लोकसभा चुनाव 2024: बिहार में पहले चरण के 4 सीटों पर घमासान, 3 सीटों पर परिवार की साख दांव पर

पहले चरण में बिहार की जिन 4 सीटों पर वोटिंग होगी उन सभी सीटों पर महागठबंधन की ओर से RJD के प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं तो एनडीए की ओर से औरंगाबाद और नवादा में बीजेपी, गया में हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा तो जमुई से लोजपा (रामविलास) के प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए आज चुनाव प्रचार थम गया है। अब देशभर की 102 लोकसभा सीट के लिए 19 अप्रैल को पहले चरण के लिए वोटिंग होनी है। पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वोटिंग होगी। इन 21 राज्यों में बिहार की 4 लोकसभा सीटें भी शामिल हैं, जहां वोटिंग होनी है। आपको बता दें, बिहार की जिन 4 सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होना है उनमें जमुई, नवादा, औरंगाबाद और गया शामिल है। खास बात यह है कि इन 4 में से 2 सीटें (गया और जमुई) अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व है। रिजर्व गया सीट से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी चुनाव लड़ रहे हैं।

4 सीटों पर कुल 38 प्रत्याशी मैदान में हैं। इन सभी सीटों पर एनडीए और महागठबंधन प्रत्याशी के बीच चुनावी लड़ाई की उम्मीद जताई जा रही है। इन सभी सीटों पर महागठबंधन की ओर से RJD के प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं तो एनडीए की ओर से औरंगाबाद और नवादा में बीजेपी के प्रत्याशी चुनावी ताल ठोक रहे हैं। वहीं, गया में हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा तो जमुई से LJP (रामविलास) के प्रत्याशी चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं।

बाकी राज्यों की तरह ही यहां भी दिल्ली से बीजेपी के तमाम बड़े नेता लोगों को लुभाने की कोशिश करने आए। पहले चरण के चुनावी रण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।

जमुई लोकसभा सीट

जमुई में एनडीए और महागठबंधन के बीच ही कड़ा चुनावी मुकाबला माना जा रहा है। जमुई लोकसभा क्षेत्र से एनडीए की ओर से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अरुण भारती और महागठबंधन की RJD प्रत्याशी अर्चना रविदास आमने-सामने हैं। अरुण भारती चिराग पासवान के बहनोई हैं। 2014 और 2019 में यहां से सांसद चुने गए चिराग पासवान इस बार जमुई से चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।

पेशे से इंजीनियर अरुण भारती का परिवार भी राजनीति से जुड़ा रहा है। हालांकि उनके परिवार का नाता कांग्रेस से रहा। मां डॉक्टर ज्योति भोजपुर जिले की सहार विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर 2 बार विधायक चुनी गईं। वह राज्य सरकार में मंत्री भी रही। अरुण पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की बेटी निशा पासवान के पति हैं।

यहां से 2019 में चिराग कुमार पासवान ने जीत दर्ज की थी उन्होंने RLSP के भूदेव चौधरी को 2,41,049 वोट से हराया था।

नवादा लोकसभा सीट

नवादा क्षेत्र में भी एनडीए और महागठबंधन के बीच मुकाबला माना जा रहा है, लेकिन निर्दलीय प्रत्याशी इस लड़ाई को त्रिकोणीय करने में जुटे हैं। एनडीए ने यहां से बीजेपी के राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर को मैदान में उतारा है। ठाकुर बीजेपी के वरिष्ठ नेता सी.पी. ठाकुर के बेटे हैं। RJD पहले यहां विनोद यादव को टिकट दे रही थी, लेकिन अंतिम समय में पार्टी ने श्रवण कुमार को टिकट दे दिया। इससे विनोद यादव नाराज हो गए और निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर गए। इन्हें नवादा और रजौली से राजद विधायक का साथ मिलने से मुकाबला रोचक हो गया है।

साल 2019 चुनाव की बात करें तो यहां से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चंदन सिंह ने राजद की विभा देवी को 1,48,072 वोट से हराया।

औरंगाबाद लोकसभा सीट

औरंगाबाद लोकसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर सुशील कुमार सिंह चुनावी समर में ताल ठोंक रहे हैं। 1998 में पहली बार सांसद बने। 2009 से लगातार सांसद हैं। पार्टी ने एक बार फिर लोकसभा का टिकट दिया है। इनका सीधा मुकाबला RJD के अभय कुशवाहा से माना जा रहा है। अभय पहले जदयू में थे और चुनाव के कुछ समय पार्टी बदलकर RJD में शामिल हुए।

साल 2019 चुनाव की बात करें तो बीजेपी के सुशील कुमार सिंह ने यहां जीत दर्ज की थी, उन्होंने RLSP के उपेंद्र प्रसाद को 70,552 वोट से हराया था।

गया लोकसभा सीट

गया लोकसभा सीट से हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का मुकाबला बिहार सरकार में मंत्री रहे RJD नेता कुमार सर्वजीत से है। दोनों अपनी अपनी जीत के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। बीते मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीतन राम मांझी के समर्थन में रैली को संबोधित भी किया था। कुमार सर्वजीत लोकसभा सांसद राजेश कुमार के बेटे हैं। बिहार के पर्यटन मंत्री भी रह चुके हैं।

साल 2019 की बात करें तो यहां से जेडीयू के नेता ने बाजी मारी थी। जेडीयू सांसद विजय कुमार ने जीतन राम मांझी को 1,52,426 वोटों से हराया था।

बिहार में कुल 7 चरणों में होंगे चुनाव

बिहार की 40 सीटों के लिए 7 चरणों में वोटिंग होगी, जिसमें पहले चरण (19 अप्रैल) में औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई की सीटें शामिल हैं। तो वहीं दूसरे चरण (26 अप्रैल) में किशनगंज, कटिहार, पू‚र्णिया और भागलपुर की सीटें शामिल हैं। तीसरे चरण (7 मई) में झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और खगड़िया में वोटिंग होगी. वहीं चौथे चरण (13 मई) में दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर में वोटिंग होगी।

पांचवें चरण (20 मई) में सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर में वोटिंग होगी। वहीं छठे चरण में (25 मई) वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान और महाराजगंज में वोटिंग होगी। वहीं सातवें यानी आखिरी चरण (1 जून) में नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद में वोटिंग होगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia