लोकसभा चुनाव: समाजवादी पार्टी ने जारी की 6 प्रत्याशियों की पहली सूची, लिस्ट में मुलायम सिंह यादव का भी नाम

समाजवादी पार्टी की संसदीय समिति के अध्यक्ष रामगोपाल यादव ने प्रत्याशियों की पहली सूची के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए पहले 6 उम्मीदवारों के नाम फाइनल किए गए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के बाद समाजवादी पार्टी ने भी 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में 6 उम्मीदारों के नाम हैं। सूची में समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का भी नाम है। वे इस बार मैनपुरी से चुनाव लड़ेंगे। पिछली बार मुलायम सिंह यादव ने आजमगढ़ से चुनाव लड़ा था, वे फिलहाल आजमगढ़ के मौजूदा सांसद हैं।

समाजवादी पार्टी की संसदीय समिति के अध्यक्ष रामगोपाल यादव ने पहली सूची के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए पहले 6 उम्मीदवारों के नाम फाइनल किए गए हैं। पार्टी ने धर्मेंद्र यादव को बदायूं से उम्मीदवार बनाया है। वे बदायूं से मौजूदा सांसद भी हैं। फिरोजाबाद से अक्षय यादव को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इटावा से कमलेश कठेरिया, रॉबर्ट्सगंज से भाईलाल कोल और बहराइच से शब्बीर वाल्मीकि को उम्मीदवार बनाया गया है।

इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को अपनी पहली सूची जारी की थी, जिसमें 15 प्रत्याशियों के नाम शामिल थे। लिस्ट में उत्तर प्रदेश से 11 और गुजरात से 4 लोकसभा उम्मीदवारों के नाम शामिल थे। उत्तर प्रदेश के उम्मीदवारों में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी नाम था। राहुल गांधी और सोनिया गांधी अपनी परंपरागत संसदीय सीट अमेठी और रायबरेली से ही चुनावी मैदान में उतरेंगे।

कांग्रेस की पहली सूची के अनुसार, उत्तर प्रदेश की फर्रुखाबाद सीट से एक बार फिर पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद चुनावी मैदान में उतरेंगे। वहीं एक और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह कुशीनगर सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा जितिन प्रसाद धौरारा से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, बदायूं से सलीम इकबाल शेरवानी, सहारनपुर से इमरान मसूद, उन्नाव से अनु टंडन, अकबरपुर से राजाराम पाल, जालौन से बृजलाल खबरी, फैजाबाद से निर्मल खत्री को टिकट दिया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia