राहुल गांधी के घर आज ‘चाय’ पर जुटेंगे इंडिया गठबंधन के नेता, आगे की रणनीति पर चर्चा संभव, संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे
राहुल गांधी के '5, सुनहरी बाग रोड' स्थित आवास पर चाय के कार्यक्रम से पहले ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं का एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन भी होगा।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज अपने आवास पर ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों, सामाजिक और छात्र संगठनों के सदस्यों को चाय पर आमंत्रित किया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बताया कि राहुल गांधी के '5, सुनहरी बाग रोड' स्थित आवास पर चाय के कार्यक्रम से पहले ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं का एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन होगा।
कल भेजा गया था निमंत्रण
सोमवार को भेजे गए निमंत्रण में कहा गया है, आज 'लोकतंत्र के लिए मार्च' और उच्चतम न्यायालय में याचिका दाखिल किए जाने के बाद... ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं का मंगलवार दोपहर संयुक्त संवाददाता सम्मेलन होगा, जिसके बाद चाय का कार्यक्रम होगा। मैं आपको मंगलवार, 13 अक्टूबर को शाम चार बजे 5, सुनहरी बाग रोड, नयी दिल्ली स्थित अपने आवास पर आमंत्रित करता हूं।
वोट चोरी समेत कई मुद्दों पर चर्चा संभव
राहुल गांधी के आवास पर होने वाली बैठक के दौरान कथित ‘‘वोट चोरी’’ के खिलाफ संयुक्त विरोध-प्रदर्शनों की रणनीति और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है। राहुल गांधी द्वारा विपक्षी सांसदों को अपने आवास पर उस समय आमंत्रित किया गया है, जब विपक्षी दलों ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उच्चतम न्यायालय की ओर मार्च निकाला। विपक्षी नेताओं ने इस मामले में उच्चतम न्यायालय में एक याचिका भी दायर की है।
विपक्ष कर रहा ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल पिछले कुछ समय से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर सरकार तथा निर्वाचन आयोग को घेर रहे हैं। विपक्षी नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची की शुचिता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है। वे ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
