कांग्रेस के प्रचार में 5 साल के अन्याय के खिलाफ ‘न्याय’ का वादा, महिला, युवा और गरीबों पर फोकस

दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय में चुनाव प्रचार के लिए थीम सॉन्ग जारी करते हुए कांग्रेस नेताआनंद शर्मा ने कहा कि देश में हर कोई न्याय मांग रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने लोगों को सपने दिखा कर उसे चकनाचूर कर दिया, हर वर्ग आज प्रताड़ित है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी जोर-शोर से प्रचार में जुटी हुई है। इस बीच पार्टी ने चुनाव के लिए ‘अब होगा न्याय’ नाम से नारा जारी कर दिया है। 'अब होगा न्याय' नारे के साथ कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी ने एक प्रेस कांफ्रेंस में चुनाव के लिए थीम सॉन्ग जारी किया। चुनाव प्रचार का नारा जारी करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने प्रेस से बात की। आनंद शर्मा ने कहा कि हमारा अभियान न्याय पर आधारित है।

कांग्रेस के प्रचार का फोकस मुख्यत: तीन बिंदुओं पर है:

  • न्याय स्कीम के तहत कांग्रेस ने हर एक गरीब को 72,000 रुपये देने का वायदा है। इससे देश की करीब 20 फीसदी आबादी को फायदा होगा। इस योजना के दायरे में करीब 5 करोड़ परिवार यानी 25 करोड़ लोग आएंगे।
  • प्रचार के दूसरे बिंदु में महिलाओं को लक्ष्य किया गया है। महिलाओं को नौकरियों में 33 फीसदी आरक्षण का वादा किया गया है। यह देश की आधी आबादी को आकर्षित करने का बिंदु है।
  • इसके अलावा युवा मतदाताओं के लिए कांग्रेस ने 2020 तक 22 लाख सरकारी नौकरियों में भर्ती करने की बात कही है। प्रचार में कांग्रेस ने खासतौर से बेरोजगार युवाओं की बात की है।

प्रचार अभियान के बारे में बताते हुए कांग्रेस ने कहा कि, “ये ‘न्याय’ केवल एक शब्द नहीं है, इसकी गहराई है, इसके पीछे सोच है। आज देश ‘न्याय’ की पुकार कर रहा है। नौजवान रोजगार के लिए ‘न्याय’ मांगता है। देश की महिलाएं त्रस्त हैं, वो सुरक्षा के लिए ‘न्याय’ मांगती है, किसान अपनी मेहनत-मजदूरी के लिए सही रुप में सम्मान के साथ दाम चाहता है। तो काम दाम, सम्मान और ‘न्याय’ ये आवश्यकता भारत की है।

कांग्रेस ने कहा कि, “जब एक सरकार ने वायदा खिलाफी की, लोगों को बड़े सपने दिखाए, पर आज भी प्रधानमंत्री केवल प्रचार, खोखले दावे, विपक्ष को अपमानित करना, उसी में जुटे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने एक बार भी ये नहीं देश को बताने की चेष्टा की, या कृपा की कि 2014 में जो कहा था वो क्या हुआ और देश के हालात अगर खराब हुए उसकी जवाबदेही किसकी है, उसकी जिम्मेवारी किसकी है।”

इस मौके पर कांग्रेस चुनाव प्रचार का थीम सॉंग भी लांच किया।

कांग्रेस नेता ने कहा, “देश न्याय मांग रहा है। नौजवान नौकरी के लिए, किसान सही दाम के लिए, महिलाएं सुरक्षा के लिए न्याय मांग रहे हैं। काम, दाम और सम्मान के लिए न्याय।” उन्होंने बताया कि प्राचार के लिए मने मुख्य गाने को गीतकार जावेद अख्तर ने लिखा है।

आनंद शर्मा ने कहा कि देश में हर कोई न्याय मांग रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने लोगों को सपने दिखा कर उसे चकनाचूर कर दिया। कांग्रेस नेता ने कहा कि समाज का हर वर्ग आज प्रताड़ित है। कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने अपने कार्यकाल में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने भोजन का अधिकार, मनरेगा, सचूना का अधिकार समेत कई ऐसी योजनाएं लॉन्च की, जिससे जनता को फायदा पहुंचा। उन्होंने कहा कि इस बार हमारी पार्टी हर वर्ग को ‘न्याय’ देगी। उन्होंने कहा कि अलग-अलग माध्यमों से हम इस नारे को लेकर जनता के बीच जाएंगे और उन्हें समझाएंगे, कि मौजूदा सरकार सभी के लिए हानिकारक है।

गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ऐलान किया था कि अगर उनकी पार्टी केंद्र में सत्ता में आई तो ‘न्याय’ योजना के तहत देश के 20 फीसदी गरीबो को बैंक खाते में 72 हजार रुपये सालाना डाला जाएगा। यहीं नहीं पार्टी ने यह भी वादा किया है कि देश में जिन लोगों की आय 12 हजार रुपये से कम हैं, उनकी आय 12 हजार रुपये हो सकार यह सुनिश्चि करेगी। पार्टी अपने घोषणापत्र में इसे प्रमुखता से जगह दी है।

कांग्रेस का आरोप है कि मोदी सरकार ने युवाओं को रोजगार नहीं दिया, महिलाओं के खिलाफ अपराध पर लगाम नहीं लगा सकी और किसानों को उनकी फसलों का सही दाम नहीं दिया। कांग्रेस इन सभी मुद्दों को अपने घौषणापत्र में प्रमुखता से जगह दी है, और इन्हीं मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 07 Apr 2019, 2:11 PM