लॉकडाउन 5: देश में आज से अनलॉक- 1 का आगाज, जानें किस राज्य में क्या खुला और किस पर जारी है पाबंदी

उत्तर प्रदेश में अनलॉक-1 में कई चीजों की छूट दी गई है। राज्य में आज से सभी सरकारी ऑफिस खुल गए हैं। लेकिन दफ्तर में तीन पालियां होंगी, 9-5, 10-6, 11-7। राज्य में सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक दुकानें खुलेंगी। सुपर मार्केट को भी खुलने की इजाजत दी गई है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देश में आज से कोरोना लॉकडाउन का पांचवां चरण शुरू हो गया है। इसके साथ ही करीब दो महीने से बंद पड़े देश को दोबारा खोलने की कवायद शुरू हो गई है। चरणबद्ध तरीके से बंदिशें जा रही हैं। 30 जून तक चलने वाले लॉकडाउन-5.0 के दौरान पाबंदियां सिर्फ कंटेनमेंट जोन में नजर आएंगी। अनलॉक-1 के पहले चरण में केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, 8 जून से सभी धार्मिक स्थल, होटल, रेस्टोरेंट और शॉपिंग मॉल खुल सकेंगे। देश के कुछ राज्यों ने अनलॉक-1 के तहत अपने-अपने हिसाब से रियायतें दी हैं। आइए अब आपको बतातें कि देश के प्रमुख राज्यों में आज से क्या- क्या खुला है और किसे बंद रखा गया है।

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में अनलॉक-1 में कई चीजों की छूट दी गई है। राज्य में आज से सभी सरकारी ऑफिस खुल गए हैं। लेकिन दफ्तर में तीन पालियां होंगी, 9-5, 10-6, 11-7। राज्य में सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक दुकानें खुलेंगी। सुपर मार्केट को भी खुलने की इजाजत दी गई है। मिठाई की दुकान खुल पाएंगी, लेकिन सिर्फ पार्सल की सुविधा दी गई है। बैंकट हॉल खुल सकेंगे, लेकिन सिर्फ 30 लोगों को इजाजत दी गई है। सैलून, ब्यूटी पार्लर खुल सकेंगे, लेकिन कोरोना से जुड़ी गाइडलाइन्स का पालन जरूरी है। राज्य में आज ले पार्क खुल सकेंगे, सुबह और शाम 5 से 8 बजे तक। स्टेडियम खुलने की इजाजत दी गई है, लेकिन दर्शक नहीं होंगे। इसके अलावा टू व्हीलर और फोर व्हीलर वालों को आरोग्य सेतु ऐप रखना जरूरी करार दिया गया है। राज्य में रोडवेज बसें चल सकेंगी, लेकिन ड्राइवरों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाना होगा। वहीं राज्य में 8 जून से धार्मिक स्थल, शॉपिंग मॉल, होटल और रेस्तरां खोलने की इजाजत दी गई है।


बिहार

बिहार सरकार ने केंद्र सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों को राज्य में लागू किया है। लॉकडाउन 5 में नीतीश सरकार ने लोगों को बड़ी राहत देते हुए राज्य के अंदर बस समेत सभी सार्वजनिक परिवहन के परिचालन की इजाजत दी है। कंटेनमेंट जोन को छोड़ कर बिहार के सभी जिले की सभी दुकानें, सरकारी और निजी कार्यालय, होटल और रेस्तरां आज से पूरी तरह खुल जाएंगे। हालांकि यहां बैठ कर खाने की इजाजत नहीं दी गई है। यह सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक खुली रह सकेंगी। नाइट कर्फ्यू लागू होगा। इस अवधि में सिर्फ मेडिकल सामग्री की दुकानें, दवा दुकानें और मेडिकल क्लीनिक ही खुल सकेंगी। 8 जून से कई और आर्थिक और सामाजिक गतिविधियां शुरू होंगी। शिक्षण संस्थानों को खोलने का फैसला जुलाई में होगा। 21 कंटेनमेंट जोन छोड़ कर लोग कहीं भी आ-जा सकेंगे।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में अनलॉक- 1 के तहत अतंरराज्यीय परिवहन को अनुमति नहीं दी गई है। महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि फंसे हुए प्रवासी श्रमिकों जैसे व्यक्तियों की अंतरराज्यीय और अंतर-जिला आवाजाही को जारी रखा जाएगा। महाराष्ट्र में लॉकडाउन की अवधि को 30 जून तक बढ़ाया है। महाराष्ट्र सरकार ने कहा कि चिकित्सा पेशेवरों, स्वच्छताकर्मियों और एम्बुलेंसों के लिए अंतरराज्यीय आवाजाही की अनुमति दी गई है। गैराज इलैक्ट्रीशियन और प्लंबर्स को भी काम करने की इजाजत दी गई है। वहीं, 5 जून से राज्य में बाजार, दुकानें, कैब और टैक्सी को मंजूरी दी गई है। वहीं 8 जून से प्राइवेट ऑफिस 10 फीसदी स्ट्रेंथ के साथ खोले जा सकेंगे।


गुजरात

गुजरात में रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू रहेगा। सभी दुकानें शाम 7 बजे तक खुली रहेंगी। इसके अलावा गुजरात राज्य परिवहन की बसें सभी जिलों में चलेंगी। सभी सरकारी ऑफिस सोमवार से खुल जाएंगे। हालांकि नई गाइडलाइंस के मुताबिक, होटल, रेस्त्रां, धार्मिक स्थल केंद्र के नियमों के आधार पर खुलेंगे।

राजस्थान

नई गाइडलाइंस के मुताबिक, राजस्थान में आज से सभी पर्यटन स्थल खोल दिए गए हैं। पहले हफ्ते तक यात्री मुफ्त में पर्यटन स्थल जा सकेंगे। तीसरे हफ्ते में आधा पैसा देकर पर्यटन स्थल जा सकेंगे।

छत्तीसगढ़

राज्य सरकार अंतर-जिला और अंतर-राज्यीय यात्रा केवल ई-पास धारकों के लिए अनुमति देगी। राज्य 7 जून तक सभी खेल परिसर, स्टेडियम और सार्वजनिक पार्क भी बंद रखेगा।

पंजाब

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी केंद्र के दिशा-निर्देश के अनुसार, लॉकडाउन 30 जून तक बढ़ा दिया है। खाद्य विभाग को राशन किट में मास्क भी शामिल करने को कहा है।ॉ


मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश सरकार लॉकडाउन 15 जून तक बढ़ाने के पक्ष में है और कंटेनमेंट क्षेत्रों में कोई रियायत देने का इरादा नहीं रखती है। हालांकि ग्रीन जोन में कुछ और राहत देने पर विचार किया जा रहा है. अभी सरकार स्कूलों को भी 13 जून के बाद खोलने के पक्ष में है, लेकिन संक्रमण की स्थिति कुछ दिन और देखने के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

दिल्ली

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने लॉकडाउन पांच के मद्देनजर राजधानी के लिए कुछ नई गाइडलाइंस के बारे में जानकारी कर दी है। उन्होंने प्रेस से बात करते हुए कहा कि अगले एक हफ्ते तक दिल्ली के बॉर्डर सील रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान सिर्फ जरूरी सेवाओं को आने-जाने की इजाजत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अब तक जो भी अनुमति दी गई थी, उसके अलावा नाई की दुकानें और सैलून खोले जाएंगे, लेकिन स्पा बंद रहेंगे।

सीएम केजरीवाल ने कहा कि ऑटो-रिक्शा में एक सवारी पर से प्रतिबंध हटाया जा रहा है। पहले दुपहिया और चार पहिया गाड़ियों पर जो सवारियों पर प्रतिबंध था वो भी हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम बाजारों में दुकानें खोलने के लिए ऑड-ईवन नियम का पालन कर रहे थे, लेकिन केंद्र सरकार ने ऐसा कोई नियम नहीं बताया है। इसलिए अब से सभी दुकानें खुल सकती हैं।

तमिलनाडु

तमिलनाडु में अनलॉक- 1 के तहत अंतरराज्यीय बस परिवहन, मेट्रो और सबअर्बन ट्रेन सेवाओं पर प्रतिबंध जारी रहेगा। राज्य सरकार के मुताबिक, अंतर-क्षेत्र और अंतरराज्यीय यात्रा के लिए ई-पास जरूरी होगा। 40 प्रतिशत स्टाफ के साथ काम करने की इजाजत दी गई है। सभी नॉन-एसी रेस्टोरेंट को 50 प्रतिशत स्ट्रेंथ के साथ खाना उपलब्ध कराने की सुविधा दी गई है। चेन्नई के बाहर के उद्योग और निजी उद्यम, जैसे आईटी कंपनियां 100 फीसदी कर्मचारियों के साथ कार्य कर सकेंगी। शहरी क्षेत्र के भीतर, आईटी कंपनियों को कार्यालय में केवल 20 प्रतिशत कर्मचारी रखने की इजादत है।

पूर्वोत्तर के राज्य

पूर्वोत्तर राज्यों में मेघालय ने लॉकडाउन की अवधि को छह जून तक बढ़ा दिया है और वाहनों की अंतर-जिला और अंतरराज्यीय आवाजाही पर प्रतिबंध जारी रखा है। मिजोरम सरकार ने भी कहा कि यात्रियों को ले जाने वाले वाहनों की सभी अंतरराज्यीय या सीमा-पार आवाजाही प्रतिबंधित रहेंगी। मेघालय में कोरोना वायरस के 27 जबकि मिजोरम में एक मामला सामने आया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 01 Jun 2020, 9:19 AM