बड़ी खबर LIVE: तिहाड़ से रिहा होने पर सिसोदिया बोले- संविधान की इसी ताकत से केजरीवाल भी जेल से बाहर आएंगे
तिहाड़ जेल से रिहा होने पर आप कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि बाबा साहेब का सपना है कि अगर कोई तानाशाह सरकार विपक्षी नेताओं को सलाखों के पीछे डालती है, तो इस देश का संविधान उनकी रक्षा करेगा। संविधान की इसी ताकत से अरविंद केजरीवाल भी जेल से बाहर आएंगे।

मुंबई के CST स्टेशन को RDX से उड़ाने की फोन से धमकी देने वाले सचिन शिंदे को जीआरपी ने हिरासत में लिया, पूछताछ जारी
भारतीय पहलवान विनेश फोगाट की अपील पर खेल न्यायालय CAS की सुनवाई पूरी
कोलकाता के अस्पताल में महिला प्रशिक्षु चिकित्सक का शव पाया गया, परिवार ने दुष्कर्म का आरोप लगाया
कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल के ‘सेमिनार हॉल’ में शुक्रवार को एक परास्नातक प्रशिक्षु (पीजीटी) महिला चिकित्सक का अर्ध निर्वस्त्र शव पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृत पाई गई प्रशिक्षु चिकित्सक छाती रोग चिकित्सा विभाग की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी, और बृहस्पतिवार की रात ड्यूटी पर तैनात थी। प्रशिक्षु चिकित्सक के शव पर चोट के निशान मिले हैं।
प्रशिक्षु चिकित्सक के पिता ने आरोप लगाया कि आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अंदर उसके साथ बलात्कार किया गया और इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई तथा अब सच्चाई को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘प्रशिक्षु चिकित्सक का शव उसके साथियों ने इमरजेंसी भवन के सेमिनार हॉल से बरामद किया। हम चिकित्सकों, नर्सों और अन्य लोगों से बात कर रहे हैं जो कल रात उसके साथ ड्यूटी पर थे। मामले की जांच की जा रही है।’’
सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महिला के माता-पिता को फोन किया और उन्हें दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीड़िता के पिता ने कहा, ‘‘मैं इस बात से बिल्कुल आश्वस्त हूं कि मेरी बेटी की हत्या करने से पहले उसके साथ बलात्कार किया गया है। उसके शरीर पर चोट का निशान इसका साक्ष्य है। वह अर्ध निर्वस्त्र अवस्था में मिली है। सच को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। मैं नहीं समझ पा रहा हूं कि वे (अस्पताल अधिकारी) जांच में विलंब क्यों कर रहे हैं ।’’
शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। अस्पताल की एक चिकित्सक ने नाम नहीं उजागर करने की शर्त पर कहा, ‘‘उन्होंने रात करीब दो बजे अपने जूनियर्स के साथ भोजन किया। इसके बाद वह सेमिनार रूम में चली गईं, चूंकि वहां कोई अलग से आराम करने के लिये कमरा नहीं है।’’ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘शव के गाल, नाक, होठ, भौंहों के बीच और गर्दन पर खरोंच के निशान हैं। इन निशानों से पता चलता है कि वहां संघर्ष हुआ था।’’ उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुलिस को यह समझने में मदद मिलेगी कि क्या उसके साथ यौन उत्पीड़न हुआ था और उसकी हत्या कैसे की गई। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की देर रात उसके साथ ड्यूटी पर मौजूद पांच लोगों से पूछताछ की जा रही है।
दिल्ली के कई इलाकों में बारिश के बाद जलभराव, यातायात जाम
दिल्ली के कुछ हिस्सों में शाम को हुई बारिश के बाद शुक्रवार को यात्रियों को यातायात जाम और जगह-जगह जलभराव का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने पहले शहर को बिना किसी चेतावनी के ‘ग्रीन’ जोन में रखा था लेकिन बाद में “तैयार रहने” के लिए ‘ऑरेन्ज’ अलर्ट जारी की। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, पालम में तीन घंटे में 41.9 मिमी बारिश दर्ज की गई।
शहर के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने 2.8 मिमी बारिश दर्ज की। आंकड़ों के अनुसार अपराह्न ढाई बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच नजफगढ़ में 6.5 मिमी, आया नगर में 5.8 मिमी, दिल्ली विश्वविद्यालय में 3.5 मिमी और पूसा में 4.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर के विभिन्न इलाकों से प्राप्त तस्वीरों में यात्री जलभराव वाली सड़कों से गुजरते नजर आए।
दिल्ली पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आनंद पर्वत पर जलभराव के कारण न्यू रोहतक रोड पर दोनों दिशाओं में यातायात प्रभावित हुआ है। पुलिस ने सड़क के एक तरफ जलभराव का वीडियो भी संलग्न किया है। लिबर्टी सिनेमा से पंजाबी बाग की ओर जाने वाले यातायात को अस्थायी रूप से कमल टी-पॉइंट से वीर बंदा बैरागी मार्ग और फिर स्वामी नारायण मार्ग, इंद्रलोक और अशोक विहार के रास्ते मोड़ दिया गया।
इसके अलावा पंजाबी बाग से पहाड़गंज या मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले यातायात को मोती नगर और पटेल रोड की ओर मोड़ दिया गया। ढांसा स्टैंड और बहादुरगढ़ स्टैंड पर जलभराव के कारण नजफगढ़ फिरनी रोड पर यातायात प्रभावित हुआ। लोक निर्माण विभाग और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को जलभराव और पेड़ उखड़ने के बारे में कई कॉल मिलीं। विभाग को जलभराव के बारे में 17 और पेड़ उखड़ने के बारे में 28 शिकायतें मिलीं।
आईएमडी के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान राष्ट्रीय राजधानी ‘येलो’ अलर्ट पर रहेगी। आईएमडी ने बताया कि अधिकतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा। शाम साढ़े पांच बजे आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत था। मौसम विभाग ने शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।
मुंबई के CSMT स्टेशन पर RDX रखे होने की फोन से मिली धमकी फर्जी निकली
जीआरपी मुंबई का कहना है कि मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) पर आरडीएक्स रखे जाने के बारे में जीआरपी कंट्रोल रूम में एक कॉल आया था। एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल करके दावा किया कि सीएसएमटी पर आरडीएक्स रखा जा रहा है। कॉल मिलते ही जीआरपी पुलिस ने स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते को सूचित किया। सभी सीएसएमटी स्टेशनों पर तलाशी ली गई, लेकिन कुछ नहीं मिला। कॉल करने वाले व्यक्ति का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि जब कॉल करने वाले की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की गई, तो वह सीएसएमटी के पास दिखाई दिया। कुछ ही देर बाद, व्यक्ति ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। कॉल करने के लिए इस्तेमाल किए गए नंबर से मुंबई और बिहार दोनों जगहों का पता चला।
आप नेता मनीष सिसोदिया पार्टी कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के बीच अपने आवास पर पहुंचे
सिसोदिया की रिहाई पर आतिशी बोलीं- आप और दिल्ली के लोगों के लिए बड़ा दिन
आप नेता और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की तिहाड़ जेल से रिहाई पर दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा, "यह आप और दिल्ली के लोगों के लिए बड़ा दिन है। पूरी दिल्ली आज जश्न मना रही है क्योंकि उनके पसंदीदा शिक्षा मंत्री जेल से बाहर आ गए हैं।"
उत्तर प्रदेश के नोएडा के कई हिस्सों में बारिश के बाद भारी जलभराव
विनेश फोगट को पदक देने के बारे में IOC अध्यक्ष बोले- CAS के निर्णय का पालन करेंगे
भारतीय पहलवान विनेश फोगट के बारे में पूछे जाने पर कि क्या एक भार वर्ग में दो रजत पदक दिए जा सकते हैं, अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष थॉमस बाक कहते हैं, "यदि आप सामान्य रूप से एक वर्ग में दो रजत पदक दिए जाने के बारे में पूछते हैं तो मेरा उत्तर है नहीं। अंतर्राष्ट्रीय महासंघ के नियम हैं जिनका पालन किया जाना चाहिए और अंतर्राष्ट्रीय महासंघ, यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग यह निर्णय ले रहा था... महासंघ या अन्य सभी को देखते हुए जिन्हें ऐसा निर्णय लेना है, तो आप कब और कहाँ कटौती करेंगे? क्या आप कहते हैं कि 100 ग्राम के साथ हम इसे दे सकते हैं, लेकिन 102 ग्राम के साथ हम इसे नहीं दे सकते हैं?... अब यह CAS में है, हम अंत में CAS के निर्णय का पालन करेंगे। लेकिन फिर से, अंतर्राष्ट्रीय महासंघ, उन्हें अपने नियमों को लागू करना और उनकी व्याख्या करनी है। इसलिए यह उनकी जिम्मेदारी है।"
आप नेता मनीष सिसोदिया दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंचे
केंद्रीय टीम ने वायनाड में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और नुकसान का आकलन किया
तिहाड़ जेल से रिहा होने पर सिसोदिया बोले- संविधान की इसी ताकत से अरविंद केजरीवाल भी जेल से बाहर आएंगे
तिहाड़ जेल से रिहा होने पर आप कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि मैं आपके प्यार, ईश्वर के आशीर्वाद और सत्य की शक्ति के कारण जेल से बाहर आया हूं, और सबसे बड़ी बात, बाबासाहेब का सपना है कि अगर कोई तानाशाह सरकार सत्ता में आती है और तानाशाही कानून बनाकर विपक्षी नेताओं को सलाखों के पीछे डालती है, तो इस देश का संविधान उनकी रक्षा करेगा... मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि संविधान की इसी ताकत से अरविंद केजरीवाल भी जेल से बाहर आएंगे।
तिहाड़ जेल से रिहा होने पर मनीष सिसोदिया बोले- मेरा रोम-रोम बाबासाहेब का ऋणी महसूस कर रहा है
तिहाड़ जेल से रिहा होने पर आप कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि जब से सुबह ये आदेश आया है, मेरा रोम-रोम बाबासाहेब का ऋणी महसूस कर रहा है। मुझे समझ नहीं आ रहा कि बाबासाहेब का ये ऋण कैसे चुकाऊंगा।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल सीएम केजरीवाल के आवास पहुंचे, मनीष सिसोदिया थोड़ी देर में पहुंचेंगे
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंचे। आबकारी नीति मामले में जमानत मिलने के बाद तिहाड़ जेल से रिहा हुए आप नेता मनीष सिसोदिया थोड़ी देर बाद यहां पहुंचेंगे।
दिल्ली में तिहाड़ जेल के पास मनीष सिसोदिया के स्वागत में आप के कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी, लगा ट्रैफिक जाम
दिल्लीः पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल से बाहर आए, सुप्रीम कोर्ट ने आज दी थी जमानत
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आप नेता मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल से बाहर आ गए हैं। दिल्ली आबकारी नीति मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आज उन्हें जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया था।
मानसून सत्र के समापन के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी दलों के नेताओं के साथ बैठक की
पीएम मोदी राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा के लिए कल 10 अगस्त को वायनाड का दौरा करेंगे
बंगाल में मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतरे, कोई हताहत नहीं, परिचालन बाधित
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में कुमेदपुर रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सब्यसाची डे ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि घटना पूर्वाह्न करीब 10:45 बजे हुई। उन्होंने कहा, ''मालगाड़ी के कुल पांच डिब्बे पटरी से उतर गए, और किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।''
एनएफआर के एक सूत्र ने बताया, ''कटिहार के कुमेदपुर स्टेशन से गुजरते समय मालगाड़ी (डीएन आईओआरजी/बीटीपीएन/एलडी 70649) पटरी से उतर गई, जिससे मुख्य मार्ग पूरी तरह प्रभावित हो गया।'' उन्होंने कहा, "कटिहार से दुर्घटना राहत रेल (एआरटी) को भेजा गया है और मार्ग को बहाल करने के प्रयास किये जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद फंस गई एक यात्रीगाड़ी को वापस कटिहार ले जाया गया है। मार्ग बहाल होने के बाद यह पुनः गंतव्य की ओर रवाना होगी।" एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मालगाड़ी के पटरी से उतरने का कारण रेललाइन से जुड़ा ''तकनीकी मामला'' हो सकता है, लेकिन इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
कटिहार मंडल रेल प्रबंधक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मालगाड़ी पेट्रोल लेकर पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी से बिहार के कटिहार की ओर जा रही थी। कुमार ने बताया, ''न्यू जलपाईगुड़ी से कटिहार की ओर पेट्रोल ले जा रही मालगाड़ी के पांच डिब्बे कुमेदपुर रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। पटरी से उतरी बोगियों के कारण न्यू जलपाईगुड़ी और कटिहार के बीच रेल यातायात बाधित हो गया। 'डाउन लाइन' को रेल यातायात के लिए खोल दिया गया है... 'अप लाइन' पर जल्द ही रेल यातायात बहाल कर दिया जाएगा।'' उन्होंने कहा, ''इस घटना का वास्तविक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है... उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।''
एनएफआर ने एक बुलेटिन में कहा कि दुर्घटना के कारण न्यू जलपाईगुड़ी-मालदा टाउन-कटिहार भाग में ट्रेन परिचालन प्रभावित हुआ है और कई ट्रेन रद्द कर दी गई हैं। बुलेटिन में कहा गया है कि इसके अलावा कुछ ट्रेन के मार्ग में परिवर्तन किया गया, कुछ को गंतव्य से पहले ही रोक दिया गया है जबकि कुछ के समय में बदलाव किया गया है।
ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने संसद भवन में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की, माता-पिता और कोच भी रहे साथ
पेरिस ओलंपिक में दो-दो पदक जीतकर देश का नाम रौशन करने वाली मनु भाकर ने आज संसद भवन के एलओपी कक्ष में लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की। इस मौके पर उनके कोच जसपाल राणा और उनके माता-पिता व परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।
हिमाचल त्रासदी: शिमला जिले से चार शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या 26 हुई
हिमाचल प्रदेश के तीन जिलों में 31 जुलाई की मध्यरात्रि को बादल फटने से आई बाढ़ में जान गंवाने वालों की संख्या शुक्रवार को चार शव बरामद होने के साथ ही 26 हो गई। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि लापता 30 लोगों की तलाश के लिए अभियान नौवें दिन भी जारी रहा, लेकिन पीड़ितों के परिवारों ने अपने प्रियजनों के जीवित मिलने की उम्मीद छोड़ दी है।
शिमला जिले के सुन्नी कस्बे के पास डोगरी इलाके में आज सुबह चार शव बरामद किए गए, जिससे समेज में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 14 हो गयी। शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतकों में तीन महिलाएं और एक किशोर है जिनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।
बादल फटने की यह घटना कुल्लू के निरमंड, सैंज और मलाणा, मंडी के पधर और शिमला के रामपुर उपमंडल में हुई। सबसे ज्यादा नुकसान शिमला और कुल्लू जिले की सीमा पर स्थित समेज गांव को हुआ, जहां करीब 20 लोग अब भी लापता हैं। कुल मृतकों में से 14 शव रामपुर से, नौ मंडी के राजभान गांव से और तीन कुल्लू जिले के निरमंड/बागीपुल से बरामद किए गए हैं। लगभग 85 किलोमीटर क्षेत्र में तलाश अभियान जारी है।
त्रासदी के बाद से लापता 30 लोगों के परिवार के सदस्यों ने अपने प्रियजनों के जीवित होने की उम्मीद खो दी है और भगवान से अपने प्रियजनों के शवों बमराद होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं ताकि वे सम्मानपूर्वक उनका अंतिम संस्कार कर सकें। परिवार के सदस्य घटनास्थल पर डेरा डाले हुए हैं। हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा था कि शव मिलने की उम्मीद कम है।
इस बीच, मौसम विभाग के स्थानीय केंद्र ने शनिवार को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर भारी से बेहद भारी बारिश, आंधी और मेघगर्जन की चेतावनी देते हुए ‘‘ऑरेंज’’ अलर्ट जारी किया। अधिकारियों के अनुसार, सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसए), हिमाचल प्रदेश पुलिस और होमगार्ड के 663 बचावकर्मी तलाश में जुटे हुए हैं।
इसके अलावा और सरकारी तंत्र, श्वान दस्ते, ड्रोन और अन्य उपकरण भी तलाशी अभियान में तैनात किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि 27 जून से आठ अगस्त के बीच बारिश से जुड़ी घटनाओं में कुल 100 लोग जान गंवा चुके हैं और राज्य को करीब 802 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
पश्चिम बंगालः पूर्व सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्य की अंतिम यात्रा में लोगों का जनसैलाब उमड़ा, पार्थिव शरीर मेडिकल कॉलेज को दान किया जाएगा
पश्चिम बंगाल में पूर्व सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्य की अंतिम यात्रा में लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रैली के बाद उनके पार्थिव शरीर को एनआरएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को दान कर दिया जाएगा।
तमिलनाडु के सीएम स्टालिन ने कोयंबटूर में उक्कदम और अथुपलम के बीच 3.8 किलोमीटर लंबे नए फ्लाईओवर का उद्घाटन किया
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों के लिए फिल्म 'लापता लेडीज' की स्क्रीनिंग हुई, अभिनेता आमिर खान और निर्देशक-निर्माता किरण राव भी मौजूद रहे
एयर इंडिया ने इजरायल के तेल अवीव के लिए अपनी उड़ानों को अगली सूचना तक रद्द किया
बांग्लादेश में संकट के बीच बड़ी संख्या में लोग भारत से लगी सीमा पर जमा हुए, BSF ने जीरो प्वाइंट पर रोका
दिल्ली: पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और भारतीय निशानेबाज मनु भाकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आवास पहुंचीं
दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने मनीष सिसौदिया के जमानत बांड और श्योरिटी बांड स्वीकार किया, कोर्ट उन्हें तिहाड़ जेल से रिहा करने का आदेश जारी करेगा
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि का निरीक्षण किया
पश्चिम बंगाल: मालदा के कटिहार डिवीजन के कुमेदपुर यार्ड में एक मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतरे
पश्चिम बंगाल के मालदा के कटिहार डिवीजन के कुमेदपुर यार्ड में एक मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना के मद्देनजर दो ट्रेनें रद्द कर दी गईं, 6 का मार्ग बदल दिया गया और 4 ट्रेनों को बीच में ही रोक दिया गया।
दिल्ली: राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के बयान पर TMC सांसद डोला सेन ने कहा, "जया बच्चन यहां सेलिब्रिटी के तौर पर नहीं एक निर्वाचित सांसद के तौर पर आई हैं
सपा सांसद जया बच्चन ने राज्यसभा के सभापति से की माफी की मांग, कहा- उन्होंने किया महिलाओं का अपमान
समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने कहा, "मैंने सभापति के टोन पर आपत्ति जताई। हम स्कूल के बच्चे नहीं हैं। हम सब वरिष्ठ हैं, खासकर जब नेता विपक्ष (मल्लिकार्जुन खड़गे) बोलने के लिए खड़े हुए उन्होंने माइक बंद कर दी। आप ऐसा कैसे कर सकते हैं? ये परंपरा के खिलाफ है। अगर आप उन्हें बोलने नहीं देंगे तो हम क्या करने आए हैं? वो हमेशा असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि आप सेलिब्रेटी होंगी मुझे फर्क नहीं पड़ता। ये महिलाओं का अपमान है। मुझे माफी चाहिए।"
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, "बार-बार गणेश तिवारी ने सदन में विपक्ष के नेता का खुलेआम अपमान किया है। आज कहा गया कि गणेश तिवारी चेयर (राज्यसभा के सभापति) से मिलने आए और मल्लिकार्जुन खरगे की तारीफ की। हमने मांग की कि उन्होंने जो बातें चेयर से व्यक्तिगत रूप से कही हैं, वही सदन में भी कही जानी चाहिए। वे (राज्यसभा के सभापति) बार-बार मुझे टोकते रहे, मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है लेकिन विपक्ष के नेता का अपमान किया गया है और एक संवैधानिक पद का अपमान किया गया है।"
जिस तरह से 17 महीने मनीष सिसोदिया को जेल में रखा गया, इस बात का सबूत है, बीजेपी सरकार देश के शिक्षा बदलाव की उम्मीद की राह को कुचलना चाहते ही- गोपाल राय
दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा, "जिस तरह से 17 महीने मनीष सिसोदिया को जेल में रखा गया वो इस बात का सबूत है कि बीजेपी सरकार इस देश के शिक्षा बदलाव की उम्मीद की राह को कुचलना चाहते हैं। दुनिया में देर हो सकती है लेकिन अंधेर नहीं है। हम सब सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करते हैं। इसका मलाल सभी को है कि आज तक एक सबूत नहीं मिला। 17 महीने CBI और ED ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री को जेल में रखा। धिक्कार है ऐसी एजेंसी पर जिसे आज तक एक सबूत नहीं मिला।"
जल्द ही समय आएगी जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी बाहर आएंगे- दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी
दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने कहा, "ये सत्य की जीत है। मनीष सिसोदिया को एक झूठे मामले में फंसाया गया। उन्होंने दिल्ली के बच्चों को शानदार भविष्य दिया। आज हमें मनीष सिसोदिया को जमानत मिलने पर हमें खुशी है। जल्द ही समय आएगी जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी बाहर आएंगे।"
चंडीगढ़: ओलंपिक पदक विजेता और भारतीय निशानेबाज मनु भाकर ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात की
AAP को बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने मनीष सिसोदिया को दी जमानत
सुप्रीम कोर्ट ने आबकारी नीति अनियमितताओं के मामले में AAP नेता मनीष सिसोदिया को जमानत दे दी है।
दिल्ली में ISIS का आतंकी गिरफ्तार, तीन लाख रुपये का था इनाम
दिल्ली में ISIS का आतंकी गिरफ्तार हुआ है। इस पर तीन लाख रुपये का इनाम था। आतंकी की पहचान रिजवान अली के रूप में हुई है। रिजवान दिल्ली के दरियागंज का रहने वाला है।
वायनाड भूस्खलन: खोज बचाव अभियान जारी
केरल के वायनाड में कांग्रेस विधायक और केपीसीसी महासचिव टी. सिद्दीकी ने कहा, "राहत शिविरों में रह रहे लोगों की मुख्य मांग यह थी कि बचाव अभियान उनके साथ चलाया जाए क्योंकि उन्हें पता था कि घटना कहां हुई थी। हमने कैबिनेट समिति से मांग की थी कि बचाव प्रक्रिया स्थानीय लोगों की मदद से की जानी चाहिए। अब स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया जा रहा है।"
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया और विनेश फोगाट की अयोग्यता के मुद्दे पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडिव्या के बयान को वापस लेने की मांग की।
उत्तर प्रदेश: गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से वाराणसी के घाट जलमग्न हुए
सिक्किम के सोरेंग में आज सुबह 06:57 बजे रिक्टर स्केल पर 4.4 तीव्रता का भूकंप आया: राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र
नीरज आपने एक बार फिर भारत को बहुत गौरवान्वित किया है- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि नीरज, आप एक बेहतरीन एथलीट हैं। पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन के बाद रजत पदक जीतने पर बधाई। आपने एक बार फिर भारत को बहुत गौरवान्वित किया है।
प्रतियोगिता शानदार थी। हर खिलाड़ी का अपना दिन होता है, आज अरशद का दिन था- नीरज चोपड़ा
पेरिस ओलंपिक 2024 में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले शीर्ष भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने कहा, "प्रतियोगिता शानदार थी। हर खिलाड़ी का अपना दिन होता है, आज अरशद का दिन था। टोक्यो, बुडापेस्ट, एशियाई खेलों का अपना दिन था। मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, लेकिन कुछ चीजें हैं जिन पर ध्यान देने और काम करने की जरूरत है।हमारा राष्ट्रगान आज भले ही नहीं बजाया गया हो, लेकिन भविष्य में कहीं और जरूर बजाया जाएगा।"
पेरिस ओलंपिक में जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, जीता सिल्वर मेडल
भारत के जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक 2024 में सिल्वर मेडल जीत लिया है। पेरिस के स्टेड डी फ्रांस में खेले गए फाइनल में नीरज ने अपने दूसरे प्रयास में 89.45 मीटर दूर जैवलिन फेंका। यह इस सीजन नीरज का सबसे बेस्ट थ्रो रहा। नीरज ने लगातार दूसरे ओलंपिक गेम्स में मेडल जीता है। नीरज ऐसे पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने ओलंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड जीतने के बाद एक और मेडल जीता। नीरज एक गोल्ड और एक सिल्वर जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट हैं।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia