024, 4:57 PM

चक्रवात रेमल के कारण भारी बारिश से पश्चिम बंगाल के कोलकाता के कुछ हिस्सों में भारी जलजमाव

27 May 2024, 4:55 PM

NDA की राजनीति नकारात्मक, वे सामाजिक न्याय, आरक्षण, जाति जनगणना, किसानों की खुशी के खिलाफः अखिलेश

समाजवादी पार्टी के मुखिया और कन्नौज लोकसभा सीट से प्रत्याशी अखिलेश यादव ने यूपी के गाजीपुर में कहा कि उन्होंने (बीजेपी) पिछड़े वर्ग, दलितों और जनजातियों का आरक्षण चुरा लिया...पीडीए में 'पी' का मतलब पूर्वाचल और प्रगतिशील है। एनडीए नकारात्मक है...वे नकारात्मक राजनीति करते हैं....नकारात्मक राजनीति करने का समय खत्म हो गया है...वे सामाजिक न्याय, आरक्षण, जाति जनगणना, किसानों की खुशी के खिलाफ हैं। वे न केवल देश को पीछे ले जाना चाहते हैं, बल्कि देश के लोगों को गरीबी में भी डाल दो।


27 May 2024, 4:42 PM

कर्नाटक सेक्स स्कैंडल में फरार प्रज्वल रेवन्ना 31 मई को SIT के समक्ष पेश होंगे, खुद वीडियो जारी कर बताया

कर्नाटक में कई महिलाओं के यौन उत्पीड़न का आरोप लगने के बाद से फरार जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि वह 31 मई को एसआईटी के सामने पेश होंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जब 26 अप्रैल को चुनाव हुए तो मेरे खिलाफ कोई केस नहीं था और कोई एसआईटी नहीं बनी, मेरी विदेश यात्रा पहले से तय थी। मुझे आरोपों के बारे में तब पता चला जब मैं अपनी यात्रा पर था। राहुल गांधी और कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने इसके बारे में और मेरे खिलाफ बात करना शुरू कर दिया और मेरे खिलाफ एक राजनीतिक साजिश रची गई। शुक्रवार 31 मई को सुबह 10 बजे मैं एसआईटी के सामने पेश होकर जांच से जुड़ी सारी जानकारी दूंगा। मैं जांच में सहयोग करूंगा। मुझे न्यायपालिका पर भरोसा है। हालांकि रेवन्ना ने यह नहीं बताया कि आरोप लगने के बाद एक महीने तक वह क्यों गायब रहे।

27 May 2024, 4:25 PM

पुणे पोर्श केसः डॉक्टर के निर्देश पर नाबालिग आरोपी का ब्लड सैंपल  किसी और के नमूने से बदला गया था, पुलिस का खुलासा

पुणे पुलिस ने सोमवार को दावा किया कि कार हादसे में कथित रूप से शामिल 17 वर्षीय लड़के के रक्त के नमूनों को ससून अस्पताल के एक चिकित्सक के कहने पर कूड़ेदान में फेंक दिया गया था और किसी अन्य व्यक्ति के नमूनों को उसके रक्त का नमूना बता दिया गया था। पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि किशोर के पिता ने चिकित्सक से बात की थी और उसे कोई लालच देकर रक्त का नमूने बदलने को कहा था।

पुणे में 19 मई की सुबह तेज रफ्तार से जा रही ‘पोर्श’ कार की टक्कर लगने से दो आईटी पेशेवरों की मौत हो गई थी। यह कार कथित रूप से नाबालिग चला रहा था। पुलिस का दावा है कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय किशोर नशे में था। कुमार ने बताया कि उन्होंने ससून अस्पताल के फोरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. अजय तावड़े और सरकारी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीहरि हालनोर को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘जांच में पता चला है कि किशोर के रक्त के नमूनों को किसी अन्य व्यक्ति के नमूनों से बदल दिया गया था और ऐसा डॉ. तावड़े के निर्देश पर किया गया था।’’ उन्होंने कहा कि डॉ. तावड़े के निर्देश पर किशोर के रक्त के नमूनों को कूड़ेदान में फेंक दिया गया था और उसकी जगह किसी अन्य व्यक्ति के रक्त के नमूने लिए गए थे। कुमार ने कहा, ‘‘जांच में यह भी पता चला कि किशोर के पिता ने ही डॉ. अजय तावड़े से बात की थी और उन्हें कोई लालच देकर रक्त के नमूने बदलने को कहा था।’’

अपराध शाखा के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि किशोर के पिता ने डा तावड़े को कई बार फोन किया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए उन्होंने किशोर का एक और नमूना लिया था और इसे किसी अन्य अस्पताल में भेजा गया है। उन्होंने कहा, ‘‘दूसरे अस्पताल की रिपोर्ट से पता चला कि ससून अस्पताल में किशोर के रक्त की रिपोर्ट में हेरफेर किया गया था क्योंकि दोनों रिपोर्ट के डीएनए (रक्त के नमूने) मेल नहीं खाते।’’ उन्होंने बताया कि दोनों चिकित्सकों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि पुलिस ने (आरोपी किशोर का) एक और नमूना लिया होगा।

कुमार ने कहा, ‘‘इस बात की जांच की जा रही है कि किसके रक्त के नमूने एकत्र कर किशोर के रक्त के नमूने से बदले गए। हमने ससून अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज बरामद कर लिए हैं और आगे की जांच जारी है।’’ उन्होंने कहा कि किशोर के खिलाफ जिस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है, उसमें भारतीय दंड की धाराएं 201 (अपराध के सबूतों को गायब करना), 120 बी (आपराधिक साजिश) और अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमने मौजूदा मामले में किशोर के पिता को सह-आरोपी बनाया है।’’

किशोर को शुरुआत में किशोर न्याय बोर्ड ने जमानत दे दी थी और उसे सड़क दुर्घटनाओं पर एक निबंध लिखने के लिए भी कहा था लेकिन उसके साथ नरमी बरते जाने पर हुई आलोचना और पुलिस द्वारा पुनरीक्षण याचिका दायर किए जाने के बाद उसे पांच जून तक हिरासत केंद्र में भेज दिया गया। पुलिस ने इस मामले में किशोर के पिता और उसके दादा को गिरफ्तार किया है। किशोर के पिता एक रियल एस्टेट कारोबारी हैं।


27 May 2024, 3:46 PM

हिसार में ट्रक और कार की जोरदार टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत   

हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर हिसार सेक्टर 27-28 मोड़ के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ है। सोमवार दोपहर एक एसयूवी और ट्रक के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई है। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई है और चार लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। ट्रक से टकराने के बाद कार सड़क किनारे गड्ढे में चली गई। कार में सवार परिवार के लोग हांसी में रिश्ता तय करने आए थे और वापस जाने के दौरान यह हादसा हुआ।

27 May 2024, 3:37 PM

अखिलेश यादव ने कहा, "...इन्होंने(भाजपा) पिछड़ो-दलित और आदिवासियों का आरक्षण छीना है

समाजवादी पार्टी प्रमुख और कन्नौज लोकसभा सीट से उम्मीदवार अखिलेश यादव ने कहा, "...इन्होंने(भाजपा) पिछड़ो-दलित और आदिवासियों का आरक्षण छीना है...PDA, P से पूर्वांचल भी है, P से प्रोग्रेसिव भी है...NDA नकारात्मक राजनीति करती है और नकारात्मक राजनीति का समय खत्म हो गया है...ये सामाजिक न्याय, आरक्षण, जाति-जनगणना के खिलाफ हैं..."


27 May 2024, 2:54 PM

राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, कहा- अग्निवीर में इन्होंने हिन्दुस्तान के जवानों को मजदूर बनाया है

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "अग्निवीर में इन्होंने हिन्दुस्तान के जवानों को मजदूर बनाया है। हम अग्निवीर को रद्द करेंगे और पहले जो व्यवस्था थी वो लागू करेंगे। हिन्दुस्तान का हर युवा जानता है कि अग्निवीर का मतलब हिन्दुस्तान के जवानों को मजदूर बनाना है।"

27 May 2024, 2:20 PM

देश में INDIA गठबंधन की सरकार बनने जा रही है: आरजेडी नेता राबड़ी देवी

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता राबड़ी देवी ने कहा, "प्रधानमंत्री(मोदी) अब जाने वाले हैं। पाकिस्तान-पाकिस्तान करते रहें...आडवाणी जी पाकिस्तानी हैं, भारत आकर बस गए...देश में INDIA गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।"


27 May 2024, 1:11 PM

पोर्श दुर्घटना : खून के नमूने नाबालिग आरोपी के नहीं

पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने सोमवार को पोर्श कार दुर्घटना में एक सनसनीखेज खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सरकारी ससून अस्पताल द्वारा परीक्षण किया गया रक्त का नमूना नाबालिग आरोपी का नहीं, किसी और का था। कुमार ने कहा कि रक्त का नमूना कार दुर्घटना में पकड़े गए 17 वर्षीय लड़के का नहीं, बल्कि किसी 'तीसरे व्यक्ति' का था। अब इसकी जांच की जा रही है।

27 May 2024, 12:26 PM

चक्रवात रेमल: त्रिपुरा के दो जिलों में 'रेड अलर्ट' जारी

 बंगाल की खाड़ी में उत्पन्न हुए 'चक्रवात रेमल' के संभावित प्रभाव को देखते हुए त्रिपुरा के दो जिलों सिपाहीजला और गुमती में 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वोत्तर राज्य के शेष छह जिलों में भी 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। यहां चक्रवात रेमल के परिणामस्वरूप भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।


27 May 2024, 11:07 AM

30 मई तक अरविंद केजरीवाल प्रचार में व्यस्त हैं, इसके बाद मेडिकल जांच के लिए उन्होंने समय मांगा है: आतिशी

दिल्ली की मंत्री और AAP नेता आतिशी ने बताया, "दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट में अपनी बेल को एक हफ्ते आगे बढ़ाने के लिए याचिका दायर की है। जब अरविंद केजरीवाल ED के हिरासत में थे तो उनका 7 किलो वजन घटा था। जब वे बाहर भी आए हैं तो जांच के बाद इसका कारण समझ नहीं आया है ना ही उनका वजन बढ़ा है। टेस्ट में उनके कीटोन लेवल हाई निकले हैं। ये किसी गंभीर बिमारी के लक्षण हो सकते हैं। डॉक्टर ने एक और जांच की सलाह दी है। 30 मई तक अरविंद केजरीवाल प्रचार में व्यस्त हैं। इसके बाद जांच के लिए उन्होंने समय मांगा है।"

27 May 2024, 11:07 AM

पश्चिम बंगाल: सुंदरबन में चक्रवात 'रेमल' के टकराने के बाद कई पेड़ उखड़ गए

पश्चिम बंगाल: सुंदरबन में चक्रवात 'रेमल' के टकराने के बाद कई पेड़ उखड़ गए। चक्रवात 'रेमल' के टकराने के बाद कल रात पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज़ हवाएं चलीं।


27 May 2024, 9:11 AM

दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल पहुंचे सुप्रीम कोर्ट, अंतरिम जमानत 7 दिन बढ़ाने की मांग

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर अपनी अंतरिम जमानत 7 दिन बढ़ाने की मांग की है. दिल्ली के सीएम केजरीवाल को PET-CT स्कैन और अन्य टेस्ट से गुजरना होगा।

27 May 2024, 8:06 AM

पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि, सोनिया गांधी, खड़गे ने शांति वन पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की

पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य नेताओं ने शांति वन पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित किए।


27 May 2024, 7:58 AM

कोलकाता में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में भरा पानी, साइक्लोन रेमल का असर

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में चक्रवात 'रेमल' के कारण शहर के कई इलाकों में जलजमाव देखा गया। अलीपुर इलाके में कई पेड़ उखड़ गए। चक्रवात 'रेमल' के टकराने के बाद कल रात पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज़ हवाएं चलीं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia