बड़ी खबर LIVE: झारखंड के जामताड़ा में पटरी पर खड़े थे लोग, दूसरी तरफ से आई ट्रेन ने कुचला, दो की मौत, 10 घायल

झारखंड के जामताड़ा में विद्यासागर रेलखंड में कालाझरिया के पास बुधवार शाम कुछ लोग ट्रेन से कट गए हैं। मृतकों की संख्या के बारे में आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं मिल पाई है। दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं। छह लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

28 Feb 2024, 10:58 PM

झारखंड के जामताड़ा में पटरी पर खड़े थे लोग, दूसरी तरफ से आई ट्रेन ने कुचला, दो की मौत, 10 घायल

झारखंड के जामताड़ा में विद्यासागर रेलखंड में कालाझरिया के पास बुधवार शाम कुछ लोग ट्रेन से कट गए हैं। मृतकों की संख्या के बारे में आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं मिल पाई है। दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं। छह लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। चार-पांच अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

28 Feb 2024, 10:57 PM

दिल्ली के उद्योग भवन मेट्रो स्‍टेशन पर शख्स ने ट्रेन के सामने लगाई छलांग, मौत

दिल्ली में उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन पर बुधवार को 39 साल के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर मेट्रो के सामने छलांग लगा दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कथित तौर पर यह व्यक्ति बेरोजगार और गंभीर बीमारी से पीड़त था।

28 Feb 2024, 9:33 PM

IAS अधिकारी चोकलिंगम को महाराष्ट्र का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया

भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने लोकसभा चुनाव से पहले बुधवार को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एस चोकलिंगम को महाराष्ट्र का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया। निर्वाचन आयोग ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में इस नियुक्ति की घोषणा की। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1996 बैच के अधिकारी चोकलिंगम महाराष्ट्र के मौजूदा सीईओ श्रीकांत एम देशपांडे का स्थान लेंगे।

निर्वाचन आयोग ने चोकलिंगम को देशपांडे से कार्यभार संभालने के बाद ईसीआई कार्यालय में रिपोर्ट करने को कहा। देश में अप्रैल-मई के महीने में संभावित लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र में इसी साल विधानसभा चुनाव होंगे।


28 Feb 2024, 8:40 PM

झारखंड के जामताड़ा में बड़ा रेल हादसा, कई यात्रियों पर चढ़ी ट्रेन, कई लोगों के हताहत होने की आशंका

झारखंड के जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा हुआ है। खबर के अनुसार, जामताड़ा के कालाझरिया रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन ने कई यात्रियों को कुचल दिया है। इस हादसे में कई लोगों के हताहत होने की आशंका है। जामताड़ा के डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि कुछ मौतों की सूचना मिली है। मौतों की सही संख्या की पुष्टि बाद में की जाएगी। मेडिकल टीमें और एंबुलेंस मौके पर पहुंच रही हैं।

28 Feb 2024, 8:11 PM

बिहार में स्कूल की टाइमिंग में बदलाव, शिक्षा विभाग ने जारी की अधिसूचना

बिहार में काफी हंगामे के बाद स्कूल की टाइमिंग में बदलाव कर दिया गया। शिक्षा विभाग द्वारा बुधवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई। बिहार में स्कूल अब सुबह 9.45 से शाम 4.15 बजे तक चलेंगे।


28 Feb 2024, 8:10 PM

रायपुर में चार करोड़ की विदेशी सिगार और सिगरेट नष्ट की गई

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सीमा शुल्क आयुक्तालय ने लगभग चार करोड़ रुपए कीमत की विदेशी सिगार और सिगरेट नष्ट कर दी।

आधिकारिक जानकारी में बताया गया है कि विदेशी मूल की सिगरेट और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के अवैध आयात के खिलाफ अभियान में सीमा शुल्क आयुक्तालय, इंदौर ने रायपुर में भट्टी में जलाकर विदेशी मूल की सिगार और सिगरेट नष्ट की।

भारत में तस्करी करके लाए गए 2,000 विदेशी मूल के सिगार और 557 विदेशी मूल के रोलिंग पेपर के बक्सों को भी नष्ट कर दिया गया। बताया गया है कि नष्ट की गई सिगरेट और अन्य प्रतिबंधित सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ रुपए है।

28 Feb 2024, 7:56 PM

बुजुर्ग कारोबारी से 3.61 करोड़ रुपये की साइबर ठगी, एक गिरफ्तार

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के 73 वर्षीय एक व्यवसायी से कथित तौर पर 3.61 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में एक कपड़ा व्यापारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि साइबर पुलिस ने अब तक मामले में 2.20 करोड़ रुपये ‘फ्रीज’कर दिए हैं और 330 बैंक खातों में लेन-देन पर रोक लगा दी है।

अधिकारी ने कहा कि कथित लेनदेन पिछले साल 20 मई से सात अक्टूबर के बीच हुआ था। बुजुर्ग व्यवसायी से दो महिलाओं सहित तीन लोगों ने ऑनलाइन संपर्क किया था जिन्होंने उन्हें भारी मुनाफा का प्रलोभन देकर निवेश करने के लिए मनाया था।


28 Feb 2024, 7:47 PM

पाकिस्तान की नई सरकार की पहली प्राथमिकता अर्थव्यवस्था को ठीक करना होगा: नवाज शरीफ

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी के नेतृत्व वाली आगामी सरकार की प्राथमिकता खराब अर्थव्यवस्था को ठीक करने की होगी क्योंकि नकदी संकट से जूझ रहे देश की सभी समस्याएं आर्थिक संकट से जुड़ी हैं।

पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के प्रमुख शरीफ आठ फरवरी के चुनाव के बाद पहली बार संसद भवन पहुंचे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सरकार अर्थव्यवस्था को ठीक करने की कोशिश करेगी जिससे सब कुछ ठीक हो जाएगा।’’

28 Feb 2024, 7:16 PM

दिल्ली: माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने मानेकशॉ सेंटर का दौरा किया


28 Feb 2024, 7:10 PM

उत्तराखंड में भीषण हादसा, 800 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, छह लोगों की मौत

उत्तराखंड के चकराता में बुधवार को अटाल मार्ग पर हणस्नू गांव के पास एक कार 800 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है।

सभी मृतक हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रहने वाले थे। वो अपने लोक देवता चालदा महराज के दर्शनों के लिए दसौं जा रहे थे। इसी बीच उनकी ऑल्टो कार (यूके 07 डीयू 4719) हादसे का शिकार हो गई।

28 Feb 2024, 6:56 PM

वॉल्ट डिज़्नी, रिलायंस इंडस्ट्रीज भारत में अपने मीडिया परिचालन के विलय पर सहमत


28 Feb 2024, 6:40 PM

‘BJP के रामराज्य’ में हो रहा है दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार: कांग्रेस

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के रामपुर में दो पक्षों की झड़प के दौरान एक दलित किशोर की मौत होने की घटना की निंदा करते हुए बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘रामराज्य’ में दलितों और पिछड़ों पर लगातार अत्याचार हो रहा है।

रामपुर जिले में एक विवादित जमीन पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर वाले ‘होर्डिंग’ लगाने को लेकर दो पक्षों में हुई झड़प के दौरान गोली लगने से एक दलित किशोर की मौत हो गयी तथा दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार को मिलक इलाके के सिलाई बाड़ा गांव की है।

28 Feb 2024, 6:35 PM

गाजियाबाद में अवैध तमंचा फैक्ट्री का खुलासा, एक गिरफ्तार

गाजियाबाद की लोनी बॉर्डर पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण जोन ने अवैध रूप से संचालित तमंचा फैक्ट्री का खुलासा किया है। फैक्ट्री से 8 अवैध तमंचे, 25 अर्द्धनिर्मित तमंचे और उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जबकि, दूसरा फरार है।


28 Feb 2024, 6:32 PM

रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रित बुमराह और रवींद्र जड़ेजा को बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध की उच्चतम श्रेणी में रखा गया

28 Feb 2024, 6:29 PM

छत्तीसगढ़: इनामी महिला नक्सली ने किया आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में एक इनामी महिला नक्सली ने बुधवार को सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया । पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज सुरक्षाबलों के सामने कटेकल्याण एरिया कमेटी की नक्सली गंगी मुचाकी ने आत्मसमर्पण कर दिया। उनके मुताबिक, मुचाकी के सिर पर एक लाख रुपये का इनाम था।


28 Feb 2024, 5:58 PM

अदालत ने आप विधायक प्रकाश जारवाल को डॉक्टर को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का दोषी पाया

दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक प्रकाश जारवाल को एक डॉक्टर को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का दोषी ठहराया।

दक्षिणी दिल्ली के दुर्गा विहार में 18 अप्रैल, 2020 को 52 वर्षीय डॉक्टर राजेंद्र सिंह ने आत्महत्या कर ली थी।

न्यायाधीश ने देवली विधानसभा क्षेत्र के विधायक जारवाल को दोषी करार देते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष ने तार्किक संदेह से परे जाकर उनके खिलाफ मामला साबित किया।

न्यायाधीश सजा को लेकर 13 मार्च को दलीलें सुनेंगे।

28 Feb 2024, 5:38 PM

पुणे में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले रैकेट का पर्दाफाश किया, छह गिरफ्तार

पुणे में पिंपरी-चिंचवड पुलिस ने ऑनलाइन ऑर्डर किए गए चीनी पेपर पर 500 रुपये के नकली भारतीय नोट छापने वाले एक रैकेट का पर्दाफाश किया। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि एक इंजीनियर समेत छह लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुणे में पिंपरी-चिंचवड पुलिस के अधिकार क्षेत्र के तहत देहु रोड पुलिस स्टेशन ने गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन चलाया।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन फटांगरे के नेतृत्व में एक टीम ने 500 रुपये के 440 नकली नोट, 4,700 आंशिक रूप से मुद्रित नोटों के बिल, 4,484 मुद्रित और चीनी निर्मित मुद्रा पेपर की 1,000 शीटें, एक प्रिंटिंग मशीन, लैपटॉप, पेपर काटने की मशीनें और अन्य सामान जब्त किया।


28 Feb 2024, 5:34 PM

तेलंगाना में बस ने ऑटो को टक्कर मारी, चार महिला मजदूरों की मौत

तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में सूर्यापेट-खम्मम हाईवे पर बुधवार को बस ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में चार महिला मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में 12 लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने बताया कि ऑटो 15 मजदूरों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान एक अंडरपास के पास आरटीसी की एक बस ने ऑटो को टक्कर मार दी।

मजदूर मुनागला मंडल के रामसमुद्रम गांव के निवासी हैं। सभी मोथे मंडल के बुर्काचेरला गांव में खेतों में काम करने जा रहे थे।

28 Feb 2024, 5:33 PM

हरियाणा से बिहार भेजी जा रही थी शराब, एक तस्कर गिरफ्तार

नोएडा के सेक्टर-39 थाना पुलिस ने शराब की तस्करी करने वाले एक शातिर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 42 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली बस जब्त की गई है। तस्कर हरियाणा से शराब बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचा करता था।


28 Feb 2024, 5:10 PM

मेरठ: निर्माणाधीन रैपिड मेट्रो स्टेशन में आग लगी, दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद

28 Feb 2024, 5:00 PM

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 4 पैसे गिरकर 82.93 पर बंद हुआ


28 Feb 2024, 4:50 PM

आंध्र प्रदेश: TDP नेता और पूर्व मंत्री गोलापल्ली सूर्या राव आधिकारिक तौर पर YSR कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए

28 Feb 2024, 4:41 PM

मध्य प्रदेश के इंदौर में 7 साल की बच्ची से साथ दुष्कर्म के मामले पर ADCP राजेश दंडोतिया का बयान

मध्य प्रदेश के इंदौर में 7 साल की बच्ची से साथ दुष्कर्म के मामले पर ADCP राजेश दंडोतिया ने कहा, "हीरानगर से यह मामला सामने आया है, कल इसकी सूचना थाने में मिली थी। नाबालिग बच्ची के साथ 19-20 वर्षीय युवक ने यह अपराध किया है, आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।"


28 Feb 2024, 4:36 PM

झारखंड HC ने पूर्व CM हेमंत सोरेन की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने बजट सत्र में शामिल होने की अनुमति मांगी थी

28 Feb 2024, 3:50 PM

बीजेपी धनबल, एजेंसियों की ताकत और केंद्र की सत्ता का दुरुपयोग करके हिमाचल वासियों के इस अधिकार को कुचलना चाहती है: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने कहा कि लोकतंत्र में आम जनता को अपनी पसंद की सरकार चुनने का अधिकार है। हिमाचल की जनता ने अपने इसी अधिकार का इस्तेमाल किया और स्पष्ट बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनाई। लेकिन बीजेपी धनबल, एजेंसियों की ताकत और केंद्र की सत्ता का दुरुपयोग करके हिमाचल वासियों के इस अधिकार को कुचलना चाहती है। इस मक़सद के लिए जिस तरह भाजपा सरकारी सुरक्षा और मशीनरी का इस्तेमाल कर रही है, वह देश के इतिहास में अभूतपूर्व है। 25 विधायकों वाली पार्टी यदि 43 विधायकों के बहुमत को चुनौती दे रही है, तो इसका मतलब साफ है कि वो प्रतिनिधियों के खरीद-फरोख्त पर निर्भर है।

इनका यह रवैया अनैतिक और असंवैधानिक है। हिमाचल और देश की जनता सब देख रही है। जो भाजपा प्राकृतिक आपदा के समय प्रदेशवासियों के साथ खड़ी नहीं हुई, अब प्रदेश को राजनीतिक आपदा में धकेलना चाहती है।


28 Feb 2024, 3:46 PM

ज्ञानवापी के आठ तहखानों के सर्वेक्षण सम्बन्धी याचिका पर सुनवाई 19 मार्च को

वाराणसी की जिला अदालत ने ज्ञानवापी परिसर स्थित शेष आठ तहखानों सहित सम्पूर्ण परिसर के सर्वेक्षण का आदेश देने का आग्रह करने वाली याचिका पर सुनवाई के लिए 19 मार्च की तिथि तय की है।

हिन्दू पक्ष के अधिवक्ता मदन मोहन यादव ने बुधवार को बताया कि ज्ञानवापी परिसर स्थित शेष आठ तहखानों सहित सम्पूर्ण परिसर के सर्वेक्षण का आदेश देने का आग्रह करने वाली याचिका पर सुनवाई के लिए प्रभारी जिला न्यायाधीश (पंचम) अनिल कुमार ने 19 मार्च की तिथि तय की है।

28 Feb 2024, 3:18 PM

मेरठ: पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक निर्माणाधीन आरआरटीएस स्टेशन में लगी आग, मौके पर दमकल की गाड़ियां मौजूद 


28 Feb 2024, 3:11 PM

CBI ने अखिलेश यादव को अवैध खनन मामले में भेजा नोटिस, बतौर गवाह होने पड़ेगा पेश

उत्तर प्रदेश में अवैध खनन के मामले में सीबीआई ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव को तलब किया है। 29 फरवरी को दिल्ली में सीबीआई ने पेश होने के लिए कहा है। अखिलेश यादव को बतौर गवाह पेश होने के लिए कहा गया है।

28 Feb 2024, 1:54 PM

हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक हलचल पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश का बयान

हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक हलचल पर कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा और हमारे प्रभारी राजीव शुक्ला हिमाचल प्रदेश में हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से बात की है। उन्हें बताया गया है कि वे सभी विधायकों से मिलें और उनकी शिकायतों और मांगों को सुनें। क्रॉस-वोटिंग हुई है। लेकिन कांग्रेस सरकार को गिराने की साजिश। 'ऑपरेशन कमल' से निपटने के लिए पार्टी द्वारा क्या कदम उठाए जाने हैं, इस बारे में कांग्रेस अध्यक्ष ने इन वरिष्ठ सहयोगियों से कहा है कि वे सभी से मिलें, उनकी बातें सुनें और शीघ्रता से उन्हें एक रिपोर्ट प्रस्तुत करें।"


28 Feb 2024, 1:17 PM

भूपिंदर सिंह हुड्डा, जिन्हें हिमाचल प्रदेश संकट के लिए दो पर्यवेक्षकों में से एक नियुक्त किया गया है, चंडीगढ़ से शिमला के लिए रवाना हुए

वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा, जिन्हें हिमाचल प्रदेश संकट के लिए दो पर्यवेक्षकों में से एक नियुक्त किया गया है, चंडीगढ़ से शिमला के लिए रवाना हुए।

28 Feb 2024, 1:08 PM

उत्तर प्रदेश: बीएसपी नेता और पूर्व विधायक शाह आलम उर्फ ​​गुड्डू जमाली समाजवादी पार्टी में शामिल हुए


28 Feb 2024, 12:31 PM

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में हंगामा, स्पीकर ने 15 बीजेपी विधायकों को सस्पेंड कर दिया है

28 Feb 2024, 12:21 PM

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में एक होटल में लीग आग


28 Feb 2024, 11:58 AM

हिमाचल प्रदेश के स्पीकर ने बीजेपी के 15 विधायकों को सदन की कार्यवाही से किया सस्पेंड

हिमाचल प्रदेश के स्पीकर ने बीजेपी के 15 विधायकों को सदन की कार्यवाही से सस्पेंड कर दिया है। विधानसभा अध्यक्ष ने इन विधायकों को कथित रूप से नारेबाजी करने और अध्यक्ष के कक्ष में अनुचित आचरण के लिए सस्पेंड किया है।

सस्पेंड किए गे विधायकों में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर, विपिन सिंह परमार, रणधीर शर्मा, लोकेंद्र कुमार, विनोद कुमार, हंस राज, जनक राज, बलबीर वर्मा, त्रिलोक जमवाल, सुरेंदर शोरी, दीप राज, पूरन ठाकुर, इंदर सिंह गांधी, दिलीप ठाकुर और इंदर सिंह गांधी शामिल हैं।

28 Feb 2024, 10:57 AM

RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी हेमा यादव 'लैंड फॉर जॉब' घोटाला मामले में पेश होने के लिए दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंचीं 


28 Feb 2024, 9:26 AM

जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर में शीतलहर जारी  

28 Feb 2024, 7:54 AM

मुंबई के आजाद नगर इलाके में एक गोदाम में आग लगी 

मुंबई के आजाद नगर इलाके में एक गोदाम में आग लगी, दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है, आग बुझाने के प्रयास जारी हैं: मीरा रोड फायर ब्रिगेड


28 Feb 2024, 7:50 AM

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में खदान में चट्टान धंसने से 4 मजदूरों की दर्दनाक मौत

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल इलाके में एक खदान में चट्टान का एक हिस्सा धंसने से चार मजदूरों की मौत हो गई। किरंदुल पुलिस स्टेशन द्वारा मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। यह जानकारी दंतेवाड़ा के डीएम मयंक चतुर्वेदी ने दी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia