लोकसभा चुनाव 2019 LIVE: कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की छठी सूची, केरल और महाराष्ट्र के 9 प्रत्याशियों के नाम

कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की छठी सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 9 उम्मीदवारों के नाम हैं, जिनमें से 2 केरल से और 7 महाराष्ट्र से हैं।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

19 Mar 2019, 11:33 PM

कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की छठी सूची, केरल और महाराष्ट्र के 9 प्रत्याशियों के नाम

कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की छठी सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 9 उम्मीदवारों के नाम हैं, जिनमें से 2 केरल से और 7 महाराष्ट्र से हैं।

लोकसभा चुनाव 2019 LIVE: कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की छठी सूची, केरल और महाराष्ट्र के 9 प्रत्याशियों के नाम
19 Mar 2019, 9:28 PM

छत्तीसगढ़ में बीजेपी को हार का डर, राज्य के सभी सांसदों का टिकट कटा

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद राज्य में बीजेपी का पूरा आधार ही हिलता नजर आ रहा है। आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी ने राज्य के अपने सभी सांसदों का टिकट काटने का फैसला लिया है। बीजेपी के राज्य प्रभारी अनिल जैन ने इसकी पुष्टी की है।

19 Mar 2019, 8:35 PM

उत्तर प्रदेश के चुनार पहुंची प्रियंका गांधी, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

कांग्रेस महासिचव प्रियंका गांधी पूर्वी उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। प्रियंका गांधी ने चुनार में एक रोड शो किया। उनके रोड शो में भारी जनसैलाब उमड़ा रहा है।


19 Mar 2019, 7:50 PM

बीजेपी दफ्तर में उम्मीदवारों पर मंथन जारी, पीएम मोदी और अमित शाह मौजूद

लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों को लेकर आज बीजेपी सीईसी की बैठक हो रही है। बैठक में शामिल होने पीएम मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह पार्टी हेडक्वार्टर पहुंचे हैं। इनसे पहले अरुण जेटली, नितिन गडकरी और राजनाथ सिंह पहुंचे थे। बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा होगी।

19 Mar 2019, 7:07 PM

उम्मीदवारों को लेकर बीजेपी की बैठक, कई वरिष्ठ नेता पहुंचे

लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों को लेकर आज बीजेपी सीईसी की बैठक है। इस बैठक में शामिल होने के लिए बीजेपी नेता अरुण जेटली, नितिन गडकरी और राजनाथ सिंह पहुंचे हैं।


19 Mar 2019, 6:58 PM

लेफ्ट ने पश्चिम बंगाल में 42 में से 38 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की

वामदलों ने पश्चिम बंगाल में 38 उम्मीदवारों के नाम घोषित कि हैं। 2014 में कांग्रेस की जीती सीटों पर उम्मीदवार खड़े नहीं करने का फैसला लिया है।

19 Mar 2019, 6:48 PM

मिर्ज़ापुर: मां चंडिका देवी मंदिर में दर्शन के उपरांत आरती करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी


19 Mar 2019, 6:12 PM

2019 में नीतीश-मोदी किस मुंह से जनता का सामना करेंगे: तेजस्वी यादव

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने एक बार फिर पीएम मोदी और बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “2019 में नीतीश-मोदी किस मुंह से जनता का सामना करेंगे? 2014 में की गयी घोषणाओं और वादों में से एक भी वादा पूरा नहीं किया है। युवाओं, किसानों, गरीबों और जवानों को ठगने का काम किया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तो पूरी राजनीति ही विश्वासघात और छल-कपट युक्त है।”

19 Mar 2019, 6:04 PM

अखिलेश ने जारी किया महागठबंधन का लोगो, साइकिल का सा और हाथी का थी को मिलाकर बनाया ‘साथी’

समाजवादी पार्टी और बीएसपी ने चुनावी अभियान के लिए नया लोगो जारी किया है। इस लोगो में समाजवादी पार्टी के चुनाव निशान साइकिल से ‘सा’ और बीएसपी के चुनाव चिन्ह हाथी से ‘थी’ लेकर 'साथी' बनाया है। इसके साथ ही नारा दिया है कि महागठबंधन से महापरिवर्तन।


19 Mar 2019, 5:55 PM

सीपीआई ने तमिलनाडु, असम और पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के लिए 7 उम्मीदवारों की सूची जारी की

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने तमिलनाडु, असम और पश्चिम बंगाल में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 7 उम्मीदवारों की सूची जारी की है।

19 Mar 2019, 5:48 PM

मां विन्ध्यवासिनी के दर्शन के बाद बोलीं प्रियंका गांधी, आज यहां आकर मुझे बहुत खुशी हुई

मिर्ज़ापुर के मां विन्ध्यवासिनी मंदिर विंध्याचल धाम में दर्शन करने के बाद कांग्रेस सचिव प्रियंका गांधी ने विजटर बुक में लिखा, “आज यहां आकर, अपने पूर्वजों के तीर्थ पुरोहितों से मिलकर और सबकी श्रद्धा का एहसास करके मुझे बहुत खुशी हुई।”


19 Mar 2019, 5:28 PM

मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा, चुनाव आयुक्तों सुशील चंद्र और अशोक लवासा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद सोशल मीडिया कॉन्टेंट से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

19 Mar 2019, 5:22 PM

चेन्नई कॉलेज में राहुल गांधी का कार्यक्रम आचार संहिता का उल्लघंन नहीं था- चुनाव आयोग

कांग्रेस ने कहा कि चुनाव आयोग साफ-साफ कह दिया है कि चेन्नई के स्टेला मैरिस कॉलेज में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का कार्यक्रम किसी आचार संहिता का उल्लंघन नहीं था। कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी की रणनीति फिर से फेल हो गई।

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष ने चेन्नई के स्टेला मैरिस कॉलेज में स्टूडेंट्स के साथ सवाल जवाब सेशन किया था। जिसके बाद महाविद्यालय संबंधी शिक्षा निदेशालय की तरफ से कॉलेज के रीजनल जॉइंट डायरेक्टर को एक सर्कुलर जारी किया गया था। जिसमें कहा गया था कि कैंपस का इस्तेमाल एक राजनीतिक पार्टी के नेता के लिए कैसे हो सकता है, जबकि आचार संहिता लागू हो चुकी है।


19 Mar 2019, 4:52 PM

“मैं भी चौकीदार हूं” के आंकड़ों से अपना दामन साफ करने की कोशिश में जुटी बीजेपी: कांग्रेस

पीएम मोदी द्वारा शुरू की गई ‘चौकीदार अभियान’ को लेकर कांग्रेस ने चुटकी ली है। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, “जिस बीजेपी सरकार के पास आज तक रोजगार का आंकड़ा नहीं आया, मुद्रा लोन का आंकड़ा नहीं आया, बंद नोट गिनने में कई साल लग गए, उसके लोग “मैं भी चौकीदार हूं” के आंकड़ों से अपना दामन साफ करने की कोशिश कर रहे हैं।”

19 Mar 2019, 4:18 PM

प्रियंका गांधी का मिर्जापुर में जोरदार स्वागात, तस्वीरों में देखें


19 Mar 2019, 4:04 PM

महाराष्ट्र: कटोल विधानसभा क्षेत्र में अगले महीने होने वाले उपचुनाव रुका

महाराष्ट्र के बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर बेंच ने कटोल विधानसभा क्षेत्र में अगले महीने होने वाले उपचुनाव को रोक दिया है।

19 Mar 2019, 3:50 PM

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की पहली लिस्ट जारी, भतीजे अक्षय के खिलाफ फिरोजाबाद से चुनाव लड़ेंगे शिवपाल

लोकसभा चुनाव के लिए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल यादव ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। शिवपाल यादव खुद फिरोजाबाद से चुनाव लड़ेंगे। यहां से इस बार उनका मुकाबला अपने ही भतीजे अक्षय यादव से होगाष। अक्षय यादव समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव के बेटे हैं। इस लिस्ट में शिवपाल समेत 31 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं।


19 Mar 2019, 3:43 PM

यूपी: मिर्जापुर में विंध्यवासिनी देवी मंदिर के दर्शन कर इस्‍माइल चिश्ती दरगाह पर पहुंचीं प्रियंका

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में विंध्यवासिनी देवी मंदिर के दर्शन करने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इस्‍माइल चिश्ती दरगाह पर पहुंचीं।

19 Mar 2019, 3:10 PM

महागठबंधन पर मोदी सवाल खड़े करते हैं, बीजेपी खुद कई राज्यों में गठबंधन की सरकार चला रही: देवगौड़ा

पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस नेता एचडी देवगौड़ा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पीएम मोदी महागठबंधन पर सवाल खड़े करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि बीजेपी खुद कई राज्यों में गठबंधन की सरकार चला रही है।


19 Mar 2019, 2:44 PM

त्रिपुरा में बीजेपी को बड़ा झटका, पार्टी उपाध्यक्ष सुबल भौमिक ने दिया इस्तीफा

त्रिपुरा में बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुबल भौमिक ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इसे लेकर पार्टी को एक पत्र भी लिखा है। हालांकि उन्होंने अपने पत्र में इस बात का जिक्र नहीं किया है कि आखिर उन्होंने इस्तीफा क्यों दिया।

19 Mar 2019, 2:41 PM

यूपी: मिर्जापुर पहुंचीं प्रियंका गांधी, पार्टी कार्यकर्ताओं से की मुलाकात

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मिर्जापुर सीमा क्षेत्र में प्रवेश कर गई हैं। जहां पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान प्रियंका गांधी ने पट्टी गांव में पार्टी के कार्यकर्ताओं से बातचीत की।


19 Mar 2019, 2:12 PM

यूपी: आरएलडी ने प्रत्याशियों की सूची जारी की

समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी में गठबंधन का हिस्सा राष्ट्रीय लोकदल ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। आरएलडी की ओर से मंगलवार को जारी की गई सूची में बागपत, मुजफ्फरनगर और मथुरा की सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की गई है। पार्टी अध्यक्ष अजीत चौधरी को पश्चिम यूपी की मुजफ्फरनगर सीट से प्रत्याशी बनाया गया है।

अजीत सिंह के अलावा जयंत चौधरी को बागपत सीट से टिकट दिया गया है। वहीं मथुरा सीट से कुंवर नरेंद्र सिंह को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है।

19 Mar 2019, 2:10 PM

अरुणाचल को दबाकर, यहां की संस्कृति को खत्म कर कोई फायदा नहीं हो सकता: राहुल गांधी

अरुणाचल प्रदेश को दबाकर, यहां की संस्कृति को खत्म कर कोई फायदा नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि नफरत फैलाने से किसी को फायदा नहीं होगा। राहुल ने कहा कि कांग्रेस आपको जोड़कर आगे चलना चाहती है। राहुल गांधी ने कहा कि आपके लिए मेरा दरवाजा हमेशा खुला रहेगा, जो भी आपकी परेशानी होगी उसे हम सुलझाने की कोशिश करेंगे।


19 Mar 2019, 2:05 PM

बीजेपी नॉर्थ ईस्ट की संस्कृति को बर्बाद करना चाहती है: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा, “बीजेपी नॉर्थ ईस्ट की संस्कृति को बर्बाद करना चाहती है। यह बीजेपी और आरएसस की सोच है। जो लोग आरएसएस से जुड़े हैं, उन्हें विश्वविद्यालयों में जगह दी जा रही है। आरएसएस के लोगों को कुलपति बनाया जा रहा है।”

राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने नीति आयोग को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह बात किसी को समझ नहीं आ रही है कि आखिर नीति आयोग क्या कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले नीति आयोग अरुणाचल से पूछ कर फैसले लेता था, लेकिन आज मोदी सरकार खुद फैसले लेती है।

19 Mar 2019, 1:57 PM

अरुणाचल प्रदेश के हिसाब से फैसले लिए जाने चाहिए

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अरुणाचल को यह छूट मिलनी चाहिए कि आखिर वह क्या चाहता है। उन्होंने कहा कि मेरा यह मानना है कि फैसले राज्य के हिसाब से होने चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि जो स्पेशल स्टेटस छीना गया है, उसे हम लागू करेंगे। जैसे ही केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी यह फैसला लेंगे।


19 Mar 2019, 1:45 PM

सिटीजनशिप बिल नार्थ ईस्ट पर सबसे बड़ा हमला, बिल को संसद में नहीं होने देंगे पास: राहुल गांधी

आरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि सिटीजनशिप बिल नार्थ ईस्ट के लोगों पर सबसे बड़ा हमला है। उन्होंने कहा कि हम इस बिल को संसद में पास नहीं होने देंगे।

19 Mar 2019, 1:28 PM

यूपी: प्रियंका गांधी गोपीगंज पहुंचीं

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी गोपीगंज पहुंच गई हैं। बताया जा रह है कि वे यहां पर पार्टी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी।


19 Mar 2019, 1:11 PM

आंध्र प्रदेश: जन सेना पार्टी के अध्यक्ष पवन कल्याण दो सीटों से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे

आंध्र प्रदेश में जन सेना पार्टी के अध्यक्ष पवन कल्याण दो सीटों से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने बताया कि पवन कल्याण भीमावरम और गजुवाका सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।

19 Mar 2019, 1:08 PM

अरुणाचल प्रदेश: ईटानगर पहुंचे राहुल गांधी, थोड़ी देर में सभा को संबोधित करेंगे

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर पहुंच गऐ है। थोड़ी देर में वे जनसभा को संबोधित करेंगे।


19 Mar 2019, 1:05 PM

मायावती पर बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने दिया विवादित बयान

उत्तर प्रदेश से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने बीएसपी प्रमुख मायावती को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने मायावती पर व्यक्तिगत टिप्पणी की है।

19 Mar 2019, 12:56 PM

दिल्ली: शीला दीक्षित ने कार्यकारी अध्यक्षों की बैठक बुलाई

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित ने कार्यकारी अध्यक्षों की बैठक बुलाई है। शीला की इस बैठक में देवेंद्र यादव, हारून यूसुफ और राजेश लिलोथिया शामिल हैं। बैठक में चुनाव को लेकर चर्चा हो रही है।


19 Mar 2019, 12:49 PM

प्रियंका गांधी रोड के रास्ते मिर्जापुर के लिए निकलीं

प्रियंका गांधी रोड के रास्ते भदोही से मिर्जापुर के लिए निकली हैं। इस दौरान वे रास्ते में भक्त गांव में मुलाकात की। उन्होंने शारीरिक रूप से अक्षम लड़की से बात की।

लोकसभा चुनाव 2019 LIVE: कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की छठी सूची, केरल और महाराष्ट्र के 9 प्रत्याशियों के नाम

वहीं भदोही में प्रिंयका गांधी ने भदोही के सीतामढ़ी में बुनकरों, शिक्षामित्रों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को जाना।

19 Mar 2019, 12:18 PM

अरुणाचल प्रदेश: ईटानगर में आज रैली को संबोधित करेंगे राहुल गांधी

अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एक रैली को संबोधित करेगे। इसके अलावा भी उनके दो संवाद कार्यक्रम भी हैं।


19 Mar 2019, 12:11 PM

लोकसभा चुनाव के लिए डीएमके ने जारी किया घोषणा पत्र

लोकसभा चुनाव के लिए डीएमके ने घोषणा पत्र जारी कर दिया है। चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने घोषणा पत्र को जारी किया। घोषणा पत्र में नोटबंदी से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की बात कही गई है।

डीएमके ने घोषणा पत्र में पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने, श्रीलंका से आए शरणार्थियों को नागरिकता दिलाने, मनरेगा के तहत 150 दिन रोजगार की गारंटी देने, प्रदेश के छात्रों का एजुकेशन लोन माफ, राज्य को नीट (सामान्य चिकित्सा परीक्षा) से छूट दिलाने जैसे कई वादे किए हैं।

19 Mar 2019, 11:44 AM

यूपी: प्रियंका गांधी की गंगा यात्रा का दूसरा दिन, भदोही में की पूजा

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की गंगा यात्रा का आज दूसरा दिन है। यात्रा शुरू करने से पहले उन्होंने भदोही में सीता समाहित स्थल पर पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद उन्होंने मीडिया से बात की। प्रियंका गांधी ने कहा कि यह सवाल पूछने की बजाय की हमने 70 सालों में क्या किया, बीजेपी को यह बताना चाहिए कि उन्होंने 5 सालों में क्या किया है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यूपी में योगी सरकार के दो साल पूरे हो चुके हैं। कागजों में सबकुछ ठीक दिखाया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ भी नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि मैं रोज लोगों से मिल रही हूं, लोग परेशान हैं।


19 Mar 2019, 11:24 AM

रक्षा मंत्रालय से राफेल की फाइल चोरी होने पर अखिलेश का मोदी सरकार पर तंज

राफेल की फाइल चोरी होने को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मोदी सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “विकास’ पूछ रहा है, मंत्रालय से जहाज की फाइल चोरी होने के लिए जिम्मेदार लापरवाह चौकीदार को सजा मिली क्या?”

एक अन्य ट्वीट में अखिलेश यादव ने कहा, “विकास’ पूछ रहा है, जनता के बैंक खाते से चोरी-छिपे जो पैसे काटे जा रहे हैं, उससे बचाने के लिए कोई चौकीदार है क्या?”

19 Mar 2019, 11:22 AM

पीएम मोदी के 'चौकीदार अभियान' पर बीएसपी प्रमुख मायावती ने साधा निशाना

बीएसपी प्रमुख मायावती ने पीएम मोदी द्वारा शुरू किए गए चौकीदार अभियान पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “सादा जीवन उच्च विचार के विपरीत शाही अन्दाज में जीने वाले जिस व्यक्ति ने पिछले लोकसभा आमचुनाव के समय वोट की खातिर अपने आपको चायवाला प्रचारित किया था, वे अब इस चुनाव में वोट के लिये ही बड़े तामझाम और शान के साथ अपने आपको चोकीदार घोषित कर रहे हैं। देश वाकई बदल रहा है?”


19 Mar 2019, 10:38 AM

प्रियंका गांधी की गंगा यात्रा का दूसरा दिन, मंदिर के बाद जाएंगी मजार

कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने अपने चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया है। इस दौरे दौरान वह मंगलवार को भदोही के सीता समाहित स्थल ट्रस्ट गेस्ट हाउस से मिजार्पुर भदोही बॉर्डर के लिए रवाना होंगी। इसी बीच वह 11 बजे विंध्याचल मंदिर में दर्शन करेंगी। कार्यक्रम की मुख्य समन्वयक विधायक मोना मिश्र ने बताया कि इस दौरान वह कंतित शरीफ की मजार पर चादर भी चढ़ाएंगी। साथ ही वह किसानों, महिलाओं और अधिवक्ताओं से मुलाकात भी करेंगी।

उन्होंने बताया कि वहां से प्रियंका सीधे 1 बजे मिजार्पुर स्थित भटौली घाट पहुंच कर लोगों से मुलाकात करेंगी। फिर इसके बाद मोटर बोट से सिंधौरा घाट से चुनार पांटून ब्रिज पहुंचेगी। वह चुनार के गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगी।

इससे पहले सोमवार को प्रियंका गांधी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शक्ति आपके हाथ में है। आप नेताओं को समझायेंगे की अगर वो आपसे झूठे वादे करेंगे तो आप उन्हें समर्थन नहीं देंगे।

19 Mar 2019, 10:33 AM

चंद्रशेखर राव आपराधिक राजनीति कर रहे हैं: एन चंद्रबाबू नायडू

आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव पर बड़ा आरोप लगाया है। चंद्रबाबू नायडू ने कहा, “चंद्रशेखर राव आपराधिक राजनीति कर रहे हैं। वह कांग्रेस और टीडीपी के विधायकों को अपनी तरफ करने की कोशिश कर रहे हैं।”


19 Mar 2019, 10:27 AM

आंध्र प्रदेश: टीडीपी ने लोकसभा चुनाव के लिए 25 उम्मीदवारों की सूची जारी की

आंध्र प्रदेश में टीडीपी ने लोकसभा चुनाव के लिए 25 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इस सूची के मुताबिक के श्रीनिवास विजयवाड़ा, गल्ला जयदेव गुंटूर और एन शिवप्रसाद चित्तूर से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए भी 36 उम्मीदवारों की सूची जारी की है।

19 Mar 2019, 10:24 AM

आज चुनाव आयोग की फेसबुक, ट्विटर, वॉट्सऐप के भारत प्रमुख से बैठक

चुनाव आयोग मंगलवार को सोशल मीडियाकंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर विभिन्न प्रकार के सोशल मीडिया कन्टेंट पर, विशेष रूप से आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो जाने के बाद, चर्चा करेगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia