लोकसभा चुनाव: दिल्ली में AAP-कांग्रेस के बीच डील फाइनल, चांदनी चौक समेत 3 सीटों पर कांग्रेस, 4 सीटों पर लड़ेगी AAP

मुकुल वासनिक के अनुसार, दिल्ली में आम आदमी पार्टी चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा, चांदनी चौक सहित तीन सीटों पर कांग्रेस मैदान में उतरेगी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए सीटों को लेकर समझौता हो गया। आज दिल्ली में इन दोनों पार्टियों ने मिलकर एक प्रेस वार्ता की और सीटों के बंटवारे की जानकारी साझा की। आम आदमी पार्टी से आतिशी, संदीप पाठक और सौरभ भारद्वाज ने जबकि कांग्रेस से मुकुल वासनिक, दीपक बाबरिया और अरविंदर सिंह लवली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया। वहीं, कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक ने बताया कि इंडिया ब्लॉक की पार्टियों के बीच सीटों के विभाजन पर विचार-विमर्श जारी था। इससे दो दिन पूर्व लखनऊ में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन की घोषणा की गई थी।

किसके खाते में कौन सी सीट गई?

मुकुल वासनिक के अनुसार, दिल्ली में आम आदमी पार्टी चार सीटों, नई दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा, कांग्रेस तीन सीटों, चांदनी चौक, उत्तर पूर्व और उत्तर पश्चिम पर अपना उम्मीदवार मैदान में उतरेगी। चंडीगढ़ लोकसभा सीट और गोवा की दो सीटों पर भी कांग्रेस अपने उम्मीदवार खड़ा करेगी।

वहीं, हरियाणा में कांग्रेस 9 सीटों पर और आम आदमी पार्टी एक सीट, कुरुक्षेत्र पर चुनावी ताल ठोकेगी। वहीं, गुजरात में आम आदमी पार्टी दो सीटों, भरूच और भावनगर पर और कांग्रेस बाकी 24 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।


दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा, "AAP शुरू से ही INDIA गठबंधन का एक महत्वपूर्ण स्तंभ रहा है। हम INDIA गठबंधन की सफलता के लिए काम करते आए हैं। कांग्रेस से बातचीत में और सीट बंटवारे में समय लगा लेकिन AAP शुरू से ही यह स्पष्ट करती आई है कि हम INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं और हम साथ में चुनाव लड़ेंगे।"

दिल्ली के मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, "हमारी कई राज्यों में कांग्रेस के साथ गठबंधन की आज घोषणा हुई है। दिल्ली में AAP 4 सीटों पर लड़ेगी और कांग्रेस 3 सीटों पर लड़ेगी। हरियाणा में AAP एक सीट पर लड़ेगी, बाकि सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी। गुजरात में AAP 2 सीटों पर लड़ेगी और बाकि सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी। चंडीगढ़ और गोवा की सभी सीटों पर कांग्रेस लड़ेगी। नपंजाब में कांग्रेस और AAP स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेंगी।"

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia