लोकसभा चुनावः कांग्रेस ने 10 और उम्मीदवारों का ऐलान किया, उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार को उतारा

इस लिस्ट में कांग्रेस ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को प्रदेश की जालंधर (एससी) सीट से टिकट दिया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की इलाहाबाद लोकसभा सीट से उज्ज्वल रेवती रमन सिंह को टिकट दिया है।

कांग्रेस ने 10 और उम्मीदवारों का ऐलान किया, उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार को उतारा
कांग्रेस ने 10 और उम्मीदवारों का ऐलान किया, उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार को उतारा
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस ने रविवार को दिल्ली और पंजाब सहित लोकसभा चुनाव के लिए 10 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की, जिसमें पार्टी ने दिल्ली की चांदनी चौक सीट से अनुभवी नेता जे.पी. अग्रवाल, उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से पूर्व सांसद उदित राज को मैदान में उतारा है। साथ ही पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को प्रदेश की जालंधर (एससी) सीट से टिकट दिया गया है।

सूची के मुताबिक, कांग्रेस ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की चांदनी चौक सीट से अनुभवी नेता जे पी अग्रवाल को जबकि उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से युवा नेता कन्हैया कुमार को मैदान में उतारा है। कन्हैया कुमार का मुकाबला बीजेपी के मनोज तिवारी से होगा। सत्तारूढ़ दल ने तिवारी को छोड़कर दिल्ली के सभी सांसदों का टिकट काट दिया है। इसके अलावा कांग्रेस ने उत्तर पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से पूर्व सांसद उदित राज को मैदान में उतारा है।


पंजाब में कांग्रेस ने सांसद गुरजीत सिंह औजला को अमृतसर से जबकि अमर सिंह को फतेहगढ़ साहिब सुरक्षित लोकसभा सीट से टिकट दिया है। पूर्व सांसद धरमवीर गांधी को पटियाला से कांग्रेस ने टिकट दिया है। गांधी ने कुछ ही दिन पहले आम आदमी पार्टी की सदस्यता छोड़ कर कांग्रेस का दामन थामा था।

कांग्रेस के अखिल भारतीय किसान शाखा के अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैरा को संगरूर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है जबकि जीत मोहिंदर सिंह सिद्धू को बठिंडा से मैदान में उतारा गया है जहां से पूर्व केंद्रीय मंत्री और अकाली दल नेता हरसिरत कौर बादल सांसद हैं। पार्टी ने उत्तर प्रदेश की इलाहाबाद लोकसभा सीट से उज्ज्वल रेवती रमन सिंह को टिकट दिया है। इसके अलावा कांग्रेस ने ओडिशा में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भी 75 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia