LPG संकटः तेल-गैस से लदे भारत के 22 जहाज होर्मुज स्ट्रेट क्षेत्र में फंसे, आगे बढ़ने की इजाजत का कर रहे इंतेजार

अधिकारी ने कहा कि युद्ध-प्रभावित जलडमरूमध्य से भारतीय जहाजों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। यह जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को खुले समुद्र से जोड़ता है लेकिन अमेरिका-इजरायल के हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद यह प्रभावी रूप से बंद हो गया है।

LPG संकटः तेल-गैस से लदे भारत के 22 जहाज होर्मुज स्ट्रेट क्षेत्र में फंसे, आगे बढ़ने की इजाजत का कर रहे इंतेजार
i
user

नवजीवन डेस्क

पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण भारत में एलपीजी संकट के बीच फारस की खाड़ी में होर्मुज स्ट्रेट मेें अभी भी भारतीय ध्वज वाले 22 जहाज फंसे हुए हैं और आगे बढ़ने की इजाजत का इंतजार कर रहे हैं। इन जहाजों पर 16.7 लाख टन कच्चा तेल, 3.2 लाख टन एलपीजी और लगभग दो लाख टन एलएनजी लदा हुआ है।

पोत परिवहन मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बुधवार को बताया कि ये जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आगे जाने का इंतजार कर रहे हैं। सिन्हा ने बताया कि शुरू में पश्चिम एशिया में युद्ध भड़कने के समय भारतीय जहाज वाले 28 जहाज इस जलडमरूमध्य में मौजूद थे। इनमें से 24 जहाज जलडमरूमध्य के पश्चिमी किनारे पर जबकि चार जहाज पूर्वी किनारे पर थे। पिछले सप्ताह, दोनों किनारों से दो-दो जहाज सुरक्षित निकलने में सफल रहे।


उन्होंने कहा कि अब भारतीय ध्वज वाले 22 जहाज पश्चिमी किनारे पर फंसे हैं और उन पर सवार सभी 611 नाविक सुरक्षित हैं। फंसे जहाजों में छह एलपीजी वाहक, एक तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) टैंकर, चार कच्चा तेल टैंकर, एक रासायनिक उत्पाद वाहक, तीन कंटेनर जहाज और दो थोक मालवाहक शामिल हैं। इसके अलावा एक ड्रेजर, एक खाली जहाज और तीन जहाज सूखी गोदी में रखरखाव के लिए मौजूद हैं।

राजेश सिन्हा ने कहा कि युद्ध-प्रभावित जलडमरूमध्य से भारतीय जहाजों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। यह जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को खुले समुद्र से जोड़ता है लेकिन अमेरिका-इजरायल के हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद यह प्रभावी रूप से बंद हो गया है।


पिछले कुछ दिन में चार जहाजों ने इस क्षेत्र को पार किया है, जिनमें तीन थोक मालवाहक और एक अफ्रामैक्स टैंकर शामिल हैं। भारत अपनी जरूरत का करीब 88 प्रतिशत कच्चा तेल, 50 प्रतिशत प्राकृतिक गैस और 60 प्रतिशत एलपीजी का आयात करता है। इनमें से बड़ी मात्रा में खाड़ी देशों से होर्मुज स्ट्रेट के जरिये ही आयात होता है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia