बड़ी खबर LIVE: दिल्ली: आरएमएल अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर कल से सभी रुटीन सेवाओं का बहिष्कार करेंगे

दिल्ली के आरएमएल अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर कल से सभी रुटीन सेवाओं का बहिष्कार करेंगे। डॉक्टर नीट-पीजी 2021 की काउंसलिंग में देरी का विरोध कर रहे हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

03 Dec 2021, 12:07 AM

मुंबई में कास्टिंग काउच का मामला, पुलिस ने फिल्म प्रोड्यूसर के भाई को छेड़छाड़ में गिरफ्तार किया 

बॉलीवुड में कास्टिंग काउच का मामला सामने आया है जिसमें एक फिल्म प्रोड्यूसर के भाई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक प्रोड्यूसर के भाई ने एक महिला को फिल्म में रोल देने के बहाने उसे गलत नीयत से छुआ और अवांछनीय हरकतें की। इस सिलसिले में धारा 354 के तहत मुंबई के आरे थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

02 Dec 2021, 11:49 PM

दिल्ली: आरएमएल अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर कल से सभी रुटीन सेवाओं का बहिष्कार करेंगे

दिल्ली के आरएमएल अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर कल से सभी रुटीन सेवाओं का बहिष्कार करेंगे। डॉक्टर नीट-पीजी 2021 की काउंसलिंग में देरी का विरोध कर रहे हैं।

02 Dec 2021, 10:23 PM

संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर दिखा हथियारबंद व्यक्ति, परिसर की घेराबंदी की गई

अमेरिका के न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर एक हथियारबंद व्यक्ति के देखे जाने के बाद हड़कंप मच गया है। एएफपी न्यूज एजेंसी के अनुसार हथियारबंद व्यक्ति के दिखने के बाद परिसर की घेराबंदी की गई है।


02 Dec 2021, 10:20 PM

राजनाथ सिंह ने आत्मनिर्भर भारत के लिए सैन्य विभागों में निजी भागीदारी की वकालत की 

02 Dec 2021, 10:18 PM

ओमिक्रॉन को लेकर यूपी में भी सख्ती, लखनऊ के 2 मुख्य रेलवे स्टेशन, बस स्टैंडो और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर कोविड टेस्ट शुरू

यूपी सरकार ने भारत में ओमाइक्रोन मामलों का पता लगाने के मद्देनजर लखनऊ के 2 मुख्य रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर कोविड परीक्षण और फोकस सैंपलिंग का आयोजन किया है। बाहर से आने वाले यात्रियों की मौके पर ही जांच की जाती है और उनकी ट्रेवल हिस्ट्री दर्ज की जाती है।


02 Dec 2021, 9:59 PM

तेलंगाना के संगारेड्डी में स्कूल के 27 छात्र कोरोना संक्रमित, सोमवार को जिले के 46 छात्र पॉजिटिव मिले थे

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के इंद्रेशम स्थित महात्मा ज्योतिराव फुले पिछड़ा वर्ग कल्याण स्कूल में 27 छात्र कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले सोमवार को, संगारेड्डी जिले के 46 छात्र कोरोना वायरस की जांच में पॉजिटिव पाए गए थे।

02 Dec 2021, 9:52 PM

असम में बीते 24 घंटे में कोरोना के 124 नए केस मिले, 3 लोगों की मौत


02 Dec 2021, 9:51 PM

ओमिक्रॉन को लेकर महाराष्ट्र सरकार पूरी तरह सतर्क, स्वास्थ्य टीम अलर्ट पर- मंत्री एकनाथ शिंदे

कर्नाटक में ओमिक्रॉन के 2 मामले सामने आने पर महाराष्ट्र के मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार पूरी तरह सतर्क है, हमारा स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह एहतियात बरत रहा है। मुख्यमंत्री जी लगातार लोगों के संपर्क में हैं। ओमिक्रॉन यहां न फैले इसके लिए हमारी पूरी तैयारी है, आरोग्य टीम अलर्ट है।

02 Dec 2021, 9:30 PM

मुंबई पुलिस ने 3 महीने की बेटी को पानी की टंकी में डुबो कर मारने वाली महिला को गिरफ्तार किया, ससुराल बेटे के लिए डाल रहा था दबाव 

मुंबई पुलिस ने बताया कि एक महिला ने अपनी 3 महीने की बेटी को पानी की टंकी में डुबो कर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. उसके खिलाफ मामला दर्ज, जांच शुरू उसकी पहले से एक 8 साल की बेटी है और उसके ससुराल वाले उस पर बेटे के लिए दबाव बना रहे थे। उसे कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।


02 Dec 2021, 9:27 PM

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया

02 Dec 2021, 9:23 PM

महाराष्ट्र के पुणे में मूसलाधार बारिश से भारी नुकसान, 700 भेड़ों की मौत, प्याज की फसल भी तबाह

पुणे जिला परिषद के सीईओ आयुष प्रसाद ने क्षेत्र में भारी बारिश पर कहा कि अभी तक की प्राथमिक जानकारी के अनुसार प्रवासी समुदायों की भेड़ों की ऊन में पानी जमा हो गया है। हाइपोथर्मिक शॉक के कारण लगभग 700 भेड़ों की मौत हो गई। प्याज की फसल को हुए नुकसान की भी जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि हमारे अधिकारी सर्वे के लिए हर गांव का दौरा कर रहे हैं। हमें शाम या कल सुबह तक नुकसान की स्पष्ट तस्वीर मिल जाएगी।


02 Dec 2021, 9:15 PM

कर्नाटक में ओमिक्रोन के केस मिलने के बाद सीएम बोले- नए SOP लाएंगे, विशेषज्ञों की राय और केंद्र से दिशानिर्देश लेंगे

कर्नाटक में कोविड के नए वेरिएंट ओमिक्रोन से संक्रमित दो लोगों के मिलने पर राज्य के सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि जहां तक ​​ओमिक्रोन का संबंध है, इस संदर्भ में नए एसओपी लाएंगे। कल बैठक कर रहे हैं। हम इस पर विशेषज्ञों की राय और भारत सरकार के दिशानिर्देश प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं।

02 Dec 2021, 8:59 PM

अलीगढ़ के कॉलेज में तेंदुआ घुसने से मची दहशत, 4 घंटे की मशक्कत के बाद जंगल में छोड़ा

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के चौधरी निहाल सिंह इंटर कॉलेज में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक वयस्क नर तेंदुआ एक कक्षा में घुस गया।

वन्यजीव एसओएस और उत्तर प्रदेश वन विभाग के अधिकारियों द्वारा बुधवार शाम को जंगल में छोड़े जाने से पहले चार घंटे के लंबे ऑपरेशन के बाद तेंदुए को सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया।


02 Dec 2021, 8:57 PM

विज्ञापन बिलों का भुगतान नहीं करने पर मणिपुर मीडिया संगठनों ने सरकार का बहिष्कार करने की धमकी दी

मणिपुर में मीडिया संगठनों ने गुरुवार को राज्य सरकार से विभिन्न मीडिया घरानों के बकाया विज्ञापन बिलों को 10 दिसंबर तक पूरा करने को कहा है, ऐसा नहीं करने पर वे सरकार का बहिष्कार करेंगे। एडिटर्स गिल्ड मणिपुर (ईजीएम) और मणिपुर हिल जर्नलिस्ट्स यूनियन (एमएचजेयू) के नेताओं ने कहा कि उन्होंने हाल ही में सूचना और जनसंपर्क मंत्री बिश्वजीत सिंह और मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को 10 दिसंबर तक सभी लंबित सरकारी विज्ञापन बिलों का भुगतान करने के लिए कहा है।

ईजीएम और एमएचजेयू ने कहा, "लंबित राशि का भुगतान न करने की स्थिति में, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया गैर जरुरी कदमों का सहारा लेगा, जिसमें सरकारी नीतियों और गतिविधियों की मीडिया की निंदा और यहां तक कि कानून और व्यवस्था के मुद्दों को छोड़कर सरकारी समाचारों का बहिष्कार भी शामिल है।"

02 Dec 2021, 8:54 PM

सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बचे तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव

तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव जे. राधाकृष्णन गुरुवार को मदुरै हवाईअड्डे के पास एक बैरिकेड्स से टकराने के बाद बाल-बाल बच गये। वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

राधाकृष्णन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यम के काफिले में थे, जिन्होंने ओमिक्रॉन वैरिएंट के लिए कोविड -19 स्क्रीनिंग सुविधाओं के निरीक्षण के लिए मदुरै अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का दौरा किया था। दुर्घटना के समय मंत्री का काफिला राजाजी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल जा रहा था।

दुर्घटना के बाद अधिकारी ने दूसरे वाहन में अपनी यात्रा जारी रखी।

आईएएनएस


02 Dec 2021, 8:48 PM

भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज से पहले CSA ने घरेलू खेलों को स्थगित किया, ओमिक्रॉन के कारण लिया गया फैसला

02 Dec 2021, 8:39 PM

लखनऊ में मास्क नहीं पहनने वालों को मिलेगा दंड


02 Dec 2021, 8:37 PM

उत्तर प्रदेश: कोविड के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के संदर्भ में लखनऊ में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में कोविड टेस्ट किए जाएंगे।

02 Dec 2021, 8:08 PM

ओमिक्रॉन रोकने के लिए पहली नवंबर के बाद विदेश से मुंबई आए सभी यात्रियों का फील्ड सर्वे होगा, महाराष्ट्र सरकार का ऐलान

महाराष्टॅ सरकार 1 नवंबर के बाद से आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की फील्ड सर्विलांस करा रही है। एयरपोर्ट और फील्ड सर्विलांस दोनों से कुल 28 सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। 28 में से 25 अंतरराष्ट्रीय यात्री हैं और 3 उनके करीबी संपर्क हैं।


02 Dec 2021, 8:00 PM

उत्तराखंड: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरिद्वार के गंगा घाट पर पूजा की।

02 Dec 2021, 7:49 PM

ओमीक्रोन के दो मामले कर्नाटक में मिले हैं तो हम हर संभव कदम उठा रहे हैं: केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज


02 Dec 2021, 7:49 PM

महाराष्ट्र में कोरोना के 796 नए मामले, बीते 24 घंटे में 24 मरीजों की मौत

02 Dec 2021, 7:36 PM

ओमीक्रोन के मद्देनज़र हम एयरपोर्ट पर RT-PCR टेस्ट करा रहे हैं और प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों का RT-PCR टेस्ट कराकर उन्हें 7 दिनों तक क्वारंटीन कर रहे हैं: केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज


02 Dec 2021, 7:23 PM

ओमिक्रॉन वेरिएंट की भारत में दस्तक, पॉजिटिव के संपर्क में आए 250 से ज्यादा लोग, कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ के. सुधाकर ने बताया है कि कर्नाटक से दोनों सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे थे जो ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिले थे। इसमें से एक 66 साल के दक्षिण अफ्रीकी नागरिक है। ये वापस चले गए हैं। इनके संपर्क में आए 24 प्राथमिक और 240 सेकेंडरी संपर्कों का पता लगा लिया है।

02 Dec 2021, 7:05 PM

तमिलनाडु में बीते 24 घंटे में कोरोना के 715 नए केस, 12 और लोगों की गई जान


02 Dec 2021, 7:04 PM

जम्मू-कश्मीर में कोरोना के 177 नए मामले आए सामने, बीते 24 घंटे में 167 मरीज ठीक हुए

02 Dec 2021, 7:02 PM

केरल में कोरोना के 4700 नए मामले, पिछले 24 घंटे में 66 मरीजों की मौत


02 Dec 2021, 7:02 PM

दिल्ली में कोरोना के 41 नए मामले, बीते 24 घंटे में 196 मरीज ठीक हुए, कोई मौत नहीं

02 Dec 2021, 6:40 PM

राज्यसभा ने बांध सुरक्षा विधेयक, 2019 पारित किया


02 Dec 2021, 6:31 PM

महाराष्ट्र:  परमबीर सिंह के साथ ठाणे शहर के तत्कालीन डीसीपी पराग मनेने भी सस्पेंड

02 Dec 2021, 6:30 PM

कर्नाटक: ओमिक्रॉन वेरिएंट पॉजिटिव पाए गए मरीजों में एक की उम्र 66 और दूसरे की 46 साल, हाल ही में साउथ अफ्रिका से लौटे थे


02 Dec 2021, 6:26 PM

हमने बच्चों के टीकाकरण में देरी की है, बच्चों का टीकाकरण ना कराना कमज़ोर कड़ी हो सकती है, इसलिए हमें उन्हें स्कूल भेजते समय बहुत सतर्क रहने की जरूरत है: डॉ. धीरेन, सर गंगा राम अस्पताल

02 Dec 2021, 6:18 PM

दक्षिण अफ्रीका, बोत्सवाना और जिम्बाब्वे से महाराष्ट्र आने वाले यात्रियों के लिए सात दिवसीय संस्थागत क्वारंटाइन अनिवार्य


02 Dec 2021, 6:03 PM

महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई के पूर्व सीपी परमबीर सिंह को सस्पेंड किया

02 Dec 2021, 6:03 PM

जम्मू-कश्मीर: बड़ी मात्रा में पर्यटकों के आने से श्रीनगर में पिछले 7 सालों का रिकॉर्ड टूटा


02 Dec 2021, 5:58 PM

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ 13 दिसंबर को गोवा का दौरा करेंगी

02 Dec 2021, 5:45 PM

आंध्र प्रदेश में बंधक बनाये गये झारखंड के 16 श्रमिक हुए मुक्त, सीएम के हस्तक्षेप पर श्रम विभाग की कार्रवाई

आंध्रप्रदेश के आइस आइलैंड में बंधक बनाकर रखे गये झारखंड के 16 श्रमिकों को मुक्त करा लिया गया है। इन सभी को एक ठेकेदार अच्छा काम दिलाने का वादा कर आंध्र प्रदेश ले गया था, लेकिन वहां मजदूरी दिये बगैर उनसे 15 से 18 घंटे तक जबरन काम लिया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के श्रम विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद राज्य के प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने आंध्रप्रदेश के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाया। आंध्रप्रदेश पुलिस और वहां के श्रम विभाग की टीम ने छापेमारी कर सभी श्रमिकों को मुक्त कराया।


02 Dec 2021, 5:41 PM

Cyclone Jawad को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने कई ट्रेन सेवाओं को रद्द किया

02 Dec 2021, 5:34 PM

तमिलनाडु के धारापुरम में 27 स्कूली छात्र कोरोना संक्रमित

तमिलनाडु के तिरुपुर जिले के धारापुरम के एक निजी स्कूल के 27 स्कूली छात्र कोरोना से संक्रमित पाये गये हैं। तमिलनाडु स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को यह जानकारी दी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि 374 नमूनों का टेस्ट किया गया और उनमें से 27 का टेस्ट पॉजिटिव पाया गया।

स्कूल ने 10वीं कक्षा के दो छात्रों को कोविड जैसे लक्षणों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया और बाद में उन्हें सरकारी अस्पताल, धारापुरम में भर्ती कराया गया, जिसके बाद स्कूल ने छात्रों का टेस्ट करने का फैसला किया।

स्कूल के अधिकारियों ने कहा कि पॉजिटिव वाले दो छात्रों को छोड़कर, बाकी 25 छात्र में अधिक लक्षण थे और उन्हें क्वारंटीन कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, स्कूल को सैनिटाइजेशन के लिए एक सप्ताह तक बंद रहेगा।


02 Dec 2021, 5:30 PM

'मिर्जापुर' में ललित का किरदार निभाने के लिए मशहूर अभिनेता ब्रम्हा मिश्रा मुंबई में अपने आवास पर मृत पाए गए

02 Dec 2021, 5:28 PM

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 6 दिसंबर को भारत आएंगे, इस दौरान बहुत सारी बैठकें होंगीं: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची


02 Dec 2021, 5:10 PM

जो नई चुनौती है, उसका हम मुकाबला करेंगे: नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ वी.के. पॉल

देश में ओमिक्रोन के मिलने के बाद लॉकडाउन लगाने पर पूछे गए सवाल पर नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ वी.के. पॉल ने कहा, “अभी इसकी ज़रूरत नहीं है। जो नई चुनौती है, उसका हम मुकाबला करेंगे और इसके लिए हमारे पास सभी चीज़ें उपलब्ध है। हमें डरना नहीं है। लोगों की ज़िम्मेदारी हैं कि वे मास्क पहनें।”

02 Dec 2021, 4:47 PM

जातीय जनगणना होनी चाहिए, इसमें सबकी सहमति है: आरजेडी नेता राबड़ी देवी

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता राबड़ी देवी ने कहा, “जातीय जनगणना होनी चाहिए इसमें सबकी सहमति है। जातीय जनगणना के लिए हम राज्य सरकार और केंद्र सरकार दोनों सरकारों से मांग करेंगे। महाराष्ट्र सरकार करवा रही है जातीय जनगणना उसी आधार पर राज्य सरकार को भी करना चाहिए।”


02 Dec 2021, 4:46 PM

कर्नाटक के हुबली के स्कूल में एक छात्र कोविड पॉजिटिव पाया गया

कर्नाटक के हुबली के स्कूल में एक छात्र कोविड पॉजिटिव पाया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया, “छात्र के कोविड पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्कूल प्रबंधक ने एहतियातन टेस्ट करवाने की अपील की। हमने अब तक 127 छात्रों का टेस्ट किया है। स्कूल को पूरी तरह से सैनिटाइज करवा दिया गया है।”

02 Dec 2021, 4:31 PM

देश में ओमिक्रॉन के दो केस मिले, दोनों कर्नाटक के, दुनिया भर में अब तक 373 केस- स्वास्थ्य मंत्रालय 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा है कि देश में अब तक ओमिक्रॉन वेरिएंट के दो मामले सामने आए हैं। दोनों मामले कर्नाटक के हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 29 देशों ने अब तक कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट के 373 मामले दर्ज किए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा, “सभी ओमिक्रॉन संबंधित मामलों में अब तक हल्के लक्षण पाए गए हैं। देश और दुनिया भर में अब तक ऐसे सभी मामलों में, कोई गंभीर लक्षण नोट नहीं किया गया है। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि उसके उभरते सबूतों का अध्ययन किया जा रहा है।”


02 Dec 2021, 4:28 PM

विकास पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, देंगे 20 लाख रोजगार- प्रियंका ने मुरादाबाद में मोदी-योगी पर बोला हमला

यूपी के मुरादाबाद में प्रतिज्ञा रैली में प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। हम 20 लाख रोजगार देंगे। हर जिले में मैन्युफैक्चरिंग हब खुलेंगे। प्रधानमंत्री ने कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में मारे गए किसानों को सम्मान नहीं दिया।

02 Dec 2021, 4:22 PM

लगभग 29 देशों में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रौन के 373 मामले दर्ज- लव अग्रवाल

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि लगभग 29 देशों ने अब तक कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रौन के 373 मामले दर्ज किए हैं।


02 Dec 2021, 4:20 PM

स्वास्थ्य मंत्री ने एयरपोर्ट पर यात्रियों को कोई असुविधा नहीं होने देने की दी सलाह

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने आज एयरपोर्ट स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ अपनी बैठक में यात्रियों को कोई असुविधा नहीं होने देने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सभी सुविधाएं दी जानी चाहिए, आगमन पर सभी सूचनाओं को घोषणाओं के माध्यम से समय पर प्रसारित किया जाना चाहिए।

02 Dec 2021, 4:17 PM

ओडिशा पर चक्रवात 'जवाद' का खतरा, तेज तूफान के साथ भारी बारिश का संभावना, मछुआरों को 3 से 5 दिसंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह  


02 Dec 2021, 4:09 PM

केरल और महाराष्ट्र में 10,000 से अधिक सक्रिय मामले, देश के 55% मामले इन्हीं दो राज्यों में- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय

देश में कोरोना की स्थिति पर स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि केरल और महाराष्ट्र दो ऐसे राज्य हैं जहां 10,000 से अधिक सक्रिय मामले हैं। उन्होंने कहा कि देश के 55% मामले इन दो राज्यों में सामने आते हैं।

02 Dec 2021, 3:58 PM

पीएम ने 8,000 करोड़ रुपये का विमान खरीदा, संसद पर 20,000 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं, लेकिन किसानों का बकाया देने के पैसे नहीं हैं- प्रियंका गांधी

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने मुरादाबाद में प्रतिज्ञा रैली में कहा कि गन्ना किसानों का पूरा बकाया चुकाने में केवल 4,000 करोड़ रुपये लगेंगे। पीएम मोदी ने पिछले साल कोरोना की लहर के दौरान 8,000 करोड़ रुपये में निजी विमान खरीदा। केंद्र संसद के सौंदर्यीकरण के लिए 20,000 करोड़ रुपये दे रहा है, लेकिन किसानोंं का बकाया चुकाने के लिए पैसे नहीं।


02 Dec 2021, 3:48 PM

कांग्रेस विकास के मुद्दे पर लड़ेगी चुनाव, 20 लाख रोजगार देंगे, हर जिले में मैन्युफैक्चरिंग हब खुलेंगेः प्रियंका गांधी

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने मुरादाबाद में प्रतिज्ञा रैली में कहा कि कांग्रेस विकास के आधार पर चुनाव लड़ेगी। हम 20 लाख रोजगार देंगे। हर जिले में मैन्युफैक्चरिंग हब खोले जाएंगे। प्रधानमंत्री ने कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में मारे गए किसानों को कोई सम्मान नहीं दिया।

02 Dec 2021, 3:43 PM

राहुल गांधी ने राज्यसभा से निलंबन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे 12 सांसदों से मुलाकात की

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 12 निलंबित राज्यसभा सांसदों से मुलाकात की, जो संसद के शीतकालीन सत्र के शेष भाग के लिए सदन से अपने निलंबन का विरोध कर रहे हैं।


02 Dec 2021, 3:04 PM

BJP सरकार पर बरसीं प्रियंका गांधी, कहा- 6 सालों में मुरादाबाद में घटा 2 हजार करोड़ का कारोबार, लाखों कारीगरों की गई नौकरी

यूपी के मुरादाबाद में प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने राज्य की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार में मुरादाबाद पिछड़ गया है। लाखों मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने काफी नुकसान हुआ। उसके बाद जीएसटी लागू कर बीजेपी की सरकार ने कमोर तोड़ दिया।

उन्होंने कहा कि जब तक विकास के मुद्दों पर राजनीति नहीं होगी तब तक इसी तरह लोग धर्म के नाम पर लोगं को ठगा जाएगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि लोगों इस चीज पर गौर करने की जरूरत है कि वह अपने नेताओं से पांच साल का हिसाब मांगें। जब तक उनसे सवाल नहीं पूछा जाएगा तब तक ऐसा ही चलता रहेगा।

प्रियंका गांधी ने कहा, “पिछले 5-6 सालों में मुरादाबाद में 2 हजार करोड़ रुपए का कारोबार घट गया है। आज 3 लाख कारीगरों की रोज़ी रोटी खत्म हो चुकी है। बीजेपी की नीतियों ने कारोबार और आपके भविष्य को बर्बाद कर दिया है।”

02 Dec 2021, 2:48 PM

'खतरे वाले’ देशों से 4 कोरोना मरीज बिना किसी लक्षण के दिल्ली के अस्पताल में भर्ती हैं'


02 Dec 2021, 2:33 PM

यूजीसी ने टर्मिनल एम.फिल./पीएचडी के लिए थीसिस जमा करने की तिथि 30 जून, 2022 तक बढ़ा दी है 

02 Dec 2021, 2:32 PM

पार्टी अध्यक्ष शरद पवार की अध्यक्षता में NCP कार्यसमिति की बैठक 7 दिसंबर को दिल्ली में होगी


02 Dec 2021, 2:20 PM

हम अपना विरोध जारी रखेंगे, लेकिन सदन में आम लोगों के मुद्दों को भी उठाएंगे: कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल

02 Dec 2021, 1:54 PM

सुप्रीम कोर्ट ने वायु प्रदूषण पर कार्रवाई के लिए केंद्र, दिल्ली सरकार को 24 घंटे का समय दिया


02 Dec 2021, 1:49 PM

साउथ अफ्रीका से मुंबई पहुंचे 4 यात्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए: मुंबई की मेयर

मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने बताया कि साउथ अफ्रीका से आए हुए यात्रियों में अभी 4 लोग कोविड पॉजिटिव आए हैं। उनके सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजें गए हैं। कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन को देखते हुए हाई रिस्क देशों से आने वाले सभी यात्रियों के लिए RT-PCR टेस्ट अनिवार्य है।

02 Dec 2021, 1:37 PM

जातीय जनगणना के मुद्दे पर विपक्षी दल मुख्यमंत्री से मुलाकात करने पहुंचे थे: तेजस्वी यादव

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “जातीय जनगणना को लेकर जो वादे नीतीश सरकार ने किए थे उसके मद्देनजर आज सभी विपक्षी दल मुख्यमंत्री से मुलाकात करने पहुंचे थे। जातीय जनगणना होने वाली है ये कैसे होगी और इसका क्या स्वरूप होगा ये सर्वदलीय बैठक के बाद तय किया जाएगा।”


02 Dec 2021, 1:31 PM

आज सबसे ज्यादा गरीब लोग बुंदेलखंड में है: अखिलेश यादव

एसपी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “नीति आयोग के आंकड़ों के अनुसार, आज सबसे ज्यादा गरीब लोग बुंदेलखंड में है और बुंदेलखंड में भी अगर सबसे ज्यादा गरीब लोग हैं तो वो महुआ और ललितपुर में हैं। बुदेंलखंड के लोगों को गरीबी और भूख से निजात दिलाने का काम समाजवादी पार्टी के लोग करेंगे।”

उन्होंने कहा, “आज किसान के सामने संकट है। किसान के खेत में पानी नहीं है, दो फसल नहीं पैदा कर पा रहा है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो हम इंतजाम करेंगे कि कैसे किसान खेतों में दो फसलें पैदा करे। खाद के लिए भी किसानों को लाइन में नहीं लगना पड़ेगा।”

02 Dec 2021, 1:13 PM

जो सरकार डरे, वो अन्याय ही करे: राहुल गांधी


02 Dec 2021, 1:12 PM

सरकार ने निर्णय लिया है कि दिल्ली में कल से सभी स्कूल बंद कर दिए जाएंगे: दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय 

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, “सरकार ने निर्णय लिया है कि दिल्ली में कल से सभी स्कूल बंद कर दिए जाएंगे। प्रदूषण बढ़ रहा है जिस कारण से ये निर्णय लिया गया। अगले आदेश तक के लिए स्कूल बंद रखे जाएंगे।”

02 Dec 2021, 12:59 PM

गुजरात: नवादरा के पास 8 नवें डूबी, 8 लोग लापता, तलाश जारी

भारतीय तटरक्षक बल और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से 8 लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान चला रही है। कल रात गुजरात के उना हार्बर मुहाने, नवादरा के पास के इलाके में आए तूफान में 8 नावें डूब गई हैं।


02 Dec 2021, 12:49 PM

कांग्रेस, TMC, NCP, RJD, TRS और IUML ने महंगाई के मुद्दे पर राज्यसभा से वाकआउट किया

02 Dec 2021, 12:37 PM

लोकसभा में COVID-19 महामारी पर चर्चा 


02 Dec 2021, 12:24 PM

किसानों की मौत, बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा में नारेबाजी की 

02 Dec 2021, 12:23 PM

कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर परेशान करने वाली खबर! वैज्ञानिकों ने जारी की नई चेतावनी

कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिंट को लेकर कुछ परेशान करने वाले तथ्य सामने आए हैं। दक्षिण अफ्रीका के वैज्ञानिकों ने चेतावनी जारी की है। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस स्ट्रेन का सही प्रभाव क्या पड़ने वाला है, फिलहाल ये निर्धारित करना जल्दबाजी होगी, क्योंकि इसने सबसे ज्यादा युवाओं को शिकार बनाया है, जिनमें रोगाणुओं से लड़ने की क्षमता ज्यादा होती है। ऐसे लोग वायरस से संक्रमित होने के कुछ दिनों के बाद बीमार हो रहे हैं।

नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर कम्युनिकेबल डिजीज के प्रमुख मिशेल ग्रूम ने कहा, “ताजा इंफेक्शन ज्यादातर युवाओं में हुआ है, लेकिन हम देख रहे हैं कि यह बुजुर्गों की तरफ भी बढ़ रहा है। इस बात की भी संभावना लेकर चल रहे हैं कि अधिकतर गंभीर परेशानियां कुछ हफ्तों के बाद ही नजर आती हैं।”


02 Dec 2021, 12:09 PM

जितने किसानों ने अपनी जान कुर्बान की है उसका रिकॉर्ड सार्वजनिक है: कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा

सरकार द्वारा किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों का रिकॉर्ड न होने के जवाब पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, “जितने किसानों ने अपनी जान कुर्बान की है उसका रिकॉर्ड सार्वजनिक है। संयुक्त किसान मोर्चा ने इसे प्रकाशित किया है। हर प्रदेश में गांव स्तर पर ये जानकारी मौजूद है।”

02 Dec 2021, 12:03 PM

साढ़े 4 साल तक बीजेपी मथुरा, काशी की याद नहीं आई: संजय सिंह

केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा, “साढ़े 4 साल तक इन्हें मथुरा, काशी की याद नहीं आई। क्या आप (बीजेपी) भगवान को भी चुनाव की दृष्टि से देखते हैं। लोगों ने अपना पेट काटकर राम मंदिर के लिए चंदा दिया है और आप उस चंदे की चोरी कर रहे हैं। इन्हें ना अयोध्या, ना काशी और ना ही मथुरा पर बोलने का हक है।”


02 Dec 2021, 11:21 AM

12 सांसदों के निलंबन को लेकर विपक्ष के हंगामे के चलते राज्यसभा दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित

02 Dec 2021, 11:20 AM

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद ओमिक्रॉन को लेकर सावधानी बढ़ाई गई

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के सीएमओ ने कहा, “ओमिक्रॉन को लेकर सावधानी बढ़ाई गई है। राज्य सरकार की ओर से जारी दिशा निर्देश के अनुसार अब जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। अन्य राज्य से भी पहुंचने वालों की जांच कराई जा रही है।”


02 Dec 2021, 11:06 AM

दिग्विजय सिंह ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता दिग्गविजय सिंह ने कहा, “अमित शाह कहते हैं कि हर चीज को क्रोनोलॉजी में देखना चाहिए। क्या क्रोनोलॉजी है, किसान बिल आया तो चर्चा क्यों नहीं कराई गई। हंगामा क्यों हुआ, हंगामा इसलिए हुआ क्योंकि भाजपा चर्चा नहीं कराना चाहती थी। क्या ये हमारा अधिकार नहीं था।”

उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी ने आज तक किसी भी ऐसे राजनीतिक दल से समझौता नहीं किया जो धर्म का उपयोग राजनीतिक हथियार के रूप में करता है। आज इस देश में सबसे बड़ा खतरा अगर कोई है तो वो साम्प्रदायिक, नफरत फैलाने वाली विचारधारा की पार्टी है जो आज सत्ता में है।”

02 Dec 2021, 11:04 AM

यूपी के चुनावी मौसम में राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लियाकाशी का मथुरा नाम 

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मोर्य ने कहा, “BJP के लिए चुनाव के एजेंडे में कोई मंदिर का विषय मुद्दा नहीं रहा है, मंदिर आस्था का मुद्दा है चुनाव का नहीं। जो लोग राम मंदिर बनने का विरोध करते थे अब वही लोग राम मंदिर में माथा टेक रहे हैं। आगामी दिनों में यही दृश्य काशी व मथुरा में दिखेगा।”


02 Dec 2021, 10:57 AM

12 राज्यसभा सांसदों के निलंबन रद्द करने की मांग को लेकर संसद में गांधी प्रतिमा के पास विपक्षी दलों का प्रदर्शन

कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सांसदों ने 12 राज्यसभा सांसदों के निलंबन रद्द करने की मांग को लेकर संसद में गांधी प्रतिमा के पास हाथ पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।

02 Dec 2021, 10:34 AM

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आज राज्यसभा में 'बांध सुरक्षा विधेयक 2019' पेश करेंगे


02 Dec 2021, 10:23 AM

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में 'बढ़ती महंगाई' के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया

02 Dec 2021, 10:17 AM

किसानों की जितनी भी मांगें हैं वो उसके लिए लड़ेंगे: कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “कोई सरकार ऐसी नहीं हो सकती है, जिसके पास आंकड़े ना हो। आंकड़े ना दिखाना ये सरकार का बहाना है। लेकिन किसान झुकने वाले नहीं हैं वो लड़ेंगे और लड़ते रहेंगे। MSP और उनकी जितनी भी मांगें हैं वो उसके लिए लड़ेंगे।"


02 Dec 2021, 9:55 AM

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने 'आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर कार्य निलंबन नोटिस दिया

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने 'आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों और उच्च मुद्रास्फीति के परिणामस्वरूप देश में आम लोगों पर भारी वित्तीय बोझ' पर सदन में चर्चा करने के लिए नियम 267 के तहत कार्य निलंबन नोटिस दिया।

02 Dec 2021, 9:35 AM

लोकसभा में आज कोरोना महामारी पर चर्चा होनी है


02 Dec 2021, 9:27 AM

देश में 24 घंटे में कोरोना के 9,765 नए केस आए सामने, 477 लोगों की गई जान

देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 9,765 नए केस सामने आए हैं और 477 लोगों की मौत हो गई है।

02 Dec 2021, 9:26 AM

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया आज लोकसभा में राष्ट्रीय औषधि शिक्षा और अनुसंधान संस्थान (संशोधन) विधेयक, 2021 पेश करेंगे


02 Dec 2021, 9:22 AM

दिल्ली में हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है

दिल्ली में हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है। तस्वीरें लक्ष्मी बाई नगर इलाके से हैं।

02 Dec 2021, 9:10 AM

कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया

कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है, जिसमें तमिलनाडु में भारी बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान पर चर्चा और बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 4,626 करोड़ रुपये के बाढ़ राहत पैकेज की घोषणा करने का निर्देश देने की मांग की बात की गई है।


02 Dec 2021, 8:50 AM

ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर तमिलनाडु के चेन्नई एयरपोर्ट पर प्रशासन यात्रियों को लेकर सतर्क दिख रही

ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर तमिलनाडु के चेन्नई एयरपोर्ट पर प्रशासन यात्रियों को लेकर सतर्क दिख रही है। एक यात्री अभिषेक ने बताया, "यहां नए दिशा निर्देश लागू किए गए हैं। नियमों का पालन किया जा रहा है। मेरा RT-PCR टेस्ट किया गया। एयरपोर्ट पर प्रशासन ने पुख़्ता इंतज़ाम किए हैं।"

02 Dec 2021, 8:49 AM

महाराष्ट्र के नासिक में हुई बेमौसम बारिश से किसानों की टमाटर और अंगूर की फसलों को नुकसान हुआ

महाराष्ट्र के नासिक में हुई बेमौसम बारिश से किसानों की टमाटर और अंगूर की फसलों को नुकसान हुआ है। एक किसान ने बताया, "दो एकड़ में अंगूर की खेती की गई है। अभी हो रही बारिश से अंगूर बर्बाद हो रहे हैं। हमें इससे भारी नुकसान हुआ है।


02 Dec 2021, 8:46 AM

शराब बॉर्डर से बिहार विधानसभा परिसर में कैसे आई?: तेजस्वी यादव

बिहार विधानसभा में शराब की बोतलें मिलने पर तेजस्वी यादव ने कहा, “शराब बॉर्डर से बिहार विधानसभा परिसर में कैसे आई? सरकार के गृह मंत्री क्या कर रहे हैं, उनकी नैतिक ज़िम्मेदारी बनती है कि इस्तीफ़ा दें। सत्ता में बैठे लोग शराब माफियाओं को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं।”

02 Dec 2021, 8:28 AM

उत्तर प्रदेश: अलीगढ़ के चौधरी निहाल सिंह इंटर कॉलेज में तेंदुए के हमले में एक छात्र घायल


02 Dec 2021, 8:20 AM

एयरपोर्ट से कुल 6 मरीज अस्पताल में रेफर हुए हैं: लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल के एमडी 

लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल के एमडी डॉ.सुरेश कुमारने कहा, “एयरपोर्ट से कुल 6 मरीज अस्पताल में रेफर हुए हैं, इनमें से 4 RT-PCR पॉजिटिव हैं और 2 संदिग्ध हैं। हमने दोबारा उनका RT-PCR सैंपल लिया है और हम उनकी जीनोम सिक्वेंसिंग भी करेंगे।”

उन्होंने कहा, “चार मरीजों में कोई लक्षण नहीं हैं लेकिन वो पॉजिटिव आए हैं और उन्होंने ओमीक्रोन से प्रभावित देशों की यात्रा की है इसलिए हमने उन्हें आइसोलेट किया है।”

02 Dec 2021, 8:01 AM

कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट ने अमेरिका में दी दस्तक, वैक्सीन लगने के बावजूद एक शख्स पॉजिटिव

कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने अमेरिका में भी दस्तक दे दी है। वैक्सीन लगने के बावजूद एक शख्स पॉजिटिव पाया गया है। कैलिफोर्निया में यह शख्स ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित बताया जा रहा है। 22 नवंबर को वह साउथ अफ्रीका से वापस आया था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia