जन आक्रोश रैली LIVE: राहुल गांधी ने कहा, हम सच के साथ खड़े और मोदी जी सत्ता के पीछे छिपे

जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार भ्रष्टाचारियों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि नीरव मोदी देश का हजारों करोड़ रुपये लेकर भाग गया और पीएम मोदी चुप रहे।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

29 Apr 2018, 1:12 PM

जन आक्रोश रैली में हिस्सा लेने के बाद घर लौटते हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता

दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित जन आक्रोश रैली में हिस्सा लेने के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ता घर लौट रहे हैं। जन आक्रोश रैली में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

फोटो: नवजीवन
फोटो: नवजीवन
फोटो: नवजीवन
फोटो: नवजीवन
29 Apr 2018, 1:04 PM

आरएसएस और बीजेपी से लड़ने के लिए एकजुट होना जरूरी: राहुल गांधी

दिल्ली के रामलीला मैदान में जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “हमारी पार्टी में अलग-अलग राय होती है, सलमान खुर्शीद जी यहां बैठे हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने अलग राय दी थी, लेकिन मैं अलग राय देने वाले खुर्शीद जी की रक्षा करूंगा। राहुल गांधी ने आगे कहा आरएसएस और बीजेपी जैसी ताकतों से लड़ने के लिए एकजुट होना जरूरी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमारी पार्टी में लीडरशिप की कमी नहीं है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस में 18 साल से लेकर 80 साल तक के लोगों को सम्मान मिलेगा, जो आदर नहीं देगा, मैं उसपर कार्रवाई करूंगा” राहुल गांधी ने कहा, बीजेपी अध्यक्ष और नरेंद्र मोदी कभी ऐसी बात नहीं कर सकते हैं, क्योंकि उनकी पार्टी में एक ही आदमी की चलती है। उन्होंने कहा, “बीजेपी में अरुण जेटली, आडवाणी, किसी भी राज्य के मुख्यमंत्री की बात नहीं सुनी जाएगी, सिर्फ मोदी और शाह की सुनी जाएगी।”

29 Apr 2018, 12:49 PM

हम सच के साथ खड़े होते हैं, मोदी जी सत्ता के पीछे छिपे रहते हैं: राहुल गांधी

जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी जी ने कांग्रेस के बारे में झूठ फैलाया, अब सच बाहर आ रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी के कार्यकर्ताओं की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की शक्ति लोगों को दिखाई दे रही है, गुजरात में कांग्रेस कार्यकर्ता खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हर राज्य में जान दी, सत्ता के लिए नहीं बल्कि सत्य के लिए। राहुल गांंधी ने मंच पर बैठे पंजाब के नेताओं की ओर इशारा करते हुए कहा, “पंजाब में पूछो बेअंत सिंह कौन थे, किसके लिए मरे, असम में कितने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी जान दी। कांग्रेस का कार्यकर्ता शेर का बच्चा है, इसको मारो-पीटो यह नहीं डरने वाला।” कांग्रेस अध्यक्ष ने यह दावा किया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जीत हासिल करेगी। राहुल गांधी ने कहा कि हम सच के साथ खड़े होते हैं और मोदी जी सत्ता के पीछे छिपे रहते हैं।


29 Apr 2018, 12:33 PM

पीएम मोदी ने देश को बर्बाद किया: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कहा, “मोदी जी ने कहा था कि 70 सालों में कांग्रेस ने कुछ नहीं किया, मुझे 60 महीने दो मैं देश बदल दूंगा। 60 महीनों में मोदी जी ने देश को बेरोजगारी दी, ‘गब्बर सिंह टैक्स दिया’, छोटे दुकानदारों को खत्म किया और चीन के सामने खड़े नहीं हो पाए।

29 Apr 2018, 12:31 PM

किसानों का कर्ज माफ करने के सवाल पर मोजी जी चुप हैं: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा, “किसानों के सामने बड़ी समस्या है और मोदी जी उनका एक रुपया कर्ज माफ नहीं कर रहे हैं। मैं मोदी जी के पास किसानों का कर्ज माफ करवाने गया, लेकिन उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकला।”


29 Apr 2018, 12:24 PM

संवैधानिक संस्थानों को बर्बाद किया जा रहा और मोदी जी चुप हैं: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, देश के संवैधानिक संस्थानों को बर्बाद किया जा रहा और पीएम मोदी चुप बैठे हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के 4 जज देश से न्याय मांगते हैं, मोदी जी चुप रहते हैं।

29 Apr 2018, 12:20 PM

मोदी सरकार भ्रष्टाचारियों को बढ़ावा दे रही है: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार भ्रष्टाचारियों को बढ़ावा दे रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “नीरव मोदी देश का हजारों करोड़ रुपये लेकर भाग गया और मोदी जी ने एक शब्द नहीं कहा।” राहुल गांधी ने कहा कि मोदी भ्रष्टाचार का विरोध करते हैं और कर्नाटक में उनके पीछे बीएस येदियुरप्पा खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी भाषण देते हैं और लोग उसमें सच्चाई खोजते हैं, लेकिन कुछ नहीं मिलता।


29 Apr 2018, 12:16 PM

देश की जनता सिर्फ सच के सामने सर झुकाती: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि देश की जनता सिर्फ सच के सामने सर झुकाती है।

29 Apr 2018, 12:13 PM

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रैली को संबोधित कर रहे हैं

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जन आक्रोश रैली को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हर जगह जाते हैं और वादे करते हैं, लेकिन उनके वादे पूरे नहीं होते। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मैं जहां भी जाता हूं, लोगों से पूछता हूं खुश हो तो जवाब मिलता है कि नहीं।


29 Apr 2018, 12:08 PM

जनता से किए वादे मोदी सरकार ने पूरे नहीं किए: मनमोहन सिंह

जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री मनमहोन सिंह ने कहा कि जनता से किए वादों को मोदी सरकार ने पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि किसानों से किए गए वादे भी अधूरे रहे, यह सरकार किसान विरोधी है।

29 Apr 2018, 12:01 PM

बच्चियां सुरक्षित नहीं, अपराधियों को संरक्षण मिल रहा: सोनिया गांधी

जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि देश में बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं और उनके अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने आगे कहा, “क्या ऐसे ही देश के लिए हमारे नेताओं ने अपना सबकुछ त्याग दिया था। देश में मीडिया को बोलने की आजादी नहीं, मीडिया को दबाया जा रहा है।” सोनिया गांधी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में हम सब मिलकर दिशाविहीन और देश के लोगों से झूठे वादे करने वाली सरकार का मुकाबला करेंगे। उन्होंने कहा कि देश की जनता महंगाई से परेशान है, तेल के दामों में हो रही बढ़ोतरी से आम जनता को परेशान है और यह सरकार कुछ नहीं कर रही है।


29 Apr 2018, 11:56 AM

देश की जनता को मोदी सरकार ने धोखा दिया: सोनिया गांधी

रामलीला मैदान में जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की जनता को दोखा दिया है। उन्होंने कहा “केंद्र सरकार ने जो भी देश की जनता से वादे किए उसे पूरे नहीं किए। किसानों को किया गया वादा पूरा नहीं किया गया। मोदी जी कहते थे न खाऊंगा न खाने दूंगा, आज जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है और मोदी जी चुप बैठे हैं।”

29 Apr 2018, 11:45 AM

मंच पर पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी


29 Apr 2018, 11:44 AM

मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल: गुलाम नबी आजाद

कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है, उसने जनता से किए कोई भी वादे पूरे नहीं किए।

29 Apr 2018, 11:37 AM

रामलीला मैदान पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी

जन आक्रोश रैली को संबोधित करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में वे रैली को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के अलावा यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और गुलाम नबी आजाद समेत पार्टी के बड़े नेता रामलीला मैदान पहुंच गए हैं।


29 Apr 2018, 10:19 AM

दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली

दिल्ली के रामलीला मैदान में मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस की जन आक्रोश रैली है। रैली में हिस्सा लेने के लिए देश भर से हजारों की तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जन आक्रोश रैली को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी रोजगार, महिलाओं के खिलाफ अपराध, किसानों से जुड़े मुद्दे और दलितों पर देश में हो रहे अत्याचार से जुड़े मुद्दे उठाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने के बाद दिल्ली में राहुल गांधी की यह पहली रैली है। सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत पार्टी के शीर्ष नेता रैली को संबोधित करेंगे।

29 Apr 2018, 11:31 AM

बीजेपी सत्ता से जाने वाली है और कांग्रेस आने वाली है: रणदीप सुरजेवाला

जन आक्रोश रैली में हिस्सा लेने पहुंचे कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मोदी और अमित शाह जाने वाले हैं और कांग्रेस सत्ता में वापस लौटने वाली है। उन्होंने कहा, “हम इस जन आक्रोश रैली के जरिए यह बताना चाहते हैं कि हम बीजेपी को सत्ता से बाहर कर देंगे। किसान गुस्से में हैं, क्योंकि उन्हें फसल के अच्छे दाम नहीं मिल रहे। देश के युवा गुस्से में है, क्योंकि उन्हें नौकरी नहीं मिल रही। देश में दलितों को परेशान किया जा रहा है।”


29 Apr 2018, 11:05 AM

जन आक्रोश रैली के लिए मुंबई से चली ट्रेन नहीं पहुंची दिल्ली

जन आक्रोश रैली के लिए मुंबई से चली ट्रेन दिल्ली नहीं पहुंची है। निर्धारित समय के अनुसार सुबह 3 बजे ही ट्रेन दिल्ली पहुंचनी थी, जो अभी तक नहीं पहुंची है। कांग्रेस ने इसे लेकर रेल मंत्री से शिकायत की है।

29 Apr 2018, 11:00 AM

जन आक्रोश रैली में हिस्सा लेने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साहित

जन आक्रोश रैली में हिस्सा लेने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं। कुछ ही देर बाद रैली को संबोधित करने के लिए राहुल गांधी रामलीला मैदान पहुंचेंगे।


29 Apr 2018, 10:55 AM

जन आक्रोश रैली में हिस्सा लेने के लिए रामलीला मैदान पहुंचीं कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताएं

जन आक्रोश रैली में हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताएं भी दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंची हैं।

29 Apr 2018, 10:49 AM

देश भर से हजारों की तादाद में रामलीला मैदान पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता

दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित जन आक्रोश रैली में हिस्सा लेने के लिए देश भर से हजारों की तादाद में कांग्रेस के कार्यकर्ता पहुंचे हैं। कार्यकर्ता बेहद उत्साहित हैं।

फोटो: नवजीवन
फोटो: नवजीवन

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia