बड़ी खबर LIVE: कांग्रेस का घोषणापत्र हिंदुस्तान की जनता की आवाज, हम अपने वादे पूरे करते हैं- राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रंगारेड्डी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "आज तेलंगाना के सभी लोग जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी ने जो वादे किए थे उन्हें कांग्रेस पार्टी पूरा कर रही है... ये जो घोषणापत्र है, ये हिंदुस्तान की जनता की आवाज है...।"

राहुल गांधी
राहुल गांधी
user

नवजीवन डेस्क

06 Apr 2024, 10:54 PM

भाजपा चुनावी बॉण्ड के जरिए प्राप्त ‘अवैध धन’ से प्रचार कर रही, जांच एजेंसियां सो रही हैं : सिब्बल

राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने चुनावी बॉण्ड के मुद्दे पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी बॉण्ड के जरिये प्राप्त ‘‘अवैध धन’’ से प्रचार कर रही है और जांच एजेंसियां सो रही हैं।

06 Apr 2024, 10:30 PM

पुलिस ने स्पा पर छापेमारी कर देह व्यापार गिरोह का किया भंडाफोड़, तीन लड़कियां बचाई गईं

नागपुर पुलिस की सामाजिक सुरक्षा शाखा (एसएसबी) ने एक स्पा से संचालित देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया और तीन लड़कियों को बचाया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों में से एक व्यक्ति दीनदयाल नगर इलाके में स्थित स्पा का मालिक है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तीन आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।

06 Apr 2024, 10:04 PM

तमिलनाडु: वे (भाजपा) हर मोर्चे पर विफल रहे हैं... लोग बदलाव की तलाश में हैं और कांग्रेस ने जो घोषणापत्र दिया है वह बदलाव के लिए है- कार्ति पी. चिदंबरम


06 Apr 2024, 9:56 PM

महाराष्ट्र लोकसभा चुनाव: आठ सीट के लिए 299 उम्मीदवार, 26 अप्रैल को होगा मतदान

महाराष्ट्र में 26 अप्रैल को दूसरे चरण में आठ लोकसभा सीट पर होने वाले चुनाव के लिए 299 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र जांच के बाद वैध पाए गए हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

ये आठ सीट राज्य के विदर्भ क्षेत्र में बुलढाणा, अकोला, अमरावती, वर्धा, यवतमाल-वाशिम तथा मराठवाड़ा क्षेत्र में हिंगोली, नांदेड़ और परभणी हैं। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख आठ अप्रैल है। अधिकारी ने बताया कि इन आठ सीट के लिए कुल 352 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था।

06 Apr 2024, 9:55 PM

कोहली के शतक से आरसीबी के तीन विकेट पर 183 रन

विराट कोहली ने अकेले किला लड़ाते हुए आईपीएल में रिकॉर्ड आठवां शतक जमाया लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर टीम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ तीन विकेट पर 183 रन ही बना सकी।

कोहली ने अपनी पारी में शानदार पुल और फ्लिक लगाये । उन्होंने 72 गेंद में 113 रन बनाये और अब तक टूर्नामेंट में आरसीबी के कुल रनों का 38 प्रतिशत उन्हीं के बल्ले से निकला है ।

कोहली ने अपनी पारी में 12 चौके और तीन छक्के जड़े । कप्तान फाफ डु प्लेसी ( 33 गेंद में 44 रन ) को छोड़कर उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिल सका ।


06 Apr 2024, 9:07 PM

तूफान से तबाह मकानों के पुनर्निर्माण के बंगाल सरकार के अनुरोध पर निर्वाचन आयोग चुप क्यों है: टीएमसी

त्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने शनिवार को कहा कि जलपाईगुड़ी में हालिया तूफान से तबाह हुए मकानों के पुनर्निर्माण की अनुमति देने के पश्चिम बंगाल सरकार के अनुरोध पर निर्वाचन आयोग चुप क्यों है।

टीएमसी नेता एवं मंत्री ब्रत्य बसु ने संवाददाताओं से कहा कि निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में तूफान से तबाह हुए लगभग 5,000 घरों के पुनर्निर्माण की अनुमति के लिए राज्य सरकार के आवेदन पर अभी तक जवाब नहीं दिया है।

06 Apr 2024, 8:40 PM

लोकसभा चुनाव: अमृतसर में चुनावी रैली के दौरान किसानों ने बीजेपी उम्मीदवार संधू को काले झंडे दिखाए

पंजाब की अमृतसर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार और पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को शनिवार को उनकी चुनावी रैली के दौरान कुछ किसान समूहों ने काले झंडे दिखाए।

घटना उस समय हुई जब संधू बीजेपी नेता अमृतपाल सिंह बोनी और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ यहां गंगामहल गांव में प्रचार कर रहे थे।

किसान मजदूर संघर्ष समिति से जुड़े किसानों ने भी बीजेपी के खिलाफ नारे लगाए और कहा कि उसके उम्मीदवारों को गांवों में प्रचार नहीं करने दिया जाएगा।


06 Apr 2024, 8:40 PM

लेह एपेक्स बॉडी ने लद्दाख में सीमा मार्च रद्द किया, कहा-शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा

लेह एपेक्स बॉडी (एलएबी) ने शनिवार को चीन के साथ लगती चांगथांग सीमा तक सात अप्रैल का अपना प्रस्तावित मार्च शनिवार को वापस ले लिया। इसने कहा कि लोगों के हित में यह कदम उठाया गया है। एलएबी ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने लेह को ‘‘युद्धक्षेत्र’’ में बदल दिया है।

इसने कहा कि वह "कानून-प्रवर्तन एजेंसियों के साथ किसी भी प्रकार के टकराव से बचने के लिए" प्रस्तावित मार्च को वापस ले रही है।

06 Apr 2024, 8:31 PM

 बीजेपी की सरकारें योजनाएं बनाते ही भ्रष्टाचार शुरू कर देती हैं: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को दावा किया कि समाजवादी सरकारों ने उत्तर प्रदेश को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाते हुए बड़ी सोच एवं बड़े लक्ष्य के साथ विकास कार्य किये हैं।

साथ ही उन्‍होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की सरकारें योजनाएं बनाते ही भ्रष्टाचार शुरू कर देती हैं तथा भाजपा की जितनी नीतियां और योजनाएं बनी हैं वे लूट और भ्रष्टाचार का केन्द्र रही हैं।


06 Apr 2024, 8:02 PM

कांग्रेस का घोषणापत्र हिंदुस्तान की जनता की आवाज, हम अपने वादे पूरे करते हैं- राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रंगारेड्डी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "आज तेलंगाना के सभी लोग जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी ने जो वादे किए थे उन्हें कांग्रेस पार्टी पूरा कर रही है... तेलंगाना की सरकार ने 30 हजार लोगों को सरकारी नौकरी दी है और कुछ ही समय में 50 हजार और लोगों को सरकारी नौकरी मिलने जा रही है... ये जो घोषणापत्र है, ये हिंदुस्तान की जनता की आवाज है...।"

06 Apr 2024, 7:50 PM

तेलंगाना: हिंदुस्तान में मोदी सरकार के आने के बाद करोड़ों लोग फिर से गरीबी में गए- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी


06 Apr 2024, 7:18 PM

पंजाब: BJP पंजाब विरोधी है... इनकी नफरत इतनी बढ़ गई है कि अब पंजाब की जनता, किसान, सबसे ये नफरत कर रहे हैं- AAP सांसद संदीप पाठक

06 Apr 2024, 5:49 PM

पटना: लोकसभा चुनाव पर बोले बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव, कहा- हम पहले चरण की चारों सीटें जीत रहे हैं...


06 Apr 2024, 5:27 PM

पश्चिम बंगाल के भूपतिनगर ब्लास्ट मामले में एनआईए द्वारा गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को कोलकाता के बैंकशाल कोर्ट में लाया गया

06 Apr 2024, 5:06 PM

पाकिस्तान में आज शाम 4:13 बजे रिक्टर पैमाने पर 4.5 तीव्रता का भूकंप आया: राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र


06 Apr 2024, 4:41 PM

ओडिशा: तालचेर में एनटीपीसी के कनिहा बिजली संयंत्र में आग लगी 

ओडिशा के अंगुल जिले में एनटीपीसी के कनिहा संयंत्र में शनिवार को आग लग गई। अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आग जिले के तालचेर इलाके में संयंत्र के 'कोयला परिवहन कन्वेयर बेल्ट' में लगी।

अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने बताया कि अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

उन्होंने बताया कि आग में कन्वेयर बेल्ट का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और पूरा क्षेत्र धुएं से भर गया है। उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए दो दमकल गाड़ियों को भेजा गया है।

एनटीपीसी ने एक बयान में कहा कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के अग्नि विभाग और इकाई की आपदा टीम द्वारा आग लगने की घटना पर तुरंत कार्रवाई की गई।

06 Apr 2024, 4:01 PM

जम्मू-कश्मीर : बारामूला में राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के आरोप में दो को हिरासत मे लिया

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में शनिवार को दो लोगों के खिलाफ जन सुरक्षा कानून (पीएसए) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि बारामूला जिले के कुंजेर इलाके में लालपोरा के रहने वाले अब्दुल राशिद शेख और मोहम्मद अकबर मलिक के खिलाफ सक्षम अधिकारियों से हिरासत में लेने का आदेश मिलने के बाद पीएसए के तहत मामला दर्ज किया गया है।


06 Apr 2024, 3:16 PM

हरिद्वार: कांग्रेस नेता हरीष रावत ने हरिद्वार में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो किया

06 Apr 2024, 2:39 PM

हम झूट बोलने वालों में से नहीं है जैसे की PM मोदी बोलते हैं- खड़गे

जयपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "प्रियंका गांधी ने हमारे घोषणा पत्र के बारे में बताया। हमारी जो 5 न्याय गारंटी है उसके तहत हमने 25 गारंटी करके देने का वादा किया है। हम झूट बोलने वालों में से नहीं है जैसे की PM मोदी बोलते हैं। उन्होंने हमसे पहले कितनी गारंटी दी है? उन्होंने कौनसी गारंटी लोगों को दी है और वह लोगों तक पहुंची है?"

खड़गे ने कहा, "वे (प्रधानमंत्री) कह रहे हैं मेरी गारंटी है, यह गारंटी तो हमारे शब्द हैं PM मोदी ने इसे चुरा लिया है। हमने हिमाचल में गारंटी दी, जो गारंटी हमने वहां दी उसे हमने लागू किया। तेलंगाना में जो हमारी गारंटी थी उसे हमने लागू किया। आपकी कौनसी गारंटी है? मोदी जी हमेशा लोगों को भ्रमित करते हैं। आपने इस देश के लिए कुछ भी नहीं किया और आप कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 वर्षों में कुछ नहीं किया। हम 55 वर्ष थे हमने 55 वर्षों में क्या किया हम इसका हिसाब दे रहे हैं। हमने राजस्थान में क्या किया इसका भी हिसाब दे रहे हैं, आप अपना हिसाब दीजिए कि आपने क्या किया है।"


06 Apr 2024, 2:07 PM

सोनिया गांधी बोलीं- मोदी जी खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का कर रहे हैं चीरहरण

राजस्थान के जयपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि हमारा देश पिछले 10 साल से एक ऐसी सरकार के हवाले है, जिसने बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट, असमानता और अत्यचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इस मोदी सरकार ने जो किया है, वह हमारे और आपके सामने है। इसीलिए यह समय हताशा से भरा हुआ है, लेकिन जान लीजिए हताशा के साथ ही उम्मीद का भी जन्म होता है। मुझे पूरा यकीन है कि कांग्रेस के हमारे साथी न्याय के दीपक को अपने सीने की आग से जलाएंगे और हजार आंधियों में उसे संभालकर आगे बढ़ेंगे।

सोनिया गांधी ने कहा कि यह देश सिर्फ चंद लोगों की जागीर नहीं है। यह देश हम सबका है। इसे हमारे पूर्वजों ने अपने खून से सींचा है। इसकी हवाओं में हमारी मां-बहनों के पसीने का नमक है। यह देश हमारे बच्चों का आंगन है। इस देश के मासूम बच्चों से उनके हिस्से का न्याय छीना नहीं जा सकता। देश के ऊपर हो जाने की बात है, सपने भी नहीं सोची जा सकती है। क्या कोई देश से बड़ा हो सकता है। जो ऐसा सोचता है, देश की जनता मेरी प्यारी बहनें नौजवान किसान, मजदूर और आदिवासी उसे सबक सिखा देते हैं। दूर्भाग्य से आज हमारे देश में ऐसे नेता सत्ता में विराजमान हैं, मोदी जी खुद को महान मानकर देश और लोकतंत्र की मर्यादा का चीरहरण कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को डराने-धमकाने, बीजेपी में शामिल कराने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है। मेहनत से खड़ी की गई लोकतांत्रिक संस्थाओं को राजनीतिक सत्ता के हथियार से बर्बाद किया जा रहा है। हमारे संविधान को बदलने का शड्यंत्र रचा जा रहा है। पूरे तंत्र में भय बैठाया जा रहा है। यह सब क्या है, यह सब तानाशाही है। और हम सब इस तानाशाही का जवाब देंगे। आज रोज कमाई से खाने पीने का सामान तक जुटा पाना मुश्किल हो रहा है।

06 Apr 2024, 1:46 PM

जयपुर में प्रियंका गांधी बोलीं- हमारा घोषणा पत्र  एक संघर्ष और देश की आवाज है

राजस्थान के जयपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारे घोषणा पत्र को हमने न्याय पत्र का नाम दिया है ताकी ये स्पष्ट हो कि ये सिर्फ घोषणाओं की एक सूची नहीं है जिन्हें हम चुनाव के बाद भूल जाएंगे। ये एक संघर्ष की आवाज है, इस देश की आवाज है जो आज न्याय मांग रही है।


06 Apr 2024, 1:17 PM

बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी लोकसभा चुनाव है- राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख पशुपति कुमार पारस

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने कहा, "बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी लोकसभा चुनाव है। NDA गठबंधन पूरे देश में काफी मजबूत है। इस बार NDA गठबंधन के तहत सब लोगों का प्रयास है कि (बिहार में) 40 की 40 सीटें हम जीतें। सब नाराजगी दूर हो गई है।"

06 Apr 2024, 1:15 PM

मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जयपुर पहुंचे

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जयपुर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व अन्य प्रदेश कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।


06 Apr 2024, 12:50 PM

हो सकता है कि के. कविता को ED के मामले में जमानत मिल जाए- सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, "हो सकता है कि के. कविता को ED के मामले में जमानत मिल जाए, लेकिन अब ED बेल देने वाली है तो केंद्र सरकार की दूसरी एजंसी CBI उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश करेगी। मकसद यह है कि एक्साइज पॉलिसी से जुड़े तमाम लोगों को जेल में रखा जाए, उन्हें परेशान किया जाए, उन्हें बदनाम किया जाए ताकि वे टूट जाएं और जो केंद्र सरकार चाहती है वह बयान दे दें।"

06 Apr 2024, 12:23 PM

तमिलनाडु: पूर्व उपराष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू ने श्रीरंगम श्री रंगनाथस्वामी मंदिर में प्रार्थना की


06 Apr 2024, 11:54 AM

कांग्रेस ने एक और लिस्ट की जारी, गोवा, मुरैना, खंवाडा, ग्वालियर, दादर-नगर हवेली के लिए प्रत्याशियों का ऐलान

कांग्रेस पार्टी ने उत्तर और दक्षिण गोवा के संसदीय क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की। साथ ही मध्य प्रदेश के मुरैना, खंडवा और ग्वालियर और दादर एवं नगर हवेली (एसटी) के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। गोवा से मौजूदा कांग्रेस सांसद फ्रांसिस्को सरदिन्हा को लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची से हटा दिया गया है।

06 Apr 2024, 11:08 AM

AAP नेता, दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले में सुनवाई के लिए दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंचे


06 Apr 2024, 10:22 AM

ED आज तक AAP के किसी भी नेता के पास मनी ट्रेल का एक रुपया भी नहीं मिला- आतिशी

दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा,  "पिछले 2 साल से ED शराब घोटाले की जांच कर रही है। दो साल से ED मामले में मनी ट्रेल ढूंढ रही है। उन्हें (ED) आज तक AAP के किसी भी नेता के पास मनी ट्रेल का एक रुपया भी नहीं मिला। संजय सिंह के जमानत के वक्त जब मनी ट्रेल पर सवाल उठे तब ED के पास कोई जवाब नहीं था। मनी ट्रेल न मिलने के बावजूद AAP के कई नेता को गिरफ्तार किया गया। 21 मार्च 2024 को पहली बार मनी ट्रेल के पुख्ता प्रमाण सामने आए कि किसने पैसे लिए, किसको दिए, कहां दिए और कब दिए। इसके आधार पर भी ED ने कुछ नहीं किया क्योंकि यह मनी ट्रेल शराब कारोबारी शरद रेड्डी के खाते से बीजेपी के खाते में जा रही है।"

06 Apr 2024, 9:34 AM

लोकसभा चुनाव: कांग्रेस ने त्रिपुरा के लिए 40-स्टार प्रचारकों की सूची जारी की

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने त्रिपुरा के लिए 40-स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। प्रचारकों में मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेता शामिल हैं।


06 Apr 2024, 9:07 AM

प्रधानमंत्री के चेहरे पर घबराहट दिख रही थी, उन्हें पता है कि इस बार बिहार बदला लेने के लिए तैयार है- आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी

आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, "कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जमुई में चुनावी भाषण हुआ, हमें उम्मीद थी कि वे अपने संबोधन में  परिवारवाद पर प्रहार करेंगे लेकिन वे परिवारवाद पर चुप रह गए। इलेक्टोरल बॉन्ड घोटले से बड़ा भ्रष्टाचार और कोई नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री की कल हुई सभा में कोई उत्साह नहीं था, प्रधानमंत्री के चेहरे पर घबराहट दिख रही थी, उन्हें पता है कि इस बार बिहार बदला लेने के लिए तैयार है।"

06 Apr 2024, 8:54 AM

आयकर विभाग ने तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में राजमार्ग विभाग में काम करने वाले एक ठेकेदार के घर पर छापेमारी की


06 Apr 2024, 8:54 AM

JJP पार्टी का जनाधार समाप्त हो गया है- कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा

कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि JJP पार्टी का जनाधार समाप्त हो गया है। JJP पार्टी ने अपने मतदाता के साथ विश्वासघात करके बीजेपी का समर्थन किया था, उसी समय ये तय हो गया था कि उनका मतदाता वोट की चोट से इस विश्वासघात का बदला चुकाएगा।

06 Apr 2024, 7:53 AM

देश में कहां पड़ेगी भीषण गर्मी-लू, कहां होगी बारिश-बर्फबारी? IMD ने जारी किया अलर्ट

देशभर में लगातार तेजी से गर्मी बढ़ रही है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भीषण गर्मी और लू को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ दिनों में चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में गर्मी और बढ़ेगी। साथ ही लू चलने की वजह से लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के दौरान उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। आज जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश से बर्फबारी की गतिविधियां देखने को मिल सकती है। वहीं, राजस्थान के भी कुछ इलाकों में भी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग की मानें तो देश की राजधानी नई दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। राजधानी में आज दिन के समय तेज हवाएं चल सकती हैं। 07 अप्रैल को भी दिल्ली में तेज हवाएं चलेंगी और तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।

यूपी की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहने का अनुमान है। लखनऊ में आज आसमान साफ रहेगा। गाजियाबाद में आज न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहने का अनुमान है। गाजियाबाद में आज आसमान साफ रहेगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia