बड़ी खबर LIVE: यौन उत्पीड़न केस में बृजभूषण पर लटकी तलवार, दिल्ली पुलिस ने आरोपों पर बहस फिर से शुरू की

दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को छह महिला पहलवानों द्वारा दर्ज कथित यौन उत्पीड़न मामले में बीजेपी सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आरोप तय करने को लेकर दिल्ली की एक अदालत में फिर से बहस शुरू की।

फोटो: IANS
फोटो: IANS
user

नवजीवन डेस्क

04 Jan 2024, 10:22 PM

यौन उत्पीड़न केसः दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण के खिलाफ आरोपों पर बहस फिर से शुरू की

दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को छह महिला पहलवानों द्वारा दर्ज कथित यौन उत्पीड़न मामले में भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आरोप तय करने को लेकर बहस फिर से शुरू की।

04 Jan 2024, 10:21 PM

मथुरा के व्यापारियों ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के आसपास के क्षेत्र को नो-व्हीकल जोन घोषित करने के आदेश का विरोध किया

04 Jan 2024, 10:15 PM

विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने दौरे पर नेपाल क्रिकेट टीम के सदस्यों से मुलाकात की


04 Jan 2024, 9:44 PM

महाराष्ट्र के मंत्री ने जन्मदिन समारोह में पुलिस को मेहमानों की 'हड्डियां तोड़ने' का दिया आदेश, छिड़ा विवाद

महाराष्ट्र के अल्पसंख्यक विकास मंत्री अब्दुल सत्तार उस समय विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के निशाने पर आ गए, जब उन्हें कथित तौर पर पुलिस को आमंत्रित अतिथियों पर लाठीचार्ज करने और हड्डियां तोड़ने का आदेश देते हुए देखा और सुना गया। मंत्री बुधवार देर रात अपना जन्मदिन मना रहे थे।

04 Jan 2024, 9:43 PM

राम मंदिर का निमंत्रण नहीं मिलेगा तो भी अयोध्या जाएंगेः शिवपाल यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने गुरुवार को इटावा में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राम मंदिर कोर्ट के आदेश पर बन रहा है। भगवान श्रीराम का सम्मान करते हैं। राम मंदिर का अगर निमंत्रण नहीं मिलेगा तो भी अयोध्या जाएंगे।


04 Jan 2024, 9:41 PM

तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की

04 Jan 2024, 9:17 PM

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले की पुलिस ने बीरवाह में सात आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार करके एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा किया है।


04 Jan 2024, 9:15 PM

कांग्रेस नेशनल अलायंस कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सौंपी, इंडिया गठबंधन में सीटों को लेकर दिया फीडबैक

कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई बैठक के बाद पार्टी सांसद मुकुल वासनिक ने कहा कि कुछ दिन पहले पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने नेशनल अलायंस कमेटी का गठन किया था। इस कमेटी ने गठबंधन को लेकर विभिन्न राज्यों के नेताओं से चर्चा की। पिछले दिनों अलग-अलग बैठकों में हमने इन बातों पर विस्तार से चर्चा की कि इंडिया गठबंधन में अलग-अलग पार्टियों के साथ हमारा समझौता कैसा हो और हम कौन सी सीटों से चुनाव लड़ें और वे कौन सी सीटों से चुनाव लड़ें। आज हमने इन चर्चाओं पर रिपोर्ट खड़गे, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल को सौंप दी है। अब जल्द ही हम इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के साथ चर्चा करेंगे...और उसके बाद हम तय करेंगे कि आगे कैसे बढ़ना है।

04 Jan 2024, 8:36 PM

कांग्रेस की गठबंधन समिति की बैठक आज दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई


04 Jan 2024, 8:01 PM

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।

04 Jan 2024, 8:00 PM

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दिल्ली एयरपोर्ट पर पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की।


04 Jan 2024, 7:31 PM

मिजोरम के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के साथ म्यांमार शरणार्थी मुद्दे पर चर्चा की

मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और म्यांमार शरणार्थी मुद्दे सहित कई मुद्दों पर चर्चा की।

लालदुहोमा ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि म्यांमार के साथ वर्तमान सीमा को तत्कालीन ब्रिटिश सरकार ने लोगों की पूर्व सहमति के बिना दो जातीय समूहों पर थोप दिया था और यह अभी भी सीमा के दोनों ओर के लोगों के लिए अस्वीकार्य है।

04 Jan 2024, 7:15 PM

दिल्ली: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पहुंचे।


04 Jan 2024, 7:14 PM

दिल्ली: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे

04 Jan 2024, 6:39 PM

गुरुग्राम: पूर्व मॉडल दिव्या पाहुजा की हत्या मामले में आरोपी होटल मालिक अभिजीत, हेमराज और ओम प्रकाश गिरफ्तार


04 Jan 2024, 6:36 PM

यूपी परिवहन की बसों में भी 22 जनवरी तक बजेगा राम भजन

22 जनवरी को अयोध्या में होने जा रहे रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर पूरे प्रदेश में एक अलग तरह का माहौल है। चारों तरफ सिर्फ भगवान राम के भव्य मंदिर को लेकर ही चर्चा हो रही है।

इसी क्रम में परिवहन विभाग ने 22 जनवरी को होने वाले इस भव्य कार्यक्रम को लेकर कार्ययोजना तैयार की है। कार्ययोजना के तहत 22 जनवरी तक सभी बसों में लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम में राम भजन बजाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

04 Jan 2024, 6:36 PM

भारत में 760 नए कोविड मामले आए सामने, दो लोगों की मौत

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि भारत मेंबीते 24 घंटों में 760 नए कोविड-19 मामले आए और दो मौतें दर्ज की गई हैं। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे में केरल और कर्नाटक से दो नई मौतें हुईं। बुधवार को पांच मौतें हुईं, जिनमें तमिलनाडु, कर्नाटक और पंजाब से एक-एक, केरल से दो मौतें हुईं।

पिछले 24 घंटों में रिपोर्ट किए गए नए कोविड संक्रमणों की संख्या एक दिन पहले की तुलना में 158 अधिक है। हालांकि, सक्रिय मामलों की कुल संख्या बुधवार के 4,440 से मामूली गिरावट के साथ 4,423 हो गई। 19 मई, 2023 को देश में 865 नए मामले दर्ज किए गए थे।

अब तक, जनवरी 2020 से भारत में कोरोनोवायरस मामलों की कुल संख्या 4,50,15,843 तक पहुंच गई है। देश में कोविड मामलों से संबंधित मौतों की संख्या बढ़कर 5,33,373 हो गई है।


04 Jan 2024, 6:35 PM

दो महिला तस्कर गिरफ्तार, कब्जे से अवैध नशे का सामान बरामद

बिसरख थाना पुलिस ने अवैध गांजे की बिक्री करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया।पुलिस ने बिसरख थाना क्षेत्र के हैबतपुर निवासी कमला को 1 किलो 100 ग्राम और हैबतपुर की ही रोशना को एक किलो गांजे के साथ पकड़ा। इन्हें गंगन पब्लिक स्कूल नया हैबतपुर के पास से गिरफ्तार किया गया।

04 Jan 2024, 6:32 PM

तेजस्वी यादव ने बोधगया पहुंचकर दलाई लामा से लिया आशीर्वाद, टूर ऑपरेटर्स के साथ पर्यटन नीति पर की चर्चा

बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव गुरुवार को गया जिले के बोधगया पहुंचे। यहां उन्होंने धर्मगुरु दलाई लामा से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अलावा उन्होंने टूर ऑपरेटर्स एवं होटल संचालकों के साथ पर्यटन नीति पर चर्चा की।


04 Jan 2024, 6:29 PM

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की

04 Jan 2024, 5:54 PM

यह मेरा सबसे अच्छा प्रदर्शन था : सिराज

भारत की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में सात विकेट की जीत में प्लेयर ऑफ़ द मैच बने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने कहा कि यह टेस्ट में उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन था।


04 Jan 2024, 5:50 PM

रश्मि शुक्ला महाराष्ट्र की पहली महिला डीजीपी बनीं

कई दिनों के टाल-मटोल के बाद, महाराष्ट्र सरकार ने गुरुवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रश्मी शुक्ला को राज्य का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया। वो इस पद पर आसीन होने वाली पहली महिला हैं।

04 Jan 2024, 5:27 PM

अयोध्या, उत्तर प्रदेश: राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने राम मंदिर के सिंह द्वार की तस्वीरें साझा कीं


04 Jan 2024, 5:10 PM

भारतीय टीम ने केपटाउन में रचा इतिहास, दूसरे टेस्ट में साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हराया

भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट मैच में 7 विकेट से जीत हासिल की है। मुकाबले के दूसरे दिन भारत को जीत के लिए 79 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज को 1-1 से बराबर कर लिया।

04 Jan 2024, 5:04 PM

अगर वे (बीजेपी) कह रहे हैं कि वे 400 से अधिक सीटें जीतेंगे तो चुनाव की क्या जरूरत है?- कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, "अगर वे (बीजेपी) कह रहे हैं कि वे 400 से अधिक सीटें जीतेंगे तो चुनाव की क्या जरूरत है? जनता फैसला करेगी। यह कांग्रेस या भाजपा नहीं तय करने वाली है। भारत की जनता तय करेगी कि कौन जीतेगा और कौन हारेगा।"


04 Jan 2024, 4:53 PM

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ED द्वारा भेजे गए समन पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ED द्वारा भेजे गए समन पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "ये कोई नई चीज नहीं हो रही है जितने भी विपक्ष के नेता है उनके खिलाफ लगातार सरकार कार्रवाई कर रही है। पूरा देश जनता है कि एजेंसी का इस्तेमाल हो रहा है। सरकार के खुद के लोग कह रहे कि एजेंसी का इस्तेमाल होने से सरकार का ही नुकसान होगा।"

04 Jan 2024, 4:24 PM

अयोध्या मंदिर कार्यक्रम के लिए विदेशी आमंत्रितों पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, "यह आयोजन एक ट्रस्ट की ओर से किया जा रहा है

22 जनवरी को अयोध्या मंदिर कार्यक्रम के लिए विदेशी आमंत्रितों पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, "यह आयोजन एक ट्रस्ट की ओर से किया जा रहा है। वे मेज़बान हैं इसलिए मंदिर ट्रस्ट को तय करना होगा कि किसे बुलाना है.."


04 Jan 2024, 3:55 PM

IND vs SA: दूसरे टेस्ट में जीत के लिए भारत को 79 रन का लक्ष्य मिला

सलामी बल्लेबाज एडम मार्करम (106) ने शानदार शतक बनाया लेकिन बाकी बल्लेबाजों से कोई सहयोग न मिलने के कारण दक्षिण अफ्रीका भारत के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन गुरुवार को लंच के समय तक 176 रन पर सिमट गई। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 61रन पर छह विकेट लेकर मेजबान टीम को समेटने में अहम भूमिका निभाई।

04 Jan 2024, 3:38 PM

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा, "...आज की बैठक में भारत न्याय यात्रा की एक योजना के बारे में चर्चा हुई है

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा, "...आज की बैठक में भारत न्याय यात्रा की एक योजना के बारे में चर्चा हुई है और संगठन में बूथ लेवल तक जो भी चुनाव की तैयारी करनी है उस पर चर्चा हुई है।"


04 Jan 2024, 3:28 PM

बैठक में 2024 के चुनावों की तैयारी और राहुल गांधी जी द्वारा मणिपुर से मुंबई के बीच निकाली जा रही यात्रा पर चर्चा हुई- जयराम रमेश

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रेस से बात करते हुए कहा कि आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक महत्वपूर्ण बैठक की है। इस बैठक में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और CLP नेता मौजूद रहे। बैठक में 2024 के चुनावों की तैयारी और राहुल गांधी जी द्वारा मणिपुर से मुंबई के बीच निकाली जा रही यात्रा पर चर्चा हुई।

04 Jan 2024, 3:14 PM

संजय सिंह ने खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा, याचिका दायर कर जमानत देने की मांग की

दिल्ली शराब नीति मामले में जेल में बंद आम आदमी पाटी के नेता संजय सिंह ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है। संजय सिंह ने राउज एवेन्यू कोर्ट के जमानत खारिज करने के फैसले को चुनौती दी है। ईडी ने 4 अक्टूबर, 2023 को संजय सिंह को गिरफ्तार किया था।


04 Jan 2024, 3:06 PM

कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर किया पोस्ट

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर पोस्ट किया, आज राहुल गांधी और सभी AICC महासचिवों, प्रभारियों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों और राज्यों में कांग्रेस विधानसभा दल के नेताओं के साथ महत्वपूर्ण चर्चा हुई। बैठक में मेरे शुरुआती वक्तव्य के कुछ अंश–

•इस बैठक का एजेंडा 2024 के लोक सभा चुनाव में विजय सुनिश्चित करने और भारत न्याय यात्रा की विस्तार से तैयारी करनी है। हमारे लिए दोनों की सफलता जरूरी है इसलिए हम सबको इस बीच में काफी समय देना है, और चर्चा करना है।

•19 दिसंबर 2023 को दिल्ली में INDIA गठबंधन की चौथी बैठक में सीट-बंटवारे, EVM और सारे जरूरी मुद्दों पर चर्चा हुई। सीट-बंटवारे पर बातचीत के लिए हमारी नेशनल एलाएंस कमेटी राज्य इकाइयों के साथ चर्चा कर रही है। देश भर में 8-10 बड़ी Public Meetings हमें मिल कर करनी है।

•21 दिसंबर को हमारी CWC की बैठक हुई। 28 दिसंबर को नागपुर में कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर हमारी "हैं तैयार हम" रैली बहुत शानदार रही।

•अब मैं सोनिया जी के 25 सालों के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में की गयी सेवाओं का आदर के साथ विशेष उल्लेख करना चाहूंगा। हमारे बंगलूरू के कांग्रेस सेशन में मार्च 2001 में NDA गठबंधन को सत्ता से हटाने का संकल्प उनके नेतृत्व में लिया गया था।

•हर राज्य में लगातार पूरे मन से काम हुआ और 2004 में सोनिया जी के नेतृत्व में UPA ने NDA को हरा दिया और पूरे 10 साल लगातार हमारी सरकार रही। तब हर गांव और शहर का हमारा कायकर्ता उठ खड़ा हुआ था। आज समय आ गया है कि उसी लगन, मेहनत और समर्पण भाव से हमें काम करते हुए पार्टी को आगे ले जाना होगा।

•2024 के चुनावों से पहले, पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए कई जरूरी काम किए गए हैं। “Donate For Desh” Crowdfunding अभियान भी शुरू किया गया है। महासचिवों और Incharges की जिम्मेदारियां तय हो गयी हैं। Manifesto Commitee भी बन गयी, जो काम कर रही है।

•लोक सभा चुनावों के लिए संगठन को तैयार करने के लिए पिछले कुछ महीनो में हम लोगों ने 28 राज्यों के नेताओं के साथ विस्तार से बैठक की है। रात दिन श्रम करके 2024 के लोक सभा के चुनावों में हम लोग वैकल्पिक सरकार देने में सक्षम होंगे। जहां हम कमजोर हैं, वहां कुछ खास जनाधार वाले लोगों और सीटों की पहचान होनी चाहिए।

•AICC में Media और Social Media का कंट्रोल रूम बन गया है। AICC तथा PCC के साथ REGULAR और बेहतर Coordination की जरूरत होगी और इससे मदद मिलेगी।

•हाल में संसद का शीतकालीन सत्र हुआ, जिसमें इतिहास में पहली बार 146 सांसदों का Undemocratic तरीके से Suspension किया गया। Debate-discussion के बिना Criminal Law Bills, Telecommunication Bill, CEC बिल जैसे बिलों को पास करा लिया। बिना सोचे समझे पास बिलों का विभिन्न क्षेत्रों में विरोध भी शुरू हो गया है और उनके खराब परिणाम भी नज़र आने लगे हैं।

•आप देख रहे होंगे कि BJP के सारे हमले कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर हो रहे हैं। NDA केवल नाममात्र का रह गया है। जबकि INDIA गठबंधन में जमीन से जुड़ी प्रमुख पार्टियां हैं, जिनके पास मजबूत Cadre, आधार और विचारधारा है।

•BJP 10 साल के अपनी सरकार की विफलताओं पर परदा डालने के लिए भावनात्मक मुद्दों को आगे कर रही है। हर मुद्दे में वे जानूबूझ कर कांग्रेस को शामिल करते हैं। हमें एकजुट होकर लोगों के सामने जमीनी मुद्दों पर BJP के झूठ, फरेब और गलत बातों का मुंहतोड़ जवाब देना है।

•साथियों, राहुल गांधी जी के नेतृत्व में 14 जनवरी से पूरब से पश्चिम तक भारत न्याय यात्रा शुरू होगी। मणिपुर से मुंबई तक 6200 किमी लंबी ये यात्रा 20 मार्च 2024 को समाप्त होगी।

•14 राज्यों और 85 जिलों से होते हुए ये यात्रा सामाजिक न्याय और जनता के मूल सवालों जैसे महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और मजदूरों की बुरी हालत, अमीर-गरीब की बढती खाई और जातिगत जनगणना आदि पर जन जागरण करेंगी। सामाजिक न्याय के मुद्दों को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में लाएगी, ऐसा हमें भरोसा है।

•राहुल जी के प्रति हमारा आभार। उन्होंने पार्टी नेताओं के अनुरोध को मान कर इस बड़े संकल्प का बीड़ा उठाया है। यह यात्रा युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर खड़े लोगों के साथ संवाद करेगी।

•आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक अन्याय की हकीकत लोगों के सामने रखेगी। संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिये अपनी अवाज़ पूरी ताकत से उठानी है, कांग्रेस के कैडर इसे सफल बनाने के लिए पूरा जोर लगाएगें।

•इससे पहले कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की देश दुनिया में काफी चर्चा में रही थी। यात्रा के बाद राहुलजी ने किसानों, मजदूरों, खिलाड़ियों, छात्रों, कुलियों, ट्रक ड्राइवरों और महिलाओं सहित सभी वर्गों के बीच जाकर संवाद बनाया। उनके लद्दाख और मणिपुर दौरे का काफी असर हुआ।

•मोदी सरकार आधुनिक भारत बनाने में कांग्रेस के योगदान को नजरंदाज करने का लगातार प्रयास कर रही है। हमें उनको ठोस जवाब देना है।

•Land Reforms से लेकर ग्रामीण विकास, पंचायती राज, शिक्षा और औद्योगिक क्रांति के हमारे दूसरे कामों को याद दिलाना है। संसदीय लोकतंत्र और आधुनिक भारत की बुनियाद में कांग्रेस के योगदान को याद दिलाना है। क्योंकि Those who forget history, cannot create history.

•BJP ने पिछले 10 साल में एक भी ऐसा काम नहीं किया है जिसे Milestone कहा जा सके। वे UPA-कांग्रेस के जमाने की योजनाओं का नाम और रूप बदलने का काम करते रहे हैं।

•PSU और बड़ी संस्थाओं को बेच रहे हैं। देश की लाइफलाइन रेलवे से लेकर हर संस्थान को तबाह किया है। ED/ CBI/ IT जैसी संस्थाओं का खुलेआम दुरुपयोग कर रहे हैं। मणिपुर में आज तक प्रधानमंत्री का न जाना ये बताता है कि राष्ट्रीय सवालों पर वे कितने गैर जिम्मेदारी से काम करते हैं।

•अहंकार, पाप और झूठ की सीमित उम्र होती है। हमारे नायकों ने सत्य के रास्ते पर संघर्ष का हमें जो मंत्र दिया, उसी पर कायम रहते हुए इनको जवाब देना है।

•आप सभी पार्टी के आंख कान हैं। आप जानते हैं कि जो कुछ हमें करना है, उसके लिए अगले तीन महीने ही हमारे पास हैं, इसमें रात दिन एक करके हमें पार्टी के लिए जी जान से जुटे रहना है।

04 Jan 2024, 2:07 PM

विश्वास है कि राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा के जरिए बेरोजगारी, किसानों की खराब स्थिति, जाति जनगणना पर जागरूकता पैदा करेगी: खड़गे


04 Jan 2024, 2:02 PM

महाबोधि मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या रोज बढ़ती जा रही है, उनके लिए व्यवस्था और होनी चाहिए, उसी दिशा में हम काम कर रहे हैं- तेजस्वी

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा, "महाबोधि मंदिर में हमने भगवान के दर्शन किए हैं, पर्यटक विभाग मंदिर के और सौंदर्यीकरण तथा श्रद्धालुओं के व्यवस्था के लिए और क्या करेगा उसका हमने मुआयन किया है। सीएम ने हमें जो दिशा-निर्देश दिए हैं उसके लिए हम यहां आए हुए हैं। श्रद्धालुओं की संख्या रोज बढ़ती जा रही है तो उनके लिए व्यवस्था और होनी चाहिए। उसी दिशा में हम काम कर रहे हैं। उसके बाद पर्यटक विभाग के साथ बैठक होगी।"

04 Jan 2024, 1:20 PM

हैदराबाद: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ने पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर से उनके आवास पर मुलाकात की 


04 Jan 2024, 1:17 PM

दिल्ली: वाईएसआर तेलंगाना पार्टी के कांग्रेस में विलय होने के बाद वाईएस शर्मिला ने सोनिया गांधी से मुलाकात की

04 Jan 2024, 12:21 PM

आज मैं YSR तेलंगाना पार्टी का कांग्रेस पार्टी में विलय करते हुए बहुत खुश हूं- वाई.एस. शर्मिला

वाई.एस. शर्मिला ने कहा, "आज मैं YSR तेलंगाना पार्टी का कांग्रेस पार्टी में विलय करते हुए बहुत खुश हूं। मुझे बहुत खुशी हो रही है कि YRS तेलंगाना पार्टी आज से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का हिस्सा बनने जा रही है। कांग्रेस पार्टी अभी भी हमारे देश की सबसे बड़ी धर्मनिरपेक्ष पार्टी है।"


04 Jan 2024, 11:29 AM

YSR तेलंगाना पार्टी की अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के CM जगन मोहन रेड्डी की बहन वाई.एस. शर्मिला कांग्रेस में शामिल

YSR तेलंगाना पार्टी की अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी की बहन वाई.एस. शर्मिला कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुईं।

04 Jan 2024, 10:28 AM

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर भारत-नेपाल संयुक्त आयोग की 7वीं बैठक की सह-अध्यक्षता करने के लिए नेपाल के काठमांडू पहुंचे  


04 Jan 2024, 10:15 AM

‘सीएम केजरीवाल आज गिरफ्तार होंगे’, इस दावे पर ED ने क्या कहा?

दिल्ली शराब नीति मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका के बीच ईडी अब उन्हें चौथा समय भेजने की तैयारी में है। खबरों के मुताबिक, केजरीवाल ने जो पत्र भेजा है, ईडी उसकी समीक्षा कर रही है। इसके बाद उन्हें चौथा समन भेजेगी। खबरों में कहा गया है कि ईडी ने आज केजरीवाल के घर पर छापेमारी के दावों को अफवाह बताया है।

04 Jan 2024, 9:36 AM

AIIMS दिल्ली के टीचिंग ब्लॉक में लगी आग, फर्नीचर और कार्यालय रिकॉर्ड को नुकसान पहुंचा

AIIMS दिल्ली के टीचिंग ब्लॉक में आज आग लग गई। आग से फर्नीचर और कार्यालय रिकॉर्ड को नुकसान पहुंचा। दिल्ली अग्निशमन सेवा का कहना है कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


04 Jan 2024, 9:01 AM

उत्तर प्रदेश: मथुरा में शीतलहर जारी, कोहरे की वजह से दृश्यता कम हुई

04 Jan 2024, 8:37 AM

मुंबई के एक केमिकल कंपनी में लगी भीषण आग, मौके पर दमकल की कई गाड़ियां मौजूद

नवी मुंबई के पावने MIDC इलाके में स्थित एक केमिकल कंपनी में भीषण आग लग गई है। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।


04 Jan 2024, 8:16 AM

उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में अचानक हुई बारिश के कारण ठंड बढ़ी

04 Jan 2024, 8:04 AM

उत्तर प्रदेश: लखनऊ में शीतलहर और घना कोहरा जारी है, ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं


04 Jan 2024, 8:03 AM

दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की सोसायटी के मुख्य द्वार पर सुरक्षा बढ़ाई

04 Jan 2024, 7:58 AM

'सीएम केजरीवाल को आज ED कर सकती है गिरफ्तार', AAP नेताओं का दावा

आम आदमी पार्टी के नेताओं ने दावा किया है कि ईडी आज सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास पर रेड मार सकती है और उनकी गिरफ्तारी भी कर सकती है।

दिल्ली शराब नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दिए गए तीसरे समन पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पेश नहीं हुए। उन्होंने ईडी को अपना लिखित जवाब भेज दिया था। पार्टी का कहना है कि जांच एजेंसी का नोटिस गैर कानूनी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia