लोकसभा चुनावः UP में इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारा, कांग्रेस 17, सपा और अन्य घटक 63 सीट पर देंगे उम्मीदवार

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और शेष 63 सीटों पर समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनने के इच्छुक अन्य दल चुनाव लड़ेंगे।

UP में इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारा, कांग्रेस 17, सपा और अन्य घटक 63 सीट पर लड़ेंगे चुनाव
UP में इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारा, कांग्रेस 17, सपा और अन्य घटक 63 सीट पर लड़ेंगे चुनाव
user

नवजीवन डेस्क

आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन के बीच आज सीटों के बंटवारे का ऐलान हो गया। समझौते के तहत कांग्रेस राज्य में 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि बाकी 63 सीटों पर समाजवादी पार्टी और अन्य सहयोगी दलों के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर सहमति बनने के बाद बुधवार शाम दोनों दलों के नेताओं ने लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा की।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने आज शाम लखनऊ में एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे की घोषणा की। पांडे ने कहा कि कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि राज्य की बाकी 63 सीटों पर सपा और गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।


कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा, "मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि यह निर्णय लिया गया है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और शेष 63 सीटों पर सपा और अन्य दलों से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार होंगे। कांग्रेस (यूपी में) 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और इस गठबंधन के तहत शेष 63 सीटों पर समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनने के इच्छुक अन्य दल चुनाव लड़ेंगे।

वहीं समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने बताया कि उत्तर प्रदेश में सपा के साथ लोकसभा सीट के लिए हुए समझौते के तहत कांग्रेस रायबरेली, अमेठी, वाराणसी, गाजियाबाद, कानपुर नगर सहित 17 सीट पर चुनाव लड़ेगी। मिलीज जानकारी के अनुसार कांग्रेस को जो सीटें दी गई हैं, उनमें अमेठी, रायबरेली, प्रयागराज, वाराणसी, महाराजगंज, देवरिया, बांसगांव, सीतापुर, अमरोहा, बुलंदशहर, गाजियाबाद, कानपुर, झांसी, बाराबंकी, फतेहपुर सीकरी, सहारनपुर और मथुरा के नाम शामिल हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia