बड़ी खबर LIVE: बिहार के राज्यपाल बने लालजी टंडन, कई राज्यों में नियुक्त हुए नये राज्यपाल

बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल जी टंडन को बिहार और डॉ एस एन आर्या को हरियाणा का राज्यपाल बनाने के साथ केंद्र सरकार ने कई राज्यों में नये राज्यपाल की नियुक्ति की है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

21 Aug 2018, 7:43 PM

कई राज्यों में नियुक्त हुए नये राज्यपाल, बीजेपी नेता लालजी टंडन को बिहार की कमान

केंद्र सरकार ने मंगलवार को कई राज्यों में नये राज्यपालों की नियुक्ति का आदेश जारी किया। बीजेपी के दिग्गज नेता लाल जी टंडन को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है, वहीं बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक को जम्मू-कश्मीर भेजा गया है। बिहार के पूर्व मंत्री और बीजेपी नेता डॉ एस एन आर्या को हरियाणा का राज्याल नियुक्त किया गया है। वहीं बेबी रानी मौर्या को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

इसके साथ ही त्रिपुरा के राज्यपाल तथागत रॉय को मेघायल का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं कप्तान सिंह सोलंकी को त्रिपुरा और गंगा प्रसाद को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है।

21 Aug 2018, 3:56 PM

मंदसौर में 7 साल की बच्ची से गैंगरेप के दोषियों को मौत की सजा

मध्य प्रदेश के मंदसौर में 7 साल की बच्ची से गैंगरेप और हत्या की कोशिश के मामले में निचली अदालत ने दोनों दोषियों इरफान और आसिफ को मौत की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोनों को धारा 376 और पास्को एक्ट के तहत दोषी पाया है।

27 जून को मंदसौर में 7 साल की बच्ची से गैंगरेप हुआ था। बच्ची स्कूल गई थी, परिजन उसको लेने स्कूल पहुंचते उससे पहले ही इरफान और आसिफ नाम के दोनों युवक बच्ची को अपने साथ ले गए, और उसके साथ हैवानियत की।

21 Aug 2018, 1:44 PM

अहमद पटेल होंगे कांग्रेस के नए कोषाध्यक्ष, मोतीलाल वोरा की लेंगे जगह

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी संगठन में बदलाव किया है। अहमद पटेल को पार्टी का नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है। बहुत दिनों से इस पद को पार्टी के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा संभाल रहे थे। बतया जा रहा है कि बढ़ती उम्र की वजह से उन्होंने इस पद को छोड़ा है।

राहुल गांधी ने ये नियुक्तियां की हैं:

अहमद पटेल, कोषाध्यक्ष

आनंद शर्मा, कांग्रेस पार्टी के विदेश मामलों के अध्यक्ष

लुइजिन्हो फलेरियो, उत्तर-पूर्व राज्यों के महासचिव प्रभारी

मीरा कुमार, कांग्रेस कार्यकारिणी समिति की स्थायी आमंत्रित सदस्य


21 Aug 2018, 1:04 PM

राहुल गांधी ने कर्नाटक में बाढ़ पीड़ितों की मदद पर सुन्तिकोप्पा के लोगों को सराहा

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए राज्य के एक छोटे से शहर सुन्तिकोप्पाा के लोगों की सराहना की और उन्हें 'नखलिस्तान की उम्मीद' कहा। राहुल ने एक समाचार रिपोर्ट को संलग्न करते हुए ट्वीट किया, "कर्नाटक के कोडागु में भारी बाढ़ ने विनाश के निशान छोड़े हैं, लेकिन उदासी के बीच यहां नखलिस्तान में उम्मीद की एक शानदार कहानी भी है। एक छोटा सा शहर, सुन्तिकोप्पा, जहां शिव, राम, मसीह, अल्लाह और बुद्ध जरूरतमंदों की मदद के लिए एक साथ काम कर रहे हैं। यह भारत है।”

समाचार रिपोर्ट में यह उल्लेख किया गया कि कैसे सुन्तिकोप्पा के लोगों ने जाति-धर्म को परे रखकर एक मंदिर, एक चर्च और एक मदरसा को राहत शिविर में परिवर्तित किया और इस तरह से सांप्रदायिक सद्भाव का सार दिखा रहे हैं।

कर्नाटक में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की वजह से कोडागु जिले में 12 लोगों की मौत हो चुकी है।

21 Aug 2018, 12:06 PM

जेएनयू छात्र उमर खालिद पर हमला करने के आरोपी 2 दिन की पुलिस रिमांड में भेजे गए

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

जेएनयू छात्र उमर खालिद पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार दोनों आरोपियों की दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेशी हुई। जहां से कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 2 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है।


21 Aug 2018, 11:34 AM

राज्यसभा चुनाव में नहीं होगा नोटा का इस्तेमाल, सुप्रीम कोर्ट का फैसला

राज्यसभा चुनाव में नोटा का इस्तेमाल नहीं होगा। गुजरात कांग्रेस की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने यह फैसला सुनाया है।

इससे पहले 30 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात कांग्रेस की याचिका पर सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया था। इस मामले की सुनवाई के दौरान एनडीए ने राज्यसभा चुनाव में नोटा का विरोध किया था। वहीं राज्यसभा चुनाव में नोटा के इस्तेमाल पर चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में कहा है कि यह कदम आयोग ने संज्ञान में लेकर नहीं किया, बल्कि उसे सुप्रीम के ही आदेश के तहत किया था।

21 Aug 2018, 10:02 AM

यूपी: मथुरा में इंटर सिटी एक्सप्रेस की चपेट में आए 7 लोग

उत्तर प्रदेश के मथुरा के कोसी कलां रेलवे स्टेशन पर इंटर सिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी लोग कोसी कलां और आसपास के गांव के रहने वाले हैं। घटना सुबह करीब 7 बजे की है।


21 Aug 2018, 8:47 AM

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के पर्सनल असिस्टेंट ने की खुदकुशी

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के पर्सनल असिस्टेंट कुंदन सिंह ने दिल्ली के लक्ष्मीबाई नगर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। 20 अगस्त की रात को उन्होंने खुदकुशी की है। कुंदन सिंह लक्ष्मीबाई नगर में अपने माता-पिता के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि उनकी हाल ही में शादी हुई थी। उनका एक 7 महीने का बच्चा भी है। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। कुंदन सिंह ने खुदकुशी क्यों की फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia