बड़ी खबर LIVE: सोनिया गांधी सर्वसम्मति से कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष चुनी गईं, कांग्रेस अध्यक्ष ने जताई खुशी

संसद के सेंट्रल हॉल में कांग्रेस संसदीय दल की बैठक हुई। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे। सोनिया गांधी एकबार फिर से कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष चुनी गई हैं।

सोनिया गांधी को सर्वसम्मति से कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) का अध्यक्ष चुना गया
सोनिया गांधी को सर्वसम्मति से कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) का अध्यक्ष चुना गया
user

नवजीवन डेस्क

08 Jun 2024, 10:46 PM

क्यूरेटर भी न्यूयॉर्क की पिचों को लेकर भ्रमित हैं: रोहित शर्मा

नासाउ काउंटी मैदान के पिच के अप्रत्याशित बर्ताव से हैरान भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने शनिवार को कहा कि उन्हें नहीं पता कि पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप मुकाबले में इससे क्या उम्मीद की जाए क्योंकि यहां की ‘ड्रॉप-इन’ विकेट को लेकर क्यूरेटर भी ‘भ्रमित’ हैं।

08 Jun 2024, 10:05 PM

TDP प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू 12 जून को सुबह 9.27 बजे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे: CMO आंध्र प्रदेश

08 Jun 2024, 9:35 PM

कुलविंदर कौर को मिला एसजीपीसी का साथ, कहा- 'कंगना को अपनी जुबान पर नियंत्रण नहीं'

अमृतसर में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की कार्यकारी समिति की बैठक हुई। इस बैठक में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी और समिति के सदस्य मौजूद रहे। इस इस मौके पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव राजिंदर सिंह मेहता ने चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर कंगना रनौत के साथ हुई बदसलूकी मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।


08 Jun 2024, 9:22 PM

मध्य प्रदेश: दो ट्रकों के बीच टक्कर के बाद लगी आग, चार लोगों की जलकर मौत

 मध्य प्रदेश के रीवा जिले में शनिवार शाम को दो ट्रकों के बीच टक्कर के बाद लगी आग में एक महिला और एक बच्चे समेत कम से कम चार लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

रीवा रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) साकेत पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जब दोनों ट्रक अत्यधिक ज्वलनशील माल ले जा रहे थे तभी जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर बाईपास पर टकरा गए।

08 Jun 2024, 8:21 PM

मुनक नहर के माध्यम से दिल्ली के हिस्से का 1,050 क्यूसेक पानी नहीं छोड़ रहा हरियाणा : आतिशी

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने शनिवार को आरोप लगाया कि हरियाणा मुनक नहर के माध्यम से दिल्ली को उसके हिस्से का 1,050 क्यूसेक पानी नहीं दे रहा है।

आतिशी ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि गर्मियों के दौरान जब हरियाणा 1,050 क्यूसेक पानी छोड़ता है तो दिल्ली को लगभग 995 क्यूसेक पानी मिलता है।


08 Jun 2024, 8:19 PM

दिल्ली: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित रात्रिभोज के लिए पहुंचे

08 Jun 2024, 7:30 PM

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बीजेपी विधायक के बुजुर्ग चचेरे भाई ने खुदकुशी की

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक के 75 वर्षीय चचेरे भाई ने अपने घर पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक अशोक सिंह राठौर भितरवार विधायक मोहन सिंह राठौर का चचेरे भाई थे।


08 Jun 2024, 7:29 PM

दिल्ली: शाहीन बाग इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट में आग लगी, दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद

08 Jun 2024, 7:18 PM

हिमाचल प्रदेश: कुल्लू के रोहतांग दर्रे पर ताजा बर्फबारी देखने को मिली


08 Jun 2024, 6:52 PM

यह बड़ी बात है कि हमारी नेता (सोनिया गांधी) फिर से CPP नेता बनी है, वे हमारा मार्गदर्शन करेंगी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

08 Jun 2024, 6:50 PM

ना मिला (निमंत्रण) है, ना जाएंगे, शपथ समारोह में तृणमूल कांग्रेस के शामिल होने के सवाल पर CM ममता बनर्जी


08 Jun 2024, 6:46 PM

सोनिया गांधी सर्वसम्मति से कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष चुनी गईं

संसद के सेंट्रल हॉल में कांग्रेस संसदीय दल की बैठक हुई। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे। सोनिया गांधी एकबार फिर से कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष चुनी गई हैं।

08 Jun 2024, 6:44 PM

दिल्ली: संसद के सेंट्रल हॉल में कांग्रेस संसदीय दल की बैठक शुरू हुई


08 Jun 2024, 6:42 PM

पश्चिम बंगाल: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी TMC संसदीय दल की अध्यक्ष चुनी गईं, पार्टी सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय को लोकसभा में पार्टी का नेता

08 Jun 2024, 6:23 PM

नोएडा: निर्माणाधीन सोसाइटी की इमारत की नौवीं मंजिल से गिरकर श्रमिक की मौत

नोएडा के सेक्टर-132 में निर्माणाधीन सोसाइटी की एक इमारत की नौवीं मंजिल से गिरकर एक श्रमिक की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-132 में एक सोसाइटी का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार को काम करते समय श्रमिक राजवीर (45) इमारत की नौवीं मंजिल से गिर गया, जिसके बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।


08 Jun 2024, 5:59 PM

उत्तर प्रदेश: ट्रक की चपेट में आने से हेड कांस्टेबल समेत दो की मौत

भदोही जिले में नरथुआ गांव के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से ऑटो रिक्शे पर सवार हेड कांस्टेबल समेत दो लोगों की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

औराई थाना के प्रभारी निरीक्षक सच्चिंदानन्द पांडेय ने बताया कि आज दोपहर एक खाली ट्रक उपरौठ-उगापुर मार्ग पर तेज रफ्तार से औराई चौराहा की तरफ आ रहा था, जबकि दूसरी लेन पर एक ऑटो रिक्शा सवारी लेकर भदोही शहर की तरफ आ रहा था।

08 Jun 2024, 5:58 PM

ममता ने तृणमूल के नवनिर्वाचित सांसदों के साथ की बैठक, लोकसभा में पार्टी की रणनीति पर की चर्चा

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के नवनिर्वाचित सांसदों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ शनिवार को बैठक की तथा लोकसभा में पार्टी की रणनीति पर चर्चा की।

तृणमूल कांग्रेस नेताओं की यह बैठक शाम साढ़े चार बजे शुरू हुई और खबर लिखे जाने तक जारी थी। बैठक की शुरूआत में, ममता ने पार्टी के नवनिर्वाचित सांसदों, विशेष रूप से उन सांसदों को बधाई दी जो पहली बार चुने गए हैं जिनमें युसूफ पठान, रचना बनर्जी, मिताली बाग, जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया शामिल हैं।


08 Jun 2024, 5:47 PM

नीट परीक्षा में धांधली का स्‍वत: संज्ञान लेकर न्‍यायालय जांच कर दोषियों को सजा दे: अखिलेश यादव

विपक्षी दलों के समूह ‘इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के प्रमुख घटक दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने शनिवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-यूजी (नीट-यूजी) में गड़बड़ी का आरोप लगाया और मांग की कि इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए न्यायालय से गहन जांच कराकर इसके दोषियों को सख्त सजा दी जाए।

08 Jun 2024, 5:34 PM

पूर्वी दिल्ली में दो मंजिला इमारत में लगी आग, कोई हताहत नहीं

 पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में शनिवार दोपहर एक मकान में आग लग गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।


08 Jun 2024, 5:31 PM

दिल्ली: उन्होंने (नरेंद्र मोदी) जोड़-तोड़कर किसी तरह से सरकार बना ली है तो शपथ तो लेंगे ही- बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह

08 Jun 2024, 5:28 PM

हैदराबाद: भाजपा नेता निर्मला सीतारमण ने ईनाडु और रामोजी फिल्म सिटी के संस्थापक रामोजी राव को श्रद्धांजलि दी


08 Jun 2024, 4:42 PM

दिल्ली: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया दिल्ली से रवाना हुए

08 Jun 2024, 4:39 PM

पश्चिम बंगाल: बांग्लादेशी सांसद की हत्या मामले में एक और बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार


08 Jun 2024, 4:38 PM

हैदराबाद: अभिनेता चिरंजीवी ने ईनाडु और रामोजी फिल्म सिटी के संस्थापक रामोजी राव को श्रद्धांजलि दी

08 Jun 2024, 3:43 PM

धर्मेंद्र यादव ने कहा, "मैं वहां(अयोध्या) के लोगों को धन्यवाद देता हूं 

अयोध्या लोकसभा सीट से सपा की जीत पर समाजवादी पार्टी नेता धर्मेंद्र यादव ने कहा, "मैं वहां(अयोध्या) के लोगों को धन्यवाद देता हूं... वहां के लोगों ने समाजवादी पार्टी को जो आशीर्वाद दिया उसके लिए हम उनके विशेष तौर पर आभारी हैं।"


08 Jun 2024, 3:24 PM

CWC ने सर्वसम्मति से राहुल गांधी से लोकसभा में विपक्ष के नेता का पद संभालने का किया अनुरोध- केसी वेणुगेपाल

कांग्रेस नेता केसी वेणुगेपाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति ने सर्वसम्मति से राहुल गांधी से लोकसभा में विपक्ष के नेता का पद संभालने का अनुरोध किया। चुनाव के दौरान हमने बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं के मुद्दे और सामाजिक न्याय जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इन मुद्दों को अब संसद के अंदर और अधिक प्रभावी ढंग से संबोधित करने की आवश्यकता है। संसद में इस अभियान का नेतृत्व करने के लिए राहुल जी सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं।

08 Jun 2024, 3:19 PM

जब हमारे INDIA गठबंधन के नेताओं को निमंत्रण आएगा, अगर आएगा तो उस पर हम विचार करेंगे- जयराम रमेश

मनोनीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, "कल के शपथग्रहण समारोह के लिए सिर्फ अंतर्राष्ट्रीय नेताओं को निमंत्रण गया है। अब तक हमारे नेताओं को निमंत्रण नहीं आया है। जब हमारे INDIA गठबंधन के नेताओं को निमंत्रण आएगा, अगर आएगा तो उस पर हम विचार करेंगे।"


08 Jun 2024, 2:40 PM

हमारी समिति ने बैठक की और उन्होंने केंद्रों और सीसीटीवी के सभी विवरणों का अवलोकन किया- के. संजय मूर्ति

NEET मुद्दे पर उच्च शिक्षा सचिव के. संजय मूर्ति ने कहा, "हमारी समिति ने बैठक की और उन्होंने केंद्रों और सीसीटीवी के सभी विवरणों का अवलोकन किया। उन्होंने पाया कि कुछ केंद्रों पर समय की बर्बादी हुई और छात्रों को इसके लिए मुआवजा दिया जाना चाहिए। समिति ने सोचा कि वे शिकायतों को दूर कर सकते हैं और छात्रों को मुआवजा दे सकते हैं। इसलिए कुछ छात्रों के अंक बढ़ाए गए। इसके कारण, कुछ छात्रों की चिंताएं सामने आईं क्योंकि कुछ उम्मीदवारों को 718 और 719 अंक मिले और 6 उम्मीदवार टॉपर बन गए। हमने सभी चीजों का सावधानीपूर्वक विश्लेषण किया और परिणाम जारी किए। 4750 केंद्रों में से, यह समस्या 6 केंद्रों तक सीमित थी। और 24 लाख छात्रों में से केवल 1600 छात्रों को इस समस्या का सामना करना पड़ा। पूरे देश में इस परीक्षा की शुचिता से समझौता नहीं किया गया। कोई पेपर लीक नहीं हुआ। पूरी परीक्षा प्रक्रिया बहुत पारदर्शी रही है।"

08 Jun 2024, 2:09 PM

नकारात्मक राजनीति खत्म हुई है सकारात्मक राजनीति शुरू हुई है- अखिलेश यादव


08 Jun 2024, 1:42 PM

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस खड़गे ने ये बातें कहीं

1. कांग्रेस कार्यसमिति देश-भर में फैले कांग्रेस पार्टी के नेताओं और करोड़ों कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करती है, जिन्होंने पिछले कुछ महीनों में अथक परिश्रम किया। मैं आपकी दृढ़ इच्छा शक्ति, संकल्प और परिश्रम के लिए बधाई देता हूं।

2. जनता ने हम में विश्वास व्यक्त कर के तानाशाही शक्तियों और संविधान विरोधी ताक़तों को कड़ा जवाब दिया है। हिंदुस्तान के मतदाताओं ने बीजेपी के 10 साल की विभाजनकारी, नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति को खारिज किया है।

3. कांग्रेस कार्यसमिति कांग्रेस के सभी नव-निर्वाचित सदस्यों को बधाई देती है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में चुनाव लड़कर जीत हासिल की। उन्हें 18वीं लोक सभा का सदस्य बनने पर शुभकामनाएँ।

4. इस मौके पर मैं श्रीमती सोनिया गांधी जी को भी धन्यवाद देना चाहूँगा, जिन्होंने चुनाव की तैयारियों, गठबंधन की बैठकों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने लंबे अनुभव के आधार पर हम सब का मार्गदर्शन किया।

5. मैं लोगों के चहेते, राहुल गांधी जी को भी बधाई देना चाहूँगा जिन्होंने संविधान, आर्थिक गैर बराबरी, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय और सौहार्द्र जैसे मसलों को जन-जन का मुद्दा बना दिया।

6. यह राहुल जी के नेतृत्व में दो साल पहले 4 हजार किलोमीटर लंबा भारत जोड़ो यात्रा और फिर 6,600 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो न्याय यात्रा का फल है, जिसकी मदद से हमें जनता से जुड़ने और उनकी  समस्याओं, सरोकारों और आकांक्षाओं को जानने में मदद मिली। इसी आधार पर कांग्रेस पार्टी ने अपना चुनावी अभियान तैयार किया।

7. प्रियंका जी को खास तौर पर बधाई देना चाहूंगा जिन्होंने अमेठी और रायबरेली के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों में भी ज़ोरदार प्रचार किया।

8. मैं कांग्रेस के अपने सभी वरिष्ठ सहयोगियों को धन्यवाद दूँगा जिन्होंने एक TEAM की तरह काम किया। ये हमारे सामूहिक प्रयासों का ही असर था कि देश भर में हमारे कार्यकर्ता साथियों ने एक नयी उमंग और जोश के साथ काम किया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। हमें यह बात हमेशा याद रखनी है कि परिश्रम और संकल्प से हम बड़े से बड़े विरोधी को मात दे सकते है।

9. यहाँ मैं इस बात का भी ख़ास उल्लेख करना चाहूँगा कि जहाँ-जहाँ से भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुज़री, वहाँ पर कांग्रेस पार्टी के वोट प्रतिशत और सीटों में बढ़ोतरी हुई।

10. मणिपुर जहां से न्याय यात्रा शुरू हुई वहाँ हम दोनों सीटें जीते। नागालैंड, असम, मेघालय जैसे उत्तर-पूर्व के कई राज्यों में हमें सीटें मिली। महाराष्ट्र में हम सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरे। देशभर में कांग्रेस पार्टी को लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए लोगों का अपार समर्थन मिला।

11. यही नहीं, SC, ST, पिछड़े वर्ग, अल्पसंख्यक, और ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी की सीटों में वृद्धि हुई। हमें आगे यह प्रयास करना है कि शहरी मतदाताओं के बीच हम अपना प्रभाव बनाए और इन इलाक़ों में भी पार्टी को मज़बूत करें।

12. जहाँ हम कुछ राज्यों में कांग्रेस पार्टी के अच्छे प्रदर्शन पर खुश हैं, तो वहीं उन राज्यों पर भी खास तौर से गौर करना होगा, जहां कांग्रेस पार्टी की संभावनाओं और अपेक्षाओं के विपरीत परिणाम आए। जहाँ हमने विधान सभा में अच्छा प्रदर्शन कर सरकार बनाई, लेकिन लोक सभा में उस प्रदर्शन को दोहरा नहीं पाए।

13. इन सभी बातों पर हम जल्दी ही अलग से चर्चा करेंगे। जो तत्कालिक कदम उठाना होगा, वो भी हम उठाएंगे।

14. इस बैठक में मैं अपने इंडिया गठबंधन के साथी दलों की सराहना भी खास तौर पर करना चाहूंगा। विभिन्न राज्यों में सभी सहयोगी दलों ने अहम भूमिका निभाई, हर पक्ष ने यथासंभव योगदान दिया। एक स्वर में साथ रहे।

15. इंडिया गठबंधन के साथियों के साथ हम संसद और संसद के बाहर एकजुट होकर और मिलकर काम करेंगे।

16. जिन अहम मुद्दों पर हम चुनाव अभियान में गए वे आम जनता के सरोकार के मुद्दे हैं। इसलिए वे हमेशा हमारी ध्यान में रहेंगे। संसद और संसद के बाहर जनता के इन सवालों को हम लगातार उठाते रहेंगे ।

17. हम जनमत को विनम्रता से स्वीकार करते हैं। देश की जनता के एक  बड़े तबके ने हम पर भरोसा किया है। हम उनका भरोसा बरक़रार रखने के लिए सभी संभव प्रयास करेंगे। हमें अनुशासित रहना है। हमें एकजुट रहना है।

18. हमारा काम निरंतर जारी रहेगा, चाहे हम सत्ता में हो या नहीं। हमें 24 घंटे, 365 दिन लोगों के बीच रहना होगा, जनता के मुद्दों को उठाना होगा।

19. कुछ महीनों में महत्वपूर्ण राज्यों के चुनाव होने है, हमें हर क़ीमत पर विरोधी दलों को परास्त कर, अपनी सरकार बनानी है। लोग बदलाव चाहते है, हमें उनकी ताक़त बनना होगा।

08 Jun 2024, 1:36 PM

मैं फिर से दोहराता हूं कि ओडिशा के लोग मेरे उत्तराधिकारी का फैसला करेंगे- ओडिशा के निवर्तमान मुख्यमंत्री नवीन पटनायक

ओडिशा के निवर्तमान मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा, "जब भी मुझसे मेरे उत्तराधिकारी के बारे में पूछा गया, मैंने स्पष्ट रूप से कहा कि वह पांडियन नहीं हैं। मैं फिर से दोहराता हूं कि ओडिशा के लोग मेरे उत्तराधिकारी का फैसला करेंगे।"


08 Jun 2024, 1:13 PM

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से शिष्टाचार भेंट की

08 Jun 2024, 1:12 PM

बांग्लादेश की पीएम शेखा हसीना मनोनीत पीएम नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंचीं


08 Jun 2024, 12:34 PM

दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड निवास में निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया

08 Jun 2024, 12:23 PM

हिमाचल प्रदेश और पानी देने को तैयार है दूसरी ओर हरियाणा दिल्ली के हक का पानी रोक रही है और छोड़ नहीं रही है- आतिशी

दिल्ली सरकार में मंत्री व AAP नेता आतिशी ने कहा, "पिछले 5 दिनों से लगातार पानी की मात्रा घट रही है। अगर 1,050 क्यूसेक पानी हरियाणा द्वारा छोड़ा जा रहा है तो कम से कम 1000 क्यूसेक पानी तो पहुंचेगा? पिछले कुछ दिनों से पानी की मात्रा कम हो रही है। 1 जून को 924 क्यूसेक पहुंचा 2 जून को मात्र 848 क्यूसेक पानी पहुंचा। इस कनाल से दिल्ली के 7 प्लांट में पानी जाता है। अगर यहां पानी नहीं आएगा तो पूरी दिल्ली में त्राहि मच जाएगी। सुप्रीम कोर्ट पानी की दिक्कत सुलझाने की कोशिश कर रहा है। हिमाचल प्रदेश और पानी देने को तैयार है दूसरी ओर हरियाणा दिल्ली के हक का पानी रोक रही है और छोड़ नहीं रही है।"


08 Jun 2024, 11:26 AM

दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की विस्तारित बैठक शुरू 

दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की विस्तारित बैठक शुरू हो गई है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी सांसद राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और पार्टी के अन्य नेता बैठक में मौजूद हैं।

08 Jun 2024, 10:50 AM

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में 7 नक्सली मारे गए, 3 जवान घायल

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर के एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि 6 जून की रात को नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर 4 जिलों की टीमें दंतेवाड़ा और नारायणपुर के सीमावर्ती इलाकों में गई थीं। इलाके की घेराबंदी की गई और पूरे दिन मुठभेड़ चली। शाम को सर्च ऑपरेशन में 7 नक्सलियों के शव बरामद किए गए। नारायणपुर डीआरजी के तीन घायल जवानों को गोबेल इलाके से एयरलिफ्ट किया गया। 


08 Jun 2024, 10:25 AM

दिल्ली: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पहुंचे

08 Jun 2024, 9:39 AM

उत्तर प्रदेश: अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक बुलाई है, बैठक में पार्टी के सभी सांसद और उम्मीदवार मौजूद रहेंगे


08 Jun 2024, 9:27 AM

दिल्ली: नरेला औद्योगिक क्षेत्र की एक खाद्य फैक्ट्री में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए

08 Jun 2024, 8:32 AM

दिल्ली में पानी की किल्लत के बीच गीता कॉलोनी इलाके में टैंकरों के जरिए लोगों को पानी की आपूर्ति की जा रही 


08 Jun 2024, 8:13 AM

यूपी: प्रयागराज में गंगा दशहरा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया और पूजा की

08 Jun 2024, 7:54 AM

दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक आज, चुनाव के नतीजों पर होगा मंथन

दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की आज बैठक होगी। बैठक में लोकसभा चुनाव के नतीजों पर विचार विमर्श किया जाएगा और आगे की रणनीति तय की जाएगी। होटल अशोक में शनिवार सुबह 11 बजे सीडब्ल्यूसी की बैठक होगी। बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य सदस्य शामिल होंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia