बड़ी खबर LIVE: शीला दीक्षित के निधन से शोक की लहर, पीएम मोदी, सोनिया गांधी समेत कई दिग्गजों ने किए अंतिम दर्शन

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित का शनिवार दोपहर को निधन हो गया। वे 81 साल की थी। शीला दीक्षित 15 साल तक दिल्ली की मुख्यमंत्री भी रहीं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

20 Jul 2019, 11:52 PM

ऐसी थी शीला दीक्षित की जीवन यात्रा

बड़ी खबर LIVE:  शीला दीक्षित के निधन से शोक की लहर, पीएम मोदी, सोनिया गांधी  समेत कई दिग्गजों ने किए अंतिम दर्शन
20 Jul 2019, 11:48 PM

सोनिया गांधी ने शीला दीक्षित के लिए उनके बेटे संदीप दीक्षित को लिखा शोक संदेश

यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित के लिए संदेश लिखा है। सोनिया गांधी ने लिखा है कि “आपकी मां के जाने का मुझे बेहद दुख और शोक है। मेरा दिल इस खबर से दुखी है। मैं शीला जी के लिए अपने पति के सम्मान को आपके साथ साझा कर रही हूं। शीला जी से मेरा भी बेहद खास और नजदीकी रिश्ता था। जब वे दिल्ली की मुख्यमंत्री, दिल्ली कांग्रेस की अध्यक्ष और इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट की सचिव थीं, उस दौरान हमने साथ मिलकर काम किया। शीला जी ने समर्पण और लगन से दिल्ली की तस्वीर बदल दी। आम नागरिकों के लिए दिल्ली को एक बहुत ही शानदार जगह बनाया। खास तौर से गरीबों के लिए उन्होंने बहुत काम किया। उनके किए काम और विरासत हमेशा याद आएगी।”

सोनिया गांधी के इस संदेश को कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कई ट्वीट कर साझा किया है।

20 Jul 2019, 9:32 PM

उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बहुत खराब, प्रियंका गांधी ने कुछ गलत नहीं किया: ममता बनर्जी

उत्तर प्रदेश के सोमभद्र गोलीकांड में मरने वालों के परिजनों से मिलने जाने के दौरान यूपी पुलिस द्वारा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने को लेकर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की निंदा की।

ममता ने कहा, ‘जब भी बंगाल में सांप्रदायिक दंगे होते हैं तो बीजेपी वहां अपने प्रतिनिधि भेजती है। ये लोग हमारी एक नहीं सुनते और जबरन यहां घुसकर इलाकों को प्रभावित करते हैं। लेकिन टीएमसी प्रतिनिधियों को यूपी में रोक लिया जाता है। मैं मानती हूं कि नियमों का पालन होना चाहिए, प्रियंका गांधी ने जो भी किया, उसमें कुछ गलत नहीं था।’

उन्होंने कहा, 'उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बहुत खराब है। 1100 से भी ज्यादा लोग यहां एनकाउंटर में मार दिए गए। लोगों को भीड़ द्वारा मार दिया जाता है। मैं मानती हूं कि इन चीजों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।’


20 Jul 2019, 9:16 PM

कर्नाटक: शक्ति परीक्षण से पहले रविवार को बेंगलुरु के ताज होटल में कांग्रेस विधायकों की बैठक

20 Jul 2019, 8:29 PM

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने शीला दीक्षित के आवास पर उनको दी श्रद्धांजली


20 Jul 2019, 8:24 PM

शीला दीक्षित को श्रद्धांजली देने पहुंचीं फिल्म अभिनेत्री शर्मिला टैगोर

20 Jul 2019, 8:22 PM

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शीला दीक्षित को दी श्रद्धांजली


20 Jul 2019, 8:10 PM

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शीला दीक्षित को दी श्रद्धांजलि

शीला दीक्षित को दी श्रद्धांजलि देने के बाद राजनाथ सिंह ने कहा, ‘शीला जी की गिनती हमारे देश के सबसे अनुभवी राजनेताओं में की जाती है। उनका राजनैतिक जीवन एकदम स्वच्छ था। मैं उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’

20 Jul 2019, 7:58 PM

मां को खोने का दर्द कभी नहीं भुलाया जा सकता: संदीप दीक्षित

शीला दीक्षित के निधन पर उनके बेटे संदीप दीक्षित ने दुःख व्यक्त करते हुए कहा, ' मेरी मां का निधन हो गया है। यह स्वाभाविक है कि मुझे उनकी बहुत याद आएगी। एक मां को खोने का दर्द कभी भी नहीं भुलाया जा सकता। जब-जब लोग एक विकसित और बढ़ती हुई दिल्ली की बात करेंगे, शीला जी का नाम हमेशा याद किया जएगा।’


20 Jul 2019, 7:45 PM

शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि देने पहुंचे अरविन्द केजरीवाल और मनीष सिसोदिया

20 Jul 2019, 7:24 PM

पीएम मोदी ने शीला दीक्षित को दी श्रद्धांजलि


20 Jul 2019, 7:23 PM

शीला दीक्षित के निधन से देश ने खोया एक महान प्रशासक और बेहतरीन नेतृत्व: मनमोहन सिंह

शीला दीक्षित के निधन पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने संदीप दीक्षित को भेजे एक शोक संदेश में अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा है कि शीला दीक्षित के निधन से देश ने एक महान प्रशासक और बेहतरीन नेतृत्व खो दिया है।

बड़ी खबर LIVE:  शीला दीक्षित के निधन से शोक की लहर, पीएम मोदी, सोनिया गांधी  समेत कई दिग्गजों ने किए अंतिम दर्शन
20 Jul 2019, 7:15 PM

शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोकसभा स्पीकर ओम बिरला


20 Jul 2019, 6:55 PM

कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शीला दीक्षित को दी श्रद्धांजलि

20 Jul 2019, 6:48 PM

शीला दीक्षित के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचीं सोनिया गांधी

यूपीए अध्यक्षा सोनिया गांधी ने शीला दीक्षित के निजामुद्दीन आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।


20 Jul 2019, 6:21 PM

बीजेपी नेता विजय गोयल ने शीला दीक्षित के निजामुद्दीन आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

20 Jul 2019, 6:16 PM

शीला दीक्षित के निधन पर राबड़ी देवी ने जताया शोक

शीला दीक्षित के निधन पर शोक जताते हुए राबड़ी देवी ने कहा, ‘दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती शीला दीक्षित जी के निधन की दुःखद खबर से आहत हूं। देश की राजधानी दिल्ली को विकसित करने में उनके अतुलनीय योगदान को भुलाया नहीं जा सकेगा। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।


20 Jul 2019, 5:59 PM

पूर्व सीएम के निधन पर दिल्ली में दो दिन का राजकीय शोक: मनीष सिसोदिया

20 Jul 2019, 5:55 PM

अंतिम दर्शन के लिए कल कांग्रेस पार्टी के ऑफिस में रखा जाएगा शीला दीक्षित का पार्थिव शरीर

रविवार को 2:30 बजे दाह संस्कार से पहले 3 घंटे के लिए शीला दीक्षित का पार्थिव शरीर कांग्रेस पार्टी के दिल्ली स्थित दफ्तर में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।


20 Jul 2019, 5:44 PM

शीला दीक्षित के निधन पर पार्श्व गायिका लता मंगेशकर ने जताया दुःख

20 Jul 2019, 5:38 PM

नहीं रहीं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, अंतिम दर्शन के लिए उनकी बहन पहुंची

फोटो: विपिन
फोटो: विपिन

20 Jul 2019, 5:38 PM

शीला दीक्षित का पार्थिव शरीर पहुंचा घर, अंतिम दर्शन के लिए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की उमड़ी भीड़

20 Jul 2019, 5:29 PM

घर लाया गया दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित का पार्थिव शरीर


20 Jul 2019, 5:27 PM

नहीं रहीं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, अंतिम दर्शन के लिए घर पर लगा तांता

20 Jul 2019, 5:21 PM

शीला दीक्षित के निधन पर यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जताया दुख

शीला दीक्षित के निधन पर यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दुख जताया है। बता दें कि वो 81 साल की थीं। पिछले कई दिनों से शीला दीक्षित बीमार चल रही थीं। उन्हें उलटी के बाद आज सुबह ही दिल्ली के एस्कॉर्ट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया।


20 Jul 2019, 5:14 PM

शीला दीक्षित जी के आकस्मिक निधन से अत्यंत दुखी हूं: रामविलास पासवान

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता श्रीमती शीला दीक्षित के आकस्मिक निधन पर एलजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि उससे अत्यंत दुखी हूं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। ईश्वर इस दुख में उनके परिवार को शक्ति दे और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि।

20 Jul 2019, 5:09 PM

नहीं रहीं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, रविवार को निगमबोध घाट पर होगा अंतिम संस्कार

कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने कहा कि अभी शीला दीक्षित के पार्थिव शरीर को उनके घर ले जाएंगे और कल सुबह एआईसीसी में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा और उसके बाद निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार होगा। रविवार को 2:30 निगम बोध घाट में शीला दीक्षित का अंतिम संस्कार होगा। आज शाम 6 बजे से उनका पार्थिव देह निजामउद्दीन स्थिति घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।


20 Jul 2019, 5:06 PM

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर शोक जताया है

20 Jul 2019, 5:05 PM

मनीष सिसोदिया ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर शोक जताया

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर शोक जताया है।


20 Jul 2019, 5:03 PM

नहीं रहीं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, सदमे में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता, अंतिम दर्शन के लिए घर पर लगा तांता

20 Jul 2019, 4:59 PM

टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी ने शीला दीक्षित के निधन पर दुख जताया, कहा- मेरा उनके साथ अच्छा रिश्ता था

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी ने शीला दीक्षित के निधन पर दुख जताया और कहा कि मैं उन्हें बहुत याद करूंगी। मेरा उनके साथ अच्छा रिश्ता था।


20 Jul 2019, 4:58 PM

शीला दीक्षित के निधन पर सुषमा स्वराज ने जताया दुख

20 Jul 2019, 4:53 PM

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती शीला दीक्षित जी के निधन की खबर सुनकर अत्यंत दुख: सीएम योगी

यूपी के सीएम योगी ने कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती शीला दीक्षित जी के निधन की खबर सुनकर अत्यंत दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को वे अपने श्री चरणों में स्थान दें।


20 Jul 2019, 4:52 PM

शीला दीक्षित के निधन पर प्रियंका गांधी ने जताया दुख

शीला दीक्षित की निधन पर दुख जताते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी निधन से गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने मुझसे प्यार किया, उन्होंने दिल्ली और देश के लिए जो कुछ भी किया, लोग उसे याद रखेंगे। वह पार्टी की एक बड़ी नेता थीं, पार्टी के प्रति उनका योगदान, राष्ट्र की राजनीति और विशेष रूप से दिल्ली के लिए, अपार है।

20 Jul 2019, 4:49 PM

अमित शाह बोले- दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती शीला दीक्षित जी के निधन से अत्यंत दुखी

गृहमंत्री और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती शीला दीक्षित जी के निधन से अत्यंत दुखी हूं। मैं उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हू़ं। ईश्वर दुख की इस घड़ी में उनके परिवार को शक्ति दे और दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करे ।


20 Jul 2019, 4:45 PM

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने भी दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर शोक जताया

20 Jul 2019, 4:44 PM

उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर शोक जताया है

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर शोक जताया है।


20 Jul 2019, 4:42 PM

शीला दीक्षित के निधन की खबर सुनकर मैं दुखी हूं: मनीष तिवारी

20 Jul 2019, 4:39 PM

शीला दीक्षित जी की आकस्मिक निधन से पीड़ा हुई, इनके साथ ही एक राजनीतिक युग गुजर गया: अमरिंदर सिंह

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर कहा कि शीला दीक्षित जी की आकस्मिक निधन से पीड़ा हुई। इनके साथ ही एक राजनीतिक युग गुजर गया। 40 साल से मैं उन्हें जानता था। वह मेरे लिए एक बड़ी बहन की तरह थीं, मेरे मुश्किल क्षणों में मेरा मार्गदर्शन और समर्थन करती थीं। मैं आपको याद करूंगा शीला जी।


20 Jul 2019, 4:38 PM

शीला दीक्षित जी के निधन के बारे में जानकर बेहद दुख: अक्षय कुमार

20 Jul 2019, 4:36 PM

शीला दीक्षित के निधन पर राहुल गांधी ने जताया दुख, कहा- इस खबर से मैं निराश हूं

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शाली दीक्षित के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “शीला जी के निधन की खबर से मैं बेहद दुखी हैं। वह कांग्रेस की एक प्यारी बेटी थीं, जिनसे व्यक्तिगत तौर पर मेरे संबंध थे। उनके परिवार और दिल्ली के नागरिकों के प्रति मैं संवेदना व्यक्ति करता हूं।”


20 Jul 2019, 4:34 PM

शीला दीक्षित के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जताया दुख

20 Jul 2019, 4:33 PM

शीला दीक्षित के निधन पर राजनाथ सिंह ने जताया दुख


20 Jul 2019, 4:31 PM

शीला दीक्षित के निधन पर यूपी कांग्रेस ने भी जताया जुख

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और हम सबकी मार्गदर्शक आदरणीय शीला दीक्षित जी के निधन का समाचार स्तब्ध कर देने वाला है। यह कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।

20 Jul 2019, 4:28 PM

शीला दीक्षित के निधन पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि मैं सदमे में हूं

शीला दीक्षित के निधन पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि मैं सदमे में हूं। उन्होंने कहा कि देश ने बेहतरीन नेता खो दिया।


20 Jul 2019, 4:28 PM

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शीला दीक्षित के निधन पर दुख जताया

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शीला दीक्षित के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित जी के दुखद निधन का समाचार सुन स्तब्ध हूं,परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। उनका निधन राजनैतिक क्षेत्र की ऐसी क्षति है जो अपूर्णीय है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान और पीछे परिजनो को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।

20 Jul 2019, 4:26 PM

पीएम मोदी ने शीला दीक्षित के निधन पर दुख जताया


20 Jul 2019, 4:26 PM

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने जताया दुख

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर शीला दीक्षित के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह दिल्ली के लिए बड़ा नुकसान है. उनके योगदान को याद किया जाएगा।

20 Jul 2019, 4:26 PM

शीला दीक्षित के निधन पर कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट कर जताया दुख

शीला दीक्षित के निधन पर कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट करके दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हमें श्रीमती शीला दीक्षित के निधन पर दुख है। आजीवन कांग्रेस के अध्यक्ष और तीन बार दिल्ली के सीएम के रूप में उन्होंने दिल्ली का चेहरा बदल दिया। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति हमारी संवेदना। आशा है कि उन्हें दुख के इस घड़ी में शक्ति मिले।


20 Jul 2019, 4:23 PM

शीला दीक्षित के निधन पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जताया दुख

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता श्रीमती शीला दीक्षित के देहांत की खबर सुनकर व्यथित हूं। दिल्ली के विकास में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। भगवान शीला जी की दिवंगत आत्मा को शांति दे. ॐ शांति।

20 Jul 2019, 4:22 PM

प्रियंका गांधी वाराणसी में काल भैरव मंदिर में पूजा अर्चना की

उत्तर प्रदेश पूर्व के कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी में काल भैरव मंदिर में पूजा अर्चना की।


20 Jul 2019, 4:19 PM

शीला दीक्षित के निधन पर कुमार विश्वास ने ट्वीट कर जताया दुख

शीला दीक्षित के निधन पर कुमार विश्वास ने ट्विट कर कहा कि आप जैसी बेहद सौम्य और सुलझे विचारों की प्रगतिशील नेता का जाना न केवल कांग्रेस या दिल्ली बल्कि पूरे देश की बड़ी क्षति है । ईश्वर आप को अपनी शांति-छाया में यथेष्ट स्थान प्रदान करे, यही प्रार्थना है ! ॐ शान्ति ॐ.

20 Jul 2019, 4:09 PM

नहीं रहीं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, एस्कॉर्ट हॉस्पिटल में लीं अंतिम सांसें

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शीला दीक्षित का निधन हो गया है। 81 साल की उम्र में शीला दीक्षित ने दिल्ली के एस्कॉर्ट अस्पताल में अंतिम सांस ली।

बता दें कि शीला दीक्षित का जन्म 31 मार्च 1938 को पंजाब के कपूरथला में हुआ था। वे दिल्ली की तीन बार मुख्यमंत्री भी रहीं। 2014 में उन्हें केरल का राज्यपाल बनाया गया था। हालांकि, उन्होेंने 25 अगस्त 2014 को इस्तीफा दे दिया था। वे इस साल उत्‍तर-पूर्व दिल्‍ली से लोकसभा चुनाव लड़ीं थीं।


20 Jul 2019, 3:59 PM

चुनार से निकलने के बाद वाराणसी पहुंची प्रियंका गांधी, काल भैरव मंदिर में की पूजा-अर्चना

20 Jul 2019, 3:39 PM

मैं पीड़ित परिजनों से मिलना चाहती थीं, मेरा मकसद पूरा हो गया है, लेकिन न्याय की लड़ाई लड़ती रहूंगी: प्रियंका

पीड़ित परिवारों से मिलने के बाद प्रियंका गांधी ने धरना खत्म कर लिया है। मैं पीड़ित परिवारों के सदस्यों से मिली, मेरा मकसद पूरा हुआ। आज मैं जा रही हूं, लेकिन मैं वापस आऊंगी। चुनार किले में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि “प्रशासन की सहमति और मिलीभगत से पूरी घटना हुई है। घटना के सुबह पुलिस ने फोन कर थाने बुलाया।आशंका जताने पर कहा कि कुछ नहीं होगा। महिलाओं पर फर्जी मुकदमे दायर किए गए हैं। हम इनके साथ खड़े हैं। इनकी लड़ाई लड़ेंगे. पीड़ित परिवारों को 25 लाख का अनुदान मिले, जमीन पर इनका मालिकाना हक मिले, मामला फ़ास्ट ट्रैक किया जाए, गलत केस खत्म किए जाए।”


20 Jul 2019, 3:23 PM

प्रियंका गांधी की हिरासत पर पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने जताया विरोध

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शनिवार को उत्तर प्रदेश प्रशासन द्वारा कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा की अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक हिरासत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सोनभद्र हिंसा के पीड़ितों के परिवारों से प्रियंका को नहीं मिलने देने पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की बीजेपी सरकार नागरिकों के मौलिक अधिकारों पर रोक लगाकर नए स्तर तक गिर गई है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

20 Jul 2019, 3:20 PM

चुनार से धरना खत्म करने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी जाएंगी

चुनार से धरना खत्म करने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी जाएंगी। वहां काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में पूजा- अर्चना करेंगी।


20 Jul 2019, 3:13 PM

प्रियंका गांधी को गिरफ्तार नहीं किया गया था, उन्हें केवल सोनभद्र जाने से रोका गया था: डीएम मिर्जापुर

मिर्जापुर के डीएम अनुराग पटेल ने कहा कि प्रियंका गांधी को गिरफ्तार नहीं किया गया था, उन्हें केवल सोनभद्र जाने से रोका गया था। आज भी वह सोनभद्र को छोड़कर किसी भी स्थान पर जा सकती हैं।

20 Jul 2019, 3:09 PM

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा- आखिरकार उभ्भा गांव में हुए नरसंहार के पीड़ितों से मुलाकात हो गई

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि आखिरकार उभ्भा गांव में हुए नरसंहार के पीड़ितों से मुलाकात हो गई। जो उन्होंने बताया कि वह अकल्पनीय रूप से क्रूर और अन्यायपूर्ण है। हर एक भारतीय को मानवता के नाम पर उनके साथ खड़ा होना चाहिए।


20 Jul 2019, 3:02 PM

असम: भारी बारिश की बारपेटा जिले के 600 से अधिक गांव डूब गए हैं

असम में भी बाढ़ से हालत बहुत खराब है। 33 जिलों में से 27 जिले बाढ़ का प्रकोप झेल रहे हैं। 1.79 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि डूब गई है। बारपेटा जिले में 600 से अधिक गांव डूब गए हैं। सूबे में बाढ़ से 3,705 गांवों की 48,87,443 आबादी प्रभावित है। राज्य में मरने वालों की संख्या 47 हो गई है।

20 Jul 2019, 2:55 PM

बारिश के बाद दिल्ली के कई इलाकों में सड़कों पर जमा हुआ पानी


20 Jul 2019, 2:16 PM

गांव की स्थिति संवेदनशील है इसलिए हमने जिले में धारा 144 लागू कर दी है: डीएम सोनभद्र

सोनभद्र के डीएम अंकित अग्रवाल ने कहा, “गांव की स्थिति संवेदनशील है इसलिए हमने जिले में धारा 144 लागू कर दी है। इस इलाके में राजनीतिक दलों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों को भी प्रवेश पर मनाही है। मैं सभी से अनुरोध करना चाहूंगा कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सहयोग करें।” डीएम ने बताया गोलीकांड मामले में 29 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

20 Jul 2019, 2:11 PM

मध्य प्रदेश के नीमच में बुजुर्ग की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या

देश भर से रोजना मॉब लिचिंग की खबरें आ रही हैं। भीड़तंत्र खुद न्याय करने को उतारू नजर आ रही है। शुक्रवार को बिहार के छपरा में मॉब लिचिंग की खबर के बाद आज मध्य प्रदेश के नीमच से भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या की खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक यहां मोर चोरी के आरोप में एक बुजुर्ग की भीड़ ने पीट-पीट कर हत्या कर दी।


20 Jul 2019, 1:57 PM

आईएमए पोंजी स्कैम: मंसूर खान को 3 दिन के लिए ईडी की हिरासत में भेजा गया

20 Jul 2019, 1:51 PM

प्रियंका गांधी सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों से मिलकर हुईं भावुक, 10-10 लाख रुपये देने का किया ऐलान

प्रियंका गांधी ने सोनभद्र पीड़ितों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। प्रियंका ने पीड़ितों के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अभी भी हिरासत में हूं, आइए देखें कि प्रशासन क्या कहता है।


20 Jul 2019, 1:50 PM

कांग्रेस इन हथकंडों से डरकर दलितों और आदिवासियों की लड़ाई लड़ना बंद नहीं करेगी: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने फेसबुक पर लिखा है, “सोनभद्र नरसंहार के पीड़ित परिवारों से मिलने जा रही कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा को तानाशाही प्रवृति वाली यूपी सरकार ने चुनार गेस्ट हाउस में कैद करके बिना बिजली-पानी के रातभर रोके रखना लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश है। कांग्रेस इन हथकंडों से डरकर दलितों और आदिवासियों की लड़ाई लड़ना बंद नहीं करेगी।’’

बड़ी खबर LIVE:  शीला दीक्षित के निधन से शोक की लहर, पीएम मोदी, सोनिया गांधी  समेत कई दिग्गजों ने किए अंतिम दर्शन
20 Jul 2019, 1:38 PM

वेस्टइंडीज दौरे पर टीम में शामिल होने से धोनी का इनकार, बीसीसीआई को दी जानकारी

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को साफ कर दिया कि वह भारतीय टीम के वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं होंगे। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, ‘धोनी ने यह कहा है कि वे वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं जा पाएंगे। वे अगले दो महीने के लिए पैरामिलिट्री रेजिमेंट में समय बिताएंगे। उन्होंने रविवार को होने वाली चयनसमिति की बैठक से पहले यह फैसला लिया। उन्होंने कप्तान विराट कोहली और एमएसके प्रसाद को भी सूचित कर दिया।”


20 Jul 2019, 1:32 PM

सोनभद्र: पीड़ित परिवार के एक सदस्य ने कहा- प्रियंका गांधी को क्यों गिरफ्तार किया गया, हम उनसे मिलना चाहते है

सोनभद्र फायरिंग की घटना के पीड़ित के परिवार के सदस्य ने कहा, “हमें पता चला कि प्रियंका दीदी हमसे मिलने आई हैं, लेकिन प्रशासन ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें ऐसी जगह ले गए हैं जहां कोई उनसे नहीं मिल सकता है। इसलिए, हमने चुनार आने और उससे मिलने का फैसला किया।”

20 Jul 2019, 1:19 PM

कई राज्यपाल हुए इधर के उधर

केन्द्र सरकार ने कई राज्यों के राज्यपाल बदल दिये हैं उसी सिलसिले में बिहार के राज्यपाल को भी बदला गया है। लालजी टंडन को बिहार से हटाकर मध्य प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं फागू चौहान को बिहार का नया राज्यपाल बनाया गया है। आनंदीबेन पटेल को उत्तरप्रदेश का नया राज्यपाल बनाया गया है। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक की छुट्टी कर दी गई है। रमेश बैस को त्रिपुरा का राज्यपाल बनाया गया है। जगदीप धनकड़ बंगाल के नये राज्यपाल होंगे। राष्ट्रपति भवन ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।

  • यूपी की राज्पाल होंगी आनंदीबेन पटेल
  • जगदीप धनकड़ बने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल
  • रमेश बैस बने त्रिपुरा के राज्यपाल
  • लालजी टंडन बने मध्य प्रदेश के राज्यपाल
  • फागु चौहान बने बिहार के राज्यपाल
  • आरएल रवि बने नागालैंड के राज्यपाल

20 Jul 2019, 1:15 PM

उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में फिल्म 'सुपर 30' को टैक्स फ्री किया

20 Jul 2019, 1:14 PM

हिरासत में लिए गए कई कांग्रेसी नेताओं को यूपी पुलिस ने छोड़ा, प्रियंका से मिलने के लिए हुए रवाना

चुनार में प्रियंका गांधी से मिलने जा रहे कांग्रेस नेताओं को वाराणसी एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि अब उन्हें छोड़ गया। इस बात की जानाकारी राजीव शुक्ला ने दी है। उन्होंने कहा कि हमारे आने के तुरंत बाद हमें हवाई अड्डे पर हिरासत में लिया गया। अब उन्होंने हमें चुनार जाने की अनुमति दे दी है।


20 Jul 2019, 12:57 PM

वाराणसी हवाई अड्डे के बाहर रोके जाने पर डेरेक ओब्रायन बोले- हम इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे

वाराणसी हवाई अड्डे के बाहर टीएमसी नेताओं के रोके जाने के बाद डेरेक ओब्रायन ने कहा कि हम इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे। हमारा धरना जारी रहेगा, लेकिन अभी हम अस्पताल में घायलों का हालचाल लेने जा रहे हैं। हम सोनभद्र जाने के लिए प्रशासन से अनुरोध करेंगे।

20 Jul 2019, 12:47 PM

ईडी को मंसूर खान की ट्रांजिट रिमांड मिली

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को आईएमए ज्वैलर्स और पोंजी स्कीम के मुख्य आरोपी मंसूर खान की ट्रांजिट रिमांड मिल गई है। खान को ड्यूटी मजिस्ट्रेट हरजीत सिंह जसपाल के आवास पर शुक्रवार देर रात पेश किया गया। उसे अब शनिवार को ही धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) अदालत में पेश किया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने खान को दुबई से आने पर नई दिल्ली हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया था।


20 Jul 2019, 12:45 PM

आदित्यनाथ ने सोनभद्र नरसंहार पर पूरे देश के सामने झूठ बोला: सुरजेवाला

सोनभद्र हत्याकांड और प्रियंका गांधी को हिरासत में रखे जाने को लेकर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने प्रेस कांफ्रेंस कर योगी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, “आदित्यनाथ ने सोनभद्र नरसंहार पर पूरे देश के सामने झूठ बोला। सही तथ्य इस प्रकार है- 19 अक्टूबर 2017 को आदित्यनाथ सरकार ने आदिवासियों की जमीन गैरकानूनी ढंग से प्रमुख दोषी यज्ञदत्त भुरतिया के हक में दे दी।”

उन्होंने कहा, “24 जुलाई 2018 को बीजेपी सरकार दोषियों के साथ मिलकर आदिवासी किसानों की जमीन पर कब्जा करवाना चाह रही थी। इसीलिए यज्ञदत्त के भतीजे राजकुंवर सिंह की दरख्वास्त पर आदिवासियों पर आईपीसी की धारा 506, 554, 447 में मुकदमा दर्ज करवा दिया, ताकि वो जमीन खाली कर दे।”

बीजेपी सरकार का दोषियों के साथ मिलकर षडयंत्र यहीं खत्म नहीं होता। 29 अक्टूबर 2018 को एक एफआईआर राजकुंवर की दरख्वास्त पर धारा 144, 149, 352, 427, 447, 504 ,506 के तहत और दूसरी एफआईआर यज्ञदत्त के रिश्तेदार सोनुकुमार की दरख्वात पर धारा 504, 506, 447, 149 के तहत दर्ज की गई।”

उन्होंने आगे कहा, “आखिर में उन आदिवासियों ने कानून के तहत जिलाधिकारी को गुहार लगाई। 6 जुलाई 2019 को आदित्यनाथ सरकार के जिलाधिकारियों ने भाजपा सरकार के इशारे पर यज्ञदत्त के हक में गैरकानूनी ढंग से दी गई जमीन को खारिज करने की आदिवासियों की दरख्वास्त को ही खारिज कर दिया।“

जैसे ही आदिवासियों की ये दरख्वास्त खारिज होती है, उसके 10 दिन बाद 17 जुलाई को 200 गुंडे बंदूकें/भाले/लाठियों से उन गरीब आदिवासियों पर हमला करके 3 महिलाओं सहित 10 लोगों को मौत के घाट उतार देते हैं और 48 लोग घायल कर दिए जाते हैं

20 Jul 2019, 12:33 PM

चुनार में प्रियंका गांधी से मिलने जा रहे राज बब्बर समेत कई कांग्रेस नेताओं को बनारस एयरपोर्ट पर रोका गया

चुनार में प्रियंका गांधी से मिलने जा रहे कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह, राजीव शुक्ला, जितिन प्रसाद, मुकुल वासनिक, दीपेंद्र हुड्डा और राज बब्बर समेत कई कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने वाराणसी एयरपोर्ट पर रोका गया।


20 Jul 2019, 12:26 PM

मानवता को मौत के घाट उतार दिया गया, हम मौन साधे नहीं बैठे रह सकते: रणदीप सुरजेवाला

20 Jul 2019, 12:25 PM

उत्तर प्रदेश की आदित्यनाथ सरकार अब अंधेर नगरी, चौपट राजा बन गई है: रणदीप सुरजेवाला

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को रोके जाने पर कांग्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इस मामले को लेकर यूपी की योगी सरकार पर हमला बोला है। रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय योगी सरकार ने पूरे गांव को छावनी में तबदील कर दिया है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि योगी सरकार किसके साथ है, पीड़ित परिवारों के या आरोपियों के?

उन्होंने आगे कहा, “उत्तर प्रदेश की आदित्यनाथ सरकार अब अंधेर नगरी, चौपट राजा बन गई है। उत्तर प्रदेश में मानवता को मौत के घाट उतार दिया। ऐसे में हम मौन साधे नहीं रह सकते। सोनभद्र का नरसंहार किसान-आदिवासी पर हमला है।”

उन्होंने आगे कहा, “पीड़ितों को न्याय देने के बजाय अजय सिंह बिष्ट प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को गिरफ्तार करके दमनचक्र चला रहे हैं, वहीं नरसंहार के आरोपियों का आदित्यनाथ सरकार संरक्षण कर रही है। वे हत्याएं संस्थागत है।”

उन्होंने कहा, “कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को आदित्यनाथ ने कल से किले में नजरबंद कर रखा है। प्रियंका गांधी और कांग्रेस के नेता सोनभद्र जाकर उन पीड़ित परिवारों के आंसू पोछना चाहते थे, जिन्होंने खुलेआम गुंडागर्दी के आलम में परिवार के 10 लोगों की मौत का मंजर देखा है।”


20 Jul 2019, 12:19 PM

यूपी में संवेदनाओं की मौत का खौफ पसरा हुआ है: कांग्रेस

प्रियंका गांधी ने दो पीड़ितों से मिलकर उनका हालचाल जाना। इस मुलाकात की वीडियो को कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कि यूपी में संवेदनाओं की मौत का खौफ पसरा हुआ है। अजय सिंह बिष्ट सरकार इस क्रंदन को नजरंदाज कर संवेदनहीनता की नई मिसाल पैदा कर रही है। इस विलाप से निकले हर एक आंसू का हिसाब लिए बिना हम पीछे नहीं हटेंगे।

20 Jul 2019, 12:14 PM

बीजेपी सरकार नहीं चाहती कि कोई पीड़ितों का आंसू पोंछे: प्रमोद तिवारी

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि बीजेपी सरकार नहीं चाहती कि कोई पीड़ितों का आंसू पोंछे। जो कुछ भी हुआ वह असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक है और ऐसा लगता है जैसे उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने पापों और छोटी-छोटी बातों को छिपाने के लिए अघोषित आपातकाल लागू किया है।


20 Jul 2019, 12:10 PM

सोनभद्र के डीएम अंकित अग्रवाल ने घायलों से की मुलाकात

सोनभद्र के डीएम अंकित अग्रवाल ने आज हत्याकांड में घायल लोगों से अस्पतला में मिले। उन्होंने कहा कि घायलों को सभी प्रकार की व्यवस्थाएं दी गई हैं ताकि वे जल्द से जल्द ठीक हो सकें।

20 Jul 2019, 12:01 PM

प्रशासन को पीड़ितों की मदद और रखवाली करनी चाहिए, लेकिन इनकी मानसिकता समझ से परे: प्रियंका गांधी

सोनभद्र फायरिंग मामले में मारे गए 10 लोगों के पीड़ित परिवार से मिलने के लिए प्रियंका गांधी आज भी धरने पर बैठी हुई हैं। इससे पहले मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “प्रशासन को पीड़ित परिवार की रखवाली करनी चाहिए। जब इनके साथ हादसा हो रहा था तो प्रशासन को मदद करनी चाहिए थी। लेकिन प्रशासन की मानसिकता मेरी समझ से बाहर है। आप उनपर थोड़ा दबाव बनाईये, आप मेरे ही पीछे पड़े हैं।”


20 Jul 2019, 11:55 AM

सोनभद्र हत्याकांड: प्रमोद तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल रामनाईक से मुलाकात की

प्रमोद तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल राम नाईक से सोनभद्र फायरिंग की घटना पर मुलाकात की, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी।

20 Jul 2019, 11:52 AM

सोनभद्र के पीड़ित परिवारों के लिए प्रियंका गांधी का संघर्ष जारी है


20 Jul 2019, 11:51 AM

धरने पर बैठे टीएमसी नेताओं को हिरासत में लिया गया

20 Jul 2019, 11:46 AM

दिल्ली पुलिस के कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड जारी, जींस टी-शर्ट में दिखे तो होगी कार्रवाई

दिल्ली के अतिरिक्त डीसीपी(मध्य दिल्ली) अनंत मित्तल ने आज पुलिसकर्मियों के लिए नया ड्रेस कोड जारी किया है, जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं। एक नोटिस जारी करते हुए डीसीपी अनंत मित्तल ने इसमें कहा है कि सभी अफसर जब सादी वर्दी में काम पर हों तो वह फॉर्मल कपड़े ही पहनें।


20 Jul 2019, 11:34 AM

पीड़ित परिजन से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी एक बार फिर धरने पर बैठी, प्रशासन से पूछा-सभी से मिलने क्यों नहीं दिया

सोनभद्र नरसंहार के पीड़ित परिजन से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी एक बार फिर धरने पर बैठ गई हैं। दरअसल, प्रियंका गांधी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार के 15 सदस्य उनसे मिलने आएं लेकिन सिर्फ दो को ही अंदर आने की इजाजत दी गई। उन्होंने पूछा कि बाकी लोगों को बाहर क्यों रोक गया। प्रियंका ने कहा, आखिर महिला पीड़ित परिजनों से मिलने पर प्रशासन को क्या आपत्ति है। उन्होंने आगे कहा कि भगवान जाने इनकी मानसिकता क्या है।

20 Jul 2019, 11:31 AM

मिर्जापुर: सोनभद्र हत्याकांड के पीड़ित लोग प्रियंका गांधी से मिलने के लिए गेस्ट हाउस पहुंचे


20 Jul 2019, 11:29 AM

सोनभद्र हत्याकांड पर अर्जुन मुंडा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा- यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है

सोनभद्र हत्याकांड पर जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मुझे मिली जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार कार्रवाई कर रही है। मुझे लगता है कि राज्य सरकार निष्पक्ष जांच करेगी और दोषियों को दंडित किया जाएगा।”

20 Jul 2019, 11:23 AM

सोनभद्र हत्याकांड का पीड़ित परिवार प्रियंका गांधी से मिलने पहुंचा, प्रशासन ने मिलने से रोका

सोनभद्र हत्याकांड का पीड़ित परिवार मिर्जापुर के चुनार में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मिलने पहुंचा है। खबरों के मुताबिक, प्रशासन पीड़ित परिवार को मिलने से रोक रहा है। इस पर प्रियंका गांधी ने कहा कि जिनसे मैं मिलने आई थी, वो मुझसे मिलने आए हैं। मैं तब से कह रही हूं कि एक बार मुझे पीड़ितों से मिलने तो दें। मैं पूछना चाहती हूं कि पीड़ितों को क्यों रोका जा रहा है। इन्होंने कौन सा अपराध किया है।


20 Jul 2019, 11:13 AM

सोनभद्र जाने से रोकने पर टीएमसी का प्रतिनिधिमंडल वाराणसी एयरपोर्ट पर धरने पर बैठे

सोनभद्र जाने से रोके जाने के बाद तृणमूल कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल वाराणसी एयरपोर्ट पर धरने पर बैठ गया है। प्रतिनिधिमंडल में टीएमसी सांसद डेरेक ओब्रायन भी शामिल हैं।

20 Jul 2019, 10:50 AM

मैं सोनभद्र जाऊंगी, चाहे प्रशासन मुझे अपनी गाड़ी से लेकर जाए: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी बोली मैं सोनभद्र जाऊंगी, चाहे प्रशासन मुझे अपनी गाड़ी से लेकर जाए। सरकार को जो करना है करे। मैं बिना मिले नहीं जाऊंगी। मैं धारा 144 का उल्लंघन नहीं करूंगी। मैंने अधिकारियों से कहा कि सरकार मिर्जापुर, बनारस या सोनभद्र में कहीं भी मुझे पीड़ित परिवारों से मिलवा दे। मुझे रोकने का आदेश अधिकारी नहीं दिखा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि हिरासत में लिए गए लगभग 24 घंटे हो गए हैं। मैं सोनभद्र हत्याकांड में पीड़ितों से मिले बिना नहीं जाऊंगी।


20 Jul 2019, 10:42 AM

पूरे उम्भा गांव(सोनभद्र) को पुलिस छावनी में बदलकर सच दबा नहीं पाएगी आदित्यनाथ सरकार: सुरेजवाला

कांग्रेस नेता रणदीप सुरेजवाला ने ट्वीट कर कहा, “क्या पूरे उम्भा गांव(सोनभद्र) को पुलिस छावनी में बदल सच दबा पाएगी आदित्यनाथ सरकार? बीजेपी सरकार को श्रीमती प्रियंका गांधी से डर क्यों लगता है? जब गांव के लोग प्रियंका जी से मिल न्याय की गुहार लगाने का इंतज़ार कर रहे हैं तो गांव के चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा क्यों?”

20 Jul 2019, 10:25 AM

अपनी विफलता छिपाने के लिए सोनभद्र जाने नहीं दे रही यूपी सरकार: मायावती

बीएसपी मायावती ने ट्वीट कर कहा, “यूपी के सोनभद्र में आदिवासी समाज का उत्पीड़न और शोषण, उनकी जमीन से बेदखली और अब नरसंहार स्टेट बीजेपी सरकार की कानून-व्यवस्था के मामले में फेल होने का पक्का प्रमाण। यूपी ही नहीं देश की जनता भी इन सबसे अति-चिन्तित जबकि बीएसपी की सरकार में एसटी तबके के हितों का भी खास ख्याल रखा गया।”

उन्होंने आगे कहा, “यूपी सरकार जान-माल की सुरक्षा व जनहित के मामलें में अपनी विफलता को छिपाने के लिए धारा 144 का सहारा लेकर किसी को सोनभद्र जाने नहीं दे रही है। फिर भी उचित समय पर वहाँ जाकर पीड़ितों की यथासंभव मदद कराने का बीएसपी विधानमण्डल दल को निर्देश। सरकारी लापरवाही इस नरसंहार का मुख्य कारण।”


20 Jul 2019, 10:18 AM

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर पूछा- क्या इन आंसुओं को पोंछना अपराध है?

प्रियंका गांधी के धरने का आज दूसरा दिन है। सोनभद्र के पीड़ितों मिलने के लिए अड़ी प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर पूछा- क्या इन आंसुओं को पोंछना अपराध है?

20 Jul 2019, 10:17 AM

प्रियंका गांधी से मिलने जाएंगे छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मिलने के लिए यूपी के चुनार जाएंगे, जो शुक्रवार से धरने पर है। बता दें कि नारायणपुर में योगी के पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था, जब वो सोनभद्र हत्याकांड में पीड़ितों से मिलने जा रही थी।


20 Jul 2019, 10:15 AM

प्रियंका के बाद टीएमसी नेताओं को यूपी पुलिस ने रोका, सोनभद्र हत्याकांड के पीड़ितों से जा रहे थे मिलने

टीएमसी के चार सदस्यीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल को वाराणसी पुलिस ने बाबतपुर के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रोक सदिया है। बता दें ये सभी सोनभद्र हत्याकांड के पीड़ितों से मिलने जा रहे थे। जहां 17 जुलाई को भूमि विवाद की घटना में 10 लोग मारे गए थे।

20 Jul 2019, 10:15 AM

राजनाथ सिंह के कारगिल दौरे से पहले पाक की नापाक हरकत, जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी गोलाबारी

जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के कृष्णा घाटी और मनकोट सेक्टर ने पाकिस्तान ने शनिवार सवेरे भारी गोलाबारी और मोर्टार शेलिंग शुरू कर दी। आपको बता दें आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जम्मू कश्मीर के दौरे पर हैं।


20 Jul 2019, 9:26 AM

मध्य प्रदेश के सीएम कमलनाथ पर विवादित बयान देने को लेकर बीजेपी ने अपने विधायक को किया तलब

20 Jul 2019, 9:09 AM

केरल: शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, कन्नूर की तस्वीर आई सामने


20 Jul 2019, 8:32 AM

डेरेक ओ ब्रायन के नेतृत्व में टीएमसी का चार सदस्यीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल आज सोनभद्र का दौरा करेगा

डेरेक ओ ब्रायन के नेतृत्व में टीएमसी का चार सदस्यीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल आज सोनभद्र का दौरा करेगा, जहां 17 जुलाई को भूमि विवाद की घटना में 10 लोग मारे गए थे।

20 Jul 2019, 8:22 AM

यूपी: मॉब लिंचिंग पर बोले समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान- 1947 के बाद मिल रही यह सजा, करेंगे सामना

समाजवादी पार्टी सांसद आजम खान ने मॉब लिंचिंग को लेकर ताजा बयान दिया है। आजम खान ने मॉब लिंचिग की घटनाओं को लेकर कहा कि यह 1947 के बाद मुसलमानों को मिलने वाली सजा है। मुस्लिम जहां भी जाएंगे उन्हें यह सहना ही पड़ेगा। अब जो होगा, उसे सहना होगा। उन्होंने कहा हमारे पूर्वज पाकिस्तान क्यों नहीं गए? यह मौलाना आजाद, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल और बापू से पूछें। इन्होंने मुसलमानों की सुरक्षा का वादा किया था।


20 Jul 2019, 8:17 AM

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने वाराणसी से सांसद चुने गए पीएम मोदी को जारी किया नोटिस, 21 अगस्त को सुनवाई

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने वाराणसी से सांसद चुने गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने नोटिस का जवाब 21 अगस्त तक मांगा है। यह आदेश न्यायमूर्ति एमके गुप्त ने बीएसएफ से बर्खास्त सिपाही तेज बहादुर यादव की चुनाव याचिका पर दिया है।

20 Jul 2019, 8:10 AM

जम्मू-कश्मीर: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज कारगिल का दौरा करेंगे


20 Jul 2019, 8:09 AM

चुनार गेस्ट हाउस के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता का जमवाड़ा

चुनार गेस्ट हाउस में प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस के कई कार्यकर्ता धरने पर बैठे हुए हैं। शनिवार सुबह कार्यकर्ता गेस्ट हाउस के बाहर नजर आए। बता दें कि प्रियंका गांधी शुक्रवार को सोनभद्र नरसंहार के पीड़ितों से मिलने पहुंची थीं, लेकिन उन्हें नारायणपुर में ही हिरासत में ले लिया गया था।

20 Jul 2019, 8:01 AM

सोनभद्र जाने पर अड़ीं प्रियंका गांधी, गेस्ट हाउस में गुजारी रात

प्रियंका गांधी को मनाने मिर्ज़ापुर के कमिश्नर से लेकर डीआईजी और एडीजी तक आ गए, लेकिन प्रियंका सोनभद्र के उम्भा गांव में मारे गए आदिवासियों के परिवार से मिलने पर अड़ी हैं। प्रियंका गांधी ने मिर्ज़ापुर में चुनार गेस्ट हाउस से ही ट्वीट भी किया और कहा उन्हें जबरन गिरफ्तार करके रखा गया है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘यूपी सरकार ने एडीजी वाराणसी श्री बृज भूषण, वाराणसी कमिश्नर श्री दीपक अग्रवाल, कमिश्नर मिर्जापुर, डीआईजी मिर्जापुर को मुझे ये कहने के लिए भेजा कि मैं यहां से पीड़ित परिवारों से मिले बगैर चली जाऊं। सब एक घंटे से मेरे साथ बैठे हैं. न मुझे हिरासत में रखने का कोई आधार दिया है न कागजात दिए। मैंने इनसे कहा है कि मेरे वकीलों के मुताबिक मेरी गिरफ्तारी हर तरह से गैर-कानूनी है।’’

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia